Download
Mobile App

android apple
signal

November 10, 2024 10:04 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार का कल आखिरी दिन, विभिन्‍न राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता अपनी-अपनी पार्टी के उम्‍मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए भरपूर प्रयास करने में लगे। महाराष्ट्र में भी चुनावी सरगर्मी तेज हुई।
  • जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक सैनिक शहीद और तीन अन्‍य घायल।
  • रूस और यूक्रेन के बीच रिकॉर्ड संख्या में ड्रोन हमले हुए।
  • क्रिकेट में, भारत और मेज़बान दक्षिण अफ़्रीका के बीच दूसरा टी-20 मैच गक़ेबरहा में जारी।
  • महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी कल से बिहार के राजगीर में शुरू होगी।

—-

झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार का कल अंतिम दिन है। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता अपनी-अपनी पार्टी के उम्‍मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए अंतिम समय तक प्रयास करने में लगे हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज गुमला और बोकारो में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्‍होंने दोहराया कि भाजपा के नेतृत्‍व वाली एनडीए सरकार, सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के प्रति वचनबद्ध है।

 

भाजपा एनडीए की सरकार सबका साथ, सबका विकास इस मूल मंत्र पर चल रही है। इसी रास्‍ते पर चलकर झारखंड विकसित होगा और भारत भी विकसित होगा। लेकिन जेएमएम कांग्रेस के इरादे कुछ अलग ही है।

 

प्रधानमंत्री ने राज्‍य में कृषि को बढावा देने के उद्देश्‍य से रागी जैसे अनाज का उत्‍पादन और बिक्री बढाने की योजनाओं की भी घोषणा की।

 

झारखंड में तो रागी जैसा श्री अन्‍न उगाया जाता है। आने वाला समय रागी किसानों के लिए अनेक अवसर ले करके आ रहा है। हम श्रीअन्‍न के रूप में, पूरी दुनिया में रागी की उपज को पहुंचाने जा रहे है।

 

उन्‍होंने किसानों की सहायता और उनके हितों के लिए उपाय करने के लिए भाजपा की झारखंड इकाई की सराहना की। श्री मोदी ने आज शाम रांची में विशाल रोड शो भी किया।

 

झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्‍ठ नेता और मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में चुनावी रैली की। उन्‍होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह उनके विरूद्ध केन्‍द्रीय एजेंसियों का इस्‍तेमाल कर रहे है। श्री सोरेन ने कहा कि झारखंड के लोग यह सब देख रहे हैं और आगामी चुनाव में वे भाजपा को इसका करारा जवाब देंगे। गढवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री सोरेन ने कहा कि आगामी चुनाव झारखंड और उसके निवासियों के अधिकारों और गरिमा की रक्षा करने के लिए महत्‍वपूर्ण है। उन्‍होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अपने विरोधियों की आवाज को दबा रही है। श्री सोरेन ने कहा कि उनकी दोबारा सरकार बनेगी तो वे राज्‍य के गरीब लोगों के खाते में एक-एक लाख रूपये की राशि भेजेंगे।

 

फिर से सरकार बनेगा और आप सब लोगों के खाता में एक-एक लाख रुपया पहुंचाने का हम काम करेंगे। अभी तो एक हजार रुपया गया है। ये पहला कदम है और दूसरा कदम-अभी दिसंबर में वो एक हजार बढ़कर के ढ़ाई हजार रुपये होने जा रहा है।

 

भाजपा के झारखंड इकाई के अध्‍यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आरोपों का खंडन करते हुए कि केंद्रीय एजेंसियां केवल अपना काम कर रही है। 

 

इस बीच कोडरमा में एक चुनावी रैली में राष्‍ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विकास के नाम पर लोगों को गुमराह किया है। उन्‍होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे झारखंड के निरंतर विकास के लिए इंडिया गठबंधन को वोट दें।

 

पलामू में एक जनसभा में लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) अध्‍यक्ष चिराग पासवान ने हेमंत सोरेन पर आरोप लगाया कि मुख्‍यमंत्री रहते हुए उन्‍होंने झूठे वादे किये।

 

दूसरी ओर भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने हेमंत सोरेन के नेतृत्‍व वाली सरकार पर झारखंड को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावों में वर्तमान प्रशासन की मंशा पूरी नहीं होगी।

 

कांग्रेस, ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन और वामपंथी दलों के नेता भी राज्‍य में जोर-शोर से प्रचार में लगे हुए हैं।

 

बुधवार को पहले चरण में 43 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। इस महीने की 20 तारीख को दूसरे चरण में 38 सीटों के लिए मतदान होगा।

—-

उधर, महाराष्‍ट्र में भी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं का समर्थन जुटाने के लिए पूरे राज्‍य में रैलियां, रोड शो और जनसभाएं कर रहे हैं।

 

केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज मुंबई में महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी का ‘संकल्प पत्र’ जारी किया। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महाविकास आघाडी का घोषणापत्र जारी किया है। इसके बाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, रमेश चेन्नीथला, सुप्रिया सुळे, आदित्य ठाकरे समेत एमवीए के कई नेताओं ने मुंबई में ‘संविधान बचाओ सम्मेलन’ में भाग लिया। भाजपा नेता अमित शाह ने जलगांव, मलकापूर और बुलढाणा में रैलियों को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर और यवतमाल में रैलियाँ कीं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में चुनाव प्रचार किया। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अमरावती में चुनाव प्रचार किया और अजित पवार पुणे में प्रचार करते नजर आए। एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने महाविकास आघाडी के उम्मीदवारों के समर्थन में धाराशिव, अहमदनगर और छत्रपति संभाजीनगर में चुनाव प्रचार किया। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोलापुर में चुनाव प्रचार किया। मनसे प्रमुख राज ठाकरे मुंबई के विभिन्न स्थानों पर प्रचार कर रहे थे। प्रार्थना के साथ, अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

—-

प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की जानकारी की हमारी श्रृंखला में, आज हम महाराष्‍ट्र की बडनेरा विधानसभा सीट पर नजर डालेंगे।

 

अमरावती जिले के बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र में हाई वोल्टेज चुनावी मुकाबला देखने को मिलेगा़ क्योंकि तीन बार के विधायक रवि राणा शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पक्ष के उम्मीदवार सुनील खराटे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। महायुति समर्थित और भाजपा समर्थित युवा स्वाभिमान पार्टी के उम्मीदवार रवि राणा 2009 से विधायक हैं। तुषार भारतीय जो पहले भाजपा में थे, उन्होंने राणा की उम्मीदवारी के खिलाफ बगावत कर दी, जिसके परिणामस्वरूप भारतीय को भाजपा से निष्कासित कर दिया गया। महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवार और शिवसेना जिला प्रमुख सुनील खराटे को भी पार्टी के भीतर प्रीति बंड से बगावत का सामना करना पड़ रहा है, जिन्हें शिवसेना यूबीटी पार्टी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निष्कासित कर दिया था। वह भी मैदान में एक स्वतंत्र उम्मीदवार होंगी। रवि राणा अमरावती की पूर्व सांसद नवनीत राणा के पति हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या रवि राणा बडनेरा में अपनी सीट बरकरार रख पाते हैं या नहीं। धनंजय वानखेड़े, आकाशवाणी समाचार, नागपुर।

—-

जम्‍मू-कश्‍मीर के किश्‍तवाड जिले में एक दूरस्‍थ वन क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ मुठभेड में विशेष सैन्‍य बल का एक जूनियर कमीशन प्राप्‍त अधिकारी वीरगति को प्राप्‍त हो गये और तीन जवान गंभीर रूप से घायल हैं। हाल ही में दो ग्राम सुरक्षा गार्डों की हत्‍या के बाद आतंकवादियों की मौजूदगी की गुप्‍त सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने किश्‍तवाड में यह संयुक्‍त अभियान शुरू किया था।

 

माना जा रहा है कि तीन से चार आतंकवादी अब भी इस इलाके में छिपे हैं। तलाशी  अभियान जारी है। ब्‍यौरे की प्रतीक्षा है।

 

इस बीच, श्रीनगर के जबरवां वन क्षेत्र में आज शाम एक ओर संयुक्‍त आतंकरोधी अभियान समाप्‍त हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की गुप्‍त सूचना मिलने के बाद आज सुबह इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया था। सेना की चिनार कोर के प्रवक्‍ता ने बताया कि बारामुला जिले के राजपुरा सोपोर इलाके में कल एक अभियान में एक आतंकवादी को मार गिराया गया।

—-

जम्मू-कश्मीर के सिख समन्वय समिति के अध्यक्ष एस. अजीत सिंह के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू के राजभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। सिख समुदाय की कई प्रमुख चिंताओं के मद्देनजर प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल को एक मांगपत्र सौंपा है, जिनमें पहाड़ी जातीय समूह में पात्र सिख आबादी को शामिल करना, पंजाबी भाषा को बढ़ावा देना और श्रीनगर में महाराजा रणजीत सिंह की मूर्ति स्थापित करना शामिल है।

—-

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कार्यस्‍थलों, स्‍थान प्रबंधन, सर्वश्रेष्‍ठ कार्य व्‍यवहार को बढावा देने और लंबित मामलों के अधिकतम निपटान पर ध्‍यान केन्द्रित करने संबंधी विशेष अभियान 4.0 की सराहना की है।

 

इस विशेष अभियान के परिणामस्‍वरूप वर्ष 2021 के बाद से कचरा बेचने से राजकोष को दो हजार 364 करोड़ रुपये का राजस्‍व अर्जित हुआ है। केन्‍द्रीय मंत्री जितेन्‍द्र सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्‍ट का उत्तर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अभियान की सफलता दर्शाती है कि सामूहिक प्रयासों से ठोस परिणाम प्राप्‍त किए जा सकते हैं और स्‍वच्‍छता तथा आर्थिक विवेक को प्रोत्‍साहन दिया जा सकता है। उन्‍होंने यह भी कहा कि कुशल प्रबंधन और सक्रिय प्रयासों के अच्‍छे परिणाम प्राप्‍त हुए हैं। सुमित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्‍मा राय।   

—-

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समाज सुधारक और आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद सरस्वती की शिक्षाओं को अपनाने का आह्वान करते हुए युवा पीढ़ी को भारत को वैश्विक नेता के रूप में बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री कुरूक्षेत्र में आर्य महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

 

इस दो दिवसीय महासम्‍मेलन में जो गहन विचार मंथन होगा, उससे सारी मानव जाति के कल्‍याण को एक नई दिशा मिलेगी। महार्षि दयानंद जी का लक्ष्‍य भी यही था सबको आर्य बनाने से उनका भाव यही था कि सभी अच्‍छे नागरिक बने।

 

श्री सैनी ने धर्म, समाज और राष्ट्र के प्रति अमूल्य योगदान के लिए आर्य समाज की प्रशंसा की।

—-

रूस और यूक्रेन के बीच कल रात रिकॉर्ड संख्या में ड्रोन हमले हुए। मॉस्को ने कुल 145 ड्रोन हमले किए, जो युद्ध के दौरान एक रात में अब तक का सबसे बड़ा हमला है।

 

यूक्रेन ने आज मॉस्को की ओर अप्रत्‍याशित 34 ड्रोन हमले किए। 2022 में युद्ध की शुरुआत के बाद से यह रूसी राजधानी पर सबसे बड़ा ड्रोन हमला है, जिससे शहर के तीन प्रमुख हवाई अड्डों से उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा और एक व्यक्ति घायल हो गया। हालांकि, किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।

 

ड्रोन हमला रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा उत्तर कोरिया के साथ देश की रणनीतिक साझेदारी से संबंधित एक संधि पर हस्ताक्षर करने के बाद हुआ है जिसमें पारस्परिक रक्षा प्रावधान शामिल है।

—-

यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में बताया कि इस सप्‍ताह रूस ने यूक्रेन पर आठ सौ से अधिक बम गिराये हैं, लगभग छह सौ ड्रोन हमले किये हैं और विभिन्‍न प्रकार की लगभग बीस मिसाइलें दागी हैं।

—-

भारतीय नौसेना की पनडुब्‍बी आईएनएस वेला तीन दिन के लिए आज कोलंबो पहुंच गई। श्रीलंका की नौसेना द्वारा पनडुब्‍बी का औपचारिक स्‍वागत किया गया। पनडुब्‍बी के श्रीलंका में प्रवास के दौरान पनडुब्‍बी के चालक दल के सदस्‍यों और श्रीलंका की नौसेना के बीच टीम निर्माण संबंधी कई अभ्‍यासों का कार्यक्रम है।

—-

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल गुजरात के वद्तल में श्री स्वामीनारायण मंदिर की 200वीं वर्षगांठ समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्‍यम से श‍ामिल होंगे। इस अवसर पर वे वहां उपस्थित लोगों को  संबोधित भी करेंगे।

—-

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच गकेबरहा में खेला जा रहा है। पहले  बल्‍लेबाजी के लिए बुलाए जाने पर भारत ने ताजा समाचार मिलने तक 17 ओवर में 6 विकेट पर 101 रन बना लिये थे। चार मैचों की श्रृंखला में भारत ने एक-शुन्य की बढ़त बनाई हुई है।

—-

महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी कल से बिहार के राजगीर में शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल शाम इस प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। 20 नवंबर तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में  भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और कोरिया की टीम भाग ले रही हैं। उद्घाटन मैच कल दोपहर सवा बारह बजे जापान और कोरिया के बीच खेला जाएगा।

—-

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार का कल आखिरी दिन, विभिन्‍न राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता अपनी-अपनी पार्टी के उम्‍मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए भरपूर प्रयास करने में लगे। महाराष्ट्र में भी चुनावी सरगर्मी तेज हुई।
  • जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक सैनिक शहीद और तीन अन्‍य घायल।
  • रूस और यूक्रेन के बीच रिकॉर्ड संख्या में ड्रोन हमले हुए।
  • क्रिकेट में, भारत और मेज़बान दक्षिण अफ़्रीका के बीच दूसरा टी-20 मैच गक़ेबरहा में जारी।
  • महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी कल से बिहार के राजगीर में शुरू होगी। उद्घाटन मैच में कल दोपहर सवा बारह बजे जापान और कोरिया आमने-सामने होंगे।

—-