मुख्य समाचार :-
- झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन के नेता हेमंत सोरेन ने झारखंड में सरकार बनाने का दावा पेश किया। 28 नवंबर को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ।
- महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की सरकार बनाने की तैयारियों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज।
- सरकार ने कहा, कल से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान वो किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सत्र के दौरान सांसदों से संसद में शिष्टाचार के उच्चतम मानदंड स्थापित करने की अपील।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित ओडिशा पर्ब समारोह में लिया भाग। उन्होंने कहा सरकार भारत के पूर्वी क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दे रही है।
- क्रिकेट में, विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल के शानदार शतकों ने भारत को पर्थ टेस्ट के तीसरे दिन मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
—-
झारखंड में, आज झारखंड मुक्ति मोर्चा- जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें राज्य में नई सरकार के गठन के लिए आमंत्रित किया। राज्यपाल से भेंट के बाद श्री सोरेन ने बताया कि शपथ-ग्रहण इस महीने की 28 तारीख को होगा।
आज राजपाल महोदय के पास हम लोगों ने अपना वर्तमान सरकार से इस्तीफा देते हुए आगामी सरकार की गठन का दावा हम लोगों ने पेश किया है। उन्होंने हमें कार्रवाई मुख्यमंत्री का भी जिम्मा सौंपा है और सरकार बनाने का न्योता भी उन्होंने हमें दिया। अगली कार्रवाई की हम अब तैयारी में लगेंगे जो 28 तारीख को शपथ समारोह का कार्यक्रम तय किया जा रहा है।
इससे पहले, हेमंत सोरेन को इंडिया गठबंधन का नेता चुना गया। रांची में नवनिर्वाचित विधायकों की आज दोपहर हुई बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
—-
महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन को नई सरकार बनाने के लिए मात्र 48 घंटे बचे हैं। मौजूदा एकनाथ शिंदे की अगुआई वाली सरकार का कार्यकाल मंगलवार को समाप्त होने जा रहा है।
आज मुंबई में शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे और एनसीपी नेता अजित पवार ने अपने-अपने दलों के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि महाराष्ट्र में विपक्ष का नेता नहीं होगा। छह दशकों में यह पहली बार होगा जब महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष का नेता नहीं होगा। इस बीच, भारत के चुनाव आयोग के उप चुनाव आयुक्त हृदेश कुमार और महाराष्ट्र राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी एस. चोकलिंगम ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की और राजभवन में निर्वाचित सदस्यों के नाम और ईसीआई की अधिसूचना वाले राजपत्र की प्रतियां सौंपी।
—-
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि सरकार कल से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। नई दिल्ली में सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक के बाद श्री रिजिजू ने विपक्षी दलों से सत्र के दौरान लोकसभा और राज्यसभा में सुचारू कामकाज के लिए सहयोग करने का आग्रह किया। श्री रिजिजू ने कहा कि बैठक में 30 राजनीतिक दलों के कुल 42 नेताओं ने हिस्सा लिया।
पार्टी लीडर्स की मीटिंग हुई और बहुत अच्छी तरह से ऑल पार्टी का मीटिंग अभी यहां कमेटी हॉल में हुई। पूरे मिलाकर 42 पॉलिटीकल्स लीडर्स, 30 पॉलिटीकल्स पार्टी के नेता और पार्टी के फ्लोर लीडर्स का आज पार्टिसिपेशन हुई। हर पॉलिटीकल पार्टी ने बहुत अच्छा सुझाव दिया और कुछ मांग रखे हैं। बारी-बारी से हमने सारा प्वाइंट नोट भी किया है।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि पार्टी कई महत्वपूर्ण मुद्दें उठायेगी।
2300 करोड़ की जो आर्थिक रिश्वत है। यह मुद्दा उठाएंगे जो कोर्ट ने संज्ञान में लिया है यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका में न्यूयॉर्क की कोर्ट ने, उसके बाद पॉल्यूशन की हालत जो है यहां पर जिस तरह अनएम्प्लॉयमेंट बढ़ रहा है सीमावर्ती प्रदेशों में सुरक्षा नहीं है। कश्मीर में क्या हो रहा है। मणिपुर का मुद्दा यह सारे मुद्दे हैं जो हम पहले उठाएंगे।
सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। शीतकालीन सत्र कल से शुरू होगा और 20 दिसंबर तक चलेगा। हालांकि, संविधान दिवस के उपलक्ष्य में 26 नवंबर को संसद की बैठक नहीं होगी।
—-
संसद के शीतकालीन सत्र से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से संसद की मर्यादा बनाए रखने का आग्रह किया। आकाशवाणी समाचार को दिए गए एक विशेष साक्षात्कार में श्री बिरला ने सांसदों से संसद में मर्यादा के उच्चतम मानक स्थापित करने की अपील की।
हम इसी तरीके से उच्च कोटि की परंपराएं स्थापित करें जहां चर्चा और संवाद या सहमति, असहमति भी हो, विचारों की अभिव्यक्ति भी हो, लेकिन हमारा आचरण संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप हमारा आचरण संसदीय डिबेट चर्चाओं के आचरण की तरह हो।
आरक्षण के मुद्दे पर एक सवाल का जवाब देते हुए, श्री बिरला ने कहा कि राजनीतिक दल इस पर आरोप-प्रत्यारोप लगा सकते हैं, लेकिन किसी भी सरकार ने कभी भी आरक्षण के प्रावधान से छेड़छाड़ करने की कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा इस बात पर दृढता दिखाई है।
माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने भी हमेशा संविधान, संविधान के मूल विचार और आरक्षण को लेकर अपनी स्पष्ट नीति स्पष्ट विचार रखें उनका मानना है कि अभी भी समाज के वंचित और शोषित पीडि़त व्यक्तियों को आरक्षण की आवश्यकता है।
मंगलवार को मनाए जाने वाले संविधान दिवस से पहले श्री बिरला ने संविधान पर खतरे के सभी दावों को खारिज किया। लोकसभा अध्यक्ष का पूरा साक्षात्कार 100.1 एफएम गोल्ड पर कल शाम सात बजकर दस मिनट पर प्रसारित होने वाले आकाशवाणी समाचार के कार्यक्रम सुर्खियों में सुना जा सकता है।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत के विकास में ओडिशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है और देश तथा विदेश में ओडिशा की सांस्कृतिक धरोहर की सराहना की जाती है। नई दिल्ली में ओडिशा पर्व-2024 कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में श्री मोदी ने कहा कि ओडिशा ने देश को मजबूत नेतृत्व दिया है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के जनजातीय समुदाय से संबंध रखने वाली श्रीमती द्रौपदी मुर्मु भारत के राष्ट्रपति पद पर आसीन है, जो कि सबके लिए गर्व का विषय है।
आज ओडिशा की बेटी आदिवासी समुदाय की द्रौपदी मुर्मू जी भारत की राष्ट्रपति है। उनकी प्रेरणा से आज भारत में आदिवासी कल्याण की हजारों करोड़ रुपए की योजनाएं शुरू हुई है और यह योजनाएं सिर्फ ओडिशा के नहीं बल्कि पूरे भारत के आदिवासी समाज का हित कर रही है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब राज्य की महिलाएं सशक्त बनेंगी तो ओडिशा प्रगति के पथ पर आगे बढेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में नई सरकार के गठन के पहले सौ दिन के अंदर 45 हजार करोड रुपये के निवेश को स्वीकृति दी गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले ओडिशा जैसे भारत के उत्तरी भागों को पिछडा माना जाता था लेकिन वे उन्हें विकास का इंजन मानते हैं।
एक समय था जब भारत के पूर्वी हिस्से को पिछड़ा कहा जाता था लेकिन मैं भारत के पूर्वी हिस्से को देश के विकास का ग्रोथ इंजन मानता हूं। हमने पूर्वी भारत के विकास को अपनी प्राथमिकता बनाया है। आज पूरे पूर्वी भारत में कनेक्टिविटी के काम हो, स्वास्थ्य के काम हो, शिक्षा के काम हो, सभी में तेजी लाई गई है।
शुक्रवार को शुरू हुआ तीन दिन का ओडिशा पर्व-2024 आज सम्पन्न हुआ।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवारों के युवाओं से राजनीति में शामिल होने का आग्रह किया है। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में आज श्री मोदी ने कहा कि ऐसे एक लाख युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए देश में कई विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
नए युवाओं को, राजनीति से जोड़ने के लिए देश में कई तरह के विशेष अभियान चलेंगे। ‘विकसित भारत ‘यंग लीडर्स डॉयलॉग’ भी ऐसा ही एक प्रयास है। इसमें देश और विदेश से एक्सपर्ट्स आएंगे। मैं भी इसमें ज्यादा-से-ज्यादा समय उपस्थित रहूंगा, तो आप भी तैयार हो जाइए, जो भारत के भविष्य का निर्माण करने वाले हैं। उनके लिए ये बहुत बड़ा मौका आ रहा है।
प्रधानमंत्री ने निस्वार्थ भाव से समाज के लिए काम करने वाले युवाओं के बारे में बात की। उन्होंने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के मामले में वृद्धजनों की सहायता करने वाले लखनऊ के वीरेंद्र की प्रशंसा की। श्री मोदी ने कहा कि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र ने वृद्धजनों के लिए बड़ी सुविधा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र पाने वालों की संख्या 80 लाख से अधिक हो गई है। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि सरकार में डिजिटल अरेस्ट का कोई प्रावधान नहीं है।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली के भारत मंडपम में आईसीए वैश्विक सहकारी सम्मेलन का उद्धाटन करेंगे। अंतरराष्ट्रीय सहकारी गठबंधन के एक सौ तीस वर्षों में पहली बार वैश्विक सहकारी सम्मेलन और आम सभा का आयोजन भारत में किया जा रहा है। इस अवसर पर श्री मोदी अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष – 2025 पर स्मारक टिकट जारी करेंगे। इस सम्मेलन में भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे और फिजी के उप प्रधानमंत्री मनोआ कामिकामिका भी शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय सहकारी गठबंधन की स्थापना 1895 में हुई थी। यह दुनिया भर में 30 लाख सहकारी उद्यमों का प्रतिनिधित्व करता है, जिसमें एक अरब से अधिक सहकारी सदस्य हैं। छह दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में दुनिया भर के सहकारी समितियां विभिन्न कार्यक्रमों और चर्चाओं में भाग लेंगे। इसमें लगभग 3000 विदेशी और भारतीय प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इस सम्मेलन का विषय है-सहकारिता से सभी की समृद्धि का निर्माण। इस सम्मेलन में सभी के लिए सामूहिक शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य के निर्माण में सहकारी समितियां की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
—-
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मणयम जयशंकर इटली की तीन दिन की यात्रा पर राजधानी रोम पहुंच गये हैं। वे जी-7 विदेश मंत्रियों की बैठक के आउटरीच सत्र में भाग लेने के लिए यहां से फियूगी रवाना होंगे। भारत को इसमें अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस दौरान डां० जयशंकर की अन्य देशों के विदेश मंत्रियों से भेंट करने की भी संभावना है।
—-
गोवा में 55वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में, बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर ने भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता और फिल्म निर्माता राज कपूर को उनके शताब्दी समारोह के दौरान श्रद्धांजलि अर्पित की। फिल्म समारोह में आज दिनभर फिल्मों की स्क्रीनिंग और कार्यक्रमों सहित कई तरह की गतिविधियाँ देखी गईं।
आज भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दो प्रमुख कार्यक्रम: क्रिएटिव माइंड्स ऑफ़ टुमॉरो 48-घंटे की फिल्म चैलेंज और फिल्म बाज़ार संपन्न हुए। आज कई मास्टरक्लास सत्र भी आयोजित किए गए, इन सत्रों में सभी उम्र के दर्शक शामिल हुए। आज शाम इफेस्टा में सांस्कृतिक प्रदर्शनों ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया, जिसमें सैकड़ों लोग कला, मनोरंजन और गोवा के स्थानीय व्यंजनों के जीवंत मिश्रण का जश्न मनाने के लिए आए हैं। आकाशवाणी समाचार के लिए दुर्गेश भदौरिया के साथ ओमवेश उपाध्याय गोवा।
—-
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में खेले जा रहे पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट खोकर 12 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया को यह टेस्ट जीतने के लिए 534 रन बनाने हैं। इससे पहले, विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल के शतकों ने भारत के स्कोर को छह विकेट पर 487 रन तक पहुंचाया।
—-
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग हिन्दी और अंग्रेजी में फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, कल रात साढ़े नौ बजे “डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट” के विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव ध्रुबज्योति सेनगुप्ता, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के एमडी और सीईओ आर० विश्वेश्वरन और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के सीजीएम तथा चीफ सेल्स मार्केटिंग ऑफिसर गुरशरण राय बंसल के साथ इसमें भाग लेंगे।
श्रोता हमारे विशेषज्ञों से टेलीफोन नंबर 011 – 23421050 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।
—-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन के नेता हेमंत सोरेन ने झारखंड में सरकार बनाने का दावा पेश किया। 28 नवंबर को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ।
- महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की सरकार बनाने की तैयारियों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज।
- सरकार ने कहा, कल से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान वो किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सत्र के दौरान सांसदों से संसद में शिष्टाचार के उच्चतम मानदंड स्थापित करने की अपील की।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली में आयोजित ओडिशा पर्व समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा सरकार भारत के पूर्वी क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दे रही है।
- क्रिकेट में, विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल के शानदार शतकों ने भारत को पर्थ टेस्ट के तीसरे दिन मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
****