Download
Mobile App

android apple
signal

May 23, 2024 8:56 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए चुनाव प्रचार आज शाम समाप्‍त। शनिवार को वोट डाले जाएंगे।
  • कलकत्‍ता उच्‍च न्‍यायालय ने पश्चिम बंगाल में 2010 से 77 समुदायों को जारी अन्‍य पिछडा वर्ग  प्रमाण पत्र रद्द किए।
  • भगवान बुद्ध की जयंती आज देशभर में बुद्ध पूर्णिमा के रूप में मनाई जा रही है।
  • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने आम चुनाव चार जुलाई को कराने की घोषणा की।
  • एफ आई एच प्रो हॉकी लीग में भारतीय पुरूष टीम ने शूटआउट से अर्जेन्‍टीना को हराया।
  • आई पी एल क्रिकेट में राजस्‍थान बेंगलुरू को हराकर क्‍वालीफायर के दूसरे चरण में।

*****

लोकसभा चुनाव के छठे चरण का प्रचार आज समाप्‍त हो जाएगा। इस चरण में आठ राज्‍यों के 58 निर्वाचन-क्षेत्रों में शनिवार 25 मई को मतदान होना है। इनमें बिहार की आठ, हरियाणा की सभी दस सीट, जम्‍मू-कश्‍मीर की एक, झारखण्‍ड की चार, दिल्‍ली की सभी सात सीट, ओडिसा की छह, उत्‍तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की आठ सीट शामिल हैं। इन 58 लोकसभा सीट पर कुल आठ सौ 89 उम्‍मीदवार मैदान में हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा।

*****

प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने कल दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के द्वारका में एक जनसभा को संबोधित किया। श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस प्रतिदिन 12 किलोमीटर ही राजमार्ग बनवा पाती थी, जबकि उनकी सरकार प्रति दिन करीब 30 किलोमीटर राजमार्ग बना रही है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कल हरियाणा के महेंद्रगढ़-भिवानी के चरखी दादरी में अग्निवीर योजना के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में एक रैली में दावा किया कि भाजपा उत्‍तर प्रदेश की सभी अस्‍सी सीटें हारने जा रही है और देशभर में भाजपा को 140 से ज्‍यादा सीटें नहीं मिलेंगी।

*****

दिल्ली में लोकसभा की सभी 7 सीटों के लिए 25 मई को वोट डाले जाएंगे। विभिन्‍न राजनीतिक दल जनसभाएं और घर-घर जाकर प्रचार कर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आज भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी और उत्तराखंड तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री जनसभाएं और रोड-शो करेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज मंगोलपुरी और सीमापुरी में रैली कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के नेता भी रोड-शो करेंगे।

राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा और आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला होने की उम्‍मीद है। भाजपा सभी सात सीटों पर चुनाव लड रही है जबकि आम आदमी पार्टी चार और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड रही है। पिछले दो लोकसभा चुनावों में भाजपा ने दिल्‍ली के सभी सात सीटों पर जीत हासिल की थी और इस बार भी पार्टी इस जीत को बरकरार रखने के लिए कोई कसर नहीं  छोड रही है। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्‍ली अपनी जीत दर्ज करने के हर संभव प्रयास कर रही है। आनन्‍द कुमार आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

*****

दिल्‍ली में 25 मई को मतदान के दिन मेट्रो की सभी लाइनों पर सेवा सुबह चार बजे से प्रारंभ हो जायेगी। मेट्रो सुबह छह बजे तक 30 मिनट के अंतराल पर उपलब्‍ध रहेगी और उसके बाद सभी लाइनों पर पूरे दिन सामान्‍य परिचालन रहेगा। दिल्‍ली परिवहन निगम भी 25 मई को 35 रूटों पर बस सेवा का संचालन सुबह चार बजे से प्रारंभ करेगा।

*****

लोकसभा निर्वाचन-क्षेत्रों से परिचय की श्रृंखला में, आज हम चर्चा कर रहे हैं उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट की। एक रिपोर्ट-

2008 में परिसीमन के बाद उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय सीट का गठन हुआ था। पहले यह क्षेत्र पूर्वी दिल्ली संसदीय सीट का हिस्सा था। उत्तर पूर्वी दिल्ली में कुल दस विधानसभा क्षेत्र हैं। 2009 में इस सीट पर कांग्रेस का कब्जा था लेकिन 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की। भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी ने पिछले दोनों लोकसभा चुनावों में भारी अंतर से जीत हासिल की थी। 2019 में मनोज तिवारी ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को लगभग साढ़े तीन लाख वोटों से हराया था। हालांकि इस बार कांग्रेस और आम आदमी पार्टी, मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस ने मनोज तिवारी के खिलाफ कन्हैया कुमार को मैदान में उतारा है। इस निर्वाचन क्षेत्र में पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों की बड़ी आबादी है। इस क्षेत्र में कई प्रमुख मुद्दे है जिनमें जाम की समस्या, जल निकासी, अनधिकृत कॉलोनियां, नागरिक सुविधाओं की कमी और वायु प्रदूषण शामिल हैं। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

*****

बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए, महागठबंधन और अन्य दलों के नेता छठे चरण के चुनाव के लिए भरपूर प्रयास कर रहे हैं। राज्य में सातवें चरण के लोकसभा चुनाव के लिए भी प्रचार जारी है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्वी चंपारण के अरेराज और सुगौली में और पश्चिम चंपारण में जनसभाएं करेंगे।

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती आज बिहार में अपनी पहली रैली करेंगी। वे बक्सर में पार्टी उम्मीवार के समर्थन में जनसभा करेंगी। राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव वैशाली, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में रैली करेंगे।

*****

उत्‍तर प्रदेश में छठे चरण में 14 लोकसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इनमें पूर्वांचल की आजमगढ़ लोकसभा सीट भी शामिल है। यहां से वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ फिर से पार्टी उम्‍मीदवार हैं। समाजवादी पार्टी ने धर्मेंद्र यादव को प्रत्‍याशी बनाया है। यहां कुल नौ उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

*****

कलकत्‍ता उच्‍च न्‍यायालय ने 2010 से पश्चिम बंगाल में जारी अन्‍य पिछडा वर्ग-ओबीसी के सभी प्रमाणपत्रों को रद्द कर दिया है। ओबीसी प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को चुनौती देने वाली जनहित याचिका पर उच्‍च न्‍यायालय की खंडपीठ ने 2010 के बाद तैयार की गई ओबीसी सूची को गैर-कानूनी बताया। न्‍यायालय ने स्‍पष्‍ट किया कि जो लोग पहले से सेवा में हैं या आरक्षण के लाभार्थी हैं अथवा राज्‍य की भर्ती प्रक्रिया में सफल घोषित किए गए हैं, उनकी सेवा इस फैसले से प्रभावित नहीं होंगी।

*****

रिजर्व बैंक ने वित्‍त वर्ष 2023-24 के लिए केंद्र सरकार को अधिशेष के रूप में दो लाख दस हजार 874 करोड़ रुपये हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी है। मुंबई में रिजर्व बैंक के केंद्रीय निदेशक मंडल की 608वीं बैठक के दौरान कल इसे मंजूरी दी गई। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में बोर्ड ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए आकस्मिक जोखिम बफर को 6 दशमलव पांच शून्‍य प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसला किया।

*****

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने निर्धारित समय से पहले ही, 4 जुलाई को संसद का चुनाव कराने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि यह ब्रिटेन में संसद के निचले सदन हाउस ऑफ कॉमन्स के लिए चुनाव का सही समय है। हाउस ऑफ कॉमन्स में 650 सदस्य हैं। श्री सुनक ने यह घोषणा कल ब्रिटेन में महंगाई में दो दशमलव तीन प्रतिशत की गिरावट दर्ज किए जाने के बाद की, जो पिछले तीन वर्ष में सबसे कम है।

*****

भगवान बुद्ध की जयंती- बुद्ध पूर्णिमा आज देशभर में मनाई जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भगवान बुद्ध ने सत्य, अहिंसा, सद्भाव और मानवता तथा सभी प्राणियों के प्रति प्रेम का संदेश दिया है। उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने संदेश में कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षा नैतिक आचरण, मानसिक अनुशासन और प्रज्ञावान जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि भगवान बुद्ध ने मानवता को शांति, अहिंसा, नि:स्‍वार्थ सेवा और सदाचारी जीवन के मार्ग पर चलाया। एक रिपोर्ट

बुद्ध पूर्णिमा का दिन बौद्ध धर्म के संस्थापक भगवान गौतम बुद्ध के जन्मोत्‍सव के रूप में मनाया जाता है। भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में ”बुद्धम शरणम गच्छामि” की गूँज के साथ बुद्ध पूर्णिमा का महोत्सव कल से ही शुरू हो चुका है। इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दुनिया भर में रह रहे बौद्ध अनुयायी और हिन्दू बुद्ध पूर्णिमा मना रहे हैं। भारत, नेपाल, भूटान, म्यामार, थाइलैंड, तिब्बत, कोरिया, लाओस, वियतनाम, मंगोलिया, कंबोडिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया और श्रीलंका में इसे उत्‍साह से मनाया जा रहा है। श्रीलंका में कोलंबो और द्वीप के अन्य हिस्सों में चार दिवसीय जीवंत बुद्धरास्मि वैसाख उत्सव मनाया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम राष्ट्रपति सचिवालय परिसर, शांगरी-ला ग्रीन ग्राउंड और प्रसिद्ध गंगारामया मंदिर में होंगे।

23 से 25 मई तक, राष्ट्रपति सचिवालय और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सशस्त्र बलों की मंडलियां भक्ति गीत और भक्ति संगीत प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगी। भारतीय उच्चायोग गंगारामया मंदिर में राष्ट्रीय आधुनिक कला गैलरी के सहयोग से एक प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है। समाचार कक्ष से जया भारती।

*****

नजर डालते हैं, खेल जगत पर।

भारतीय महिला हॉकी टीम को यूरोपीय दौरे के अपने पहले प्रो-लीग मैच में, कल अर्जेंटीना से शून्य-पांच से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम मैच पर अपनी शुरुआती पकड़ को बनाए रखने में नाकाम रही। महिला टीम टीम आज बेल्जियम से खेलेगी। आईपीएल क्रिकेट के एलिमिनेटर मुकाबले में, कल राजस्‍थान रॉयल्‍स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को चार विकेट से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्‍टेडियम में बेंगलुरू ने 174 रन का लक्ष्य दिया। राजस्‍थान ने यह लक्ष्‍य 19 ओवर में हासिल कर लिया। इस मुकाबले में, विराट कोहली ने आईपीएल में 8 हजार रन बनाने वाले पहले बल्‍लेबाज बन गये हैं। कोहली ने इस मुकाबले में 33 रन बनाए। राजस्‍थान रॉयल्‍स का अगला एलिमिनेटर मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बेल्जियम के एंटवर्प में एफआईएच प्रो लीग मुकाबले के शूटआउट में अर्जेंटीना को 5-4 से हरा दिया। शूटआउट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह ने दो-दो गोल किए जबकि अभिषेक ने भी गोल किया। मुकाबले में निर्धारित समय के अंत तक दोनों टीमें 2-2 से बराबरी पर थीं। मनदीप सिंह और ललित कुमार उपाध्याय ने भारत के लिए दो फील्ड गोल किए। जबकि अर्जेंटीना के लुकास मार्टिनेज और टॉमस डोमेने ने पेनल्टी कॉर्नर से टीम के लिए गोल किया। भारतीय टीम प्रो लीग के यूरोपीय चरण में कल मेजबान टीम बेल्जियम से भिड़ेगी। समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।

*****

देश के उत्तरी और मध्यवर्ती राज्‍यों में अगले कुछ दिन तक भीषण गर्मी जारी रहने की आशंका है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अगले तीन-चार दिन के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज तेज बारिश हो सकती है।

*****

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- रवि कपूर।

राजनीतिक दलों के अगले चरण के प्रचार के दौरान वायदे और आरोप तथा पलटवार अखबारों के पहले पन्‍ने में छाए हुए हैं। जनसत्‍ता, राष्‍ट्रीय सहारा, अमर उजाला और हरिभूमि ने निर्वाचन आयोग की राजनीतिक दलों को इस नसीहत को पहली खबर बनाया है कि धर्म और जाति के आधार पर प्रचार से बचे। राजस्‍थान पत्रिका ने लिखा है- ताना-बाना न बिगाडें स्‍टार प्रचारक। देशबन्‍धु की बडी सुर्खी है- चुनाव से पहले दिल्ली को दहलाने की साजिश, गुजरात से पकडे गए आईएसआईएस आतंकियों से पूछताछ में खुलासा। दिल्‍ली में मतदान के दिन सुबह चार बजे से मेट्रो सेवा शुरू करने की घोषणा देते हुए नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है- मतदान कर्मियों को मतदान केन्‍द्र तक पहुंचने में सहूलियत को देखते हुए सभी लाइनों पर मेट्रो सेवा चार बजे सुबह शुरू कर दी जाएगी। दैनिक जागरण ने लिखा है- मतदान के दिन बंद रहेंगे दिल्‍ली के बाजार। जनसत्‍ता ने पहले पन्‍ने पर विश्‍लेषण शीर्षक से लिखा है-1996 के बाद लोकसभा चुनाव में इस बार सबसे अधिक आठ हजार तीन सौ साठ उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वर्ष-1996 में तेरह हजार नौ सौ बावन उम्‍मीदवारों ने चुनाव लडा था। राजस्‍थान पत्रिका का शीर्षक है- गर्मी का सितम, राजस्‍थान समेत पांच राज्‍यों में रेड अलर्ट, पत्र लिखता है- नौतपा से पहले तंदूर जैसे तपे कई राज्‍य, पांच दिन तक राहत नहीं। पत्र ने बीकानेर में गर्म रेत पर पापड सेकने का चित्र दिया है। दैनिक जागरण की खबर है- दक्षिण पूर्व एशिया बना संगठित साइबर ठगी का नया ठि‍काना।

*****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए चुनाव प्रचार आज शाम समाप्‍त। शनिवार को वोट डाले जाएंगे।
  • कलकत्‍ता उच्‍च न्‍यायालय ने पश्चिम बंगाल में 2010 से 77 समुदायों को जारी अन्‍य पिछडा वर्ग  प्रमाण पत्र रद्द किए।
  • भगवान बुद्ध की जयंती आज देशभर में बुद्ध पूर्णिमा के रूप में मनाई जा रही है।
  • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने आम चुनाव चार जुलाई को कराने की घोषणा की।
  • एफ आई एच प्रो हॉकी लीग में भारतीय पुरूष टीम ने शूटआउट से अर्जेन्‍टीना को हराया।
  • आई पी एल क्रिकेट में राजस्‍थान बेंगलुरू को हराकर क्‍वालीफायर के दूसरे चरण में।

*****