Download
Mobile App

android apple
Listen to live radio

June 5, 2024 10:03 PM

printer

समाचार संध्या 2045

मुख्य समाचार :-

 

  • राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को अपना नेता चुनने का प्रस्ताव पारित किया।

     

  • आई एन डी आई गठबंधन की नई दिल्ली में बैठक हुई।

     

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 17वीं लोकसभा को भंग किया। प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिपरिषद से नई सरकार बनने तक पद पर बने रहने को कहा।

     

  • दिल्ली की अदालत ने कथित शराब नीति घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत देने से इनकार किया।

     

  • रोहन बोपन्ना और ऑस्‍ट्रेलिया के उनके जोडीदार मैथ्यू एबडेन फ्रेंच ओपन टेनिस के सेमीफाइनल में पहुंचे।

     

  • आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और आयरलैंड के बीच न्यूयॉर्क में मैच जारी।

—-

राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए के नेताओं ने आज सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी को अपना नेता चुना। नई दिल्ली में एनडीए के नेताओं की बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के दौरान पिछले दस वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में सर्वांगीण विकास किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि यह लगातार तीसरी सरकार के लिए ऐतिहासिक जनादेश है। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए की सरकार देश के बेहतर विकास की दिशा में काम करती रहेगी। बैठक में, एनडीए के सहयोगियों ने कहा कि श्री मोदी के पास विकसित भारत के लिए एक स्पष्ट दृष्टिकोण है। एनडीए के नेताओं ने दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाने में प्रधानमंत्री की भूमिका की भी सराहना की। इसके अलावा, गरीबी उन्मूलन की दिशा में प्रधानमंत्री के प्रयासों की भी एनडीए के नेताओं ने प्रशंसा की। एनडीए की यह बैठक नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और अमित शाह शामिल हुए। दिवाकर के साथ, रहीसुद्दीन रिहान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

—-

आई एन डी आई ए गठबंधन के सहयोगियों ने केन्‍द्र में सरकार बनाने की रणनीति तय करने के लिए आज नई दिल्‍ली में बैठक की। यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सरकारी आवास पर हुई। बैठक के दौरान श्री खरगे ने कहा कि जनादेश प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के खिलाफ गया है। उन्‍होंने कहा कि यह श्री मोदी के लिए भारी राजनीतिक क्षति और नैतिक हार है। श्री खरगे ने कहा कि आई एन डी आई ए गठबंधन संविधान की प्रस्‍तावना में निहित मूल्‍यों के प्रति समर्पित सभी दलों का स्‍वागत करता है।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, राष्‍ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव, मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के नेता सीताराम येचुरी, भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के नेता डी. राजा, राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख, शरद पवार, डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन, आम आदमी पार्टी के  संजय सिंह, झारखंड मुक्ति मोर्चा की कल्पना सोरेन और झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन शामिल हुए।

—-

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 17वीं लोकसभा भंग कर दी है। आज केन्‍द्रीय मंत्रिमण्‍डल ने दोपहर बाद हुई बैठक में राष्‍ट्रपति को 17वीं लोकसभा तुरंत प्रभाव से भंग करने की सलाह दी थी।

—-

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और केंद्रीय मंत्रिपरिषद को अपना इस्तीफा सौंप दिया। राष्ट्रपति ने इसे स्वीकार कर लिया है। उन्‍होंने नई सरकार बनने तक प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिपरिषद से पद पर बने रहने का अनुरोध किया। प्रधानमंत्री ने आज उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात की।


लोकसभा सचिवालय, 18वीं लोकसभा के सदस्‍यों का स्‍वागत करने के लिए तैयार है। एक विज्ञप्ति में सचिवालय ने कहा है कि सदस्‍यों के स्‍वागत और उनका सुचारू पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए अनेक कदम उठाये गए हैं।

समय की बचत और पेपर रहित डिजिटल प्रक्रिया को ध्‍यान में रखते हुए नवनिर्वाचित सदस्‍यों का पंजीकरण ऑनलाइन इंटिग्रेटेड सॉफ्टवेयर के माध्‍यम से किया जाएगा। सचिवालय में नवनिर्वाचित सदस्‍यों के लिए एस बी आई बैंक खाता खोलने, स्‍थाई पहचान पत्र और केन्‍द्र सरकार स्‍वास्‍थ्‍य योजना कार्ड जारी करने के लिए विशेष प्रबंध किये गए हैं।  आज से 14 जून तक शनिवार और रविवार समेत प्रतिदिन सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक यह प्रक्रिया जारी रहेगी। हवाई अड्डों और रेलवे स्‍टेशनों पर मार्ग दर्शक चौकियां बनाई गई हैं। इसके अलावा सदस्‍यों के अस्‍थाई रूप से रहने की व्‍यवस्‍था वैस्‍टर्न कोर्ट एनेक्‍सी, होस्‍टल, राज्‍य और केन्‍द्रशासित भवनों तथा अतिथि गृहों में की गई है। सॉफ्टवेयर आधारित कम्‍प्‍यूटरीकृत व्‍यवस्‍था के माध्‍यम से इन्‍हें सदस्‍यों को उपलब्ध कराया जाएगा। अर्पिता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रियंका अरोड़ा।

—-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे। सर्वश्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी समेत कई अन्य मंत्री और 17वीं लोकसभा के नेता भी राष्ट्रपति भवन पहुंचे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में निवर्तमान मंत्रिमंडल के लिए विदाई रात्रिभोज का आयोजन किया है। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिपरिषद सहित अपना इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को सौंप दिया था।

—-

ओडिसा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को शानदार विजय मिली है। इसके साथ ही राज्‍य में 24 वर्ष से ज्‍यादा समय से चले आ रहे नवीन पटनायक के नेतृत्‍व वाले बीजू जनता दल के शासन का अंत हो गया है। भाजपा को ओडिसा विधानसभा की 147 सीटों में से 78 पर विजय मिली है। बीजू जनता दल को केवल 51 सीटें मिली हैं जो सदन में बहुमत हासिल करने के लिए आवश्‍यक 74 सीटों से काफी कम हैं।

राज्‍य विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद राजनीतिक घटनाक्रम शुरू हो गए हैं। पार्टी ने 147 सीटों में से 78 पर जीत दर्ज की है। ओडिसा के मुख्‍यमंत्री नवीन पटनायक ने चुनाव में अपनी पार्टी बीजू जनता दल की अप्रत्‍याशित हार के बाद आज सुबह राज्‍यपाल रघुबर दास को अपना इस्‍तीफा सौंप दिया। इस्‍तीफा देने के बाद उन्‍होंने हार के कारणों का पता लगाने के लिए अपने आवास पर पार्टी विधायकों से मुलाकात की। दूसरी ओर, राज्‍य सरकार के गठन और भाजपा के पहला मुख्‍यमंत्री पद के उम्‍मीदवार के नाम पर भुवनेश्‍वर में विभिन्‍न भाजपा नेताओं की बैठक हो रही है। पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री और छह बार के सांसद जुएल ओराम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा और पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को संभावित मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा किसी दूसरे मुख्यमंत्री उम्मीदवार के साथ आश्चर्यचकित कर सकती है। प्रकाश दास, आकाशवाणी समाचार, भुवनेश्‍वर

—-


भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने राज्य में पार्टी के असंतोषजनक प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश की है।  उन्होंने कहा कि इस्तीफे के बाद वह राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए काम कर सकेंगे।

—-

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ने आज पंद्रहवीं राज्य विधानसभा भंग कर दी। वाई.एस.आर. जगन मोहन रेड्डी, नई सरकार बनने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

—-

हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता कल सुबह 11 बजे विधान सभा सचिवालय में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को विधायक पद की शपथ दिलाएंगे। श्री सैनी ने कल करनाल विधानसभा के उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी तरलोचन सिंह को 41 हजार 540 मतों के अंतर से हराया है। उन्हें कुल 95 हजार 4 मत मिले।

दिल्‍ली की एक अदालत ने कथित शराब नीति घोटाले में मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत देने से इंकार कर दिया है। राउज एवन्‍यू अदालत की विशेष न्‍यायाधीश कावेरी बावेजा ने उन्‍हें चिकित्‍सीय जांच के आधार पर सात दिन की अंतरिम जमानत की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है।

अदालत ने तिहाड जेल के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे न्‍यायिक हिरासत के दौरान श्री केजरीवाल की चिकित्‍सा आवश्‍यकताओं का पूरा ध्‍यान रखे। उनकी नियमित जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होनी है। 

—-

दूरसंचार विभाग ने चौथे चरण के उद्योग परिवर्तन में स्टार्टअप के साथ-साथ सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों का समर्थन करने के लिए एक पहल शुरू की है। इसमें आधार सर्वेक्षण के लिए प्रस्ताव मांगे गये हैं। यह डिजिटल परिवर्तन को बढ़ावा देने तथा 5जी और 6जी प्रौद्योगिकी के लिए उद्योगों को तैयार करने की व्यापक रूपरेखा होगी।  सर्वेक्षण में भारत के उत्तरी और दक्षिणी भागों में से प्रत्येक में पांच क्षेत्रों को कवर करने का प्रयास किया जाएगा

—-

मुम्‍बई के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-आईआईटी ने इस वर्ष क्यूएस विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग में प्रथम भारतीय संस्थान का दर्जा प्राप्‍त किया है। पहली बार आईआईटी बम्‍बई को शीर्ष 125 में स्थान दिया गया है। संस्‍थान ने 118वां स्थान हासिल किया है। संस्थान ने पिछले साल 149वीं रैंक हासिल की थी। विभिन्न मानदंडों के बीच, आईआईटी बम्‍बई ने नियोक्ता प्रतिष्ठा में सर्वोच्च अंक हासिल किया और वैश्विक स्तर पर 63वीं रैंकिंग हासिल की। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे ने इसे और बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए इस उपलब्धि का श्रेय संकाय, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।

—- 

राष्ट्रीय कैडेट कोर-एनसीसी का दो दिन का ‘वार्षिक नीति संवाद शिविर’ आज नई दिल्ली में संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्देश्य एनसीसी की विस्तार योजना की प्रगति की समीक्षा करना था। इस अवसर पर  एनसीसी के महानिदेशक, लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने युवा भारतीयों को प्रेरित करने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में एनसीसी की अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।

——–

भारत के रोहन बोपन्‍ना और ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू एबडेन फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष डबल्‍स सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। क्‍वार्टर फाइनल में उन्‍होंने बेल्जियम के सैंडर जिले और जोरान वी को 7-6, 5-7, 6-1 से हराया।

इटली के जानिक सिनर, ग्रिगोर दिमित्रोव को लगातार सेटों में 6-2, 6-4, 7-6 से हराकर  सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं और इसके साथ ही उनका विश्व का नंबर एक खिलाड़ी बनना तय हो गया है।

——–

आईसीसी ट्वंटी-ट्वंटी क्रिकेट विश्व कप में न्यूयार्क में भारत का मुकाबला आयरलैंड से हो रहा है। भारत टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी कर रहा है। ताजा समाचार मिलने तक आयरलैंड ने 10 ओवर में 6 विकेट पर 49 रन बना लिए हैं।

——–

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले सात दिन के दौरान पूर्वोत्‍तर, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र और सिक्किम में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अगले तीन से चार दिन में जम्मू कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बलतिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी ऐसी ही स्थिति होने की संभावना है। अगले दो से तीन दिन के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और ओडिशा में अगले तीन से चार दिन भीषण गर्मी पड सकती है।

——–

आज विश्‍व पर्यावरण दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने और पर्यावरण के मुद्दे पर कार्य करने को लेकर मनाया जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों को पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। राष्‍ट्रपति ने लोगों से मिलकर एक बेहतर और हरित विश्व के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।  उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि मानवता और प्रकृति के बीच सामंजस्य ही टिकाऊ जीवन की नींव है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर एक पेड मां के नाम अभियान की शुरूआत की।

——–

इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वदेशी वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली का उद्घाटन किया और एयर-प्रवाह ऐप लॉन्च किया।

——–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को अपना नेता चुनने का प्रस्ताव पारित किया।

  • आई एन डी आई गठबंधन की नई दिल्ली में बैठक हुई।    

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 17वीं लोकसभा को भंग किया। प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिपरिषद से नई सरकार बनने तक पद पर बने रहने को कहा।

  • दिल्ली की अदालत ने कथित शराब नीति घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत देने से इनकार किया।

  • रोहन बोपन्ना और ऑस्‍ट्रेलिया के उनके जोडीदार मैथ्यू एबडेन फ्रेंच ओपन सेमीफाइनल में पहुंचे।

  • आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और आयरलैंड के बीच न्यूयॉर्क में मैच जारी।

     


                                                 ——–

इसके साथ ही समाचार संध्‍या का यह अंक समाप्त हुआ। नमस्‍कार।