Download
Mobile App

android apple
signal

November 11, 2024 10:19 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण, ग्‍यारह राज्‍यों की 33 विधानसभा सीटों तथा केरल की वायनाड संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार समाप्त।

 

  • मणिपुर के जिरीबाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दस सशस्‍त्र उग्रवादी ढेर।

 

  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने दिल्ली पुलिस आयुक्‍त से पटाखों पर प्रतिबंध के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए विशेष सेल बनाने को कहा, न्‍यायालय का कहना था कि कोई भी धर्म प्रदूषण को बढ़ावा नहीं देता।

 

  • शिगेरु इशिबा फिर से जापान के प्रधानमंत्री चुने गए।

 

  • बिहार में महिला एशिया हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की शानदार शुरूआत। मलेशिया को 4-शून्य से हराया।

 

—————-

 

झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार आज शाम समाप्‍त हो गया। इस चरण में 43 सीटों पर बुधवार को मतदान होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रचार के दौरान कई मुद्दे छाए रहे।

 

पहले चरण के चुनाव प्रचार के दौरान एनडीए और इंडिया गठबंधन ने मतदाताओं को लुभाने के लिए विभिन्‍न मुद्दों को उठाया। एनडीए ने बांग्‍लादेशी घुसपैठ, हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ भ्रष्‍टाचार, मंथली ट्रांस्‍फर स्‍कीम और बेरोजगारी के मुद्दों को जोर-शोर से उठाया। वहीं दूसरी ओर इंडिया गठबंधन के प्रचार अभियान के दौरान झारखण्‍ड सरकार के खिलाफ केन्‍द्र का भेद-भाव पूर्व रवैया और पर्याप्‍त बजट आवंटन और मंथली ट्रांस्‍फर स्‍कीम का मुद्दा छाया रहा। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, योगी आदित्‍य नाथ, शिवराज सिंह चौहान और हिमंता बिस्‍वा सरमा ने एनडीए उम्‍मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। इंडिया गठबंधन के लिए हेमंत सोरेन, राहुल गांधी, मल्‍लिकार्जुन खरगे, लालू प्रसाद यादव और तेजस्‍वी यादव ने चुनाव प्रचार में भाग लिया। आकाशवाणी समाचार के लिए रांची से संजीव शर्मा के साथ कृष्‍ण कुमार लाल।

 

राज्‍य के मुख्य चुनाव अधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि आज से मतदान कर्मियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है।

 

बूथ डिस्‍पैच शुरू हो रही है पांच जिला पर हम लोग हेलीकॉप्‍टर के माध्‍यम से पोलिंग ऑफिसर को एयरक्राप्‍ट से भेजता है, वेस्‍ट सिंहभूम, लातेहार, लोहरदग्‍गा, गुमला, गढवा एरिया पर टोटल 225 बूथ में इंडियन एयरफोर्स के सहयोग से पोलिंग पार्टी ऑफिसर्स की सुरक्षा को लेकर हम लोग इसी तरफ से एक स्‍टेप लिया था अभी वो कार्यक्रम शुरू हो रही है।

 

—————-

 

इस बीच, झारखंड में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के बाद आज अवर सचिव संजय कुमार श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है। वे कैबिनेट (निर्वाचन) विभाग के अवर सचिव थे। श्री कुमार चुनाव कार्यालय में एक पार्टी के प्रचार में लिप्‍त पाए गए।

 

—————-

ग्‍यारह राज्यों की 33 विधानसभा और केरल की वायनाड संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए भी  आज प्रचार अभियान समाप्त हो गया। इन सीटों पर बुधवार को मतदान होगा। राजस्थान में सात, पश्चिम बंगाल में छह, असम में पांच, बिहार में चार, कर्नाटक में तीन और मध्य प्रदेश तथा सिक्किम में दो-दो सीटों पर उपचुनाव होंगे। इसके अलावा केरल, छत्तीसगढ़, गुजरात, मेघालय में एक-एक सीट पर विधानसभा उपचुनाव भी होंगे। नांदेड़ संसदीय सीट समेत 15 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।

 

—————-

 

राजस्‍थान से हमारे संवाददाता ने बताया है कि कांग्रेस, भाजपा और अन्‍य दलों के नेताओं ने पार्टी उम्‍मीदवारों के लिए प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। हमारे संवाददाता की एक रिपोर्ट-

 

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आज चौरासी और सलूंबर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में विजय संकल्प सभाओं को संबोधित किया। प्रतिपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने आज रामगढ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानो पर चुनावी सभाओं को संबोधित किया। चुनाव प्रचार थमने के बाद अब प्रत्याशी घर-घर जाकर प्रचार कर सकेंगे। कल सुबह इन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान दलों की रवानगी शुरू हो जायेगी। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर

 

उधर, महाराष्‍ट्र में भी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है।

 

—————-

 

विधानसभा चुनाव के निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज जानकारी महाराष्ट्र के मुंबादेवी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की।

 

मुम्बादेवी विधानसभा सीट मुंबई दक्षिण लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है, जिसमें अन्य पांच निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मुम्बादेवी विधानसभा सीट 1978 में बना था और शुरू में यहाँ जनता पार्टी और भाजपा का दबदबा बना रहा, हालांकि 1985 से 1990 तक के बीच कांग्रेस के ललित कपाड़िया इस सीट से विधायक रहे। इसके बाद भाजपा के राज पुरोहित ने मुम्बादेवी से लगातार चार बार जीत दर्ज की। 2009 से अब तक कांग्रेस नेता अमीन पटेल ही इस सीट से चुने जा रहे हैं। इस बार, महायुति ने उनके खिलाफ शायना एनसी को मैदान में उतारा है। शायना हाल ही में भाजपा छोड़कर शिवसेना में शामिल हुई हैं और उन्हें एमएनएस का समर्थन भी प्राप्त है। बहरहाल मुम्बादेवी में लगभग 2,42,000 मतदाता हैं और ये देखना दिलचस्प होगा कि वे किस उम्मीदवार को विजयी बनाते हैं। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

—————-

 

भाजपा ने आज निर्वाचन आयोग से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि श्री गांधी एक बार फिर महाराष्ट्र चुनाव में झूठ फैलाने का प्रयास किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्‍द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने निर्वाचन आयोग से श्री गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह किया।

 

राहुल गांधी जी आदतन इस तरह की कार्यवाही करने के आदि हो गए हैं। नोटिस देने के बावजूद भी बाज नहीं आ रहे हैं। आपस में कभी भाषा के आधार पर, कभी इंवेस्‍टमेंट के आधार पर यह लडाने का प्रयास कर रहे हैं, राज्‍य के लोगों को, जो फेयर इलेक्‍शन की परिभाषा में नहीं आता है, तो हमने कहा है कि जो बीएनएस की एक धारा है 353 उसके तहत राहुल गांधी जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। ये मांग लेकर आज हम इलेक्‍शन कमिशन के मध्‍य आए हैं।

 

—————-

 

मणिपुर के जिरीबाम जिले में आज सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में दस हथियारबंद उग्रवादी मारे गए। सूत्रों के अनुसार, जिरीबाम जिले के जाकुरधोर और बोरोबेकरा पुलिस थाना स्थित केन्‍द्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ की चौकी पर आज दोपहर हथियारबंद उग्रवादियों ने हमला किया। इसके बाद सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में उग्रवादियों की मौत हो गई। इस दौरान हथियार और गोला बारूद भी बरामद किया गया। इस बीच, जिरीबाम जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

 

—————-

 

राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए ने आज देशभर में कई स्‍थानों पर गहन छानबीन की। देश को अस्थिर करने की आतंकी गुट अलकायदा की साजिश के तहत कुछ बांग्‍लादेशी नागरिकों की गतिविधियों के संबंध में जम्‍मू-कश्‍मीर, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, बिहार, त्रिपुरा और असम में छापेमारी की गई। जांच से पता चला है कि संदिग्‍ध व्‍यक्ति बांग्‍लादेश स्थित अलकायदा नेटवर्क से सहानुभूति रखते हैं।

 

—————-

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा है कि स्‍वास्‍थ्‍य का अधिकार नागरिकों का बुनियादी अधिकार है और कोई भी धर्म प्रदूषण को प्रोत्‍साहन नहीं देता। न्‍यायालय ने कहा कि संविधान के अनुच्‍छेद-21 के अंतर्गत प्रदूषण मुक्‍त वातावरण में रहना प्रत्‍येक नागरिक का अधिकार है। न्‍यायालय ने दिल्‍ली पुलिस आयुक्‍त को पटाखों पर प्रतिबंध के लिए तुरंत कार्रवाई करने और प्रतिबंध का प्रभावी कार्यान्‍वयन सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रकोष्‍ठ बनाने का निर्देश दिया। पिछले सप्‍ताह न्‍यायालय ने दिल्‍ली सरकार और पुलिस को नोटिस जारी करते हुए यह स्‍पष्‍टीकरण मांगा था कि वे पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने में असफल क्‍यों रहें।

 

इस बीच, दिल्ली और इसके आस-पास के क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार वायु गुणवत्ता सूचकांक दिल्‍ली में रात 8 बजे 352 दर्ज किया गया।

 

—————-

 

न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने आज देश के 51वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में उन्‍हें शपथ दिलाई। श्री खन्ना ने न्यायमूर्ति डी.वाई. चंद्रचूड का स्थान लिया है, जो कल सेवानिवृत्‍त हो गए। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने श्री खन्‍ना को शुभकामनाएं दी हैं।

 

—————-

 

गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में उच्‍चस्‍तरीय समिति ने छत्‍तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए लगभग 726 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं को स्‍वीकृति दी है। राज्‍यों में अग्निशमन सेवाओं के विस्‍तार और आधुनिकीकरण के अंतर्गत इन परियोजनाओं को मंजूरी दी है। गृह मंत्रालय के बयान के अनुसार इनमें छत्‍तीसगढ़ के लिए लगभग 148 करोड़, ओडिशा के लिए 201 करोड़ और पश्चिम बंगाल के लिए लगभग 377 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं।

 

—————-

 

विदेश मंत्री सुब्रमंणयम जयशंकर ने 2030 तक रूस के साथ 100 अरब डॉलर के व्‍यापार का लक्ष्‍य हासिल करने के लिए संपर्क सुविधा, बाजार और निवेश को प्रोत्‍साहन देने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। मुंबई में भारत-रूस बिजनस फोरम में विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्‍यापार फिलहाल 66 अरब डॉलर है। इससे 100 अरब डॉलर का लक्ष्‍य अधिक वास्‍तविक लगता है।

 

—————-

 

संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सरकार देश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। नई दिल्ली में दक्षिण एशियाई दूरसंचार विनियामक परिषद की बैठक में श्री सिंधिया ने कहा कि देश में लगभग 99 दशमलव तीन प्रतिशत मोबाइल उपकरणों का निर्माण देश में ही हो रहा है।

 

—————-

 

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने घोषणा की है कि भारतीय विदेश व्‍यापार संस्‍थान-आईआईएफटी का नया कैम्‍पस शीघ्र ही दुबई में खोला जाएगा। आज नई दिल्‍ली में संस्‍थान के दीक्षांत समारोह में वर्चुअल संबोधन में श्री गोयल ने भारत के उज्‍ज्‍वल भविष्‍य के लिए युवा स्‍नातकों की महत्‍वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।

 

—————-

 

जापान में लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता शिगेरू इशिबा को आज फिर देश का प्रधानमंत्री निर्वाचित किया गया। जापानी संसद डायट के दोनों सदनों में ज्‍यादातर वोट सुनिश्चित होने के बाद श्री इशिबा पुन: निर्वाचित हुए। प्रधानमंत्री चुनने के लिए आज दोपहर संसद का असाधारण सत्र बुलाया गया था।

 

—————-

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस में ऐतिहासिक चुनाव जीतने पर डॉ. नवीन रामगुलाम को बधाई दी है। मॉरीशस का नेतृत्व करने में उनकी बड़ी सफलता की श्री मोदी ने कामना की।

 

—————-

 

रूस ने आज अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच टेलीफोन पर बातचीत की खबरों का खंडन किया है। मॉस्को में क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच कोई बातचीत नहीं हुई।

 

—————-

 

असम सरकार ने आज गुवाहाटी में क्षमता निर्माण आयोग और कर्मयोगी भारत के साथ एक त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य असम में सरकारी कर्मचारियों में क्षमता निर्माण के लिए केंद्र सरकार के मिशन कर्मयोगी कार्यक्रम के कार्यान्वयन, सुविधा और सहभागिता को बढ़ावा देना है।

 

—————-

 

जम्मू और कश्मीर में सेना ने भर्ती अभियान शुरू किया है। यह अभियान शुक्रवार को बारामूला, कुपवाड़ा और श्रीनगर जिलों से शुरू किया गया था। भर्ती प्रक्रिया में जम्मू के सभी जिलों के उम्मीदवारों को भी शामिल किया जा रहा है।

 

—————-

 

महिला एशियाई हॉकी चैंपियनस ट्रॉफी में भारत ने जीत के साथ शुरूआत की है। बिहार से हमारे संवाददाता की रिपोर्ट-

 

आज से राजगीर में शुरू हुए एशियन हॉकी चैम्‍पियनंस ट्रॉफी में दो मुकाबले एकरतफा रहे। भारत ने अपनी जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया। उसने शून्‍य के मुकाबले मलेशिया को चार गोल से पराजित किया। कप्‍तान सलिमा टेटे के नेतृत्‍व वाली टीम शुरूआत से अंत तक विपक्ष पर हावी रही। वहीं दोपहर में खेले गए मुकाबले में चीन ने एक के बाद एक कई गोल की झडी लगा दी और मजबूत मानी जा रही थाईलैंड की टीम को 15 गोल से पराजित किया। आज का पहला मुकाबला काफी रोमांचक रहा। जापान और दक्षिण कोरिया के बीच कांटे की टक्‍कर देखने को मिली और अंतत: मुकाबला दो-दो गोल से बराबरी पर छूटा।

 

—————-

 

अरविंद चिदम्‍बरम ने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स शतरंज प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया है। चैंपियन का फैसला टाईब्रेक के जरिए हुआ। ब्लिट्ज टाईब्रेक में अरविंद ने लेवोन एरोनियन को दो-शून्‍य से हराकर जीत दर्ज की। चैलेंजर्स वर्ग का खिताब ग्रैंड मास्‍टर प्रणव ने अपने नाम किया।

 

—————-

 

मौसम विभाग के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में कल भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने कहा कि अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिमी पंजाब और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली और एनसीआर में अगले 2-3 दिनों के दौरान रात और सुबह के समय हल्का कोहरा रह सकता है।

 

—————-

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण, ग्‍यारह राज्‍यों की 33 विधानसभा सीटों तथा केरल की वायनाड संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार समाप्त।

 

  • मणिपुर के जिरीबाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दस सशस्‍त्र उग्रवादी ढेर।

 

  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने दिल्ली पुलिस आयुक्‍त से पटाखों पर प्रतिबंध के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए विशेष सेल बनाने को कहा, न्‍यायालय का कहना था कि कोई भी धर्म प्रदूषण को बढ़ावा नहीं देता।

 

  • शिगेरु इशिबा फिर से जापान के प्रधानमंत्री चुने गए।

 

  • बिहार में महिला एशिया हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की शानदार शुरूआत। मलेशिया को 4-शून्य से हराया।

 

—————-