मुख्य समाचार:-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों में अपने संबोधन में सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला, कहा गांवों में कृषि, डेयरी और मत्स्य आधारित उद्योगों का विस्तार किया जा रहा है।
- राष्ट्रपति ने आश्वासन दिया कि सरकार अपनी एक्ट ईस्ट पॉलिसि के तहत पूर्वोत्तर क्षेत्र को रणनीतिक प्रवेश द्वार बनाने के लिए काम कर रही है।
- नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में सीबीआई ने दो लोगों को गिरफ्तार किया।
- दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुजरात और राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तथा उत्तरी अरब सागर के शेष हिस्सों में आगे बढ़ा।
- आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में गयाना में भारत और इंग्लैंड के बीच मैच बारिश के कारण अभी शुरू नहीं हुआ।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों में अपने संबोधन में सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला, और कहा कि दस साल में देश 11वें स्थान से उठकर पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा कि देश ने महामारी और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में संघर्ष के बावजूद यह उपलब्धि हासिल की। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के संकल्प ने आज भारत को विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना दिया है। अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार के कदमों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि केंद्र विनिर्माण, सेवाओं और कृषि को समान महत्व दे रहा है। उन्होंने कहा कि देश सूचना प्रौद्योगिकी से लेकर पर्यटन और स्वास्थ्य से लेकर वेलनेस तक हर क्षेत्र में अग्रणी बनकर उभर रहा है और इससे बड़ी संख्या में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
गांवों में कृषि आधारित उद्योगों– डेयरी और फिशरिज आधारित उद्योगों का विस्तार किया जा रहा है। इसमें भी सहकारिता को प्राथमिकता दी गई है। सरकार किसानोत्पाद संघ, एफपीओ और फैक्स जैसे सरकारी संगठनों का एक बड़ा नेटवर्क बना रहे हैं। छोटे किसानों की बड़ी समस्या भंडारों से जुड़ी होती है। इसलिए मेरी सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी भंडारण योजना पर काम शुरू कर चुकी है।
राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती और इससे संबंधित उत्पादों की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत कर रही है। हरित पहल पर राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार ने नवीकरणीय ऊर्जा क्षमताओं में भी कई गुना वृद्धि की है और देश अपने जलवायु संबंधी लक्ष्यों को तय समय से पहले ही हासिल कर रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के लिए आवंटन चार गुना से अधिक बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी एक्ट ईस्ट पॉलिसी के अंतर्गत इस क्षेत्र को रणनीतिक प्रवेश द्वार बनाने के लिए काम कर रही है।
मेरी सरकार ने नॉर्थ–ईस्ट के विकास के लिए दस वर्षों में आवंटन में चार गुना से अधिक की वृद्धि की है। सरकार इस क्षेत्र को आर्थिक पॉलिसी के तहत स्ट्रेटीज गेटवे बनाने के लिए काम कर रही है। नॉर्थ–ईस्ट में हर तरह की कनेक्टिविटी का बढाया जा रहा है। शिक्षा, शास्त्र, पर्यटन, रोजगार हर क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढाया जा रहा है।
पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए सरकार द्वारा की गई पहलों पर प्रकाश डालते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए काम कर रहा है और पिछले दस वर्षों में क्षेत्र से संबंधित कई समस्याओं का समाधान किया गया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि क्षेत्र में तेजी से प्रगति के बाद अशांति वाले क्षेत्रों में अफस्पा को चरणबद्ध तरीके से हटाने का काम चल रहा है।
*****
सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डाक्टर एल. मुरूगन ने आज समाजवादी पार्टी सांसद आर के चौधरी द्वारा सेंगोल पर की गयी टिप्पणी की आलोचना की। डॉ. मुरूगन ने नई दिल्ली में मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि सेंगोल सभी के लिए न्याय का प्रतीक है। यह समान और निष्पक्ष सरकार को दर्शता है। मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता सेंगोल का सम्मान नहीं करते और उनका रवैया निंदनीय है।
ये सेंगोल तमिल कल्चर, ये संगोल तमिल का संस्कृति अभी पॉलिटिक्स करने के लिए समाजवादी पार्टी और एनडीआई अलाइंस भी कोशिश कर रहे हैं। ये पॉलिटिक्स करने की चीज नहीं है, ये संगोल है। संगोल लेकर पॉलिटिक्स मत करो। तमिल लोग का अपमान मत करो।
*****
बिहार से जनता दल-युनाइटेड के सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने आज संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। श्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल-युनाइटेड का मिलजुल कर काम करने और कुशासन, भ्रष्टाचार तथा अपराधीकरण से लड़ने का लम्बा इतिहास रहा है।
*****
विपक्षी नेताओं ने आज संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला से उनके कक्ष में मुलाकात की। बैठक में कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी, एनसीपी (शरद पवार) की सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव, राजद की मीसा भारती और अन्य मौजूद थे।
*****
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के संबंध में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इन दोनों आरोपीयों को बिहार के पटना से हिरासत में लिया गया। नीट-यूजी प्रश्न पत्र लीक मामले की अधिकारिक तौर पर सीबीआई जांच कर रही है। सीबीआई सोमवार को बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई के कार्यालय पहुंची और इस मामले में जांच शुरू की।
इससे पहले आर्थिक अपराध इकाई – ईओयू ने प्रश्न पत्र लीक कांड का भांडाफोड़ किया था। ईओयू ने दावा किया था एक अंतरराज्यीय संगठित आपराधिक गिरोह ने झारखंड के हजारीबाग से नीट अंडर ग्रेजुएट परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक किये थे और उसे कई स्थानों पर संदिग्ध अभ्यर्थियों तक प्रवेश परीक्षा के पहले पहुंचाया था। गुप्त सूचना के आधार पर ईओयू ने पांच मई को पटना के खेमनीचक स्थित एक बंद स्कूल में छापेमारी कर अधजले प्रश्न पत्र प्राप्त किये थे । इसके बाद कुछ प्रश्न पत्रों के हिस्से को हजारीबाग स्थित परीक्षा केंद्र के प्रश्नों से मिलान किया गया था जो हू ब हू मिल गये थे। जांच का कार्य अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई ने कल दो आरोपियों बालदेव कुमार उर्फ चिंटू और मुकेश कुमार को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था । अभी तक इस मामले में बिहार से 17 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं । धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।
*****
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने नई दिल्ली में विश्व एमएसएमई दिवस पर दो नई योजनाएं शुरू की। एमएसएमई टीम पहल का लक्ष्य डिजिटल कॉमर्स के लिए ओपन नेटवर्क के वास्ते पांच लाख सूक्ष्म और लघु उद्यमों को सुविधा प्रदान करना है। श्री मांझी ने उद्यमी भारत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में समावेशी और केंद्रित प्रयासों के महत्व पर जोर दिया।
*****
भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स का वापस धरती पर लौटना एक बार फिर टल गया है। वे जिस बोइंग स्टारलाइनर से गई थीं उसमें कई तकनीकी गड़बडि़यां सामने आई हैं। सुनीता विलियम्स पांच जून को अंतरिक्ष यात्रा पर रवाना हुई थीं। उन्हें अंतरिक्ष में एक सप्ताह बिताने के बाद इस महीने की 14 तारीख को वापस लौटना था, लेकिन उनकी वापसी में विलम्ब हुआ है। नासा ने उनके लौटने की नई तारीख के बारे में अभी कुछ नहीं बताया है।
*****
जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज दक्षिण कश्मीर के अनन्तनाग जिले में पहलगाम में एक उच्च स्तरीय बैठक में श्री अमरनाथ जी यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा मार्गों पर पुलिस, सुरक्षाकर्मियों, डॉक्टरों और अन्य आवश्यक कर्मियों की तैनाती के बारे में विचार विमर्श किया। उपराज्यपाल को बताया गया कि सुरक्षित और सुचारू तीर्थयात्रा के लिए पर्याप्त उपाय किये गये हैं।
*****
दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात में उत्तरी अरब सागर के बचे हिस्सों, राजस्थान के कुछ और हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, जम्मू कश्मीर, कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बल्टिस्तान, मुज़फ्फराबाद के ज्यादातर हिस्सों, पंजाब के कुछ हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश में और आगे बढ़ गया है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान राजस्थान के कुछ और हिस्सों, मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों, दिल्ली, चंडीगढ़ पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के शेष हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल होने की संभावना है।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को सवेरे 11 बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश और विदेश में लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की एक सौ 11वीं कड़ी होगी। श्री नरेन्द्र मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद मन की बात का यह पहला कार्यक्रम होगा। इसे आकाशवाणी के समूचे नेटवर्क, ए आई आर न्यूज वेबसाइट और न्यूज ऑन ए आई आर मोबाइल ऐप पर प्रसारित किया जायेगा।
*****
आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। गयाना में बारिश के बाद मैदान गीला होने के कारण मैच देरी से शुरू हो रहा है। इससे पहले आज सुबह दक्षिण अफ्रीका अफगानिस्तान को नौ विकेट से हराकर फाइनल में पहुंच गई। दक्षिण अफ्रीका पहली बार टी-20 विश्वकप के फाइनल में पहुंची है। विश्वकप का फाइनल मुकाबला शनिवार को बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में खेला जाएगा।
*****
किरण पहल ने महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। आज हरियाणा के पंचकुला में राष्ट्रीय अंतर राज्यीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में किरण ने 50 दशमलव नौ दो सेकंड का समय लेकर ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया। महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में क्वालीफाइंग मार्क 50 दशमलव नौ पांच सेकंड था।
*****
महिला क्रिकेट में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एकमात्र टेस्ट मैच कल से चेन्नई में खेला जायेगा। इससे पहले भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को एक दिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में तीन-शून्य से क्लीन स्वीप किया था।
*****
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने आज घोषणा की कि संसद के उच्च सदन से आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह का निलंबन रद्द कर दिया गया है। उन्होंने सदन में कहा कि संजय सिंह को पिछले साल 24 जुलाई को विशेषाधिकार समिति द्वारा अपना निष्कर्ष प्रस्तुत करने तक सदन से निलंबित कर दिया गया था।
*****
रांची की विशेष पीएमएलए अदालत ने जेल में बन्द झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की न्यायिक हिरासत को आज 14 दिनों के लिए बढा दिया है। सोरेन एक जमीन घोटाले मामले में रांची की बिरसा मुडा सेन्ट्रल जेल में बंद हैं। श्री सोरेन और 11 अन्य आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के माध्यम विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया। मामले की अगली सुनवाई 11 जुलाई को होगी।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नादप्रभु केम्पेगौड़ा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि वह एक दूरदर्शी व्यक्ति थे जो अपनी दूरदर्शिता और प्रशासनिक कौशल के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कहा कि नादप्रभु केम्पेगौड़ा आर्थिक कल्याण, कृषि, सिंचाई को बढ़ावा देने में हमेशा अग्रणी रहे।
*****
उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा सेक्टर 21 में फिल्म सिटी बनाने के लिए आज एक समझौता किया। यह समझौता यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण और मशहूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर और आशीष भूटानी की कम्पनी बेबू प्रोजेक्ट एलएलपी के बीच हुआ है।
*****
बाम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक आज 569 अंक की बढत के साथ 79 हजार 243 अंक पर जाकर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी एक सौ 76 अंक ऊपर चढकर 24 हजार 45 पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा बाजार में आज रूपया 83 रुपये 46 पैसे के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 85 डॉलर 69 सेंट प्रति बैरल पर थी।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों में अपने संबोधन में सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला, कहा गांवों में कृषि, डेयरी और मत्स्य आधारित उद्योगों का विस्तार किया जा रहा है।
- राष्ट्रपति ने आश्वासन दिया कि सरकार अपनी एक्ट ईस्ट पॉलिसि के तहत पूर्वोत्तर क्षेत्र को रणनीतिक प्रवेश द्वार बनाने के लिए काम कर रही है।
- नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में सीबीआई ने दो लोगों को गिरफ्तार किया।
- दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुजरात और राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तथा उत्तरी अरब सागर के शेष हिस्सों में आगे बढ़ा।
- भारत के साथ टी-20 क्रिकेट विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
*****