समाचार संध्या :
- महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की प्रचंड जीत। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने झारखंड में सत्ता बरकरार रखी।
- जीतने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस, अजीत पवार, आदित्य ठाकरे, हेमंत सोरेन और चमपई सोरेन शामिल।
- एनडीए ने 13 राज्यों के 46 विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनावों में भी शानदार जीत दर्ज करते हुये 25 सीटें जीतीं।
- कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने केरल में वायनाड संसदीय सीट जीती; भाजपा नेता संतूकराव हंबार्डे नांदेड़ लोकसभा सीट पर आगे चल रहे हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- महाराष्ट्र की जीत विकास और सुशासन की जीत है; झारखंड में जेएमएम गठबंधन को बधाई दी।
- संसद के शीतकालीन सत्र से पहले सरकार कल सर्वदलीय बैठक बुलाई।
- पर्थ में आस्ट्रेलिया के साथ बॉर्डर गावस्कर ट्राफी के पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने दूसरे दिन 218 रन की बढ़त बनाई।
********
महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज की है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने झारखंड में सत्ता बरकरार रखी है।
********
महाराष्ट्र में 288 सीटों पर मतगणना के ताजा रूझानों के अनुसार भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने अब तक 216 सीटें जीत ली हैं और 14 पर आगे है। वहीं, इंडिया गठबंधन ने 42 सीट जीती हैं और 4 पर आगे है। भाजपा 123 सीटें जीत चुकी है और 09 पर आगे चल रही है। शिवसेना-एस एच एस ने 54 सीटें जीत ली हैं और 03 पर बढत बनाए हुए है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 39 सीटों पर विजय हासिल की हैं और 02 पर आगे है। शिवसेना-उद्धव बाला साहेब ठाकरे ने 20 सीटें जीती हैं। कांग्रेस पार्टी ने 12 सीटों पर विजय प्राप्त की है और 04 पर बढत बनाए हुए है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरद पवार ने 10 सीटों पर विजय हासिल की है। समाजवादी पार्टी ने दो सीटें जीत ली हैं। निर्दलीय और अन्य ने 09 सीटें जीती हैं।
********
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में आज महायुति को एक बड़ी जीत हासिल हुई है। वो हाल ही में हुए लोकसभा में हुए नतीजों की तुलना में देखा जाए तो बड़ा उलटफेर लग रहा है। इन आंकड़ों से एक बात तो स्पष्ट है कि राज्य में सत्तारूढ़ महायुति फिर एक बार सरकार बनाने की तरफ अग्रसर है और अकेले भाजपा ही बहुमत के करीब है। अगर हम प्रमुख उम्मीदवारों की बात करें तो एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फड़नवीस, आशीष शेलार, राहुल नार्वेकर, जितेंद्र अवहाद सहित महायुति के सभी प्रमुख नेता या तो जीत चुके है या अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से बड़े अंतर से आगे चल रहे हैं। तो दूसरी ओर, महा विकास अघाड़ी नेता आदित्य ठाकरे, फहद अहमद, विश्वजीत कदम अपनी-अपनी सीट जीतने में कामयाब हुए हैं। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चौहान और बालासाहेब थोराट जैसे वरिष्ठ नेता सहित प्रमुख कांग्रेस नेता भारी अंतर से हार चुके है।
********
इस बीच, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला गठबंधन की बैठक में होगा
सीएम पद के ऊपर कोई भी विवाद यहां नहीं होने वाला, क्योंकि पहले दिन से ही तय है चुनाव जब सम्पन्न होगा, तो चुनाव के बाद तीनों पार्टियां मिलकर इसको तय करेगी। हमारे नेता आदरणीय होम मिनिस्टर साहब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये बहुत स्पष्ट शब्दों में बताया है कि चुनाव के बाद तीनों पार्टियां बैठेगी और इसका निर्णय करेंगी।
********
वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि चुनाव में जनता ने बता दिया है कि बाल ठाकरे के विचारों वाली असली शिवसेना कौन है।
जनता ने आज बता दिया है असली-नकली में जाऊगां नहीं, लेकिन बालासाहेब ठाकरे जी की विचारधारा वाली जो शिवसेना है। शिवसेना भाजपा की गठबंधन वाली जो शिवसेना है, एक विचारधारा वाली शिवसेना आज लोगों ने तय कर लिया है, वो मेडडेट दिया है लोगों ने।
********
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाला गठबंधन झारखंड विधानसभा चुनाव में फिर विजयी रहा है। 81 विधानसभा सीटों में से इंडिया गठबंधन ने अब तक 55 सीटें हासिल की हैं और एक सीट पर आगे चल रहा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 33 सीटें हासिल की हैं और एक सीट पर आगे चल रहा है। भाजपा ने 20 सीटें जीती हैं और एक सीटों पर आगे है। कांग्रेस ने 16 सीटें जीती हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने 04 सीटों जीती हैं। कम्युनिस्ट पार्टी – मार्क्सवादी लेननवादी ने दो सीटें जीती हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा, लोक जनशक्ति पार्टी, जनता दल यूनाइटेड और ऑल झारखंड स्टुडेंट यूनियन ने एक-एक सीट जीती है।
********
झारखंड से हमारी संवाददाता शिल्पी की विस्तृत रिपोर्ट –
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जयराम महतो ने एक सीट जीत कर झारखंड की राजनीति में अपना पदार्पण किया है। झामुमो से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने अपनी-अपनी सीट बरहेट और सरायकेला से जीत हासिल कर ली है। विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने भी अपनी सीट नाला से जीत हासिल की है। झामुमो के प्रमुख उम्मीदवारों में हेमलाल मुर्मु स्टीफन मरांडी, कल्पना सोरेन और बसंत सोरेन हैं, जिन्होंने अपनी-अपनी सीट से जीत हासिल की है। वहीं कांग्रेस से डॉक्टर रामेश्वर राव और इरफान अंसारी विजयी हुए हैं। इस चुनाव में भाजपा से जीतने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में रांची से सी.पी. सिंह और हटिया से नवीन जायसवाल शामिल हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बावरी चंदनक्यारी से चुनाव हार चुके हैं।
********
इस बीच, झारखंड में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कल रांची में इंडिया गठबंधन के विधायकों की बैठक बुलाई गई है।
********
लोकसभा की 2 सीटों और 13 राज्यों की 46 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे भी आ गये हैं। केरल के वायनाड संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा 4 लाख से अधिक मतों से जीत गई हैं। महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार संतूकराव हंबार्डे आगे चल रहे हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 46 में से 25 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है।
उत्तर प्रदेश की 9 सीट में से भाजपा ने छह, समाजवादी पार्टी ने 2 और राष्ट्रीय लोक दल ने एक सीट जीती है। राजस्थान की 7 सीटों में से भाजपा ने पांच सीट और कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी ने एक-एक सीट जीती है। बिहार में चार में से भाजपा ने दो, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और जनता दल यूनाइटेड ने एक-एक सीट जीती हैं। पंजाब की चार सीटों में से आम आदमी पार्टी तीन और कांग्रेस एक सीट पर विजयी हुई है। कर्नाटक की सभी तीन सीटें कांग्रेस ने जीती है। मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस ने एक-एक सीट जीती है। छत्तीसगढ़, गुजरात और उत्तराखंड की एक-एक सीट भाजपा ने अपने नाम की। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने सभी 6 सीटें जीत ली हैं। केरल में, कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने एक-एक सीट जीती है। असम की पांच सीटों में से भाजपा ने तीन, असम गण परिषद और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल ने एक-एक सीट हासिल की है। मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी ने एक मात्र सीट अपने नाम की। सिक्किम में सत्तारूढ़ एस के एम पार्टी के 2 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र में जीत विकास और सुशासन की जीत है। श्री मोदी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी की प्रचंड जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं।
आज महाराष्ट्र में विकासवाद की जीत हुई है। महाराष्ट्र में सुशासन की जीत हुई। महाराष्ट्र में सच्चे सामाजिक न्याय की विजय हुई। आज महाराष्ट्र में भारत के संकल्प को और मजबूत किया। मैं देश भर के भाजपा के एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
श्री मोदी ने कहा कि चुनाव परिणाम नकारात्मक राजनीति की हार है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में हुए उपचुनावों में भी लोगों ने भाजपा के प्रति विश्वास दिखाया है। प्रधानमंत्री ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले गठबंधन को बधाई दी।
********
कांग्रेस महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों का विश्लेषण करेगी। नई दिल्ली में पार्टी नेता जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी ने मान लिया था कि उसे राज्य में जनादेश मिलेगा।
नतीजा आया है इस पर जरूर हम और जांच करेंगे, इसका विश्लेषण होगा यह स्वाभाविक है, पर आज हम यह कह सकते हैं कि जो जीता है उनको भी यह अनुमान नहीं था कि ये नतीजा आएगा। आज हमारे लिए कही खुशी है और कही गम भी है। कही जीते है कही हारे है, पर एक बात कांग्रेस पार्टी की एजेंडा में कोई परिवर्तन नहीं आने वाला।
********
सरकार ने संसद के शीतकालीन सत्र से पहले कल सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। बैठक में सरकार सत्र के दौरान लोकसभा और राज्यसभा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग मांगेगी। शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू होगा और 20 दिसंबर तक चलेगा।
********
सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि केंद्र सरकार सहकारिता क्षेत्र के माध्यम से करोड़ों किसानों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नई दिल्ली में राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम की बैठक में श्री शाह ने कहा कि सरकार सहकारिता आंदोलन के माध्यम से देश के नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सहकारिता के माध्यम से देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है।
********
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हरियाणा के सोनीपत में ओ.पी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में संविधान संग्रहालय का उद्घाटन किया। श्री बिरला ने कहा कि यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों को संविधान के विभिन्न पहलुओं से परिचित करवाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया के सब देशों के लिए मार्गदर्शक है और देश की लोकतांत्रिक प्रणाली सबसे बेहतरीन है।
हमारा संविधान सामाजिक, आर्थिक परिवर्तन का मार्गदर्शन भी बना और आज हमें खुशी है कि हमने समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन को परिवर्तन करने के लिए सरकारों को एवं मार्गदर्शन भूमिका निभायी तो हमारे संविधान ने निभाई।
********
विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर ने आज कहा कि भारत के प्रति दुनिया की अवधारणा में बदलाव आया है। डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि पिछले दशक में व्यवसाय करने की सुगमता को लेकर भारत के प्रति अवधारणा में एक बड़ा परिवर्तन देखा गया है। उन्होंने बताया कि मेक इन इंडिया एक आकांक्षा से एक दावे में परिवर्तित हो चुका है।
********
अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने आज नई दिल्ली में हज सुविधा ऐप 2.0 का शुभारंभ किया। श्री रिजिजू ने कहा कि इस बार सरकार ने हज यात्रियों को बेहतरीन सुविधाएं, सेवाएं और अनुभव प्रदान करने का लक्ष्य रखा है।
********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज कहा कि साहित्य मानवता को सशक्त बनाता है और समाज को बेहतर बनाता है। राष्ट्रपति ने नई दिल्ली में साहित्य आज तक में भाग लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि साहित्य मानवता के शाश्वत मूल्यों को बदलती परिस्थितियों के अनुसार ढालता है।
********
55वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का तीसरा दिन क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो के 48 घंटों लंबे चले फिल्म मेकिंग कंपटीशन के सफल समापन से शुरू हुआ दिन, शाम ढलते ढलते एक उत्साहजनक चौथे दिन के लिए तैयार है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
आज दिन भर के मुख्य सत्रों की बात करे तो, इफ्फेस्टा में आबॉलीवुड गायिका अनुमिता नादेसन ने अपनी गायिकी से शमा बांधा। इससे पूर्व मास्टरक्लास सत्र में अभिनेता अनुपम खेर ने असफलता की ताकत पर सिनेप्रेमियों से बात की। उन्होंने जीवन जीने का मंत्रा दिया है और कहा कि कैसी भी स्थिति आए, लेकिन हार नहीं माननी चाहिए। एक अन्य मास्टरक्लास के दौरान, प्रसिद्ध सिनेमैटोग्राफर जॉन सील ने विजुअल स्टोरी टेलिंग में लाइटिंग की अहम भूमिका पर चर्चा की। ओमवेश उपाध्याय, गोवा।
********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के सभी नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और news on air मोबाइल ऐप पर प्रसारित होगा।
********
पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्राफी के पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के दूसरे दिन तक भारतीय टीम ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 172 रन बना लिए थे। यशस्वी जायसवाल 90 और केएल राहुल 62 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की कुल बढत अब 218 रन की हो गई है।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया पहली पारी 104 रन पर सिमट गई। जसप्रीत बुमराह ने पांच, हर्षित राणा ने तीन और मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिए।
********
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की प्रचंड जीत। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने झारखंड में सत्ता बरकरार रखी।
- जीतने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस, अजीत पवार, आदित्य ठाकरे, हेमंत सोरेन और चमपई सोरेन शामिल।
- एनडीए ने 13 राज्यों के 46 विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनावों में भी शानदार जीत दर्ज करते हुये 25 सीटें जीतीं।
- कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने केरल में वायनाड संसदीय सीट जीती; भाजपा नेता संतूकराव हंबार्डे नांदेड़ लोकसभा सीट पर आगे चल रहे हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- महाराष्ट्र की जीत विकास और सुशासन की जीत है; झारखंड में जेएमएम गठबंधन को बधाई दी।
- संसद के शीतकालीन सत्र से पहले सरकार कल सर्वदलीय बैठक बुलाई।
- पर्थ में आस्ट्रेलिया के साथ बॉर्डर गावस्कर ट्राफी के पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने दूसरे दिन 218 रन की बढ़त बनाई।
********