मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री ने वाराणसी में छह हजार सात सौ करोड़ रूपए की लागत की बहु-विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र में शंकर नेत्र अस्पताल का भी उद्घाटन किया। कहा- सरकार स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए अगले पांच वर्ष में 75 हजार और मेडिकल सीटें बढ़ाएगी।
- भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।
- दिल्ली पुलिस ने राजधानी के रोहिणी इलाके में विस्फोट के सिलसिल में एफ आई आर दर्ज की।
- मौसम विभाग ने कर्नाटक और मध्य प्रदेश में कल भारी वर्षा का अनुमान व्यक्त किया। भीषण चक्रवाती तूफान दाना के बृहस्पतिवार को सवेरे ओडिशा तट पर पहुंचने की संभावना।
- खेलों में कश्मीर घाटी में पहली बार श्रीनगर में अंतर्राष्ट्रीय मैराथन का आयोजन।
- और, मलेशिया में सुल्तान जौहर कप हॉकी टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज मैच में भारतीय जूनियर पुरूष टीम ने इग्लैंड को 6-4 से पराजित किया।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में छह हजार सात सौ करोड रुपये की लागत की बहुविकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
श्री मोदी ने मध्य प्रदेश के रीवा हवाई अड्डे, छत्तीसगढ के अम्बिकापुर में मां महामाया हवाई अड्डे तथा उत्तर प्रदेश के सरसावा हवाई अड्डे के नये भवन का उदघाटन किया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के नये भवन के निर्माण और रनवे के विस्तार से संबंधित कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने उत्तर प्रदेश के आगरा हवाई अड्डे, बिहार के दरभंगा हवाई अड्डे तथा पश्चिम-बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे के नये सिविल एन्क्लेव की भी आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं बहुत महत्वपूर्ण हैं।
काशी के लिए आज का दिन बहुत ही शुभ है। अभी यहां हजारों करोड़ रुपयों के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। आज यूपी, बिहार, पश्चिम–बंगाल, एमपी और छत्तीसगढ़ में अलग–अलग एयरपोर्ट्स का शुभारंभ हुआ है। इसमें बाबतपुरा एयरपोर्ट के अलावा आगरा और सहारनपुर का सरसावा एयरपोर्ट भी शामिल है।
प्रधानमंत्री ने खेलो इंडिया योजना और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत वाराणसी खेल परिसर के दूसरे और तीसरे चरण के पुनर्विकास कार्य का भी उदघाटन किया। उन्होंने लालपुर के डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक सार्वजनिक पेविलियन और लडकियों और लडकों के लिए सौ बिस्तरों वाले हॉस्टल का भी उदघाटन किया।
प्रधानमंत्री ने सारनाथ में बौद्ध क्षेत्रों के पर्यटन विकास कार्य का भी शुभारंभ किया। उन्होंने बाणासुर मंदिर और गुरुधाम मंदिर के पर्यटन विकास तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण और पुनर्विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के कांची कामकोटि पीठ के जगदगुरु श्री शंकरा विजयेन्द्र सरस्वती की उपस्थिति में शंकर नेत्र अस्पताल का उदघाटन किया।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि सरकार देश में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को और सशक्त बनाने के लिए अगले पांच वर्षों में 75 हजार और मेडिकल सीट जोडेगी। उन्होंने एक प्रमुख स्वास्थ्य सेवा केन्द्र के रूप में न केवल पूर्वांचल में बल्कि समूचे देश में काशी की बढती प्रतिष्ठा का उल्लेख किया।
आज काशी को, पूर्वांचल को एक और आधुनिक अस्पताल मिल है। आर जे शंकरा नेत्र अस्पताल आज से जन–जन के लिए समर्पित है। ये आर जे शंकरा नेत्र अस्पताल वाराणसी और उस क्षेत्र के अनेकों लोगों के जीवन से अंधकार दूर करेगा, उन्हें प्रकाश की ओर ले जाएगा।
श्री मोदी ने लोगों को सस्ता और सुगम उपचार प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में केन्द्र सरकार की विभिन्न पहलों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य केन्द्रों की स्थापना से औषधियों की कीमत में कमी आई है और लोगों का दवाओं पर औसत खर्च 25 प्रतिशत कम हुआ है। श्री मोदी ने मिशन इन्द्रधनुष की सफलता का उल्लेख किया।
हमने मिशन इन्द्रधनुष शुरू किया, नतीजा ये आया कि न केवल टीकाकरण कवरेज की दर बढ़ी बल्कि ऐसी करोड़ों गर्भवती महिलाओं का, करोड़ों बच्चों का टीकाकरण हुआ जो पहले इससे छूट जाते थे। भारत ने टीकाकरण पर जोर दिया, उसका बहुत बड़ा फायदा हमें कोरोना के दौरान मिला।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि आंखों का यह अस्पताल बुजुर्गों तथा बच्चों दोनों के लिए लाभदायक होगा। उन्होंने शंकराचार्य और शंकरा ट्रस्ट को बिहार में इस अस्पताल की एक और शाखा खोलने पर विचार करने का आग्रह किया। शंकराचार्य विजयेन्द्र सरस्वती ने प्रधानमंत्री मोदी के विकास प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान कांची शंकराचार्य ने प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि केन्द्र में एन डी ए की सरकार एक रोल मॉडल है। उन्होंने देश के विकास का श्रेय नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को दिया। शंकराचार्य ने कहा कि भारत की प्रगति सशक्त नेतृत्व से संचालित हो रही है।
नरेंद्र दामोदर दास जी इनका जो सरकार है। एन डी ए का अनुशासन वो प्रजा का सुरक्षा के लिए सुभिज्ञा के लिए, सुभिक्षा के लिए काम कर रहा है।
शंकराचार्य जी ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया और उन्हें दिव्य आशीर्वाद बताया।
*****
भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कामठी से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। राज्यमंत्री गिरीश महाजन जामनेर से और सुधीर मुनगंटीवार बल्लारपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी होगें।
महाराष्ट्र विधानसभा की सभी दो सौ 88 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
*****
झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद से राज्य के कई हिस्सों से तीन करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार 50 हजार रुपये तक की नकदी ले जाने की अनुमति है। यदि राशि 50 हजार से अधिक और 10 लाख रुपये से कम है, तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। जिला आयुक्त के नेतृत्व वाली एक समिति यह निर्धारित करेगी कि धनराशि वैध उद्देश्यों के लिए थी या अन्य उद्देश्यों के लिए। दस लाख रुपये से अधिक की धन राशि को जब्त करके उसे आगे की जांच के लिए आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
*****
दिल्ली पुलिस ने आज राष्ट्रीय राजधानी के रोहिणी इलाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के विद्यालय के बाहर हुए विस्फोट के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।
विस्फोट की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची, जहां उसे विद्यालय की टूटी हुए दीवार मिली। विस्फोट के कारण पास की एक दुकान का शीशा और एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की जानकारी नहीं है। केंद्रीय एजेंसियों ने घटनास्थल से साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं।
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह इस घटना पर लगातार नजर रख रहे हैं। उन्होंने आरोपियों को न्याय के कटघरे में लाने का आश्वासन देते हए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
*****
बिहार में हाल की बाढ़ से नुकसान का आकलन करने के लिए उच्च स्तरीय अंतर मंत्रालयी केंद्रीय टीम तीन दिवसीय दौरे पर आज पटना गई। सात सदस्यीय टीम का नेतृत्व गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव पार्थसारथी कर रहे हैं। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बताया कि टीम आज और कल प्रभावित इलाकों का दौरा करेगी और मंगलवार को राज्यों के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी।
*****
कश्मीर घाटी के श्रीनगर में आज पहली बार अंतर्राष्ट्रीय मैराथन का आयोजन किया गया। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 42 किलोमीटर की फुल मैराथन और 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में भारत और 12 अन्य देशों के 17 सौ से अधिक धावकों ने भाग लिया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मैराथन के विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जम्मू में भी मैराथन के आयोजन की योजना है।
जम्मू में भी मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैं समझता हूं कि मैराथन के लिए जम्मू–कश्मीर से अच्छा मौसम, लैंडस्केप और ओवरऑल वातावरण देश में कहीं और मिलना असंभव है और इससे श्रीनगर तथा जम्मू शहर को ग्लोबली एक नई पहचान मिलेगी।
*****
19वीं दिल्ली हाफ मैराथन आज राजधानी दिल्ली में आयोजित की गई। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, नौसेनाध्यक्ष एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी और अन्य अधिकारियों ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मैराथन में ओलंपिक चैंपियन युगांडा के जोशुआ चेप्टेगी ने पुरुष वर्ग का खिताब जीता और महिला वर्ग में इथियोपिया की अलेमाद्दिस ईयायु ने पहला स्थान हासिल किया। मैराथन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई इस मैराथन में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
*****
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि खेलो इंडिया अस्मिता महिला लीग के जरिए राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में महिलाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने आज केरल के तिरुवनंतपुरम में भारतीय खेल प्राधिकरण के लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में तीन सौ बिस्तरों वाले बालिका छात्रावास का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने अर्जुन पुरस्कार विजेता पद्मिनी थॉमस, एस ओमनाकुमारी, गीतू अन्ना जोस, साजी थॉमस और वी दीजू को भी सम्मानित किया।
*****
मलेशिया में सुल्तान जोहोर कप हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय जूनियार पुरूष हॉकी टीम ने ब्रिटेन को 6-4 से हरा दिया है। भारत की ओर से दिलराज सिंह, शारदा नंद तिवारी ने दो–दो और मुहम्मद कोनेन, और मनमीत सिंह ने एक–एक गोल किया।
कल अपने पहले मैच में भारत ने जापान को 4-2 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी। भारत का अगला मैच मेजबान मलेशिया से 22 अक्तूबर को होगा।
*****
न्यूजीलैंड ने आज बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए अपने पहले टेस्ट मैच में भारत को आठ विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने कल 462 रन पर आउट होने के बाद, न्यूजीलैंड के सामने 107 रन का लक्ष्य रखा। जिसे न्यूजीलैण्ड की टीम ने 28 ओवर में पूरा कर लिया।
*****
मौसम विभाग ने कर्नाटक और मध्य प्रदेश में कल भारी वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
इस बीच, भीषण चक्रवाती तूफान ‘दाना‘ के बृहस्पतिवार की सुबह तक ओडिशा के तटीय क्षेत्रों से टकराने की आशंका है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य सरकार इसके संभावित प्रभाव को कम करने के लिए कई प्रयास कर रही है।
तटीय जिलों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित रखने और सभी आवश्यक बस्तियों और स्वास्थ्य सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार की सभी स्तरों पर तैयारियां चल रही हैं। दाना के कारण सभी आपदाओं से निपटने के लिए सरकार और गैर–सरकारी मशीनरी को तैयार करने के लिए भुवनेश्वर में उच्चस्तरीय बैठकें चल रही हैं। आई एम डी ने अनुमान लगाया है कि ओडिशा के तटीय जिलों में बुधवार को भारी बारिश होगी, जबकि पूरे राज्य में गुरूवार और शुक्रवार को भीषण चक्रवाती तूफान दाना के प्रभाव के कारण बहुत भारी बारिश होगी। प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार, भुवनेश्वर।
मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया है कि यह तूफान ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर सौ से एक सौ 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से टकराएगा।
*****
उत्तरी गजा के बेत लाहिया शहर में इजरायली हमलों में कम से कम 87 लोग मारे गए हैं और 40 से अधिक घायल हो गए हैं। हमले में मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि बचाव अभियान जारी है।
इस बीच, लेबनान में, इज़राइल ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हवाई हमले फिर से शुरू कर दिए हैं।
*****
दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने महाराष्ट्र के विभिन्न स्थानों से पांच सौ सत्तर विशेष रेलगाडियां चलाने की घोषणा की है। इनके अलावा एक सौ आठ रेल गाडियां लातूर, सावंतवाड़ी रोड, नागपुर, पुणे, कोल्हापुर, नांदेड़ और महाराष्ट्र के अन्य स्थानों के लिए चलाई जा रही हैं।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री ने वाराणसी में छह हजार सात सौ करोड़ रूपए की लागत बहु-विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
- श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र में शंकर नेत्र अस्पताल का भी उद्घाटन किया। कहा- सरकार स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए अगले पांच वर्ष में 75 हजार और मेडिकल सीटें बढ़ाएगी।
- भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।
- दिल्ली पुलिस ने राजधानी के रोहिणी में विस्फोट के सिलसिल में एफ आई आर दर्ज की।
- मौसम विभाग ने कर्नाटक और मध्य प्रदेश में कल भारी वर्षा का अनुमान व्यक्त किया। भीषण चक्रवाती तूफान दाना के बृहस्पतिवार को सवेरे ओडिशा तट पर पहुंचने की संभावना।
- और, खेलों में कश्मीर घाटी में पहली बार श्रीनगर में अंतर्राष्ट्रीय मैराथन का आयोजन।
- मलेशिया में सुल्तान जौहर कप हॉकी टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज मैच में भारतीय जूनियर पुरूष टीम ने इग्लैंड को 6-4 से हराया।
*****