मुख्य समाचार:-
- चक्रवात रेमल पश्चिम बंगाल पहुंचा; तूफान और तेज बारिश से कोलकाता समेत कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त; राहत एवं बचाव कार्य जोरों पर।
- गुजरात में, राजकोट अग्निकांड के संबंध में टीआरपी गेम ज़ोन के मालिकों सहित छह लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज।
- लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए प्रचार अभियान तेज।
- दीपा करमाकर ने ताशकंद में एशियाई चैंपियनशिप में महिलाओं की पोल-वॉल्ट में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता।
- आईपीएल क्रिकेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर तीसरी बार खिताब जीता।
—–
भीषण चक्रवाती तूफान रेमल बांग्लादेश के खेपुपारा और पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सागर के बीच प्रवेश कर चुका है। तूफान और तेज बारिश से कोलकाता समेत कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
तूफान के प्रभाव से दक्षिण चौबीस परगना में लगातार बारिश हो रही है और पचास किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। खडगपुर रेल डिवीजन में एहतियाती उपाय किये जा रहे हैं। दीघा के लिए जाने वाली सभी रेलगाडियां आज रद्द कर दी गई हैं।
—–
बांग्लादेश के मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात रविवार आधी रात को सागर द्वीप, पश्चिम बंगाल- खेपुपारा, बांग्लादेश के तटीय क्षेत्र सुंदरवन तट पहुंचा और बांग्लोदश के स्थानीय समय के अनुसार सुबह छह बजे तक तट को पार करने की उम्मीद थी। चक्रवाती तूफान रेमल के प्रभाव से तटीय इलाकों में तेज बारिश हो रही है। राहत और बचाव कार्य जोरो पर है।
उत्तरी खाड़ी और गहरे समुद्र में मछली पकड़ने वाली सभी नौकाओं और ट्रॉलरों को अगली सूचना तक समुद्र की तरफ न जाने की सलाह दी गई है। बांग्लादेश मौसम विभाग ने कहा है कि कॉक्स बाजार, बंदरबन, रंगमाटी, खगराचारी के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन भी हो सकता है।
—–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवात “रेमल” से निपटने के लिए कल एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री को बताया गया कि राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति पश्चिम बंगाल सरकार के साथ नियमित संपर्क में है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को पूरी मदद दी है और आगे भी यह जारी रहेगी।
—–
गुजरात में, राजकोट अग्निकांड के संबंध में टीआरपी गेम ज़ोन के मालिकों सहित छह लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शनिवार को छुट्टी के कारण यहां बच्चे अपने अभिभावकों के साथ आए हुए थे। भीषण आग में मरने वालों की संख्या 28 हो गई है। राज्य के गृहमंत्री हर्ष सांघवी ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि दुर्घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घायलों के उपचार के लिए राजकोट के सिविल अस्पताल में 100 बिस्तरों की क्षमता का एक बर्न वार्ड स्थापित किया गया है।
—–
दिल्ली पुलिस ने बच्चों के अस्पताल में आग लगने की घटना में एक निदेशक और एक डॉक्टर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शाहदरा जिला पुलिस आयुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि दिल्ली के विवेक विहार इलाके में बच्चों के एक अस्पताल में शनिवार देर रात लगी भीषण आग में छह नवजात शिशुओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली के मुख्य सचिव से इन दुखद घटनाओं की जांच कराने को कहा है।
—–
लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए प्रचार चरम पर है। राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। इस चरण में पहली जून को आठ राज्यों की 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मतगणना 4 जून को होगी।
—–
केन्द्रीय गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, सलेमपुर और चंदोली में चुनावी सभा करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ओडिसा के बालासोर में जनसभा को संबोधित करेंगे। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव गाजीपुर और चंदौली में अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे।
—–
बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन, महागठबंधन और अन्य दलों के नेता रैलियां और चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पटना के मनेर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां वह पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा करेंगे।
जनता दल यूनाईटेड के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नालंदा संसदीय क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पटना साहिब के खुसरूपुर और पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र के मनेर में जनसभा करेंगे।
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव जहानाबाद, पाटलिपुत्र और आरा संसदीय क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल और सीपीआई-एमएल उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा वाराणसी में नागरिकों, बुनकरों, कलाकारो और मतदाताओं से विभिन्न कार्यक्रमों में संवाद करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पटना के मनेर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी हिमाचल प्रदेश के चंबा और शाहपुर में जनसभा को संबोधित करेंगी।
—–
तेलंगाना विधान परिषद के वारंगल-नालगोंडा-खम्मम के स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए होने वाले उप चुनाव का मतदान शुरू हो गया है। चार लाख 63 हजार से अधिक स्नातक 605 मतदान केन्द्रो पर मतदान कर सकते हैं। अविभाजित वारंगल-नालगोंडा-खम्मम निर्वाचन क्षेत्र में वर्तमान में राज्य के 12 जिले शामिल हैं। यहां मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। पिछले वर्ष पी राजेश्वर रेड्डी के जनगांव विधानसभा क्षेत्र से चुने जाने के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया था उसके बाद यहां उप चुनाव हो रहा है।
—–
लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों से परिचय की श्रृंखला में आज हम पंजाब में पटियाला लोकसभा सीट की चर्चा कर रहे हैं।
शाही शहर पटियाला पर आधारित इस लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से तीन कद्दावर नेताओं के चुनावी रण में उतरने से यहाँ रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है I मौजूदा सांसद परनीत कौर कांग्रेस पार्टी को छोड़ कर भाजपा में शामिल हुईं हैं और इस बार वे अपनी पांचवी जीत के लिए चुनाव मैदान में हैं I लम्बे समय से यहाँ सांसद रहने का लाभ उन्हें अवश्य मिल रहा है I सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने अपने ही स्वास्थ्य मंत्री डाक्टर बलबीर सिंह पर भरोसा जताया है लेकिन उन्हें सरकार की कई नीतियों को लेकर लोगों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ रहा है I उधर सन 2014 में बतौर आम आदमी पार्टी के सांसद बने डाक्टर धर्मवीर गाँधी भी दलबदल करके इस बार कांग्रेस पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरे हैं I शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एन के शर्मा ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है I बहुजन समाज पार्टी ने जगजीत सिंह छरबर को मैदान में उतारा है I इस क्षेत्र में सभी प्रमुख पार्टियों के उम्मीदवार शिक्षित हैं और लोगों को अपने अपने अंदाज़ में लुभाने में लगे हैं I शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।
—–
पापुआ न्यू गिनी में एक विनाशकारी भूस्खलन में लगभग 670 लोगों की मृत्यु हो गई। इस आपदा से एंगा प्रांत के काओकलम के दूरदराज का गांव प्रभावित हुआ है। यह गांव राजधानी पोर्ट मोरेस्बी से लगभग 600 किलोमीटर पश्चिमोत्तर में स्थित है। यह भूस्खलन शु्क्रवार को स्थानीय समय के अनुसार तडके तीन बजे हुआ।
पापुआ न्यू गिनी में अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन -आईओएम के प्रमुख सेरहान एक्टोप्राक ने बताया कि देश के एंगा प्रांत में आए भूस्खलन का विनाशकारी प्रभाव कल्पना से कहीं अधिक था। इस भूस्खलन में 150 से अधिक घरों के दब जाने की आशंका है।
—–
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोद्यमीर जेलेंस्की ने अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और चीन के नेता शी चिनपिंग से 15 और 16 जून को स्विटजरलैंड में होने वाली शिखर बैठक में शामिल होने की अपील की है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक वीडियो में श्री जेलेंस्की ने कहा कि 80 से अधिक देश इस बैठक में शामिल होंगे लेकिन इसमें श्री बाइडन की उपस्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है। चीन ने भी बैठक में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि विश्व के अधिक से अधिक देशों के इस बैठक में शामिल होने से सभी प्रतिबद्धताओं को पूरी होने की गारंटी मिलेगी।
—–
आईपीएल क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में कल कोलकाता नाईट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। यह आईपीएल में कोलकाता की तीसरी जीत है। कोलकाता ने पहले गेंदबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 113 रन के मामूली स्कोर पर ढेर कर दिया। यह आईपीएल क्रिकेट के फाइनल में अब तक का सबसे कम स्कोर था। 114 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाईट राइडर्स ने 57 गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिन्स ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। मिचेल स्टार्क को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
—–
भारत की दीपा कर्माकर ने उज्बेकिस्तान के ताशकंद में एशियन जिमनास्टिक चैंपियनशिप में महिलाओं के वॉल्ट अपरेटस में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब कोई भारतीय जिमनास्ट एशियन चैंपियनशिप में किसी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहा है। इससे पहले, भारतीय जिमनास्ट कॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप में चार पदक, सभी कांस्य पदक जीतने में सफल रहे थे। दीपा कर्माकर ने साल 2015 में महिलाओं के वॉल्ट इवेंट में तीसरे स्थान पर जगह बनाई थी।
—–
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से आज प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में रात साढे़ नौ बजे से “वर्षा जल संचयन” विषय पर चर्चा होगी। इसमें राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के पूर्व महानिदेशक जी. अशोक कुमार और राष्ट्रीय जल मिशन की निदेशक अर्चना वर्मा श्रोताओं के प्रश्न के उत्तर देंगी।
कार्यक्रम के दौरान श्रोता साढ़े नौ बजे विशेषज्ञों से वर्षा जल संचयन की आवश्यकता और महत्व पर सवाल पूछ सकते हैं। श्रोता टेलीफोन नंबर 011-2342 1050 और 011-2331 4444 पर प्रश्न पूछ सकते हैं। इसके अलावा वाट्सऐप नंबर 92890 94044 पर भी प्रश्न भेज सकते हैं।
—–
अब समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नवीन सक्सेना:
- दिल्ली में विवेक विहार इलाके में बेबी केयर सेंटर में लगी आग में सात नवजात और तीन लोगों की मौत, आज के कई अखबारों की पहली सुर्खी है। अमर उजाला ने बताया है- भूतल पर सिलेंडरों में अवैध रूप से ऑक्सीजन भरते समय हुआ हादसा। एक के बाद एक फटे आठ सिलेंडर। देशबन्धु की सुर्खी है- कई नवजात शिशुओं को बचाव अभियान चलाकर इमारत से निकाला। हरिभूमि ने लिखा है- अस्पताल के पास नहीं था सेफ्टी लाइसेंस। राजस्थान पत्रिका लिखता है- राजकोट के बाद दिल्ली। नवभारत टाइम्स ने इसी खबर के साथ गुजरात उच्च न्यायालय का बयान दिया है- मैन मेड डिजास्टर है राजकोट हादसा।
- पांच साल में यूसीसी लागू करने और सितम्बर से पहले जम्मू- कश्मीर में चुनाव कराने के गृह मंत्री के बयान ने भी अखबारों का ध्यान खींचा है।
- सेना प्रमुख जनरल मनोज पाण्डेय को एक माह का सेवा विस्तार दिए जाने को जनसत्ता सहित कई अखबारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है।
- अमर उजाला की हेडलाइन है- सभी फर्जी अंतर्राष्ट्रीय कॉल रोकें कंपनियां, ठगी की घटनाओं के मद्देनजर दूरसंचार कंपनियों को केन्द्र ने दिया निर्देश।
- वीर अर्जुन ने एक अध्ययन के हवाले से बताया है कि बिहार में शराब बंदी से हिंसा के 21 लाख मामलों में कमी। पत्र ने साथ ही लिखा है- इस प्रतिबंध ने राज्य में 18 लाख पुरुषों को अधिक वजन या मोटापे से ग्रस्त होने से रोका।
- हिन्दुस्तान ने महराष्ट्र में गर्मी के चलते धारा-144 लागू होने की खबर दी है। राजस्थान पत्रिका लिखता है- असम में पहली बार लू का अलर्ट। देशबन्धु ने पहले पृष्ठ के बॉक्स में लिखा है- चक्रवात रेमल की वजह से भारी बारिश के आसार। कोलकाता एयरपोर्ट 21 घंटे के लिए बंद।
- कान फिल्म महोत्सव में निर्देशक पायल कपाडिया के ग्रां प्री जीतकर इतिहास रच देने की खबर भी अखबारों में है।
- आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के तीसरी बार चैम्पियन बनने को अनेक अखबारों ने पहले पृष्ठ पर सचित्र दिया है।
—–
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- चक्रवात रेमल पश्चिम बंगाल पहुंचा; तूफान और तेज बारिश से कोलकाता समेत कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त; राहत एवं बचाव कार्य जोरों पर।
- गुजरात में, राजकोट अग्निकांड के संबंध में टीआरपी गेम ज़ोन के मालिकों सहित छह लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज।
- लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए प्रचार अभियान तेज।
- दीपा करमाकर ने ताशकंद में एशियाई चैंपियनशिप में महिलाओं की पोल-वॉल्ट में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता।
- और आईपीएल क्रिकेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर तीसरी बार खिताब जीता।
—–