मुख्य समाचार:-
- लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए कल होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी। इस चरण में छह राज्यों और दो केन्द्रशासित प्रदेशों की 58 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा।
- प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश और पंजाब में रैलियों को संबोधित करेंगे। बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस नेता सचिन पायलट भी जनसभाएं करेंगे।
- कंबोडिया में भारतीय दूतावास द्वारा धोखेबाज नियोक्ताओं से बचाए गए 60 लोगों को वापस भारत भेजा गया।
- महाराष्ट्र के ठाणे में डोंबिवली के एक फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 9 मजदूर मारे गए।
- क्वालालम्पुर में पी वी सिंधु मलेशिया मास्टर्स के महिला सिंगल्स सेमी फाइनल में पहुंची।
—-
लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस चरण में 6 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों के लिए कल मतदान होगा। इनमें बिहार की आठ, हरियाणा की सभी दस सीट, जम्मू-कश्मीर की एक, झारखण्ड की चार, दिल्ली की सभी सात सीट, ओडिसा की छह, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की आठ सीट शामिल हैं। इस चरण में कुल आठ सौ 89 उम्मीदवार मैदान में हैं।
—-
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल मतदान होगा। लोकसभा की 7 सीटों के लिए 162 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में भाजपा के मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज और आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती, कुलदीप कुमार और कांग्रेस के कन्हैया कुमार और जे पी अग्रवाल शामिल हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि सुगम प्रक्रिया से मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किये गए हैं।
इस चुनाव में कुल एक करोड़ 52 लाख मतदाता हैं जिनमें से लगभग 82 लाख पुरुष और 70 लाख महिला मतदाता हैं। मतदान के लिए कुल 13 हजार 637 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें से 70 मतदान केंद्र होंगे, जिनका संचालन पूरी तरह से महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। पहली बार, प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में एक मतदान केंद्र की बनाया गया है। जिसका प्रबंध विकलांग मतदान कर्मी द्वारा किया जाएगा। वहीं दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा बुजुर्ग मतदाताओं को आनेजाने की मुफ्त सुविधा प्रदान की जा रही है। गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर प्राप्त व्यवस्था की गई है। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
—-
उत्तर प्रदेश में सातवें और अंतिम चरण के चुनाव के लिए राजनैतिक पार्टियां जोर-शोर से प्रचार कर रही हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा कुशीनगर, बलिया और सोनभद्र जिलों में प्रचार करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और गोरखपुर में प्रचार करेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे और मीडिया प्रभारी सी.पी. राय वाराणसी में पार्टी के उम्मीदवार अजय राय के समर्थन में संवाददाता सम्मेलन करेंगे।
—-
बिहार में लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए प्रचार जोरों पर है। राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन, आई.एन.डी.आई गठबंधन और अन्य दलों के नेता मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज आरा लोकसभा क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के नेता नीतीश कुमार काराकाट संसदीय क्षेत्र के नोखा में जनसभा करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी जेहनाबाद लोकसभा सीट के लिए रैली करेंगे। आई.एन.डी.आई गठबंधन से राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और वामदलों के नेता अपने उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव और विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख मुकेश साहनी ने कल विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में कई चुनावी रैलियां की। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने बक्सर में पार्टी उम्मीदवार के लिए रैली की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा दोबारा सत्ता में नहीं आ रही है और लोकसभा चुनाव में भाजपा तथा उसके साथी दलों को लोग सबक सिखाएंगे।
—-
हिमाचल प्रदेश में सातवें और अंतिम चरण में एक जून को होने वाले लोकसभा चुनाव और 6 विधानसभा उप-चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। एक रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश के एक दिवसीय चुनावी दौरे पर आ रहे है। इस दौरान वह नाहन और मंडी में भाजपा की विजय संकल्प रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री आज सुबह 9 बजे सिरमौर ज़िला मुख्यालय नाहन के चौगान मैदान में शिमला संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी सुरेश कश्यप और इसके बाद 11 बजे मंडी के पड्डल मैदान में मंडी से पार्टी उम्मीद्वार कंगना रनौत के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 26 मई को शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत नाहन और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत ऊना में चुनावी जनसभा करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे भी 25 मई को शिमला के रोहड़ू में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। रितेश कपूर की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
—-
इस बीच, पंजाब में भी प्रचार तेज हो गया है। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी पंजाब के गुरदासपुर और जालंधर में आज दोपहर दो रैलियां करेंगे। श्री मोदी ने कल पटियाला में एक जनसभा को संबोधित किया और कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी की नीतियों को लेकर कड़ी आलोचना की। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान जालंधर संसदीय सीट के लिए पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में एक रोड शो करेंगे। कांग्रेस महासचिव सचिन पायलेट का श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र में चुनावी रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है। वहीं, शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने होशियारपुर में कई जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने दावा किया कि केवल उनकी पार्टी ही पंजाब को विकास के मार्ग पर ले जा सकती है। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती भी आज पंजाब जाएंगी। वह नवांशहर में दोपहर को चुनावी रैली करेंगी।
—-
जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर 25 हजार से अधिक कश्मीरी शरणार्थी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए तैयार हैं। इस सीट पर छठें चरण में देशभर की 58 सीटों के साथ 25 मई को मतदान होगा। जम्मू, उधमपुर और दिल्ली एनसीआर में वोट डालने के लिए सभी इंतजाम हो गए हैं। शरणार्थियों के लिए 34 विशेष मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें जम्मू में 29, उधमपुर में एक और दिल्ली एनसीआर में चार केंद्र स्थापित किए गए हैं।
—-
लोकसभा निर्वाचन-क्षेत्रों से परिचय की श्रृंखला में, आज हम चर्चा कर रहे हैं बिहार में भोजपुर जिले की आरा संसदीय सीट की। एक रिपोर्ट-
आरा संसदीय क्षेत्र में इस बार भी सीधा मुकाबला भाजपा के आर के सिंह और सीपीआई माले के सुदामा प्रसाद के बीच है। नौकरशाह से नेता बने आर के सिंह इस सीट पर लगातार तीसरी जीत हासिल करने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं, वहीं सीपीआई माले के सुदामा प्रसाद को उम्मीद है कि महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी और सहयोगी वाम दलों के वोट बैंक की मदद से वे पहली बार अपनी पार्टी सीपीआई माले को जीत का स्वाद चखाने में कामयाब रहेंगे। राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो यहां पांच पर जीत के साथ महागठबंधन का राजनीतिक प्रभुत्व है। तीन सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल के विधायक हैं तो दो-दो विधान सभा सीटों पर सीपीआई माले और भाजपा का कब्जा है। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार पटना।
—-
कंबोडिया में भारतीय दूतावास द्वारा धोखेबाज नियोक्ताओं से बचाए गए 60 भारतीय नागरिक वापस भारत लौट आये हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, नोम पेन्ह में भारतीय दूतावास ने कंबोडियाई अधिकारियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। कंबोडियाई अधिकारियों ने धोखाधड़ी वाले रोजगार के 60 पीड़ितों को घर लौटने में सहायता की और कानूनी कागजी कार्रवाई में मदद की।
—-
यूक्रेन के शहर खारकीव में एक मिसाइल हमले में सात लोगों की मौत हो गई है। इस हमले में 21 लोग घायल हैं। खारकीव क्षेत्र के गवर्नर ओलेह सिनिहुबोव ने बताया कि रूसी सेना ने शहर पर 15 मिसाइलें दागी, हमले में मारे गए लोग एक छापेखाने के कर्मचारी थे और घटना के वक्त लगभग 50 लोग अंदर कार्यरत थे।
—-
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में औद्योगिक क्षेत्र डोंबिवली में ब्लास्ट हो जाने से नौ लोगों की मृत्यु हो गई है और 56 लोग घायल हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विस्फोट के पीडितों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषण की है। एक रिपोर्ट …
डोंबिवली एमआईडीसी दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। यह घटना तब घाटी जब कल दोपहर डोंबिवली एमआईडीसी परिसर में ओमेगा केमिकल कंपनी में भीषण आग लग गई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिवारजनों के के लिए 5 लाख रूपये के मुआवजे की घोषणा की है। उन्होंने ये भी कहा कि राज्य सरकार घायलों के इलाज का खर्च वहन करेगी। मुख्यमंत्री के कहा है कि घटना के संबंध में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
—-
पीवी सिंधु क्वालालम्पुर में मलेशिया मास्टर्स के महिला सिंगल्स सेमिफाइनल में पहुंच गई है। दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता सिंधु ने आज सुबह कवार्टर फाइनल में चीन की हान यूई को 21-13, 14-21, 21-12 से पराजित किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में अब से कुछ देर बाद अस्मिता चलिहा का सामना चीन की झांग ई मान से होगा। अन्य श्रेणियों में राउड 16 में भारत का अभियान समाप्त हो गया है। पुरुष सिंगल्स में किरण जार्ज को मलेशिया के जी जिया ली से हार का सामना करना पड़ा। पुरुष डबल्स में साई प्रतीक और कृष्ण प्रसाद गरागा की जोड़ी चीन के रेन जियानग्यु और जी तिंग हे से पराजित हो गई। महिला डबल्स में त्रीसा जोली और गायत्री गोपीचंद को ताइवान की सुंग शुओ-युन और चेन यू से हार का सामना करना पड़ा।
—-
आईपीएल क्रिकेट के दूसरे क्वालीफायर में आज शाम चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। दोनों टीमों के बीच अब तक 19 मैच हुए हैं, जिनमें से सनराइजर्स ने 10 और राजस्थान ने 9 मैच जीते हैं। इस टूर्नामेंट के पहले क्वालीफायर मैच में मंगलवार को कोलकाता नाइटराइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था। दूसरी तरफ टूर्नामेंट में ज्यादातर समय शीर्ष पर रहने वाली टीमों में शामिल राजस्थान रॉयल्स को कोलकाता नाइट राइडर्स से हार का सामना करना पड़ा था। टूर्नामेंट का फाइनल रविवार को होगा।
—-
मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के ज्यादातर भागों और दिल्ली में कहीं-कहीं सोमवार तक भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार और सोमवार को भीषण गर्मी रहेगी। कोंकण और गोवा में आज तथा असम में कल मौसम गर्म और नर्म बना रहेगा। इस बीच बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों, अंडमान-निकोबार दीपसमूह के शेष भागों, अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थिति अनुकूल है।
—-
केरल में बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य में कल तक बारिश जारी रहने की संभावना है। एर्नाकुलम और त्रिशूर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय जिलों वायनाड, इडुकी और पत्तनमतिट्टा सहित 8 जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
—-
दिल्ली, फरीदाबाद और गुडगांव में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कल शराब की दुकानें बंद रहेंगी। दुकानें शनिवार शाम 6 बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान लाइसेंस प्राप्त रेस्टोरेंट और बार में भी शराब पर पाबंदी होगी। अगले महीने की चार तारीख को होने वाली मतगणना के दौरान भी इन इलाकों में शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
—-
ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in/hindi पर भी उपलब्ध हैं
—-
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नईम अखतर।
दिल्ली हरियाणा समेत आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश की अठ्ठावन सीटों पर थमा प्रचार, मतदान कल। जनसत्ता सहित कई अखबारों की पहली खबर है। दैनिक जागरण लिखता है-ऑरेंज एलर्ट के बीच कल सात लोकसभा सीटों के लिए मतदान करेगी दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में मतदान केन्द्र की थीम रहेगी हरि धरती, एनडीएमसी ने कुछ मतदान केन्द्रों पर की है विशेष व्यवस्था। जागरण सिटी की खबर है। अमर उजाला ने बेटियों का हौसला शीर्षक से खबर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- काम्या बनी एवरेस्ट फतह करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय वहीं 15 साल की प्रतिस्मिता ने एक सौ 33 किलो वजन उठाकर जीता सोना। उत्तर में भीषण गर्मी तो दक्षिण में भारी बारिश का प्रकोप हिन्दुस्तान की सुर्खी है। दैनिक भास्कर लिखता है- देश के सबसे गर्म दस शहरों में पांच राजस्थान के, एक दिन में दस की मौत। तीन दिन रेड एलर्ट। राजस्थान पत्रिका ने गर्मी का सितम शीर्षक से लिखा है- कायलाना झील में जलस्तर हुआ कम, पहाडियां भी सूखी। अप्रैल-मई में पहाडों पर 2023 से डेढ गुना तक ज्यादा पर्यटक, मैदानों में घटे दैनिक भास्कर की खबर है। पत्र लिखता है- बर्फ की मौजूदगी और मैदानों के मुकाबलों कम तापमान का असर। साइबर अपराधियों ने चार माह में दिया सात हजार करोड का झटका, दक्षिण पूर्वी एशिया के देश बने नए ठिकाने, राजस्थान पत्रिका की पहली खबर है। पत्र लिखता है- 45 फीसदी ठगी थाईलैंड, म्यांमार और लाओस से। आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दिनेश कार्तिक ने लिया संन्यास।
—-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए कल होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी। इस चरण में छह राज्यों और दो केन्द्रशासित प्रदेशों की 58 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा।
- प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश और पंजाब में रैलियों को संबोधित करेंगे। बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस नेता सचिन पायलट भी जनसभाएं करेंगे।
- कंबोडिया में भारतीय दूतावास द्वारा धोखेबाज नियोक्ताओं से बचाए गए 60 लोगों को वापस भारत भेजा गया।
- महाराष्ट्र के ठाणे में डोंबिवली के एक फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 9 मजदूर मारे गए।
- क्वालालम्पुर में भारतीय खिलाडी पी वी सिंधु मलेशिया मास्टर्स के महिला सिंगल्स सेमी फाइनल में पहुंची।
—-