मुख्य समाचार :
- झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ प्रचार अभियान तेज।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में कई रैलियां कीं। कहा- भाजपा और महायुति किसानों की खुशहाली और देश की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध।
- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया, भाजपा जनजातीय लोगों से जमीन और जंगल छीनने की कोशिश कर रही है।
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को स्वाभाविक सहयोगी बताते हुए देश के आर्थिक नेतृत्व की प्रशंसा की। कहा- भारत विश्व की महाशक्तियों में स्थान पाने का हकदार।
- पाकिस्तान के लाहौर में कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक एक हजार से ऊपर पहुंचने के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी। पंजाब प्रांत में स्मॉग आपातकाल लागू।
- मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में अत्याधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया।
- क्रिकेट में, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टी-20 अन्तर्राष्ट्रीय मैच डरबन में जारी।
—
महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ प्रचार अभियान तेज हो गया है। सभी राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए दोनों राज्यों में प्रचार में जुटे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महाराष्ट्र के नाशिक में एक जनसभा में कहा कि केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए सरकार और राज्य की महायुति सरकार वंचितों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। श्री मोदी ने कहा कि राज्य में 50 लाख महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त एलपीजी कनेक्शन मिले हैं, और एक करोड़ 25 लाख से अधिक घरों को हर घर जल योजना के तहत पाइप से पानी का कनेक्शन दिया गया है।
आज महाराष्ट्र के लगभग सात करोड़ जरूरतमंदों को हर महीने मुफ्त राशन मिल रहा है। राज्य के 26 लाख से ज्यादा गरीबों को पीएम आवास योजना का लाभ मिला है। उन्हें पक्के मकान दिए गए है।
केंद्र सरकार और महाराष्ट्र में महायुति सरकार की योजनाओं के बारे में श्री मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र के किसानों को पीएम किसान योजना और नमो शेतकारी योजना दोनों का लाभ मिल रहा है।
यहां किसानों को एक और पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। साथ ही नमो शेतकारी सम्मान निधि ये भी मिल रही है। यानी सालाना 12 हजार रूपये की आर्थिक मदद और मैं मेरे किसान साथियों को बताना चाहता हूं जब महाराष्ट्र में फिर हमारी सरकार बनेगी तो ये 12 हजार रुपये की मदद बढ़कर 15 हजार रुपये हो जाएगी।
अटल सेतु, वधावन बंदरगाह, समृद्धि महामार्ग और मुंबई मेट्रो जैसी बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं को सरकार की उपलब्धियां बताते हुए श्री मोदी ने इन परियोजनाओं को रोकने के लिए विपक्षी महाविकास अघाड़ी गठबंधन की आलोचना की। इससे पहले श्री मोदी ने आज धुले में भी एक चुनावी रैली को संबोधित किया।
—
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज महाराष्ट्र में कई चुनावी रैलियां की ।
कराड और सांगली में दो अलग-अलग रैलियों को संबोधित करते हुए, भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विश्वास जताया कि राज्य के लोग आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा-शिवसेना-एनसीपी गठबंधन को विजयी करेंगे। वही, भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मतदाताओं से बातचीत करने और महायुति उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने के लिए मुंबई और ठाणे का दौरा किया। शिवसेना नेता और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोलापुर और धाराशिव जिलों में चुनाव प्रचार किया. विपक्षी गठबंधन की ओर से, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बुलढाणा में एक रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने महायुति गठबंधन में एकता नहीं होने का दावा किया। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के नेता शरद पवार, सुप्रिया सुले और जयंत पाटिल ने आज कई रैलियां कीं, जबकि मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने गुहागर में प्रचार किया। निशा रानी, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
—
निर्वाचन क्षेत्र प्रोफ़ाइल की हमारी श्रृंखला में, आज एक नजर महाराष्ट्र के बीड जिले के परली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पर –
1980 से, बीड जिले में परली विधानसभा भारतीय जनता पार्टी का गढ़ रही है, दिवंगत भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे ने परली का प्रतिनिधित्व किया था। गोपीनाथ मुंडे 2014 में लोकसभा के लिए चुने गए, उसके बाद उनकी बेटी पंकजा मुंडे ने परली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया, हालांकि, पंकजा को 2019 के चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अपने चचेरे भाई धनंजय मुंडे से हार का सामना करना पड़ा। इस बार के चुनाव में, एनसीपी महायुति के साथ गठबंधन में है, इसलिए धनंजय मुंडे का सामना महाविकास अघाड़ी से राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार पार्टी के उम्मीदवार राजेसाहेब देशमुख से है। परली निर्वाचन क्षेत्र में तीन लाख पैंतीस हजार मतदाता हैं, बारह मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। क्षेत्र में बेरोजगारी, सिंचाई, कृषि उपज का उचित मूल्य, शिरसल एमआईडीसी और परली बस स्टेशन जैसे स्थानीय मुद्दे चुनावी जोरों पर है। समरजीत ठाकुर, आकाशवाणी, छत्रपति सांबाजी नगर।
—
झारखंड में भी चुनाव प्रचार जोरों पर है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने झारखंड के सिमडेगा में एक चुनावी रैली में भाजपा पर जनजातीय लोगों से ‘जल, जंगल, जमीन’ छीनने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
लडाई संविधान को बचाने की है। एक तरफ जो संविधान को बचा रहे हैं, दूसरे जो संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। एक तरफ वो लोग जो आपको आदिवासी कहते हैं, आपकी रिस्पेक्ट करते है, आपका आदर करते हैं और दूसरी तरफ वो लोग आपको वनवासी कहते हैं और जो भी आपका वो छीनना चाहते हैं।
खरसावा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए झारखंड विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर हिंदू समाज को बांटने का आरोप लगाया।
लातेहार में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि भाजपा दलित विरोधी है।
राष्ट्रीय जनता दल, ऑल झारखंड स्टूटेंड यूनियन और वाम दलों के नेता भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में जनसभाएं कर रहे हैं। राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 13 और 20 नवम्बर को दो चरणों में होंगे, जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी।
—-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्वास व्यक्त किया है कि सरकार की “भ्रष्टाचार को कतई ना बर्दाश्त करने” की नीति भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म कर देगी। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में सत्यनिष्ठा और अनुशासन को जीवन का आदर्श माना जाता है। आज नई दिल्ली में केंद्रीय सतर्कता आयोग के सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर राष्ट्रपति ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार से निपटने के लिए कई पहल की हैं।
—-
सरकार ने वाणिज्यिक न्यायालय संशोधन विधेयक 2024 के लिए लोगों से सुझाव और प्रतिक्रियाएं मांगी हैं। विधि और न्याय मंत्रालय मौजूदा वाणिज्यिक न्यायालय अधिनियम 2015 में संशोधन पर विचार कर रहा है। मसौदा विधेयक पर टिप्पणियां 22 नवंबर तक ndiac डेश dla@gov.in पर भेजी जा सकती हैं।
—-
जम्मू-कश्मीर विधानसभा अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई। पांच दिवसीय सत्र के दौरान विपक्ष ने सदन द्वारा पारित प्रस्ताव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जिसमें जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा और संवैधानिक गारंटी देने की बात कही गई थी।
इससे पहले, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा तंत्र के साथ काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
—-
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भारत और आसियान के बीच सहयोग के रणनीतिक महत्व पर जोर देते हुए कहा है कि दोनों देशों की जनसांख्यिकी और उभरती मांगें एक-दूसरे की पूरक और वैश्विक अर्थव्यवस्था की प्रमुख वाहक बन सकती हैं। डॉ. जयशंकर आज सिंगापुर में आसियान-भारत नेटवर्क ऑफ थिंक-टैंक के 8वें गोलमेज सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
—-
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस बात पर बल दिया कि भारत और रूस दशकों से एक-दूसरे के सहयोगी और साझेदार हैं। कल सोची में वल्दाई चर्चा क्लब को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने यह बात कही। भारत को एक महान राष्ट्र बताते हुए श्री पुतिन ने कहा कि दोनों देशों के बीच सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है।
राष्ट्रपति पुतिन ने सालाना 7 दशमलव 4 फीसदी की जीडीपी वृद्धि दर के साथ भारत के आर्थिक नेतृत्व की सराहना की।
भारत की बड़ी आबादी, तेज़ आर्थिक विकास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर पुतिन ने कहा कि भारत दुनिया की महाशक्तियों में जगह पाने का हकदार है।
—
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने बिगड़ती वायु गुणवत्ता के कारण लाहौर और उसके आस-पास के जिलों में पार्कों, चिड़ियाघरों, खेल के मैदानों, और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के जाने पर तत्काल रोक लगा दी है। लाहौर का वायु गुणवत्ता सूचकांक एक हजार से अधिक हो गया है। लाहौर इस समय विश्व का सबसे प्रदूषित शहर है। पंजाब प्रांत में 17 नवंबर तक सभी स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिये गये है। अस्पतालों में सांस की परेशानी के मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है।
—-
भारतीय मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में कल तेज बारिश के साथ बिजली गिरने का अनुमान व्यक्त किया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों तक घना कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
—-
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज नई दिल्ली में मेडिकल उपकरण उद्योग को मजबूत बनाने के लिए एक योजना की शुरूआत की। इस अवसर पर रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और औषधीय विभाग के सचिव अरुणीश चावला भी उपस्थित रहे। श्री नड्डा ने इस अवसर पर कहा कि यह योजना एक बड़ा परिवर्तनकारी कदम साबित होगी।
राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत मेडिकल उद्योग के लिए महत्वपूर्ण संभावनाएं हैं।
—-
केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम ने आज गुवाहाटी में आठ दिवसीय “पूर्वोत्तर आदि महोत्सव” का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री ओराम ने कहा कि जनजातीय कार्य मंत्रालय जनजातीय समुदाय के विकास के लिए काम कर रहा है। महोत्सव का उद्देश्य आदिवासी शिल्प, चिकित्सा, संस्कृति और व्यंजनों को बढ़ावा देना है। यह महोत्सव 15 नवंबर तक चलेगा।
—-
केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कर्मचारी पेंशन योजना के अन्तर्गत नई केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली के पायलट रन के पूरा होने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2024 के लिए जम्मू, श्रीनगर और करनाल क्षेत्रों में 49 हजार कर्मचारी पेंशन योजना-ईपीएस पेंशनभोगियों को ग्यारह करोड़ रुपये से अधिक की पेंशन वितरित की गई।
—-
बिहार में छठ पूजा के बाद यात्रियों की वापसी के लिए पूर्व मध्य रेलवे अगले 15 दिनों में 446 विशेष रेलगाड़ियां चलाएगा। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि इस बार पिछले साल की तुलना में अतिरिक्त रेलगाड़ियों चलाई जा रही हैं।
छठ के बाद 15 दिनों तक पिछली बार 2023 में 369 विशेष गाडि़यों का परिचालन किया गया था। इस बार ये तादाद बढ़कर 446 यानी 75 अतिरिक्त गाडि़यां हम चला रहे हैं। अगर भीड़ ज्यादा होती है इस अवधि में, तो हमारे पास अनारक्षित ट्रेनें स्टैंडबाय में हैं। भीड़ को देखते हुए हम अतिरिक्त गाडि़यों का बहुत कम अवधि में हम लोग परिचालन कर रहे है।
—
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को उनके 97वें जन्मदिन पर बधाई दी। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि यह वर्ष और भी खास है क्योंकि श्री आडवाणी को राष्ट्र के प्रति उत्कृष्ट सेवा के लिए भारत रत्न से सम्मानित किया गया है।
—
डरबन में दक्षिण अफ्रीका के साथ पहले टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच में भारत ने ताजा समाचार मिलने तक 5वें ओवर में एक विकेट पर 55 रन बना लिये हैं। अभिषेक वर्मा सात रन बनाकर आउट हो गए हैं। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया।
—
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ प्रचार अभियान तेज।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में कई रैलियां कीं। कहा- भाजपा और महायुति किसानों की खुशहाली और देश की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध।
- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया, भाजपा जनजातीय लोगों से जमीन और जंगल छीनने की कोशिश कर रही है।
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को स्वाभाविक सहयोगी बताते हुए देश के आर्थिक नेतृत्व की प्रशंसा की। कहा- भारत विश्व की महाशक्तियों में स्थान पाने का हकदार।
- पाकिस्तान के लाहौर में कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक एक हजार से ऊपर पहुंचने के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी। पंजाब प्रांत में स्मॉग आपातकाल लागू।
- मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में अत्याधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया।
- क्रिकेट में, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टी-20 अन्तर्राष्ट्रीय मैच डरबन में जारी।
—