Download
Mobile App

android apple
signal

March 30, 2024 9:56 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-

  • पूर्व प्रधानमंत्रियों चौधरी चरण सिंह और पी. वी. नरसिम्हा राव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर  तथा कृषि वैज्ञानिक एम. एस. स्वामीनाथन मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित।

     

  • लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए बिहार की चार सीटों को छोड़कर नाम वापस लेने की समय सीमा समाप्‍त।

     

  • ओडिशा में केन्‍द्रपाड़ा से बीजू जनता दल सांसद श्री अनुभव मोहंती ने पार्टी से त्‍यागपत्र दिया।

     

  • पूर्वोत्तर भारत में तेज वर्षा और तूफान की आशंका।

     

  • मायामी ओपन टेनिस में पुरुष डबल्‍स के फाइनल में रोहन बोप्‍पना और मैथ्‍यू एब्‍डेन का सामना ऑस्‍टीन क्राइजेक और इवान डोडिग की जोड़ी से होगा, महिला सिंगल्‍स का खिताबी मुकाबला डेनिल कॉलिन्‍स और एलि‍ना रायबाकिना के बीच होगा।

     

  • आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ में पंजाब किंग्‍स और लखनऊ सुपर जॉयन्‍ट्स के बीच मैच मुकाबला जारी।

—–

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में दो पूर्व प्रधानमंत्रियों पी. वी. नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि वैज्ञानिक एम एस स्वामीनाथन तथा दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया। राष्ट्रपति मुर्मु कल नई दिल्ली में पूर्व उप-प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को यह सम्‍मान प्रदान करेंगी। अलंकरण समारोह के दौरान सम्‍मानित व्‍यक्तियों के परिजनों ने सम्‍मान प्राप्त किए। भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्‍मान है। यह सम्‍मान असाधारण और उल्‍लेखनीय सेवा के लिए दिया जाता है। आकाशवाणी से बातचीत में भारत रत्‍न कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर ने भारत सरकार का आभार व्‍यक्‍त किया।

 

मैं बहुत खुश हूं भारत सरकार ने जन नायक कर्पूरी ठाकुर जी को देखा, समझा, बूझा, मरणोपरांत उन्‍हें 36 वर्षों के संघर्ष के बाद भारत सरकार ने उन्‍हें सर्वोच्‍च अवॉर्ड देने का काम किया। मैं अपनी तरफ से, अपने परिवार की तरफ से, बिहार की जनता की तरफ से और पूरे हिन्‍दुस्‍तान के शोषित, पीडित, दलित, लांछित की तरफ से कृतज्ञता ज्ञापित करता हूं और आभार व्‍यक्‍त करता हूं।

कृषि वैज्ञानिक एम एस स्वामीनाथन की पुत्री सौम्‍या स्‍वामीनाथन ने कहा कि सरकार ने कृषि क्षेत्र में काम करने के लिए उनके पिता को सम्‍मानित किया है।

आज तो बहुत खुशी का दिन है। उनके पूरे जीवन उन्‍होंने किसानों के लिए काम किया और वो चाहते थे कि भारत में फूड सिक्‍योरिटी हो और सब लोगों को सफिसिएंट खाना मिले तो इस चीज के लिए पूरा जिन्‍दगी जब तक लास्‍ट ईयर उनकी डैथ हुई, तो वो कॉन्‍स्‍टेंटली ट्राई कर रहे थे। तो हमको बहुत खुशी है कि इसका रिकॉग्‍नि‍शन आज मिला है भारत रत्‍न के रूप में।

चौधरी चरणसिंह के पौत्र जयंत सिंह ने कहा कि उनके दादा को भारत रत्‍न मिलना बहुत बडी उपलब्धि है।

 

मेरे जीवन के सबसे खास पल आज हमने बिताए हैं। ये सब देशवासियों के लिए समर्पित है। चौधरी साहब जिस समर्पण भाव से देश के लिए उन्होंने काम किया, देश में जो सबसे गरीब समाज, वंचित समाज के लोग थे, जो गांव में रहते हैं, मेहनत करते हैं, उनके उत्‍थान के लिए उन्होंने काम किया आज वह सब लोग गर्व महसूस कर सकते हैं।

——

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न से सम्‍मानित दो पूर्व प्रधानमंत्रियों चौधरी चरण‍ सिंह और पी.वी. नरसिम्‍हा राव बिहार के पूर्व मुख्‍यमंत्री कर्पूरी ठाकुर तथा जानेमाने वैज्ञानिक डॉ एमएस स्‍वामीनाथन के योगदान की सराहना की है। उन्‍होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देना एक ऐसे व्‍यक्ति को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिनका पूरा जीवन सामाजिक न्याय और समानता को समर्पित था। श्री मोदी ने कृषि के क्षेत्र में डॉक्‍टर एम.एस.स्‍वामीनाथन के योगदान का उल्‍लेख करते हुए कहा कि कृषि विज्ञान और अनुवांशिकी के क्षेत्र में उनके अनुसंधान कार्यों को पूरी दुनिया में सराहा गया है। श्री मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण योगदान के लिए उन्‍हें यह सम्‍मान दिया गया है। श्री मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव का देश के प्रति उनके योगदान पर प्रत्‍येक देशवासी को गर्व है।

—–

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नाम वापस लेने का आज अंतिम दिन था। सिक्किम तथा अरुणाचल प्रदेश में नामांकन पत्र बुधवार तक दाखिल किए गए थे और बृहस्‍पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। बिहार में संसदीय चुनाव के पहले चरण के लिए चार संसदीय सीटों गया, औरंगाबाद, नवादा और जमुई के लिए उम्‍मीदवार दो अप्रैल तक नाम वापस ले सकेंगे। निर्वाचन आयोग ने होली और बिहार स्थापना दिवस के कारण राज्‍य में नामांकन भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। यहां नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन बृहस्‍पतिवार था। पहले चरण में तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पुद्दुचेरी में चुनाव हो रहे हैं। सिक्किम की 32 विधानसभा सीटों और अरुणाचल प्रदेश की 60 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। पहले चरण में 17 राज्‍यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों की 102 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

—–

पुद्दुचेरी में, जिला निर्वाचन अधिकारी ए. कुलोथुंगन ने पुद्दुचेरी संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवारों की अंतिम सूची आज जारी की। कुल 26 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्नीस निर्दलीय उम्मीदवारों सहित प्रत्येक प्रत्याशी को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिये गये हैं।

——

मिजोरम में लोकसभा चुनाव से नाम वापस लेने की समय-सीमा समाप्त होने के साथ ही, अब मैदान में केवल छह प्रत्‍याशी रह गए हैं। एकमात्र लोकसभा सीट के लिए आठ लाख से अधिक मतदाता 19 अप्रैल को वोट डालेंगे।

—-

मणिपुर में राज्य चुनाव आयोग ने लोकसभा की दो सीटों के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी तैयारियां कर ली हैं। 19 अप्रैल को बाहरी मणिपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पंद्रह विधानसभा क्षेत्रों सहित राज्‍य के सैंतालीस विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कराया जाएगा।

—-

ओडिशा में सत्तारूढ बीजू जनता दल के सांसद श्री अनुभव मोहंती ने पार्टी से त्‍यागपत्र दे दिया है। वे संसदीय निर्वाचन क्षेत्र केन्‍द्रपाडा से चुने गए थे। श्री मोहंती ने कहा कि वे पार्टी में पिछले चार वर्षों से असहज महसूस कर रहे थे।

—–

तेलंगाना में ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम की मेयर विजयलक्ष्मी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गई हैं। वे मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुईं।

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव घोषणा-पत्र समिति का गठन किया है। पार्टी अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज यह घोषणा की। उन्‍होंने कहा कि पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और केन्‍द्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह 27 सदस्‍यीय समिति के अध्‍यक्ष होंगे। वरिष्‍ठ नेता श्रीमती निर्मला सीतारामन को समिति का संयोजक और श्री पीयूष गोयल को सह-संयोजक बनाया गया है।

—-

बिहार में, भारतीय कम्‍युनिस्ट पार्टी – मार्क्‍सवादी लेनि‍नवादी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्‍याशियों की घोषणा कर दी है। विपक्षी महागठबंधन में सीट बंटवारे के बारे में कल हुए समझौते के अनुसार, पार्टी तीन लोकसभा सीटों– आरा, नालंदा और काराकाट पर चुनाव लड़ेगी। गठबंधन में एक-एक सीट मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को दी गई है।

—–

झारखण्‍ड में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी- मार्क्सवादी लेनिनवादी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के एकमात्र प्रत्‍याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी कोडरमा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेगी।

बिहार में चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी ने अपने कोटे की सभी पांच लोकसभा सीटों के प्रत्याशी तय कर दिये हैं। लोकसभा चुनाव में एनडीए के साथ हुए सीट बंटवारे में भारतीय जनता पार्टी ने चिराग पासवान की पार्टी को पांच सीटे दी हैं। पार्टी अध्‍यक्ष चिराग पासवान इस बार अपनी मौजूदा जमुई सीट के स्थान पर हाजीपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

—–

पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने कहा है कि वे लोकसभा चुनाव में एनडीए को समर्थन देना जारी रखेंगे। श्री पारस ने बिहार में एनडीए सहयोगियों के बीच सीट समझौते के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। गठबंधन की ओर से उनकी पार्टी को कोई सीट नहीं मिली थी। श्री पारस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी पार्टी एनडीए का हिस्सा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही उनके नेता हैं।

——

दिल्‍ली में लोकसभा की सात सीटों के लिए चुनाव 25 मई को होगा। ये सीटें हैं- चांदनी चौक, नई दिल्‍ली, उत्तर-पूर्वी दिल्‍ली, पूर्वी दिल्‍ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्‍ली, पश्चिमी दिल्‍ली और दक्षिणी दिल्‍ली। इन सीटों के लिए  अधिसूचना 29 अप्रैल को जारी होगी। पर्चे छह मई तक भरे जा सकेंगे और नाम वापस लेने के आखिरी तारीख 9 मई होगी। मतगणना 4 जून को होगी।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा और आम आदमी पार्टी कांग्रेस गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। इस गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी 4 सीटों पर जबकि कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा ने सभी सात संसदीय क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। उत्तर पूर्व दिल्ली से मौजूदा सांसद मनोज तिवारी को छोड़कर पार्टी ने सभी छह मौजूदा सांसदों का टिकट काटकर नए चेहरों को मैदान में उतारा है। नई दिल्‍ली के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी बी कृष्‍णमूर्ति ने बताया कि इस चुनावी प्रक्रिया में  मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने कई उपाय किए हैं।

 

दिल्ली में करीब 1 करोड़ 47 लाख मतदाता है, जिसमें लगभग 80 लाख मतदाता पुरुष हैं और 67 लाख से अधिक महिलाएं हैं। वहीं पहली बार एक लाख 80 हजार से अधिक मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पिछले दो लोकसभा चुनाव में भाजपा ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के उम्मीदवारों को हराकर सभी 7 सीटों पर जीत दर्ज की थी। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

——

भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस यह दावा कर भ्रम फैला रही है कि आयकर विभाग ने उसके खातों को फ्रीज कर दिया है। पार्टी ने कहा कि केवल नाममात्र की राशि फ्रीज की गई है और खाते की शेष राशि पर कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है। पार्टी प्रवक्‍ता सैय्यद जफर इस्‍लाम ने आयकर नियमावाली का पालन न करने और कार्रवाई किये जाने पर भ्रम फैलाने के लिए कांग्रेस पार्टी की आलोचना की है।

—–

नई दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी इंडी गठबंधन की कल लोकतंत्र बचाओ रैलीहोगी। आम आदमी पार्टी के दिल्‍ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि गठबंधन के कई प्रमुख नेता इसमें शामिल होंगे।

—-

मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में सोमवार तक तेज वर्षा और तूफान की आशंका व्‍यक्‍त की है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। ओडिसा, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में कल तक गरज के साथ बारिश हो सकती है।

——

म्‍यामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में आज पुरुष डबल्‍स फाइनल में भारत के रोहन बोपन्ना और ऑस्‍ट्रेलिया के मैथ्यू एबडेन की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी अमरीका के ऑस्टिन क्रायसेक और क्रोएशिया के इवान डोडिग की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी के साथ खेलेगी। पुरुष सिंगल्‍स फाइनल कल खेला जाएगा। महिला सिंगल्‍स फाइनल में आज कजाख्‍स्‍तान की ऐलेना रयबाकिना का मुकाबला अमरीका की डेनिएल कोलिन्स से होगा।

—–

और आई.पी.एल. क्रिकेट में पंजाब किंग्‍स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से हो रहा है। टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंटस ने ताजा समाचार मिलने तक 16 ओवर में 5 विकेट पर 157 रन बना लिये थे।

—–

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • पूर्व प्रधानमंत्रियों चौधरी चरण सिंह और पी. वी. नरसिम्हा राव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर तथा कृषि वैज्ञानिक एम. एस. स्वामीनाथन मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित।

  • लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए बिहार की चार सीटों को छोड़कर नाम वापस लेने की समय सीमा समाप्‍त।

  • ओडिशा में केन्‍द्रपाड़ा से बीजू जनता दल सांसद श्री अनुभव मोहंती ने पार्टी से त्‍यागपत्र दिया।

  • पूर्वोत्तर भारत में तेज वर्षा और तूफान की आशंका।

  • मायामी ओपन टेनिस में पुरुष डबल्‍स के फाइनल में रोहन बोप्‍पना और मैथ्‍यू एब्‍डेन का सामना ऑस्‍टीन क्राइजेक और इवान डोडिग की जोड़ी से होगा, महिला सिंगल्‍स का खिताबी मुकाबला डेनिल कॉलिन्‍स और एलि‍ना रायबाकिना के बीच होगा।

  • आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ में पंजाब किंग्‍स और लखनऊ सुपर जॉयन्‍ट्स के बीच मैच जारी।

—–