मुख्य समाचार :-
- लोकसभा चुनाव के शेष चरणों के लिए प्रचार तेज। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी तेलंगाना और आन्ध्रप्रदेश में कई रैलियां कर रहे हैं।
- भाजपा और कांग्रेस नेताओं का उत्तरप्रदेश के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार। महागठबंधन के नेताओं का बिहार में रैलियां और घर-घर जाकर प्रचार।
- 16वें वित्त आयोग ने संदर्भ की शर्तों के बारे में आम जनता, इच्छुक संगठनों और व्यक्तियों से सुझाव आमंत्रित किए हैं।
- मौसम विभाग ने कहा- राजस्थान और मध्यप्रदेश में शुक्रवार तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।
- आई पी एल क्रिकेट में हैदराबाद में लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से जारी।
———-
लोकसभा चुनाव के चौथे और शेष अन्य चरणों के लिए प्रचार तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं। प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के राजमपेट में जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक-एक वोट से देश मजबूत होता है।
यहां एनडीए सरकार बनेंगी तो सिंचाई के प्रोजेक्ट तेजी से पूरे होंगे। जब स्ट्रॉंग गर्वमेंट होती है तो देश भी स्ट्रॉंग होता है। आज भारत स्ट्रॉंग हैं क्योंकि आपने एनडीए की मजबूत सरकार बनाई।
प्रधानमंत्री ने विजयवाडा में एक रोड-शो भी किया। इससे पहले श्री मोदी ने तेलंगाना के करीमनगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के वेमुलावडा में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने पिछले दस वर्षों के दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए सरकार की उपलब्धियों का श्रेय लोगों को दिया है।
———-
वारंगल में एक जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की नीति रही है कि राष्ट्र प्रथम है जबकि कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति जैसी पार्टियों के लिए परिवार सबसे पहले है।
———-
तेलंगाना के मुख्यमंत्री और पीसीसी अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी और भारत राष्ट्र समिति ने तेलंगाना के लिए कुछ नहीं किया है। आर्मूर में रोड शो में उन्होंने कहा कि बीआरएस प्रमुख के0 चंद्रशेखर राव को कांग्रेस द्वारा लोगों को दिए गए आश्वासनों के कार्यान्वयन के बारे में सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है। बीआरएस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री के0 चंद्रशेखर राव ने नरसापुर रोड शो में भाजपा और कांग्रेस पर आरोप लगाए कि दोनों मिले हुए हैं।
———-
भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उत्तरप्रदेश के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार कर रहे हैं।
———-
गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी, हरदोई और कन्नौज में प्रचार किया। लखीमपुर खीरी में उन्होंने लोगों से अपील की कि ये चुनाव सिर्फ नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए नहीं हैं बल्कि केन्द्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने के लिए भी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर, एटा और शाहजहांपुर जिले में प्रचार किया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज अपने भाई और पार्टी उम्मीदवार राहुल गांधी के लिए रायबरेली में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने प्रचार अभियान की शुरुआत रायबरेली के बछरावां इलाके से की। बीजेपी पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और मनरेगा कर्मियों की मजदूरी दोगुनी कर दी जाएगी। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आज शाहजहाँपुर में एक रैली में भाजपा पर जमकर हमला बोला और कहा कि पार्टी झूठे वादे करती है और संविधान बदलना चाहती हैं। उन्होंने फर्रुखाबाद और हरदोई में भी पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में राजनीतिक रैलियों को संबोधित किया। हरदोई जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी को भरोसा है कि बसपा जीतेगी और उसे अन्य पार्टियों के समर्थन की जरूरत नहीं है। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
———-
बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन – एनडीए और महागठबंधन के नेता अपने उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी ने बेगुसराय संसदीय क्षेत्र में एक जनसभा में कहा कि केवल एनडीए सरकार ही गरीबी, बेरोजगारी और भुखमरी को दूर कर सकती है। श्री गडकरी ने कांग्रेस और वामपंथी दलों पर आरोप लगाया कि उनकी जनविरोधी नीतियों के कारण देश की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि केवल प्रधानमंत्री मोदी ही भारत को दुनिया में 5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बना सकते हैं। महागठबंधन के राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और वामपंथी दलों के नेताओं ने भी रैलियां की। राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने काराकाट संसदीय क्षेत्र में जनसभा की। श्री यादव ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अच्छे दिनों के नाम पर लोगों को धोखा दिया है।
———-
राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों से परिचय से जुड़ी श्रृंखला में आज हम झारखंड की खूंटी लोकसभा सीट की जानकारी दे रहे हैं।
झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में खूंटी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एक विशेष स्थान रखता है क्योंकि यह स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा का जन्मस्थान है, जिनका जन्म खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाकर एनडीए सरकार द्वारा हमारे देश के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासियों के योगदान को स्वीकृति मिली है। अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित खूंटी निर्वाचन क्षेत्र में खूंटी, सिमडेगा, रांची और सरायकेला खरसावां के चार जिलों के 6 विधानसभा क्षेत्र खूंटी, तोरपा, सिमडेगा, कोलेबिरा, तमाड़ और खरसावां शामिल हैं। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित इस सीट पर 50 फीसदी आबादी मुंडा जनजातियों की है। खूंटी सीट झारखंड की 14 सीटों में से सबसे हॉट सीटों में से एक है और भाजपा के लिए यह सीटिंग सीट मानी जाती है। इस बार फिर भाजपा की ओर से केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और कांग्रेस के कालीचरण मुंडा के बीच दिलचस्प मुकाबला है। इधर, इस बार के चुनाव में तीन निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका भी प्रभावी रहने की उम्मीद है। इस सीट पर 13 मई को मतदान होगा और यहां से सात उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। शिल्पी, आकाशवाणी समाचार, रांची
———-
पांचवें चरण में छह राज्यों और दो केन्द्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों के लिए 695 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14 , महाराष्ट्र की 13, पश्चिम बंगाल की सात बिहार और ओडिसा की पांच-पांच, झारखंड की तीन, जम्मू कश्मीर और लद्दाख की एक -एक सीट पर 20 मई को मतदान होगा।
———-
निर्वाचन आयोग ने आज 354 पर्यवेक्षकों के साथ लोकसभा के चौथे चरण के मतदान की तैयारियों की समीक्षा की। वीडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से हुई बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने पर्यवेक्षकों को निष्पक्ष, स्वतंत्र और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
———-
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए आज तीन उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की। पंजाब में आनंदपुर साहिब लोकसभा सीट से डॉ. सुभाष शर्मा, फिरोजपुर से राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी को मैदान में उतारा है, जबकि संगरूर संसदीय क्षेत्र से अरविंद खन्ना पार्टी के उम्मीदवार होंगे।
———-
भारतीय जनता पार्टी ने भारतीयों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की आलोचना की है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि श्री पित्रोदा ने भारत की संस्कृति और पहचान के साथ-साथ देश के लोगों का भी अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की विचारधारा लोगों को बांटने वाली है। पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि श्री पित्रोदा की टिप्पणी से कांग्रेस की मानसिकता का पता चलता है। इससे पहले श्री पित्रोदा ने देश के विभिन्न हिस्सों से भारतीयों की तुलना चीनी, अफ्रीकी, अरब और गोरों से की थी। इस बीच, कांग्रेस ने श्री पित्रोदा की टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया है। सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। पार्टी महासचिव जयराम श्री रमेश ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
———-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल राष्ट्रपति भवन में नागरिक अलंकरण समारोह के दूसरे चरण में पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। पद्म पुरस्कार – देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक हैं। इसमें तीन श्रेणियों में – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री सम्मान प्रदान किये जाते हैं। पिछले महीने 22 अप्रैल को राष्ट्रपति ने तीन पद्म विभूषण, आठ पद्म भूषण और 55 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किये थे।
———-
16वें वित्त आयोग ने संदर्भ की शर्तों के बारे में आम जनता, इच्छुक संगठनों और व्यक्तियों से सुझाव आमंत्रित किए हैं। वित्त आयोग के कार्य से संबंधित किसी अन्य मुद्दे पर भी सुझाव आमंत्रित किए जाते हैं। सुझाव 16वें वित्त आयोग की वेबसाइट पर ‘सुझाव के लिए कॉल’ के अंतर्गत दिये जा सकते हैं। राष्ट्रपति ने संविधान के प्रावधानों के अनुरूप सोलहवें वित्त आयोग का गठन किया है। इसके अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया हैं।
———-
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज अमरीका के वित्त मंत्री जेनेट येलेन से टेलीफोन पर बात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच अंतर्राष्ट्रीय कराधान पर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई।
———-
दिल्ली की राऊज एवेन्यू अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जांच किये जा रहे कथित आबकारी नीति मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 21 मई तक बढ़ा दी है।
———-
मौसम विभाग ने कहा है कि राजस्थान और मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। अगले दो दिनों तक पुदुचेरी और पांच दिनों तक गुजरात के तटीय इलाकों में गर्म और नमी भरा मौसम बना रहेगा।
मौसम विभाग ने देश के उत्तर–पूर्वी भाग में इस महीने की 12 तारीख तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है। पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी अगले चार दिनों तक यह स्थिति बनी रहेगी। देश के दक्षिणी भाग में भी अगले चार दिनों तक बारिश होने का अनुमान है। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ में भी अगले चार दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना है। देश के अधिकत्तर हिस्सों में अधिकतम तापमान में बदलाव होने की संभावना नही है। आदर्श की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं शक्ति।
———-
आईपीएल क्रिकेट में आज हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला लखनऊ सुपर जाइंट्स से हो रहा है। लखनऊ सुपर जाइंट्स ने ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में 4 विकेट पर 113 रन बना लिए हैं।
———-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- लोकसभा चुनाव के शेष चरणों के लिए प्रचार तेज। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी तेलंगाना और आन्ध्रप्रदेश में कई रैलियां कर रहे हैं।
- भाजपा और कांग्रेस नेताओं का उत्तरप्रदेश के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार। महागठबंधन के नेताओं का बिहार में रैलियां और घर-घर जाकर प्रचार।
- 16वें वित्त आयोग ने संदर्भ की शर्तों के बारे में आम जनता, इच्छुक संगठनों और व्यक्तियों से सुझाव आमंत्रित किए हैं।
- मौसम विभाग ने कहा- राजस्थान और मध्यप्रदेश में शुक्रवार तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।
- आई पी एल क्रिकेट में हैदराबाद में लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से जारी।
———-