Download
Mobile App

android apple
signal

May 18, 2024 9:03 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा, प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता चुनाव प्रचार में जुटे।
  • प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज अंबाला, सोनीपत और दिल्ली में रैलियां करेंगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में प्रचार करेंगे।
  • इजरायली सेना ने रात में सैन्‍य कार्रवाई में गजा से तीन बंधकों के शव बरामद किए।
  • देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।
  • थाईलैंड ओपन बैडमिंटन में आज पुरुष और महिला डबल्‍स के सेमीफाइनल में भारतीय चुनौती रहेगी।

 

******

 

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। इस चरण में उत्‍तर प्रदेश के 14 सीटों, महाराष्‍ट्र की 13, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार और ओडिसा की पांच-पांच, झारखंड की तीन, जम्‍मू कश्‍मीर और लद्दाख की एक -एक सीट पर 20 मई को वोट डाले जाएंगे।

 

******

 

लोकसभा चुनाव के शेष चरणों के लिए प्रचार चरम पर है। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता देश के विभिन्‍न हिस्सों में जनसभाएं कर रहे हैं।

 

******

 

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी तथा कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी आज से दिल्‍ली में चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-

 

अब केवल सात दिन बचे हैं, जब दिल्ली के मतदाता राष्ट्रीय राजधानी की हाई प्रोफाइल सीटों पर जीत हासिल करने के लिए चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं को लुभाने के लिए राजनीतिक पार्टियां पहले से ही दिल्ली के अलगअलग हिस्सों में ताबड़तोड़ प्रचार अभियान चला रही हैं। दिल्ली के चुनावी अभियान में आज से और तेजी आएगी, जब भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जनसभा के जरिए मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए प्रचार अभियान में भाग लेंगे। नरेंद्र मोदी उत्तर पूर्वी दिल्ली में बीजेपी उम्मीदवार मनोज तिवारी के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करेंगे, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले अशोक विहार स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली जनसभा में शामिल होंगे। श्री गांधी चांदनी चौक सीट से पार्टी प्रत्याशी जयप्रकाश अग्रवाल के पक्ष में मतदाताओं को लुभाएंगे, वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी महाबल मिश्रा के पक्ष में जनसभा में शामिल होंगे। दिल्ली की सात सीटों पर 25 तारीख को मतदान होगा भूपेंद्र सिंह आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

******

 

श्री नरेन्‍द्र मोदी आज हरियाणा में भाजपा उम्‍मीदवारों के समर्थन में दो रैलियां करेंगे। वे अंबाला में और सोनीपत के गोहाना में रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए अंबाला और सोनीपत में धारा-144 लगा दी गई है और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्‍वर्गीय रतनलाल कटारिया की पत्‍नी श्रीमती बंटो कटारिया अंबाला में भाजपा उम्‍मीदवार हैं जबकि मोहनलाल बडोली सोनीपत से चुनाव लड रहे हैं। हरियाणा में 25 मई को वोट डाले जाएंगे। 

 

******

 

पंजाब में पर्चे वापस लेने के बाद अब कुल तीन सौ 28 उम्‍मीदवार मैदान में रह गए हैं। इन सीटों के लिए कुल चार सौ 66 उम्‍मीदवारों ने पांच सौ 98 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। एक रिपोर्ट-

 

राज्य के लोकसभा चुनाव में यह पहला अवसर है जब इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवार सभी 13 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी रण में कूदे हैंI इससे पहले सन 2019 के चुनाव में यह संख्या 278 जबकि 2014 के चुनाव में 253 थी। इस बार कुल 328 उम्मीदवारों में 302 पुरुष व केवल 26 ही महिला उम्मीदवार हैंI लुधियाना निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवारों की कुल संख्या 43 है जो कि राज्य में सबसे अधिक है जबकि सबसे कम 14 उम्मीदवार फतेहगढ़ साहिब सुरक्षित निर्वाचन क्षेत्र में हैंI अब आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार अभियान के ज़ोर पकड़ने की उम्मीद हैI शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार, जालंधरI

 

******

 

लोकसभा चुनावों के दौरान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की श्रृंखला में, आज हम इलाहाबाद लोकसभा सीट की जानकारी दे रहे हैं। इस सीट से जीतकर लाल बहादुर शास्त्री और वी पी सिंह देश के प्रधानमंत्री बने थे।

 

इस सीट पर पिछले दो चुनावों से भाजपा जीत रही है। वर्तमान में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आईं रीता बहुगुणा जोशी यहां से सांसद हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में रीता बहुगुणा जोशी ने समाजवादी पार्टी के राजेंद्र सिंह पटेल को एक लाख 84 हजार से अधिक मतों से हराया था। इस चुनाव में कांग्रेस के योगेश शुक्ल तीसरे स्थान पर रहे थे। इस बार इलाहाबाद सीट पर मुकाबला दो राजनीतिक वारिशों के बीच है। भाजपा ने पूर्व राज्यपाल और तीन बार यूपी विधानसभा के अध्यक्ष रहे पंडित केसरीनाथ त्रिपाठी के बेटे नीरज त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं इंडिया गठबंधन से कांग्रेस ने इस सीट पर दो बार सांसद रहे कुंवर रेवती रमण के बेटे उज्ज्वल रमण को मैदान में उतरा है। बसपा की ओर से रमेश पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है। सभी दलों ने अपने प्रत्याशियों की जीत के लिए प्रचार तेज कर दिया है। इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में कुल पांच विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें मेजा, करछना, इलाहाबाद दक्षिण, बारा और कोरांव शामिल हैं। इस संसदीय सीट पर 18 लाख से अधिक मतदाता 25 मई को 14 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। सुशील चन्‍द्र तिवारी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से फरहत नाज।

 

******

 

उत्‍तर प्रदेश में विभिन्‍न राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता और स्‍टार प्रचारक आज रोड शो और जनसभाएं करेंगे।

 

रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह आज लखनऊ और बस्‍ती में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह भी आज अमेठी में पार्टी उम्‍मीदवार स्‍मृति ईरानी के समर्थन में चुनावी रैली करेंगे। वे बांदा और झांसी में भी रैलियों को संबोधित करेंगे। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव श्रावस्‍ती, फैजाबाद, सुलतानपुर और  अम्‍बेडकर नगर में जनसभाओं में शामिल होंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी बाराबंकी में चुनाव प्रचार करेंगे, जबकि बहुजन समाज पार्टी की अध्‍यक्ष मायावती आज बस्‍ती में जनसभा करेंगी। लखनऊ से ओम अवस्‍थी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड संख्या में सीटें जीतने का भरोसा जताया है। कल मुंबई में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए की एक रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि वह वर्ष 2047 तक देश को विकसित करने के लिए सप्‍ताह में सातों दिन 24 घंटे काम कर रहे हैं।

 

और 2014 में जब कांग्रेस गई और हमें जब सत्ता सुपुर्द की तब देश की अर्थव्‍यवस्‍था छह नम्‍बर से ग्‍यारह नम्‍बर पहुंच गई थी। ये उन्‍होंने काम कर के गये हैं, और जब से आपने इस सेवक को काम दिया। दस साल में आज देश दुनिया की पांचवें नम्‍बर की आर्थिक ताकत बन करके खडा है।

 

श्री मोदी ने मतदाताओं से शांति, सुरक्षा और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया।

 

******

 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आश्वासन दिया कि डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर का संविधान किसी भी परिस्थिति में बरकरार रहेगा और भारत के नागरिक कुछ अन्य देशों की तरह स्थिति नहीं बनने देंगे। कल मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स ग्राउंड में इंडिया गठबंधन रैली में कांग्रेस अध्‍यक्ष ने बेरोजगारी को लेकर भी मोदी सरकार पर निशाना लगाया।

 

तीस लाख वैकेंसीस सरकार में खाली है, सेंट्रल गवर्नमेंट में, क्‍यों नही भर्ती कर रहे। वो सेंक्‍शन पोस्‍ट हैं और उसमें वो भर्ती करना नहीं चाहते। तीस लाख में कम से कम 15 लाख एससी, एसएसटी को मिलता है और बाकी के पचास पर्सेंट अलग लोगों को मिलता है। ये सब इतना रहने के बावजूद भी वो इम्पलॉएमेंट की तरफ ध्‍यान नहीं दे रहे।

 

******

 

इजरायल की सेना ने गजा से तीन बंधकों के शव बरामद किए हैं। इज़राइल रक्षा बल ने कहा कि रात भर चले ऑपरेशन में शव बरामद किए गए। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस खबर को बेहद दुखद बताया। हमास के बंदूकधारियों ने सात अक्टूबर को इज़राइल में भीषण हमले में लगभग एक हजार दो सौ लोगों की हत्‍या कर दी।

 

******

 

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन में देश के उत्‍तर-पश्चिम, मध्‍य और पूर्वी भाग में भीषण गर्मी की संभावना व्‍यक्‍त की है। विभाग ने कहा कि राजस्‍थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्‍ली में मंगलवार तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने का अनुमान है। देश के पूर्वी और मध्‍य हिस्‍सों में भी आज से यही स्थिति बनी रहेगी।

 

विभाग के अनुसार, देश के दक्षिणी भागों में इस महीने की 23 तारीख से छिटपुट से तेज वर्षा का अनुमान है। विभाग ने कहा कि तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराइकल, केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और कर्नाटक में मंगलवार तक तेज वर्षा हो सकती है। केरल में 20 और 21 तारीख को तेज वर्षा का अनुमान  व्‍यक्‍त किया गया है। पूर्वी भारत के अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, असम, नागालैंड, मणिपुर और मेघालय में भी सोमवार तक तेज वर्षा होने की सम्‍भावना है। देश के उत्‍तरपश्चिम, मध्‍य और पूर्वी भाग में अगले तीन से चार दिन में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढोतरी हो सकती है। दिल्‍ली में आज आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। समाचार कक्ष से मैं शक्ति प्रताप सिंह।

 

******

 

बैंकाक में थाइलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में आज पुरूष डबल्‍स के सेमीफाइल में भारत के चिराग शेट्टी और सात्विकसांईराज रंकी रेड्डी की जोडी का मुकाबला कोरिया की मिंग चे लू और तांग काई वेई से होगा। भारतीय जोडी ने क्‍वार्टर फाइनल में मलेशिया के जुनैदी आरिफ और रॉय किंग याप की जोडी को हराया था।

 

महिला डबल्‍स के सेमी-फाइनल में आज ही भारत की अश्विनी पोनप्‍पा तनीशा क्रास्‍टो की जोडी थाइलैंड की जोंगकोलफान किटीथराकुल और रविंडा प्राजोंगजई की जोडी के साथ खेलेगी।

 

पुरूष सिंगल्‍स के क्‍वार्टर फाइनल में विश्‍व के आठ नंबर के खिलाडी कुनलावुत वितिदशर्न ने मिराबा लुआंग मईसनाम को 21-12, 21-5 से हराया।

 

******

 

आईपीएल क्रिकेट में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जाइंट्स ने मुंबई इंडियंस को 18 रन से हरा दिया है। लखनऊ ने मुम्‍बई के सामने जीत के लिए 215 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में मुम्‍बई की टीम निर्धारित 20 ओवर में 196 रन ही बना सकी। इस जीत के बावजूद लखनऊ की टीम प्‍ले ऑफ की दौड से बाहर हो गई है। मुम्‍बई की टीम पहले ही इस दौड से बाहर है। आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।

 

******

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं निखिल कुमार

प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दिल्ली में शराब घोटाले मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को आरोपी बनाए जाने की खबर सभी अखबारों में है। नवभारत टाइम्स लिखता है पहली बार किसी मौजूदा मुख्यमंत्री पर मनी लांड्रिंग का आरोप सियासी दल भी आरोपी। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के आरोपों से आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ने को हिन्दुस्तान ने पहली खबर बनाते हुए लिखा है- पुलिस ने जांच तेज की। संयुक्त राष्ट्र द्वारा भारत के सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धिदर के अनुमान को बढ़ाकर 6 दशमलव 9 प्रतिशत किये जाने को अमर उजाला ने पहले पन्ने पर देते हुए लिखा है- पश्चिमी देशों की कंपनियों के लिए पसंदीदा ठिकाना बना भारत। चार धाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की मेडिकल जांच पर जोर और तीर्थ यात्रियों के सैलाब को रोकने के लिए, वीआईपी दर्शन पर 31 मई तक रोक, 19 मई तक रजिट्रेंशन नहीं। राजस्थान पत्रिका में प्रमुखता से है। पत्र आगे लिखता है- मंदिर परिसर के करीब रील बनाने की इजाजत नहीं। सर्वोच्च न्यायालय की यह टिप्पणी कि कीमती जंगलों को आग के खतरे से बचाने की जरूरत दैनिक जागरण में है। पत्र आगे लिखता है- राज्य में तीन दिन से तेज घूप से मौसम शुष्क हो गया है और जंगलों में एक बार फिर आग धधकने लगी है। भारतीयों की देश-विदेश की यात्राओं के ग्राफ में भारी उछाल को राजस्थान पत्रिका ने शीर्षक दिया है- खुलकर सैर-सपाटा। घरेलू सफर में 21 प्रतिशत और अंतर्राष्ट्रीय सफऱ में 4 प्रतिशत की वृद्धि। समूचे उत्तर-पश्चिम भारत के भीषण गर्मी के चपेट में आने को राष्ट्रीय सहारा ने पहली खबर बनाते हुए लिखा है- प्रचंड गर्मी, दिल्ली में पारा 47 के पार। पत्र के अनुसार 14 साल बाद सबसे गर्म रहा कल का दिन। वहीं, दैनिक भास्कर की सुर्खी है- देश में मानसून आने की तारीख भले की तय हुई, लेकिन बढ़ता तापमान अभी इम्तिहान ले रहा है।

 

******

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा, प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता चुनाव प्रचार में जुटे।
  • प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज अंबाला, सोनीपत और दिल्ली में रैलियां करेंगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में प्रचार करेंगे।
  • इजरायली सेना ने रात में सैन्‍य कार्रवाई में गजा से तीन बंधकों के शव बरामद किए।
  • देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में अगले कुछ दिन तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।
  • थाईलैंड ओपन बैडमिंटन में आज पुरुष और महिला डबल्‍स के सेमीफाइनल में भारतीय चुनौती रहेगी। 

******