Download
Mobile App

android apple
signal

November 18, 2024 10:03 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • 19वां जी-20 शिखर सम्मेलन ब्राजील के रियो डी जनेरियो में जारी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सम्‍मेलन में विभिन्‍न वैश्विक मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्‍तुत करेंगे।

 

  • प्रधानमंत्री ने शिखर सम्मेलन से अलग विश्‍व के कई नेताओं से बात की।

 

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लगातार दूसरे दिन मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। राज्य में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 50 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की जाएंगी।

 

  • झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त। चार राज्यों की 15 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी प्रचार सम्‍पन्‍न।

 

  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने दिल्ली और आसपास के राज्यों में ग्रेडेड रेस्‍पॉन्‍स एक्‍शन प्‍लान ग्रैप-4 प्रतिबंधों को लागू करने के लिए टीमें गठित करने को कहा। दिल्लीएनसीआर क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद गंभीर स्तर पर पहुंचा।

 

  • अमरीकी मीडिया के अनुसार अमरीका ने यूक्रेन को रूस के खिलाफ अमरीका में निर्मित लम्‍बी दूरी के मिसाइलों के उपयोग की अनुमति दी।

 

******

 

ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में जी20 शिखर सम्‍मेलन शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस सम्‍मेलन में विभिन्‍न वैश्विक मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण साझा करेंगे।

 

इससे पहले, श्री मोदी ने आज ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में जी20 शिखर सम्‍मेलन से अलग सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोन्‍ग और संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव एन्तोनियो गुतेरेस के साथ बातचीत की।  सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने शिखर सम्‍मेलन स्‍थल पर स्‍वागत के लिए ब्राजील के राष्‍ट्रपति लूला द सिल्‍वा को धन्‍यवाद दिया।

 

******

 

प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्‍यक्ष डॉक्‍टर बिबेक देबरॉय की स्‍मृति में आज नई दिल्‍ली के आकाशवाणी के रंग भवन में शोक कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्‍हें अर्थशास्‍त्र, संस्‍कृति, संस्‍कृत साहित्‍य और इतिहास में महत्‍वपूर्ण कार्य के लिए जाना जाता है। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉक्‍टर पी के मिश्रा ने अपने उन दिनों को याद किया जब उन्‍होंने नीतियों और अर्थव्‍यवस्‍था के समक्ष विभिन्‍न मुद्दों के बारे में डॉक्‍टर देबरॉय के साथ काम किया था।

 

******

 

गृह मंत्री अमित शाह ने लगातार दूसरे दिन मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए आज नई दिल्‍ली में वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ उच्‍चस्‍तरीय बैठक की अध्‍यक्षता की। सूत्रों के अनुसार केन्‍द्र सरकार राज्‍य में केन्‍द्रीय सशस्‍त्र पुलिस बल की 50 अतिरिक्‍त कंपनियां भेज रहा है। गृह मंत्री ने कल भी वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ मणिपुर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सुरक्षा बलों को राज्‍य में शांति व्‍यवस्‍था बहाल करने के लिए आवश्‍यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है। राज्‍य में पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा स्थिति नाजुक बनी हुई है।

 

******

 

झारखंड और महाराष्‍ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज समाप्त हो गया है। झारखंड में दूसरे चरण के 38 सीट और महाराष्‍ट्र में एक ही चरण में होने वाले 288 सीटों के लिए 20 नवम्‍बर को मतदान होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि झारखंड में एनडीए और इंडिया ब्‍लॉक के नेताओं ने अपने उम्‍मीदवारों के समर्थन में एक सौ 50 से अधिक रैलियां कीं। 

 

चुनावी प्रचार अभियान के दौरान दोनों ही तरफ से बड़ेबडे वायदें और आरोपप्रत्‍यारोप देखने को मिलें। एनडीए नेताओं ने कथित बांग्‍लादेशी घुसपैठ, हेमेंत सारेन सरकार के भ्रष्‍टाचार, बेरोजगारी और मासिक नगद हस्‍तांतरण योजना जैसे मुद्दों को उठाया। वहीं इंडिया ब्‍लॉक ने महिलाओं के लिए नकद गारंटी, युवाओं को रोजगार और केंद्र के झारखण्‍ड के साथ कथित भेदभाव और अप्रयाप्‍त धन आवंटन को मुद्दा बनाया। बीजेपी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए के अभियान का नेतृत्‍व किया। एनडीए के अन्‍य स्‍टार प्रचारकों अमित शाह, योगी आदित्‍यनाथ, शिवराज सिंह चौहान, हेमंत बिश्‍व शरमा, चिराग पासवान और मिथून चक्रवर्ती ने जोरदार प्रचार किया। दूसरी ओर झामूमो के वरिष्‍ठ नेता और मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और राजद नेता तेजस्‍वी यादव ने इंडिया ब्‍लॉक का नेतृत्‍व किया। केके लाल के साथ भूपेन्‍द्र सिंह आकाशवाणी समाचार रांची।

 

हमारे संवाददाता ने बताया कि महाराष्‍ट्र में विभिन्‍न राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता और स्‍टार प्रचारकों ने कई रैलियां की।

 

आज शाम को छह बजे राजनीतिक दलों का हाईवोल्टेज प्रचार थम जाने के बाद अब सभी की निगाहें 20 नवंबर पर टिकी हैं, जब महत्वपूर्ण महाराष्ट्र विधानसभा के लिए मतदान होगा। मुंबई, जो देश की वित्तीय राजधानी है, में शहर और उपनगरों के कुल 36 विधानसभा क्षेत्रों में एक करोड़ 2 लाख 29 हजार पात्र मतदाता हैं। चुनाव के सुचारू और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए शहर में 25 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, जो सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था को सुनिश्चित करेंगे। अंकिता आप्टे के साथ, कुणाल शिंदे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

झारखंड और महाराष्‍ट्र दोनों राज्‍यों में मतगणना 23 नवम्‍बर को होगी।

 

******

 

चार राज्‍यों की 15 विधानसभा सीटों पर होने वाले उप-चुनाव के लिए प्रचार आज समाप्‍त हो गया। मतदान बुधवार को होगा। इनमें उत्तर प्रदेश की 9, पंजाब की 4, केरल और उत्तराखण्ड की एक-एक सीट के साथ महाराष्‍ट्र की नांदेड संसदीय सीट शामिल है।

 

******

 

पंजाब राज्य महिला आयोग ने कांग्रेस सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की उन टिप्पणियों पर स्वत: संज्ञान लिया है। उन्‍होंने कथित तौर पर महिलाओं और कुछ समुदायों के खिलाफ टिप्‍पणी की थीं। आयोग ने उन्हें नोटिस जारी कर पूछा है कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्‍यों न की जाए।

 

मुक्तसर के गिद्दड़बाहा विधानसभा क्षेत्र में एक रैली में श्री चन्नी ने कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।

 

******

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने दिल्ली-राष्‍ट्रीय राजधाानी क्षेत्र की राज्‍य सरकारों को तत्‍काल ग्रेडेड रेस्‍पॉन्‍स एक्‍शन प्‍लान- ग्रैप-4 प्रतिबंध लागू करने के लिए टीम गठित करने का निर्देश दिया है।

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा कि वायु गुणवत्‍ता सूचकांक चार सौ पचास से कम होने पर भी ये प्रतिबंध लागू रहेंगे। एक रिपोर्ट…

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने दिल्‍ली और पडोसी राज्‍य सरकारों को स्‍कूलों में 12वीं तक की कक्षाएं भी तुरंत बंद करने को कहा है। न्‍यायालय ने पटाखों पर प्रतिबंध लागू नहीं करने के लिए दिल्ली सरकार को भी फटकार लगाई है। न्‍यायमूर्ति अभय एस. ओका और न्‍यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने कहा कि सभी नागरिक प्रदूषण मुक्त वातावरण में रहें, यह सुनिश्चित करना सभी राज्यों का संवैधानिक कर्तव्य है। इस बीच दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक के बेहद गंभीर स्तर पर पहुंचने पर ग्रेडेड रिस्पॉंस एक्शन प्लान ग्रेप का चौथा चरण आज सुबह आठ बजे से लागू कर दिया गया है। प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए ग्रैप चरण-4 के तहत कडे प्रतिबंध लगाए गए हैं। आज शाम 7 बजे तक वायु गुणवत्ता सूचकांकए क्‍यू आई 495 दर्ज किया गया है। समाचार कक्ष से जया भारती।

 

******

 

इस बीच, प्रदूषण के कारण कई रेलगाडियां और उड़ान सेवाएं बाधित हुई हैं। करीब 11 उड़ानें देरी से चल रही हैं और सात उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। उत्तर रेलवे ने बताया कि 13 रेलगाडियां देरी से चल रही हैं।

 

******

 

राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 अगले वर्ष 11 और 12 जनवरी को आयोजित होगा। इस महोत्सव को “विकसित भारत युवा नेता संवाद” नाम दिया गया है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में इसकी घोषणा की। डॉ० मांडविया ने कहा कि यह मंच देश की युवा शक्ति को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से बातचीत और उनके समक्ष अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा।

 

प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि हमें देश में एक लाख ऐसे यूथ लीडर डेवलप करना है जिसके पीछे कोई पोलिटिकल बैक्‍ग्राउंड ना हो। ऐसे यूथ को विकसित भारत में भी हमें जोड़ना है और लीडर भी बनाना है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने विकसित भारत का विजन दिया है। एक विकसित भारत के विजन में युवाओं का क्‍या सुझाव है, वो अपना कंट्रिब्‍यूशन कैसे अदा करें, उसके लिए एक प्‍लेटफार्म देना मिन्‍स विकसित भारत यूथ लीडर डायलॉग है।

 

डॉ० मांडविया ने बताया कि इस संवाद का उद्देश्य देशभर के युवाओं की प्रतिभा को विकसित करना है।

 

******

 

अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन को रूस में हमला करने के लिए अमरीका में निर्मित लम्‍बी दूरी के मिसाइलों के उपयोग की अनुमति दे दी है। हालांकि इस फैसले की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। उधर, जर्मनी सरकार के प्रवक्‍ता ने कहा कि उन्‍हें इसकी सूचना दी गई है। हालांकि जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ ने कहा कि अमरीका के फैसले के बाद भी जर्मनी अपनी लंबी दूरी की मिसाइलें यूक्रेन नहीं भेजेगा।

 

इस बीच, पोलैंड सहित यूरोपीय नेताओं ने बाइडेन के इस फैसले का समर्थन किया है, जबकि हंगरी के विदेश मंत्री ने इस फैसले को जोखिम भरा कदम बताया है।

 

उधर, रूसी राष्‍ट्रपति भवन, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि अमरीका अपने इस फैसले से तनाव को और बढ़ा रहा है।

 

अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले वर्ष 20 जनवरी को पदभार संभालेंगे, इससे ठीक दो महीने पहले निवर्तमान राष्‍ट्रपति जो बाइडेन ने यह फैसला लिया है।

 

इस बीच, आज यूक्रेन के काला सागर बंदरगाह ओडेसा में रूस के मिसाइल हमले से 10 लोग मारे गए और 44 घायल हो गए।

 

******

 

भारत जी-20 देशों में सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है। 7 प्रतिशत वृद्धि दर के साथ भारत की अर्थव्यवस्था 2024 में सबसे तेज गति से बढ़ने की आशा है। भारत के बाद 5 प्रतिशत की वृद्धि दर के साथ इंडोनेशिया दूसरे और 4 दशमलव 8 प्रतिशत के साथ चीन तीसरे स्थान पर है।

 

******

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक (एडीएमएमप्लस) में भाग लेने के लिए 20 से 22 नवंबर तक लाओस की राजधानी वियनतियाने की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। बैठक के दौरान वह क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर मंच को संबोधित करेंगे।

 

******

 

जर्मनी ने इस वर्ष के आखिर तक दो लाख प्रशिक्षित लोगों को वीजा देने की घोषणा की है। पिछले वर्ष की तुलना में यह संख्‍या 10 प्रतिशत अधिक है। यूरोप की सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था जर्मनी को लंबे समय से श्रमिकों की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि एक पृथ्‍वी, एक परिवार, एक भविष्‍य ब्राजील में जी-20 शिखर सम्‍मेलन के लिए भी प्रासंगिक है, जैसाकि पिछले वर्ष नई दिल्‍ली में जी-20 शिखर सम्‍मेलन के दौरान कहा गया था। ब्राजील के रियो डी जिनेरियो में जारी शिखर सम्‍मेलन में सामाजिक समावेश और भूख तथा गरीबी से लडाई पर सत्र में प्रधानमंत्री ने यह बात कही।

 

******

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग हिन्दी और अंग्रेजी में फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढ़े नौ बजे “डिजिटल जीवन प्रमाण पत्रके विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।

 

******

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • 19वां जी-20 शिखर सम्मेलन ब्राजील के रियो डी जनेरियो में जारी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने  सम्‍मेलन में विभिन्‍न वैश्विक मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्‍तुत किया।

 

  • प्रधानमंत्री ने शिखर सम्मेलन से अलग विश्‍व के कई नेताओं से बात की।

 

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लगातार दूसरे दिन मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। राज्य में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 50 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की जाएंगी।

 

  • झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त। चार राज्यों की 15 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी प्रचार सम्‍पन्‍न।

 

  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने दिल्ली और आसपास के राज्यों में ग्रेडेड रेस्‍पॉन्‍स एक्‍शन प्‍लान ग्रैप-4 प्रतिबंधों को लागू करने के लिए टीमें गठित करने को कहा। दिल्लीएनसीआर क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद गंभीर स्तर पर पहुंचा।

 

  • अमरीकी मीडिया के अनुसार अमरीका ने यूक्रेन को रूस के खिलाफ अमरीका में निर्मित लम्‍बी दूरी के मिसाइलों के उपयोग की अनुमति दी।

 

******