September 16, 2024 10:56 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद में आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

  • प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद और भुज के बीच देश की पहली नमो भारत रैपिड रेल और छह वंदे भारत ट्रेनों को रवाना किया।

  • जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार समाप्त।

  • तालिबान ने अफगानिस्तान में पोलियो के बढते मामलों के बीच टीकाकरण अभियान स्‍थगित किया।

  • चीन में एशियाई चैंपियंस हॉकी ट्रॉफी में वर्तमान चैंपियन भारत ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

********

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने वर्तमान युग को भारत के लिए स्‍वर्ण युग कहा है। उन्‍होंने कहा कि देश  अमृतकाल का साक्षी बन रहा है। प्रधानमंत्री ने गुजरात के अहमदाबाद में आठ हजार करोड रुपये से अधिक के लागत की विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में यह बात कही।

 

भारत के लिए ये समय भारत का गोल्‍डन पीरियड है। भारत का अमृतकाल है। अगले 25 साल में हम अपने देश को विकसित बनाना है और इसमें गुजरात में बहुत बड़ी भूमिका है। गुजरात आज मैन्युफ़ैक्चरिंग का बहुत बड़ा हब बन रहा है। आज गुजरात भारत के सबसे बडे़ वैल कनेक्‍टडेड राज्‍यों में से एक है। वो दिन दूर नहीं जब गुजरात भारत को पहला मेड इन इंडिया ट्रांसपोर्ट एयर क्राप्‍ट सी-2, 95 देगा।

 

श्री मोदी ने अहमदाबाद और भुज के बीच देश की पहली नमो भारत रेपिड रेल और छह अन्‍य वंदे भारत रेलगाडियों को वर्चुअल माध्‍यम से रवाना किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल देश के कई शहरों के लोगों को लाभ पहुंचायेगी।

 

नमो भारत रैपिड रेल देश में एक शहर से दूसरे शहर रोज आनेजाने वाले हमारे मिडल क्‍लास वाले परिवारों को बहुत सुविधा देने वाली हैं। इसे नोकरी पेशा, व्‍यापार, कारोबार और पढ़ाईलिखाई से जो साथी जुड़ें हुए है उनकों बहुत लाभ मिलेगा। आने वाले समय में देश के अनेक शहरों को नमो भारत रैपिड रेल कनेक्‍ट करने वाली है

 

श्री मोदी ने कहा कि उनके तीसरे कार्यकाल का पहले सौ दिन सभी के लिए प्रभावशाली विकास लेकर आया है। पिछले सौ दिनों के दौरान अभूतपूर्व निर्णय लिये हैं। श्री मोदी ने कहा कि पिछले सौ दिनों के दौरान रेल, सडक, बंदरगाह और हवाई संपर्क से जुडी कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है।

 

प्रधानमंत्री ने नागपुर से सिकंदराबाद, कोल्हापुर से पुणे, आगरा कैंट से बनारस, दुर्ग से विशाखापत्तनम, पुणे से हुबली और वाराणसी से दिल्ली तक पहली 20 कोच वाली वंदे भारत रेलगाडी को रवाना किया। प्रधानमंत्री ने पीएम आवास ग्रामीण योजना के अंतर्गत 30 हजार से अधिक घरों को स्‍वीकृति दी। श्री मोदी ने इन घरों के लिए पहली किस्त भी जारी की। इसके अलावा पीएम आवास ग्रामीण योजना के अंतर्गत घरों के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया।

********

इससे पहले प्रधानमंत्री ने गांधीनगर के सेक्टर-एक मेट्रो स्टेशन से अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। श्री मोदी ने सेक्टर-एक से गिफ्ट सिटी तक मेट्रो में यात्रा भी की। यह विस्तारित लाइन अहमदाबाद को गांधीनगर और गिफ्ट सिटी से जोड़ेगी।

 

एक अन्‍य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने पर्यावरण अनुकूल विकास और शून्य कार्बन उत्‍सर्जन का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई है। श्री मोदी ने आज वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा निवेशक सम्मेलन और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्‍होंने गांधीनगर के महात्मा मंदिर में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी लोकार्पण किया।

********

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्‍ली में भारत स्टार्टअप नॉलेज एक्सेस रजिस्ट्रीभास्‍कर का शुभारंभ किया। भास्‍कर ऑनलाईन संवाद करने का मंच है। श्री गोयल ने स्‍टार्टअप इकोसिस्‍टम में भारत को वैश्विक केन्‍द्र बनाने के लिए उद्यमियों का आह्वान किया है। उन्‍होंने कहा कि भास्‍कर स्‍टार्टअप्स को आपस में जुडने, सहयोग करने और एक-दूसरे से प्रतिस्‍पर्धा करने में सहायक होगा।

********

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानन्‍द सोनोवाल ने आज थूथुकुडी बंदरगाह पर नौवें कंटेनर टर्मिनल का उद्धाटन किया। उन्‍होंने ड्रोन निगरानी केन्‍द्र, ऑर्चर्ड, टॉवर लाईट्स और सौर बिजली संयत्र जैसी अन्‍य सुविधाओं का लोकार्पण भी किया। उन्‍होंने कहा कि नया कंटेनर टर्मिनल का निर्माण चार सौ करोड रुपये की लागत से किया गया है। यह टर्मिनल प्रतिवर्ष छह लाख कंटेनरों के रख-रखाव की क्षमता रखता है।

********

 

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार आज समाप्‍त हो गया। इस चरण में सात जिलों के चौबीस विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार को मतदान होगा। तीसरे चरण के लिए नामांकन वापस लेने का आज अंतिम दिन था।

********

भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जम्‍मू-कश्‍मीर में आतंकवाद को फिर से जीवित करने के प्रयास हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि केन्‍द्रशासित प्रदेश से आतंकवाद को इस तरह दफन कर दिया जाएगा कि यह दोबारा सर न उठा सके। एक रैली में उन्‍होंने कहा कि नेशनल कॉ‍फ्रेंस और कांग्रेस के चुनावी घोषणा-पत्र में आतंकवादियों को रिहा करने की बात कही गई है। उन्‍होंने कहा कि नेशनल कॉफ्रेंस और कांग्रेस के नेता कह रहे हैं कि अगर उनकी सरकार बनती है तो वे अनुच्‍छेद 370 बहाल कर देंगे।

********

जम्मू और कश्मीर में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से चुनाव से पहले मतदाता प्रतिज्ञा अभियान की शुरूआत की है। इसका उद्देश्‍य मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना है और यह कार्यक्रम बुधवार से पूरे जम्मू-कश्मीर में शुरू हो रहा है।

********

 

हरियाणा में एक ही चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। राज्‍य में 5 अक्‍तूबर को मतदान होगा।    इस बीच आज नामांकन वापिस लेने के आखिरी दिन कई बागी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापिस लिया। भाजपा के बागी नेता राजीव जैन और कांग्रेस के पूर्व वित्त मंत्री प्रोफेसर संपत सिंह ने नामांकन वापिस ले लिया है।

********

भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने आज हरियाणा के रोहतक में प्रबुद्ध समाज सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने वर्तमान प्रदेश सरकार और पूर्व कांग्रेस सरकार के दस साल के कार्यकाल की तुलना की। श्री मनोहर ने राज्‍य सरकार के कार्यकाल को हर लिहाज से बेहतर बताया।

********

भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल फरीदाबाद और भिवानी के लोहारू विधानसभा क्षेत्र में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं, 26 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोनीपत  में रैली करेंगे।

********

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डाक्टर मानिक शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज त्रिपुरा के बरखाथल में नव-निर्मित सिद्धेश्वरी मंदिर का उद्घाटन किया। श्री योगी ने कहा कि त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश के जैसी डबल इंजन की सरकारें यह सुनिश्चित करेंगी कि आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के अंतर्गत विकास कार्य जमीनी स्तर तक पहुंच।

********

सरकार ने कर्मचारी चयन आयोग-एसएससी को विभिन्‍न स्‍तरों की परीक्षाओं के दौरान उम्‍मीदवारों को स्‍वैच्छिक रूप से आधार प्रमाणीकरण के लिए अधिकृत किया है। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने परिक्षार्थियों को आयोग की भर्ती परीक्षाओं के विभिन्न चरणों में और पंजीकरण पोर्टल पर प्राथमिक पंजीकरण-ओटीआर के समय आधार प्रमाणीकरण के लिए अनुमति दी है।

 

यह बदलाव परीक्षार्थियों द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं में जालसाजी और धोखा-धडी की घटनाओं के बाद हुए हैं।

 

********

सर्वोच्च न्यायालय कोलकाता में महिला डॉक्‍टर के साथ दुष्‍कर्म और हत्‍या मामले पर कल सुनवाई करेगा। मुख्य न्यायधीश, डी. वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली तीन न्यायधीशों की पीठ इस मामले पर केंद्रीय जांच ब्यूरो-सीबीआई की ताजा रिपोर्ट पर विचार करेगी। सीबीआई ने शनिवार को इस मामले में आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष और ताला पुलिस थाने के पूर्व प्रभारी अधिकारी अभिजीत मंडल को गिरफ्तार किया था।

********

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को मिले उपहारों कीनीलामी कल से शुरू होगी। संस्‍कृति मंत्री गजेन्‍द्र सिंह शेखावत ने लोगों से एक अच्‍छे उद्देश्‍य के लिए इसमें भागदारी करने का आग्रह किया। इस नीलामी से प्राप्‍त होने वाली धनर‍ाशि नमामि गंगे कोष में दी जाएगी। उपहारों की नीलामी की शुरूआत 2019 में की गई थी। यह ऑनलाईन नीलामी दो अक्‍टूबर तक जारी रहेगी। लोग आधिकारिक वेबसाइट, https://pmmementos.gov.in. के जरिये पंजीकरण और भागीदारी कर सकते हैं।

********

8वां भारत जल सप्ताह 2024 कल से नई दिल्ली में शुरू होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भारत मंडपम में कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगी। चार दिन के कार्यक्रम के दौरान 40 देशों के दो सौ विदेशी प्रतिनिधियों सहित लगभग चार हजार प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे।

********

नौसेना के कमांडर स्‍तरीय सम्मेलन का दूसरा संस्करण कल से नई दिल्ली में शुरू होगा। चार दिन के सम्मेलन का शुभारंभ नौसेना प्रमुख के संबोधन से होगा। बृहस्‍पतिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित पहलुओं पर सम्‍मेलन को संबोधित करेंगे।

********

स्‍वच्‍छता ही सेवा अभियान 2024 कल से शुरू होकर 2 अक्‍टूबर तक चलेगा। इस वर्ष इसका विषय है स्‍वभाव स्‍वच्‍छतासंस्‍कार स्‍वच्‍छता।

********

 

आर्थिक जगत —

 

बाम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेकस 98 अंक के लाभ के साथ 82 हजार 988 पर बंद हुआ और नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 27 अंक की मामूली बढ़त के साथ 25 हजार 383 पर रहा। विदेश मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया बिना किसी बदलाव के 83 रुपये 89 पेसे प्रति डॉलर के स्‍तर पर दर्ज हुआ। और ब्रेंट कच्‍चे तेल की कीमत 72 डॉलर 81 सेंट प्रति बैरल पर थी।

********

पैगम्‍बर मोहम्‍मद के जन्‍मदिन पर आज देशभर में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का त्‍योहार उत्‍साहपूर्वक मनाया गया। देशभर में मिलाद महफिल और सीरत सम्‍मेलनों का आयोजन किया गया, जिनमें उलेमाओं और मुस्लिम धर्मगुरुओं ने पैगम्‍बर मोहम्‍मद की जीवनी और शिक्षाओं के बारे में बताया। इस अवसर पर विशेष जुलूस भी निकाले गए।

********

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों को बधाईयां दी हैं। राष्‍ट्रपति ने कहा कि पैगम्‍बर ने सभी लोगों को प्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि सद्भाव और एकजुटता हमेशा बनी रहेगी और चारों ओर खुशी और समृद्धि होगी।

********

तालिबान ने अफगानिस्तान में पोलियो के बढते मामलों के बीच टीकाकरण अभियान स्‍थगित कर दिया है। संयुक्‍त राष्‍ट्र संघ की एजेंसियों ने बताया कि‍ उन्‍हें इस महीने में निर्धारित टीकाकरण अभियान से कुछ दिन पहले ही इसके बारे में जानकारी दी गयी थी। हालांकि, इस संबंध में तालिबान की ओर से कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया था। विश्‍व भर में अफगानिस्तान और पाकिस्तान ऐसे दो देश हैं जहां पोलियो बीमारी का प्रसार समाप्त नहीं हुआ है।

********

भारत एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी के फाइनल में पहुंच गया है। चीन में आज सेमीफाइनल में भारत ने दक्षिण कोरिया को चार-एक से हराया। फाइनल में कल भारत का सामना चीन से होगा। कप्‍तान हरमनप्रीत सिंह ने दो, उत्तम सिंह और जरमनप्रीत सिंह ने एक-एक गोल किए। भारत के शानदार प्रदर्शन की ओलंपियन और पूर्व कप्‍तान हरविंदर सिंह ने जमकर तारीफ की।

 

आज का मैच बड़ा अच्‍छा खेला अपनी इंडिया टीम और एक सारे मैच में अपर हैंड रहा और चार-एक से जीतना मैच दिखाता है कि सुपिरियरिटी कितनी है इंडिया की और दो गोल फिल्‍ड गोल हुए दो पीछे से गोल हुए हम लोग छह गोल भी कनवर्ट कर रहे हैं पेनल्‍टी कॉर्नर से तो बेंलेस ठीक चल रहा है फिल्‍ड गोल का और पेनल्‍टी कॉर्नर का पूरी उम्‍मीद है कि जो फाइनल मैच होगा चाइना से वो भी मैच जीतेंगे क्‍योंकि अब हमारी टीम जो है ना काफी फोर्म में खेल रही है।

 

दूसरे सेमीफाइनल में चीन ने पाकिस्‍तान को दो-एक से पराजित किया।

********

मौसम विभाग ने कल ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की है। अगले दो से तीन दिनों में नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उत्तराखंड और राजस्थान में भी तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह के दौरान मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और दक्षिण प्रायद्वीपीय के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा होने की संभावना है।

**********

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में कल से तेज बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया है। इसके कारण अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्से में तेज बारिश हो सकती है।

********

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद में आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

  • प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद और भुज के बीच देश की पहली नमो भारत रैपिड रेल और छह वंदे भारत ट्रेनों को रवाना किया।

  • जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार समाप्त।

  • तालिबान ने अफगानिस्तान में पोलियो के बढते मामलों के बीच टीकाकरण अभियान स्‍थगित किया।

  • चीन में एशियाई चैंपियंस हॉकी ट्रॉफी में वर्तमान चैंपियन भारत ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

******