Download
Mobile App

android apple
signal

May 13, 2024 10:31 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान जारी।
  • नौ राज्‍यों और एक केन्‍द्रशासित प्रदेश की 96 लोकसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
  • आंध्र प्रदेश और ओडिसा में विधानसभा चुनाव के लिए भी आज मतदान हो रहा है।
  • लोकसभा चुनाव के शेष चरणों के लिए भी प्रचार जारी; प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज बिहार में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे।
  • छह भारतीय पहलवानों ने पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया।
  • आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने डेल्‍ही कैपिटल्स को 47 रन से हराया।        

 ——

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में आज नौ राज्‍यों और एक केन्‍द्रशासित प्रदेश की 96 संसदीय सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इनमें आंध्र प्रदेश की 25, तेलंगाना की 17, उत्‍तर प्रदेश की 13, महाराष्‍ट्र की 11, मध्‍य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ सीटें, बिहार की पांच तथा झारखंड और ओडिसा की चार-चार सीट शामिल हैं। जम्‍मू-कश्‍मीर की एक सीट के लिए भी आज मतदान हो रहा है।

     

मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। निर्वाचन आयोग ने बताया है कि तेलंगाना के निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की अधिक भागीदारी के लिए मतदान का समय बढ़ाया गया है।

     

इस चरण में 17 करोड 70 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्‍तेमाल कर सकेंगे। कुल एक हजार सात सौ 17 उम्‍मीदवार मैदान हैं। प्रमुख उम्‍मीदवारों में केन्‍द्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह, अर्जुन मुण्‍डा, जी. किशन रेड्डी, अजय कुमार मिश्रा, जनता दल युनाईटेड के राजीव रंजन सिंह, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी, तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा और शत्रुघ्‍न सिन्‍हा तथा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के असदुद्दीन ओवैसी शामिल हैं।

     

हमारे संवाददाता ने बताया है कि मतदान स्थलों पर मतदाताओं के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी गई हैं।

 

मतदान के लिए कोई कुल एक लाख 92 हजार मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां 19 लाख से अधिक मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार मतदान वाले इन संसदीय क्षेत्र में तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है और लू जैसे स्थिति भी नहीं होगी। हालांकि मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्र पर प्राप्त व्यवस्था की है जिसमें पेयजल, चेयर, शौचालय, रैंप, व्‍हीलचेयर और बिजली शामिल है। पिछले तीन चरणों को मिलाकर अब तक 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 283 संसदीय क्षेत्र में मतदान सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो चुका है। सुपर्णा सैकिया के साथ आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली!

     

आज ही आंध्र प्रदेश में एक सौ 75 और ओडिसा की 28 विधानसभा सीटों के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं।

—–

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में उत्तर प्रदेश में 13 सीटों के लिए मतदान हो रहा हैं। इनमें कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, बहराइच, इटावा, उन्नाव, सीतापुर, शाहजहांपुर आदि सीट शामिल हैं। ताजा स्थिति जानने के लिए चलते हैं हमारे वरिष्ठ सहयोगी सुशील चंद तिवारी के पास।

  1. सुशील, इस चरण में प्रमुख उम्मीदवार कौन-कौन हैं और क्या राजनीतिक समीकरण है?

—–

उत्तर प्रदेश में आज कई स्टार प्रचारक अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए रैलियां करेंगे। प्रधानमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र मोदी भी आज शाम वाराणसी में एक रोड शो करेंगे।

 

ये पांचवीं बार होगा जब वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र मोदी वाराणसी में अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के बीच मेगा रोड शो करेंगे और 2019 के संसदीय चुनावों और 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी रोड शो किया था। लगभग 5 किलोमीटर लंबा रोड शो आज शाम 4 बजे बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के बाहर महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू होने वाला है। पीएम का रोड शो लंका चौराहे से सोनारपुरा, जंगमबाड़ी, गोदौलिया, बांसफाटक क्षेत्र होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पर खत्म होगा। इस रोड शो में लघु भारत की तस्वीर दिखेगी जिसमें अलग-अलग राज्यों की स्थानीय वेशभूषा पहने लोगों के साथ खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे। नरेंद्र मोदी आज रात वाराणसी में ही रुकेंगे और कल अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं दूसरी ओर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज रायबरेली में अपनी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ संयुक्त रूप से चुनाव प्रचार में शामिल होंगे। सुशील चन्‍द्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

—-

महाराष्ट्र में आज जालना, औरंगाबाद, अहमदनगर, शिरडी और बीड सहित 11 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।

 

 प्रार्थना,  राज्य में चुनावी परिदृश्य कैसा है?

—–

इस बीच, केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज महाराष्ट्र के धुले और पालघर जिलों में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।

—–

मध्य प्रदेश में आज आदिवासी बहुल मालवा निमाड़ क्षेत्र में फैली आठ लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इन सीटों पर 50 लाख से ज्यादा आदिवासी वोट निर्णायक भूमिका में हैं।

     

मध्य प्रदेश में चौथे चरण की आठ लोकसभा सीटों इंदौर, धार, रतलाम, खंडवा, उज्जैन, मंदसौर, खरगोन और देवास में 79 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिनमें 74 पुरुष और 5 महिला उम्मीदवार हैं। सबसे अधिक 14 उम्मीदवार इंदौर में और सबसे कम 5 प्रत्याशी खरगौन में है। इस चरण के कुछ खास उम्मीदवारों में इंदौर से मौजूदा सांसद शंकर लालवानी, रतलाम से कांतिलाल भूरिया,खंडवा से ज्ञानेश्वर पटेल,खरगौन से गजेंद्र सिंह पटेल,मंदसौर से सुधीर गुप्ता, उज्जैन से अनिल फिरोजिया और देवास से महेंद्र सिंह सोलंकी शामिल हैं। चौथे चरण के आठ संसदीय क्षेत्रों में कुल 1 करोड़ 63 लाख से ज्यादा मतदाताओं के लिए 18 हजार मतदान केन्द्र बनायें गये हैं। मतदाताओं में करीब 82 लाख 48 हजार पुरुष और 81 लाख 22 हजार महिला मतदाता हैं। इस चरण में 18 से 29 साल के करीब 45 लाख मतदाताओं की भूमिका अहम मानी जा रही है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार भोपाल।

—–

तेलंगाना में लोकसभा की 17 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इनमें करीमनगर, सिकंदराबाद, हैदराबाद, वारंगल और खम्मम सीट प्रमुख हैं।

 

लक्ष्‍मी, आप इस समय किस मतदान केंद्र पर हैं और वहां माहौल कैसा है?

—-

बिहार में आज बेगूसराय, समस्‍तीपुर, उजियारपुर, मुंगेर और दरभंगा लोकसभा सीट के लिए मतदान हो रहा है।

मतदान केन्‍द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही है। विशेषकर महिला मतदाता उत्‍साह से इसमें भाग ले रही हैं।

—-

प्रधानमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र मोदी आज बिहार में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। श्री मोदी हाजीपुर में अपनी पहली बैठक लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान के समर्थन में संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय जनता दल ने हाजीपुर सीट से पूर्व मंत्री श्योचंद्र राम को मैदान में उतारा है।

—-

आन्ध्र प्रदेश में 25 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। यहां हमारे संवाददाता नागार्जुन मतदान की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।

 

नागार्जुन, आप बताएं आप कहां है और मतदान कैसा चल रहा है?

—-

आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हरा दिया है। इससे पहले कल शाम हुए एक अन्‍य मुकाबले में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स ने राजस्‍थान रॉयल्‍स को पांच विकेट से हरा दिया।

     

आज अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।

—–

पेरिस ओलंपिक में भारत के छह पहलवान शामिल होंगे, जिनमें पांच महिलाएं हैं। अमन सहरावत और निशा दहिया ने इस्तांबुल, तुर्की में विश्व ओलंपिक कुश्ती क्वालीफायर में भारत के कोटा की संख्या छह तक पहुंचा दी। इससे पहले, विनेश फोगाट, अंतिम पंघाल, अंशू मलिक और रीतिका हुडा अलग-अलग क्वालीफाइंग स्पर्धाओं में पेरिस खेलों के लिए क्वालीफाई कर चुके थे।

—-

धन्‍यवाद कनक,

     

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान और प्रधानमंत्री का बयान आज के अखबारों की अहम सुर्खि‍यां है। जनसत्‍ता की हेडलाइन है- 96 सीट पर एक हजार सात सौ 17 उम्‍मीदवार मैदान में। अखबारों ने प्रधानमंत्री मोदी के पटना में रोड-शो को पहले पन्‍ने पर जगह दी है।

हिन्‍दुस्‍तान ने मोदी के सीएए, आरक्षण और आस्‍था पर पांच वादे तथा केजरीवाल की मुफ्त बिजली और दो करोड रोजगार सहित दस गारंटी को प्रमुखता दी है।

     

राजस्‍थान पत्रिका ने पडोस में हलचल शीर्षक से लिखा है- पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले कश्‍मीर में जरूरी चीजों की किल्‍लत से बगावत पर उतरे लोग, पीओके में लहराया तिरंगा, भारत में विलय की मांग ने पकडा जोर।

     

नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है- राष्‍ट्रपति जरदारी ने आज बुलाई इमरजेंसी मीटिंग।

     

राष्‍ट्रीय सहारा ने दिल्‍ली के अस्‍पतालों और एयरपोर्ट को उडाने की धमकी पर लिखा है- हवाई अड्डा और दिल्‍ली के सभी अस्‍पतालों में सुरक्षा कडी।

     

चार धाम यात्रा शुरू होने का समाचार अखबारों में सचित्र है। हरिभूमि लिखता है- गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ उत्‍तराखंड में चार धाम यात्रा की विध‍िवत शुरूआत हल्‍की बारिश, आर्मी बैंड और ढोल-नगाडों की मधुर धुन भगवान बदरी विशाल की स्‍तुति के साथ खुल गए कपाट।

     

दैन‍िक भास्‍कर ने यमुनोत्री में श्रद्धालुओं की भीड से हालात बिगडने का समाचार देते हुए लिखा है-सात घंटे यात्रा बंद, सडक पर 15 किलोमीटर जाम।

     

जनसत्‍ता ने मौसम विभाग का अनुमान दिया है- उत्‍तर भारत में आंधी-पानी का दौर, चार दिन बाद से चलेंगी गर्म हवाएं।

     

अमर उजाला के पहले पन्‍ने की खबर है- 29वीं बार माउंट एवरेस्‍ट फतह करने वाले पहले पर्वतारोही बने कामी रीता शेरपा।

     

हरियाणा बोर्ड की 10वीं कक्षा के परिणाम पर दैनिक ट्रिब्‍यून लिखता है – बेटियां आगे, पंचकूला टॉपर, नूंह फिसड्डी।

     

नवभारत टाइमस ने आई सी एम आर के हवाले से लिखा है – पैक्‍ड फूड के लेबल गलत हो सकते हैं।

—–

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान जारी।
  • नौ राज्‍यों और एक केन्‍द्रशासित प्रदेश की 96 लोकसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
  • आंध्र प्रदेश और ओडिसा में विधानसभा चुनाव के लिए भी आज मतदान हो रहा है।
  • लोकसभा चुनाव के शेष चरणों के लिए भी प्रचार जारी; प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज बिहार में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे।
  • छह भारतीय पहलवानों ने पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया।
  • आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने डेल्‍ही कैपिटल्स को 47 रन से हराया।   

 —-