मुख्य समाचार :-
- लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन भरने का कार्य संपन्न। प्रमुख प्रत्याशियों में एच डी कुमारस्वामी, के सी वेणुगोपाल और हेमामालिनी ने आज पर्चे भरे।
- प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में केन्द्रीय योजनाओं को लागू न करने के लिए तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की।
- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किया। गैरकानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम और धनशोधन निरोधक अधिनियम समाप्त करने का वादा किया।
- भारत ने पश्चिम एशिया में बढ रहे तनाव से हिंसा तथा अस्थिरता की आशंका पर चिंता व्यक्त की।
- अहमदाबाद में आई पी एल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स और पंजाब किंग्स का मैच जारी।
——-
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का नामांकन कार्य सम्पन्न हो गया। प्रमुख प्रत्याशियों में जनता दल सेक्युलर के एच डी कुमारस्वामी, कांग्रेस के नेता के. सी. वेणुगोपाल और भारतीय जनता पार्टी की हेमामालिनी ने आज पर्चे भरे।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 88 लोकसभा सीटों पर चुनाव होंगे। केरल की बीस, कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की आठ–आठ, मध्य प्रदेश की सात, असम और बिहार की पांच–पांच, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ की तीन–तीन सीटों पर इस चरण में वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा त्रिपुरा और जम्मू–कश्मीर की एक–एक सीटों पर भी इस चरण में मतदान होगा। बाहरी मणिपुर निर्वाचन क्षेत्र के एक हिस्से पर भी इस चरण में मतदान यिका जाएगा। दूसरे चरण का मतदान इस महीने की 26 तारीख को होगा। जम्मू–कश्मीर को छोड़कर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नामांकन की जांच कल होगी। जम्मू–कश्मीर में शनिवार को पर्चों की जांच होगी। अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
———
भारतीय जनता पार्टी सांसद हेमामालिनी ने मथुरा लोकसभा सीट से नामांकन पत्र भरा। हेमामालिनी वर्ष 2014 और 2019 के आम चुनाव में मथुरा से निर्वाचित हुई थीं। इस सीट से कांग्रेस के मुकेश धनगर और बहुजन समाज पार्टी से सुरेश सिंह ने नामांकन भरा है। मेरठ में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने तीसरी बार उम्मीदवार को बदलकर अतुल प्रधान के स्थान पर पूर्व मेयर सुनीता वर्मा को टिकट दिया है। भाजपा उम्मीदवार अरूण गोविल और बहुजन समाज पार्टी के देवव्रत त्यागी इस सीट के लिए पहले ही नामांकन भर चुके हैं। उत्तरप्रदेश के आठ लोकसभा क्षेत्रों अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलन्दशहर, अलीगढ और मथुरा में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।
——-
केरल में एनडीए उम्मीदवार और अभिनेता सुरेश गोपी ने त्रिशूर संसदीय क्षेत्र से पर्चा भरा। यहीं से यूडीएफ उम्मीदवार के मुरलीधरन ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल, अलाप्पुझा से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी एलडीएफ के ए एम आरिफ ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
———
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के० सुरेंद्रन ने वायनाड लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में आज नामांकन भरा। नामांकन के समय श्री सुरेंद्रन के साथ भाजपा नेता स्मृति ईरानी, आदिवासी गोत्र महासभा नेता सी के जानू और अन्य स्थानीय नेता थे। श्री सुरेंद्रन, वायनाड सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की एनी राजा के खिलाफ चुनाव लडेंगे।
——–
कर्नाटक में भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने दक्षिणी बेंगलूरू निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र भरा। जनता दल सेक्युलर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने मांडया से अपना नामांकन पत्र भरा।
———-
राजस्थान में दूसरे चरण के लिए 13 लोकसभा सीट पर 218 प्रत्याशियों की ओर से 304 नामांकन भरे गये हैं। बागीदौरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 5 प्रत्याशियों की ओर से छह नामांकन पत्र भरे गये हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि नामांकन पत्रों की कल जांच की जाएगी।
आज नामांकन भरने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस की ओर से जालौर प्रत्याशी वैभव गहलोत तथा चित्तोडगढ से उदयलाल आंजना प्रमुख हैं। वहीं बांसवाड़ा सीट से भाजपा प्रत्याशी महेंद्रजीत मालवीय ने भी आज नामांकन भरा है। राज्य में अब चुनाव प्रचार गति पकड़ चुका है। आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चित्तौड़गढ़ में नामांकन रैली को संबोधित किया। दूसरी ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल चूरू में जबकि परसों पुष्कर में पार्टी प्रत्याशियों के लिए ‘विजय संकल्प सभा‘ओं को संबोधित करेंगे। दोनों पार्टियों के राज्य स्तरीय नेता भी चुनाव प्रचार में जुटे हैं। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर
——
बिहार के किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, बांका और भागलपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया आज समाप्त हो गई। सभी पांच संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 86 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र भरे। भागलपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सबसे अधिक 21 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। वहीं कटिहार से 20 और बांका से 19 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र भरे। किशनगंज संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से 15 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन भरे।
——-
त्रिपुरा में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार तेजी पकड़ रहा है। त्रिपुरा पश्चिम सीट के लिए नौ उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब तथा कांग्रेस के आशीष कुमार साहा शामिल हैं। इस सीट के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा।
चुनाव आयोग ने त्रिपुरा पश्चिम संसदीय सीट पर स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली हैं। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 14 लाख 61 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। कुल 7 लाख 33 हजार से ज्यादा मतदाता पुरुष हैं जबकि 7 लाख 28 हजार से ज्यादा मतदाता महिलाएं हैं। त्रिपुरा (पश्चिम) निर्वाचन क्षेत्र एक अनारक्षित सीट है, हालांकि, इस निर्वाचन क्षेत्र की एक अनूठी विशेषता यह है कि इस क्षेत्र में 25 प्रतिशत से अधिक मतदाता आदिवासी हैं। यह निर्वाचन क्षेत्र सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन और कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन के बीच द्विध्रुवीय लड़ाई का गवाह बनने जा रहा है। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने इस सीट पर जीत हासिल की। त्रिपुरा पश्चिम सीट से मौजूदा सांसद केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक हैं, जिन्होंने 2019 के चुनाव में कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुबल भौमिक को 3 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराकर राज्य के इतिहास में पहली बार भाजपा के लिए यह सीट जीती। कुणाल शिंदे, आकाशवाणी समाचार, अगरतला।
——–
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में संदेशखाली की घटनाओं में आरोपी को बचाने के लिए तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की है। कूचबिहार में चुनावी जनसभा में श्री मोदी ने कहा कि केवल भाजपा ही महिलाओं पर अत्याचार रोक सकती है। प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में केन्द्रीय योजनाओं को लागू न करने के लिए भी तृणमूल कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से दी गई राशि के बावजूद कई परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं हुई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन भाजपा ने ही 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। यह पार्टी की निष्ठा और उसकी सही नीयत के कारण संभव हुआ है।
मोदी ने बड़े फैसले लिए, ताकि गांव और गरीब का, एससी और महिलाओं का जीवन आसान हो। कांग्रेस तो दशकों तक देश को गरीबी हटाओ का नारा देती रही। ये बीजेपी सरकार है, जिसने दस साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालकर दिखा दिया है।
——–
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने आज लोकसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया। पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी, पोलित ब्यूरो के सदस्य प्रकाश करात, बृंदा करात, नीलोत्पाल बासु और तपन सेन ने नई दिल्ली में घोषणापत्र जारी किया।
पार्टी ने धनाढ्य वर्ग पर कर लगाने, उत्तराधिकार कर और सामान्य सम्पत्ति कर पर कानून बनाने तथा निजी क्षेत्र में आरक्षण, चुनाव के लिए सरकारी चंदा जुटाने तथा राजनीतिक दलों को मिलने वाले कॉरपोरेट चंदे पर प्रतिबंध लगाने का वायदा किया हैं। पार्टी ने घोषणापत्र में कहा है कि वह काम के अधिकार को संवैधानिक अधिकार बनाने के प्रति वचनबद्ध है। पार्टी ने अवैध गतिविधियां रोकथाम अधिनियम तथा धन–शोधन रोकथाम अधिनियम को रद्द करने का भी वायदा किया है। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रियंका अरोड़ा।
इस अवसर पर श्री येचुरी ने कहा कि पार्टी देश में लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता को और मजबूत करेगी। उन्होंने लोगों से सत्तारूढ़ भाजपा और उसके सहयोगी दलों को हराने का आग्रह किया, ताकि केन्द्र में नई सरकार बन सके।
—–
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत पश्चिम एशिया में बढ रहे तनाव और इसके कारण हिंसा तथा अस्थिरता में वृद्धि की आशंका पर चिंतित है। नई दिल्ली में आज मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने सभी पक्षों से अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के अंतर्गत स्वीकार्य सिद्धान्तों और नियमों के विरूद्ध कोई भी कार्रवाई न करने का आग्रह किया है।
——-
आईपीएल क्रिकेट में इस समय अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस का मुकाबला पंजाब किंग्स से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक पंजाब किंग्स ने 18वे ओवर में 4 विकेट पर 164 रन बना लिये है।
—–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन भरने का कार्य सम्पन्न। प्रमुख प्रत्याशियों में एच डी कुमारस्वामी, के सी वेणुगोपाल और हेमामालिनी ने आज पर्चे भरे।
- प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में केन्द्रीय योजनाओं को लागू न करने के लिए तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की।
- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किया। गैरकानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम और धनशोधन निरोधक अधिनियम समाप्त करने का वादा किया।
- भारत ने पश्चिम एशिया में बढ रहे तनाव से हिंसा तथा अस्थिरता की आशंका पर चिंता व्यक्त की।
- अहमदाबाद में आई पी एल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स और पंजाब किंग्स का मैच जारी।
—–