Download
Mobile App

android apple
signal

November 16, 2024 9:42 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना की यात्रा के पहले चरण में आज देर रात अबुजा पहुंचेंगे। श्री मोदी ने कहा- इस यात्रा का उद्देश्य लोकतंत्र और बहुलवाद में साझा विश्वास पर आधारित रणनीतिक साझेदारी का निर्माण करना है।

  • गृह मंत्रालय ने कहा- सुरक्षा बलों को मणिपुर में व्यवस्था और शांति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है। लोगों से कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों के साथ सहयोग करने का आग्रह किया।

  • निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की शिकायतों पर भाजपा और कांग्रेस को नोटिस जारी किया।

  • महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज।

  • सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकतंत्र के संरक्षण में मीडिया की भूमिका पर बल दिया।

  • बिहार में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता में भारत ने चीन को 3-शून्य से हराया।

*********************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी नाइजीरिया, ब्राजील और गयाना की पांच दिन की यात्रा के पहले चरण में आज देर रात अबूजा पहुंचेंगे। श्री मोदी ने अपने प्रस्‍थान वक्‍तव्‍य में कहा कि पश्चिम अफ्रीका क्षेत्र में नाइजीरिया भारत का करीबी साझेदार है। उन्‍होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य लोकतंत्र और बहुलवाद में साझा विश्वास पर आधारित रणनीतिक साझेदारी का निर्माण करना है। एक रिपोर्ट-

 

नाइजीरिया की पहली यात्रा पर श्री मोदी ने कहा कि उनकी यात्रा सामरिक भागीदारी की शुरूआत का अवसर प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री ने नाइजीरिया में भारतीय समुदाय और नाइजीरिया के लोगों से मिलने की भी उत्‍सुकता व्‍यक्‍त की। श्री मोदी 19वीं जी-20 शिखर बैठक में ट्रॉइका सदस्‍य के रूप में शामिल होंगे। उन्‍होंने कहा कि पिछले वर्ष भारत की सफल अध्‍यक्षता में जी-20 लोगों का जी-20 समूह बन गया है और ग्‍लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को इसकी कार्यसूची में शामिल किया गया है। इस वर्ष ब्राजील ने जी-20 की अध्‍यक्षता संभाली है। श्री मोदी ने आशा व्‍यक्‍त की कि एक पृथ्‍वी, एक परिवार, एक भविष्‍य के दृष्टिकोण के अनुरूप अर्थपूर्ण चर्चा होगी। प्रधानमंत्री इस अवसर पर कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय चर्चा भी करेंगे। श्री मोदी ने कहा कि गयाना के राष्‍ट्रपति मोहम्‍मद इरफान अली के निमंत्रण पर 50 वर्ष बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की गयाना की यह पहली यात्रा होगी।

*********************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सरकार का लक्ष्‍य वोट बैंक की राजनीति से हटकर भारत को विकसित राष्‍ट्र बनाना है। एक मीडिया संस्‍थान के कार्यक्रम में श्री मोदी ने कहा कि सरकार लोगों के लिए, लोगों द्वारा प्रगति के मंत्र के साथ काम कर रही है।

 

हमारी सरकार का परपज बड़ा है। हम प्रोग्रेस ऑफ द पीपल्‍स प्रोग्रेस बाय द पीपल, प्रोग्रेस फॉर द पीपल के मंत्र को लेकर चल रहे हैं। हमारा उद्देश्य नया भारत बनाने का है, भारत को विकसित बनाने का है और जब हम इस विराट लक्ष्‍य को लेकर निकल चुके हैं तो भारत की जनता ने भी हमें अपने विश्‍वास की पूंजी सौंपी है।  

*********************

 

गृह मंत्रालय ने कहा है कि सुरक्षा बलों को निर्देश दिया गया है कि वे मणिपुर में शांति बहाल करने के लिए आवश्‍यक कदम उठाएं। पिछले कुछ दिनों से मणिपुर में स्थिति नाजुक बनी हुई है। मंत्रालय ने कहा है कि दोनों समुदायों के शरारती लोग हिंसंक गतिविधियों में लगे हुए हैं जिससे कुछ लोगों की जानें भी गई हैं जो लोग हिंसा या तोड-फोड की गतिविधियों में लगे हुए हैं उनके खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार की गतिविधियों की जांच राष्‍ट्रीय जांच अभिकरण को सौप दी गई है। लोगों से कहा गया है कि वे शांति बनाए रखें और अफवाहों पर ध्‍यान न दें तथा कानून और व्‍यवस्‍था बनाए रखने में सुरक्षा बलों को सहयोग करें। इस बीच, राज्‍य के इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थाउबाल, काकचिंग और बिष्‍णुपुर सहित पांच घाटी जिलों में अनिश्चितकाल के लिए पूर्ण कर्फ्यू लगा दिया गया है। सात जिलों में दो दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं भी स्‍थगित कर दी गई हैं।

*********************

छत्तीसगढ़ में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो महिलाओं समेत पांच माओवादी मारे गए। सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम नारायणपुर जिले के उत्तरी अबूझमाड़ इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद तलाशी अभियान चला रही थी। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के दो जवान भी घायल हुए हैं। मौके से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

*********************

निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता के उल्‍लंधन से संबंधित शिकायत पर भाजपा और कांग्रेस को नोटिस जारी किया है। महाराष्‍ट्र और झारखण्‍ड के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों की एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत के बाद आयोग ने यह नोटिस जारी किए हैं। दोनों ही दलों ने एक-दूसरे के स्‍टार प्रचारकों पर आरोप लगाया था कि वे प्रचार अभियान के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्‍लंघन कर रहे हैं। आयोग ने इस सिलसिले में भाजपा अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस भेजे हैं। आयोग ने सोमवार दोपहर बाद एक बजे तक नोटिस का जवाब देने को कहा है।

*********************

महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोर पकड़ रहा है। झारखण्‍ड में भाजपा के नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया है कि हेमंत सोरेन सरकार आदिवासियों को वोट बैंक के तौर पर इस्‍तेमाल कर रही है। दुमका, देवघर और गिरीडीह में श्री शाह ने कहा कि यूपीए सरकार में राज्‍य के आदिवासियों के कल्‍याण के लिए धनराशि का आवंटन नही किया गया।

 

कांग्रेस जे एम एम ने दिल्‍ली से 2004-2014 में 84 हजार करोड़ भेजा। मोदी जी ने 2014 से 2024 में तीन लाख 90 हजार करोड़ रुपये भेजने का काम किया। झारखंड सरकार ये पैसा जो मोदी जी ने भेजा है वो खा गए।

 

कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जामताडा और खिजरी में आरोप लगाया है कि भाजपा झारखण्‍ड के साथ सौतेला व्‍यवहार कर रही है।

 

जो पैसा एक लाख 36 हजार करोड़, कोयले का टैक्‍स झारखंड को मिलना चाहिए वो पैसा नहीं दे रहे हैं। ये झारखंड के पैसे हैं यहां गरीबों के पैसे हैं, मेहनतकश लोगों के पैसे हैं और जो ये  प्रकृति है जो खनन निकलता है उसके पैसे हैं।

 

झारखण्‍ड मुक्ति मोर्चा के नेता और मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह उनकी सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है।

 

एक साल से यहां कई मंत्री यहां पर चक्‍कर लगा रहे हैं। हमारे सरकार बनने के दूसरे घंटे से ही सरकार गिराने में लगे ये लोग आज जब राजनीतिक लड़ाई ये नहीं सहपाते हैं तो ईडी, सी बी आई, इनकमटेक्‍स जितने भी संवैधानिक संस्‍था है सभी को चुनाव में सक्रिय कर रखा है।

 

उधर, महाराष्‍ट्र में सभी पार्टियां मुख्‍यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना, आरक्षण नीति, किसानों और बेराजेगारी जैसे मुद्दों पर जोर दे रही है।

*********************

निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल की श्रृंखला में आज बात महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की।

 

महाराष्‍ट्र के निर्माण के बाद से पंढरपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्‍व पांच विधायकों द्वारा किया गया है। 2009 में इस निर्वाचन क्षेत्र के पुनर्गठन के बाद भरत भालकेय और मौजूदा विधायक समाधान अवताड़े को यहां से विधायक बनने का मौका मिला है। 2021 के उपचुनाव में यहां पहली बार यहां भारतीय जनता पार्टी का कमल खिला। इस साल के चुनाव में भी यहां बड़ी लड़ाई है और भारतीय जनता पार्टी ने समाधन अवताड़े और प्रशान्‍त परिचारक के बीच राजनीतिक संघर्ष को सुलझाकर उन्‍हें फिरसे एकसाथ लाया है। महाविकास अघाड़ी में एन सी पी, शरद चन्‍द्र पवार पार्टी और कांग्रेस ने अपने-अपने उम्‍मीदवार उतारे हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव मंगलवडा क्षेत्र में पानी के मुद्दे पर हो रहा है। मनोज क्षीरसागर, आकाशवाणी समाचार पुणे।

*********************

भाजपा ने कांग्रेस, झारखण्‍ड मुक्ति मोर्चा और महाविकास अघाडी पर आरोप लगाया है कि वे झारखण्‍ड और महाराष्‍ट्र में तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। नई दिल्‍ली में पार्टी प्रवक्‍ता गौरव भाटिया ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी और एन डी ए गठबंधन विकास और आधिकारिता पर अधिक ध्‍यान दे रही है, जबकि इंडिया गठबंधन और महाविकास अघाडी तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। श्री भाटिया ने कहा कि महाराष्‍ट्र में भाजपा के नेतृत्‍व वाली महायुति सरकार नागरिकों के उत्‍थान के प्रति कटिबद्ध है।

*********************

पंजाब में पूर्व उप-मुख्‍यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने शिरोमणि अकाली दल के अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा दे दिया है। पार्टी प्रवक्‍ता दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि श्री बादल ने पार्टी के नए अध्‍यक्ष के चुनाव के लिए अपना इस्‍तीफा सौपा है।

*********************

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकतंत्र के संरक्षण में मीडिया की भूमिका पर बल दिया। श्री वैष्णव ने फर्जी खबरों से निपटने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए डिजिटल मीडिया की जवाबदेही का आह्वान किया है। आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय प्रेस दिवस कार्यक्रम में उन्‍होंने कहा कि डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म को ऐसे समाधान खोजने चाहिए जो उनके कंटेंट से समाज पर पड़ने वाले प्रभाव को ध्यान में रखते हों।

 

सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने कहा कि फेक न्यूज आज एक बड़ी चिंता का विषय है।

 

*********************

आयुष्मान वय वंदना कार्ड के शुरू होने के तीन सप्ताह के अंदर 10 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने इसके लिए नामांकन कराया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इनमें से लगभग 4 लाख नामांकन महिलाओं द्वारा किए गए हैं। इस कार्ड के जारी होने के बाद से 9 करोड़ रुपये से अधिक के उपचारों को अधिकृत किया गया है।

*********************

राष्‍ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने उत्‍तर प्रदेश में झांसी के महारानी लक्ष्‍मीबाई मेडिकल कॉलेज में आग लगने की दुर्घटना में दस नवजात बच्‍चों की मृत्‍यु का संज्ञान लेते हुए राज्‍य सरकार को नोटिस जारी किया है। आयोग ने मीडिया रिपोर्ट पर स्‍वत: संज्ञान लेते हुए राज्‍य के मुख्‍य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर एक सप्‍ताह के भीतर विस्‍तृत जानकारी मांगी है।

*********************

जम्मू-कश्मीर में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज कहा कि पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय चुनाव जल्द कराये जाऐंगे। श्री सिन्हा ने विस्थापित परिवारों और वंचित समूहों के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

*********************

मौसम विभाग ने आज केरल और माहे में तेज बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की है। कल तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने का भी अनुमान लगाया है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले 2 दिनों के दौरान रात और सुबह के समय घना से लेकर बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

*********************

बिहार में, एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी महिला हॉकी में भारत ने चीन को 3-0 से हरा दिया। संगीता कुमारी, सलीमा टेटे और दीपिका ने एक-एक गोल किया। इस जीत से भारत 12 अंक के साथ अंकतालिका में पहले स्‍थान पर पहुंच गया है। भारत और चीन दोनों ने पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अपने अंतिम लीग मैच में कल भारत का सामना जापान से होगा। इससे पहले आज कोरिया ने थाईलैंड को 4-0 और जापान ने मलेशिया 2-1 से हराया।

*********************

मुख्‍य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना की यात्रा के पहले चरण में आज देर रात अबुजा पहुंचेंगे। श्री मोदी ने कहा- इस यात्रा का उद्देश्य लोकतंत्र और बहुलवाद में साझा विश्वास पर आधारित रणनीतिक साझेदारी का निर्माण करना है।

  • गृह मंत्रालय ने कहा- सुरक्षा बलों को मणिपुर में व्यवस्था और शांति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है। लोगों से कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों के साथ सहयोग करने का आग्रह किया।

  • निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की शिकायतों पर भाजपा और कांग्रेस को नोटिस जारी किया।

  • महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज।

  • सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकतंत्र के संरक्षण में मीडिया की भूमिका पर बल दिया।

  • बिहार में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता में भारत ने चीन को 3-शून्य से हराया।  

 *********************