Download
Mobile App

android apple
signal

November 15, 2024 10:02 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – बोडो शांति समझौता न केवल बोडो समुदाय के लिए लाभदायक है बल्कि इससे अन्‍य और शांति समझौतों के रास्‍ते खुले हैं।

  • भारत, नेपाल और बांग्‍लादेश ने उपक्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए पहली त्रिपक्षीय विद्युत ट्रांसमिशन लाइन शुरू की।

  • महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान जारी। विभिन्‍न दलों के शीर्ष नेताओं ने रैलियां और रोड शो किए।

  • भारत ने कॉप-29 जलवायु शिखर सम्मेलन में कहा कि विकसित देशों को जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए 2030 तक सालाना एक दशमलव तीन ट्रिलियन डॉलर जुटाने होंगे।

  • राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की नेशनल पीपुल्‍स पॉवर ने संसदीय चुनाव में भारी जीत हासिल की।

  • भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 क्रिकेट मैच जोहान्सबर्ग में जारी।

—- 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि बोडो शांति समझौता न केवल बोडो समुदाय के लिए लाभदायक है बल्कि इससे अन्‍य और शांति समझौतों के रास्‍ते खुले हैं। प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्‍ली में प्रथम बोडोलैंड महोत्‍सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि शांति समझौते के कारण दस हजार से अधिक युवाओं ने हथियार डाल दिए हैं और असम में हिंसा रूक गई है। ये युवा समाज की मुख्‍यधारा में शामिल हो गये हैं। उन्‍होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बोडोलैंड के विकास के लिए एक हजार पांच सौ करोड रूपये का विशेष पैकेज दिया है।

—-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनजातीय समुदायों के लिए शिक्षा, उपचार और रोजगार रही है और यह सरकार की योजनाओं से स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्‍यम से जनजातीय समुदायों को मुख्यधारा में शामिल किया है। प्रधानमंत्री आज बिहार के जमुई जिले से छह हजार छह सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का अनावरण करने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

 

धरती आबा बिरसा मुंडा के इस भव्य स्मरण के बीच आज छह हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इनमें मेरे आदिवासी भाई-बहनों के लिए करीब डेढ़ लाख पक्के घरों के स्वीकृति पत्र हैं।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष ग्राम अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय उत्कर्ष ग्राम अभियान के अंतर्गत आदिवासी गांवों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए अस्‍सी हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रधानमंत्री ने जनजातीय समाज के लिए ऐसी पहल तैयार करने में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के विचारों के लिए धन्यवाद दिया। उन्‍होंने इस अवसर पर आदिवासी बहुल जिलों में बिरसा मुंडा गौरव उपवन शुरू करने की घोषणा की।  श्री मोदी ने आज बिहार के जमुई में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर एक समारोह में भाग लिया। बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया।

—-

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर नई दिल्‍ली के बांसेरा पार्क में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आवासन और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल और दिल्‍ली के उपराज्‍यपाल विनय कुमार सक्‍सेना तथा अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्ति मौजूद थे।

 

इस अवसर पर श्री शाह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर केंद्र सरकार ने सराय काले खां चौक का नाम बदलकर भगवान बिरसा मुंडा चौक रखने का फैसला किया है। उन्‍होंने कहा कि रांची की जेल से इंग्‍लैंड के महारानी तक बिरसा मुंडा जी देशवासियों की आवाज बने थे।

 

भगवान बिरसा मुंडा के प्रति कृतज्ञता व्‍यक्‍त करने का 25 साल के युवा ने रांची की जेल से लेकर इंग्‍लैंड की महारानी के महल तक आदिवासियों और भारतीयों की आवाज को बुलंद करने का काम किया था। हम उनके सारे गुणों को आत्‍मसात करकर देश की विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हो।

—-

भारत, नेपाल और बांग्‍लादेश ने नेपाल से बांग्‍लादेश के लिए भारतीय ग्रिड के प्रयोग से 40 मेगावाट तक की पहली बिजली पारेषण लाइन शुरू करने में सफलता हासिल की है।

 

केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल, बांग्‍लादेश के बिजली मंत्रालय के सलाहकार मोहम्‍मद फौजुल कबीर खान और नेपाल के ऊर्जा मंत्री दीपक खाड़का ने संयुक्‍त रूप से नेपाल से बांग्‍लादेश को बिजली आपूर्ति करने की इस परियोजना का उद्घाटन किया।

 

बिजली मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में बताया कि मुजफ्फरपुर उपकेंद्र और बेहरामपुर उपकेंद्र भारत की ओर से पारेषण केंद्र होंगे। मंत्रालय ने कहा है कि इस परियोजना से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बढावा मिलने की संभावना है।

 

एनटीपीसी, विद्युत व्‍यापार निगम, नेपाल विद्युत प्राधिकरण और बांग्‍लादेश विद्युत विकास बोर्ड ने पिछले महीने नेपाल के काठमांडु में इस संबंध में एक बिक्री समझौते पर हस्‍ताक्षर किए थे।

—-

महाराष्‍ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान जारी। कई दलों के शीर्ष नेताओं ने रैलियां और रोड शो किए। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के नेता लगातार प्रचार में जुटे है।

 

ठाणे में एक रैली को संबोधित करते हुए, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रक्षा, आंतरिक सुरक्षा और आतंकवाद-रोधी क्षेत्र में पार्टी की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। वहीं, उमरखेड़ में केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने वादे पूरे न करने के लिए राहुल गांधी की आलोचना की.। आष्टी में, नितिन गडकरी ने कांग्रेस पर भाजपा द्वारा संविधान में बदलाव करने के बारे में झूठे दावे फैलाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नांदेड़ में, वहीं देवेंद्र फडणवीस ने सातारा, सांगली और पुणे में प्रचार किया। सांगली की एक रैली में शरद पवार ने आरोप लगाया कि भाजपा का उद्देश्य संविधान को बदलना है, वही कांग्रेस के रमेश चेन्निथला ने भाजपा से जाति जनगणना पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उद्धव ठाकरे ने एमवीए शासन के तहत वृद्धि का वादा करते हुए कम सोयाबीन एमएसपी पर सरकार की आलोचना की। माधुरी पांगे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

निर्वाचन क्षेत्र प्रोफ़ाइल पर हमारी श्रृंखला में आज एक नजर महाराष्ट्र के जालना जिले के घनसावंगी निर्वाचन क्षेत्र पर –

 

जालना जिले के घनसावंगी निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना ने हिकमत उधान को एनसीपी शरद पवार पार्टी के राजेश टोपे के खिलाफ मैदान में उतारा है। पांच बार विधायक रह चुके राजेश टोपे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भी रह चुके है। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए सतीश घाटगे और शिवसेना के पूर्व विधायक शिवाजी चोथेने निर्दलीय उमीदवार के रूप नामांकन दाखिल किया है। मराठा आरक्षण आंदोलन का केंद्र रहा अंतरवाली सराठी गाव, इस चुनाव क्षेत्र में है । गन्ना मिलों के साथ लंबे समय से चली आ रही समस्याएं, उचित गन्ने की कीमतें और बेहतर सड़के चुनावी मुद्दे हैं। समरजीत ठाकुर, आकाशवाणी समाचार, संभाजी नगर।

—-

झारखंड के धनबाद के टुंडी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि कथ्रित भ्रष्‍ट हेमंत सोरेन सरकार ने झारखंड की छवि धू‍मिल की है।

 

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बोकारो के बेरमो में एक चुनावी सभा में लोगों से राज्य के विकास को बढावा देने के लिए इंडिया गठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

 

हम कहते है कि देश को संविधान के माध्‍यम से चलाना चाहिए। हम कहते है संविधान मजबूत करना चाहिए। बीजेपी और आरएसएस संविधान को खत्‍म करना चा‍हते है। ये संविधान अंबेडकर जी का संविधान है।  फुले जी का संविधान है, बिरसा मुंडा जी, गांधी जी इन सबकी आवाज इस संविधान के अंदर है।

 

वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान, हिमंत बिस्वा सरमा और चंपई सोरेन ने भी दुमका, पाकुड़ और जामा में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। ऑल झारखंड स्‍टुडेंट्स यूनियन और वामपंथी दलों के नेताओं ने भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में चुनावी रैलियों को संबोधित किया और रोड शो किए। झारखंड में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 20 नवम्‍बर को होगा। दोनों राज्‍यों में मतगणना 23 नवंबर को होगी।

—-

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग-यूपीपीएससी ने पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2024 को 22 दिसंबर तक पुनर्निर्धारित किया है। प्रतियोगी परीक्षा के उम्मीदवारों की जरूरतों को ध्‍यान में रखते हुए परीक्षा दो दिनों के बजाय एक ही दिन में आयोजित की जाएगी, पहले यह परीक्षा 7 और 8 दिसंबर को आयोजित की जानी थी। अब संशोधित परीक्षा 22 दिसंबर को दो पालियों में होगी, सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

—-

पेट्रोलियम और प्रा‍कृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ग्रेटर नोएडा में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऊर्जा आर्थिक वृद्धि और विकास की रीढ बन गई है। उन्‍होंने कहा कि लगभग छह करोड सत्‍तर लाख लोग प्रति दिन पेट्रोल पम्‍पों पर जाते हैं और आगामी दो दशकों में विश्‍व में ऊर्जा की खपत में 25 प्रतिशत तक की वृद्धि होने की संभावना है। श्री पुरी ने कहा कि हरित हाइड्रोजन ऊर्जा का भविष्‍य है और देश हरित हाइड्रोजन के उत्‍पादन का वैश्विक केन्‍द्र बनने की ओर प्रतिबद्ध है।

 —-

भारत ने कहा है कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव तेजी से बढ़ती आपदाओं के रूप में देखा जा रहा है। भारत ने कल अजरबेजान के बाकू में कोप-29 शिखर सम्‍मेलन में जारी एक बयान में यह टिप्‍पणी की। भारत ने यह बयान कोप-29 शिखर सम्‍मेलन में समान विचार वाले विकासशील देशों की ओर से जलवायु वित्‍त पर मंत्रीस्‍तरीय बैठक में दिया।

 

केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के अवर सचिव नरेश पाल गंगवार ने कहा कि बहुत खराब मौसम की घटनाएं लगातार हो रही हैं और इनका असर विकासशील देशों पर देखा जा सकता है। उन्‍होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने की मंशाओं पर जोर देना आवश्‍यक है। भारत ने दोहराया कि विकसित देशों को वर्ष 2030 तक कम से कम एक हजार तीन सौ अरब डॉलर उपलब्‍ध कराने की प्रतिबद्धता पूरी करने की आवश्‍यकता है, जिससे विकासशील देशों की आवश्‍यकताओं की पूर्ति हो सके। 

—-

श्रीलंका की सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पावर पार्टी ने संसद में दो तिहाई बहुमत हासिल करके शानदार जीत हासिल की है। वामपंथी गठबंधन ने 225 सदस्यीय सदन की 159 सीटें जीतीं। साजिथ प्रेमदासा के नेतृत्व वाली मुख्य विपक्षी समागी जना बालवेगया 40 सीट के साथ दूसरे स्थान पर रही। पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघ के साथ गठबंधन वाले न्यू डेमोक्रेटिक फ्रंट को केवल पांच सीटें मिली हैं।

 

श्रीलंका में सत्ताधारी नेशनल पीपुल्स पावर गठबंधन ने पूरे द्वीप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 में से 21 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की है। राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका के गठबंधन ने संसदीय चुनाव में सीटों और वोट शेयर के मामले में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी दर्ज किया। इस चुनाव में कई चौंकाने वाले परिणाम भी सामने आए जैसे कि कई पूर्व मंत्रियों ने संसद में सीट पाने में असफलता पाई और वहीं श्रीलंका की राजनीतिक परिदृश्य में लंबे समय से प्रभावी बड़े दल हास्य पर रह गए। अहमद मोईन फारूखी, आकाशवाणी समाचार कोलंबो।

—-

उत्तर प्रदेश में आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी में प्रमुख नदियों के घाटों पर देव दीपावली मनाई गई। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने वाराणसी में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में नमो घाट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि मजबूत राष्ट्र के लिए सामाजिक समरसता जरूरी है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के उपयोग और स्वदेशी पर जोर दिया।

 

स्‍वदेशी का भाव अपने में जागरण करें। स्‍वदेशी हमारी आजादी का विशेष अंग रहा है। स्‍वदेशी दीप देश की मिट्टी, येलो रूई का प्रतीक है।  एक दीप से अनेक दीप स्‍वदेशी भाव का जागरण और प्रसार, स्‍वदेशी जागरण समृद्धि का मार्ग है। इसके नतीजे क्‍या होते है? आत्‍मनिर्भरता विदेशी मुद्रा का बचाव और स्‍वदेशी रोजगार का फैलाव इसमें हर व्‍यक्ति योगदान कर सकता है।

—-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं।

—-

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जोहान्‍सबर्ग के वांडरर्स स्‍टेडियम में चौ‍था और आखिरी टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने का फैसला किया। ताजा समाचार मिलने तक भारत ने चार ओवर में 44 रन बना लिए है।

—-

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – बोडो शांति समझौता न केवल बोडो समुदाय के लिए लाभदायक है बल्कि इससे अन्‍य और शांति समझौतों के रास्‍ते खुले हैं।

  • भारत, नेपाल और बांग्‍लादेश ने उपक्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए पहली त्रिपक्षीय विद्युत ट्रांसमिशन लाइन शुरू की।

  • महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान जारी। विभिन्‍न दलों के शीर्ष नेताओं ने रैलियां और रोड शो किए।

  • भारत ने कॉप-29 जलवायु शिखर सम्मेलन में कहा कि विकसित देशों को जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए 2030 तक सालाना एक दशमलव तीन ट्रिलियन डॉलर जुटाने होंगे।

  • राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की नेशनल पीपुल्‍स पॉवर ने श्रीलंका में संसदीय चुनाव में भारी जीत हासिल की।

  • भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 क्रिकेट मैच जोहान्सबर्ग में जारी।

—-