Download
Mobile App

android apple
signal

November 14, 2024 9:51 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- देश सही मायने में केवल तभी विकसित होगा जब जनजातीय लोग विकसित होंगे। जनजातीय गौरव दिवस की पूर्व संध्‍या पर उन्‍होंने जनता को बधाई दी।

  • राष्ट्रपति ने कहा – जनजातीय गौरव और संविधान के आदर्शों के लिए देश भर में नई चेतना का प्रसार किया जा रहा है।

  • प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- महाराष्ट्र का विकास एनडीए और महायुति सरकार की प्राथमिकता। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर महाराष्ट्र की जनता से झूठे वादे करने का आरोप लगाया।

  • भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता हेमंत सोरेन और राष्‍ट्रीय जनता दल के तेजस्वी प्रसाद यादव ने झारखंड में चुनावी रैलियां कीं।

  • विदेश मंत्रालय ने कहा- भारतीय एजेंसियां हाल में कनाडा में गिरफ्तार आतंकवादी ​​अर्श डल्ला के प्रत्यर्पण के लिए जरूरी कार्रवाई करेंगी।

  • श्रीलंका में संसदीय चुनाव के लिए मतगणना जारी।

  • हॉकी में, बिहार के राजगीर में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने थाईलैंड को 13-शून्य से हराया।

———-

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि देश सही मायने तभी विकसित बनेगा जब जनजातीय लोगों का विकास होगा। जनजातीय गौरव दिवस की पूर्व संध्या पर आज शाम राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि जनजातीय समुदाय के लोगों की तीव्र गति से प्रगति राष्ट्र की प्राथमिकता है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि देश चाहता है कि जनजातीय समुदायों की सदियों पुरानी पहचान बनी रहे और साथ ही वे आधुनिक विकास के पथ पर भी आगे बढ़ते रहें।

 

जनजाति गौरव तथा संविधान के आदर्शों के प्रति देश में नई चेतना का संचार हो रहा है तथा इस चेतन को कार्य रूप दिया जा रहा है। यह भावना जनजातियों समाज सहित पूरे देश के उज्जवल भविष्य का आधार बनेगी।

 

राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार जनजातीयों के विकास और कल्याण की यात्रा को तेज गति से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदायों के लाभ के लिए विशेष योजनाएं भी लागू की जा रही हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रमुख राष्ट्रीय योजनाओं का लाभ सभी जनजातीय लाभार्थियों तक समय पर पहुंचे।

 

वर्तमान सरकार ने जनजातीय विकास और कल्याण की यात्रा को तेज गति से बहुत आगे बढ़ाया है। बहुत बड़े पैमाने पर अनेक अभियान और कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। विकास और कल्याण के सभी राष्ट्रीय कार्यक्रम में जनजातीय समाज तक सभी सुविधाएं पहुंचाने के विशेष उपाय किए गए हैं। इसके अलावा जनजातीय समुदाय के लिए अलग से विशेष योजनाएं चलाये जा रहे हैं।

 

राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले वर्ष जनजातीय गौरव दिवस के दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए प्रधानमंत्री -जनमन अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों के लोगों का समग्र विकास करना है।

 

पीएम जनमन अभियान का उद्देश्य देश के पीभीटीजी समुदाय के लोगों का व्यापक विकास करना है। इस अभियान के तहत 26000 करोड़ रूपया से अधिक की लागत से 3 वर्ष की समय सीमा के पहले ही अनेक सुविधाओं को पीभीटीजी समुदाय के लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया।

 

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि राष्ट्र ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के वर्ष भर चलने वाले समारोहों की शुरुआत कर रहा है। उन्होंने सभी देशवासियों की ओर से भगवान बिरसा मुंडा की पुण्य स्मृति पर उन्‍हें नमन किया।

———-

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि महाराष्ट्र का विकास केंद्र की एनडीए सरकार और राज्य की महायुति सरकार की प्राथमिकता है। उन्‍होंने आज महाराष्ट्र के पनवेल में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार महाराष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है। श्री मोदी ने कहा कि महायुति सरकार की नीतियों ने वंचितों और शोषितों को सशक्त बनाया है।

 

श्री मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र ‘विकासित भारत’ का विकास वाहक बनेगा। उन्होंने कहा कि पनवेल-रायगढ़ के पूरे क्षेत्र में नीली अर्थव्यवस्था के विकास की अपार संभावनाएं हैं। श्री मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार तटीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और मछुआरों के कल्याण के लिए काम कर रही है।

———-

कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर महाराष्‍ट्र की जनता से झूठे वादे करने का आरोप लगाया। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान के दौरान कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज जनजातीय समुदाय की अनदेखी के लिए एनडीए सरकार पर निशाना साधा। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से- 

 

नंदुरबार में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार, आदिवासी समुदाय को जल, जंगल और ज़मीन के अधिकार से वंचित रखना चाहती है। दूसरी ओर, पुणे में भाजपा के लिए प्रचार करते हुए हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने नागरिकों से महायुति उम्मीदवारों को वोट देने का आग्रह किया। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अहिल्यानगर जिले में एक रैली को संबोधित किया, जबकि शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने रत्नागिरी जिले में प्रचार किया। एनसीपी नेता अजीत पवार ने डिंडोरी में एक रैली को संबोधित किया, जबकि मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने पुणे और भिवंडी में रैलियों को संबोधित किया। निशा रानी, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

———-

झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान जोरों पर है। राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और इंडिया ब्‍लाक दोनों के नेता अपने-अपने पार्टी उम्‍मीदवरों के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्‍य से आरोप-प्रत्‍यारोप लगा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने गिरिडीह, बोकारो और गांडेय में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन सरकार पर बंग्‍लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

 

हेमंत सरकार का ध्यान झारखंड में कल कारखाने लगे, इसके लिए नहीं है। आईएनआर की खदानें हैं इसका उत्पादन यहां हो, उसेके लिए नहीं है।  उनका ध्‍यान केवल और केवल घुसपैठिये को घुसने के लिए है।

 

दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुमका में चुनावी सभा में झारखंड के पिछड़ेपन के लिए भाजपा पर आरोप लगाया। राष्‍ट्रीय जनता दल के वरिष्‍ठ नेता तेजस्‍वी प्रसाद यादव ने जमात्रा में चुनावी रैली में कहा कि राजनीतिक दलों को मुद्दों पर आधारित सकारात्‍मक राजनीति करनी चाहिए। कांग्रेस, आजसु और वाम दलों के नेताओं ने भी राज्‍य के अलग-अलग हिस्‍सों में चुनावी रैली और रोड शो किए। राज्‍य में दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा और मतों की गिनती 23 नवंबर को की जाएगी।

———–

विधानसभा क्षेत्रों की जानकारी की इस विशेष श्रंखला में आज हम चर्चा करेंगे महाराष्ट्र की कोल्‍हापुर विधानसभा सीट की।

 

कांग्रेस की आधिकारिक उम्मीदवार मधुरिमाराजे ने आखिरी समय में चुनाव से नाम वापस ले लिया, जिससे महाविकास अघाड़ी में गडबडी फैल गई। महायुति ने शिवसेना के मजबूत पूर्व विधायक राजेश क्षीरसागर को मैदान में उतारा है। जबकि कांग्रेस ने राजेश लाटकर की उम्मीदवारी का समर्थन किया है। छत्रपति शाहू महाराज के लोकसभा सीट जीतने पर कांग्रेस ने कोल्हापुर में अपना राजनीतिक सूखा खत्म कर दिया। अब जिले की 8 विधानसभा सीटों में से 5 पर महाविकास अघाड़ी में सीटों के बंटवारे में भी कांग्रेस का दबदबा है। लेकिन मधुरिमाराजे के नाम वापस लेने से पार्टी को नुकसान हो सकता है। क्योंकि उसके समर्थित उम्मीदवार पार्टी के चुनाव चिह्न के बिना चुनाव लड़ रहे हैं। वर्तमान कांग्रेस विधायक जयश्री जाधव पार्टी द्वारा टिकट न दिए जाने के कारण शिवसेना में शामिल हो गईं। मानसून बाढ का प्रबंधन, पंचगंगा नदी का प्रदूषण तथा शहर में पुल निर्माण यह मुद्दे इस चुनाव में प्रमुख हैं। मनोज क्षीरसागर, आकाशवाणी समाचार, पुणे।

———-

विदेश मंत्रालय ने आज कहा कि भारतीय एजेंसियां हाल ही में कनाडा में गिरफ्तार किये गए ​घोषित आतंकवादी अर्श सिंह गिल उर्फ ​​अर्श डल्ला के प्रत्यर्पण के लिए जरूरी कार्रवाई करेंगी। अर्श डल्ला खालिस्तान टाइगर फोर्स का प्रमुख है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कनाडा में उसकी गिरफ्तारी के बारे में कहा कि भारत में अर्श डल्ला के आपराधिक रिकॉर्ड और कनाडा में इसी तरह की अवैध गतिविधियों में उसकी संलिप्तता को देखते हुए, यह उम्मीद की जाती है कि उसे भारत को प्रत्यर्पित या निर्वासित किया जाएगा।

———-

श्रीलंका में संसदीय चुनाव में करीब 65 प्रतिशत मतदान होने की खबर है। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्‍न हुआ और कही से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली है। सभी मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती जारी है और डाक मतों के परिणामों की देर रात तक घोषणा किए जाने की संभावना है।

———-

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि कर्मयोगी सप्‍ताह का परिणाम अच्‍छा रहा है और इसने देश भर में कर्मयोगियों को क्षमता निर्माण तथा निरंतर सीखने की भावना से जोड़ा है। डॉ. सिंह ने आज नई दिल्ली में कर्मयोगी सप्ताह के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षण सप्ताह का विचार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है। उन्होंने कहा कि सीखने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहनी चाहिए।

———-

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पी.सी.एस. की प्रारंभिक परीक्षा-2024 एक पाली में कराने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में विदयार्थियों की मांग का संज्ञान लेते हुए, आयोग को यह परीक्षा एक दिन में कराने के संबंध में, विदयार्थियों से संवाद और समन्वय कर आवश्यक निर्णय लेने को कहा है।

 

आयोग ने समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा 2023 के लिए एक समिति गठित की है। समिति सभी पहलुओं पर विचार कर जल्द ही अपने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। 23 और 24 दिसंबर को तीन पालियों में होने वाली समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी की भर्ती परीक्षा भी स्थगित कर दी गई है। यूपीपीएससी अभ्यर्थी इस वर्ष परीक्षा को दो दिन में कराने के राज्य लोक सेवा आयोग के फैसले का विरोध कर रहे हैं। परीक्षाएं 7 और 8 दिसंबर को दो पालियों में होनी थी। आयोग ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत के बाद यह फैसला लिया है समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।

———-

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन- डीआरडीओ ने प्रोविजनल स्टाफ क्वालिटेटिव रिक्वायरमेंट्स (पीएसक्यूआर) वैलिडेशन ट्रायल के हिस्से के रूप में गाइडेड पिनाका हथियार प्रणाली के उड़ान परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। रक्षा मंत्रालय ने आज एक विज्ञप्ति में कहा कि उड़ान परीक्षण तीन चरणों में विभिन्न फील्ड फायरिंग रेंज में किए गए।

———-

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आज से 43वां भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला शुरू हो गया है। 14 दिवसीय इस मेले का उद्घाटन केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने किया। इस वर्ष मेले में ग्यारह देश भाग ले रहे हैं। इनमें चीन, मिस्र, ईरान, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। इस वर्ष का विषय 2047 तक विकसित भारत है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में भारतीय डाक के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद रिजवान ने मेले में प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में बताया।

———-

16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया ने स्थानीय प्रशासन के महत्व और वित्तीय संसाधनों के प्रभावी हस्तांतरण पर बल दिया है। डॉ. पनगढ़िया ने आज नई दिल्ली में वित्त आयोग सम्‍मेलन- विकास की ओर हस्तांतरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय स्तर पर सर्विस डिलिवरी को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

———-

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के आंकड़ो के अनुसार अक्टूबर महीने में देश में थोक मूल्य सूचकांक  आधारित महंगाई वार्षिक आधार पर दो दशमलव तीन छह प्रतिशत तक बढ़ गई। सितंबर में ये एक दशमलव आठ चार प्रतिशत और अगस्त में एक दशमलव दो चार प्रतिशत थी। अक्टूबर में महंगाई में उछाल खाद्य पदार्थों तथा विनिर्माण क्षेत्रों और मोटर वाहनों के उत्पादन में बढ़ी कीमतों के कारण आया है।

———-

बिहार के राजगीर में एशियाई महिला हॉकी चैम्पियनशिप में वर्तमान चैम्पियन भारत ने थाईलैंड को 13-शून्‍य के बडे अंतर से हरा दिया है। प्‍लेयर ऑफ द मैच दीपिका ने पांच गोल किए। प्रीति दुबे, लालरेमसियामी और मनीषा चौहान ने दो-दो गोल किए। ब्युटी डुंग डुंग और नवनीत कौर ने एक-एक गोल किया। इससे पहले भारत ने मलेशिया को चार-शून्‍य से और दक्षिण कोरिया को तीन-शून्‍य से हराया था। आज के अन्‍य मुकाबलों में चीन ने जापान को और मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को दो-एक के समान अंतर से हराया।

———-

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा और आखिरी टी-टवेंटी क्रिकेट मैच कल साढे आठ बजे जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। कल सेंचुरियन में तीसरे मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को ग्‍यारह रन से हरा कर श्रृंखला में दो-एक की बढत बना ली थी।

———-

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- देश सही मायने में केवल तभी विकसित होगा जब जनजातीय लोग विकसित होंगे। जनजातीय गौरव दिवस की पूर्व संध्‍या पर उन्‍होंने जनता को बधाई दी।

  • राष्ट्रपति ने कहा – जनजातीय गौरव और संविधान के आदर्शों के लिए देश भर में नई चेतना का प्रसार किया जा रहा है।

  • प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- महाराष्ट्र का विकास एनडीए और महायुति सरकार की प्राथमिकता। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर महाराष्ट्र की जनता से झूठे वादे करने का आरोप लगाया।

  • भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता हेमंत सोरेन और राष्‍ट्रीय जनता दल के तेजस्वी प्रसाद यादव ने झारखंड में चुनावी रैलियां कीं।

  • विदेश मंत्रालय ने कहा- भारतीय एजेंसियां हाल में कनाडा में गिरफ्तार आतंकवादी ​​अर्श डल्ला के प्रत्यर्पण के लिए जरूरी कार्रवाई करेंगी।

  • श्रीलंका में संसदीय चुनाव के लिए मतगणना जारी।

  • हॉकी में, बिहार के राजगीर में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने थाईलैंड को 13-शून्य से हराया।

*****