मुख्य समाचार:-
- लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। ओडिशा में विधानसभा चुनाव के पहले चरण और आंध्र प्रदेश में एक ही चरण के विधानसभा चुनाव के लिए भी प्रचार आज ही संपन्न हो रहा है।
- प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने कहा – सेना की कार्रवाई क्षमता को सशक्त बनाने के लिए तीनों अंगों की एकीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने की जरूरत।
- भारत ने फलस्तीन को संयुक्त राष्ट्र की पूर्ण सदस्यता संबंधी प्रस्ताव के मसौदे के पक्ष में मतदान किया।
- राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी, तेज़ हवाएँ और बारिश हुई।
- निशा दहिया ने महिला कुश्ती में भारत के लिए पांचवां ओलंपिक कोटा हासिल किया।
****
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। ओडिशा में विधानसभा चुनाव के पहले चरण और आंध्र प्रदेश में एक ही चरण के विधानसभा चुनाव के लिए भी प्रचार आज ही संपन्न हो रहा है।
****
लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो रहा है। राजनीतिक दलों के अनुरोध को देखते हुए राज्य की 17 लोकसभा सीटों के 119 विधानसभा निर्वाचन-क्षेत्रों में से अधिकतर के लिए मतदान का समय एक घंटे बढा दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने चुनाव तैयारियों की समीक्षा की और शराब सहित अन्य सामग्री मुफ्त बांटे जाने की आशंका वाले इलाक़ों में रात में अधिक चौकसी बरतने और औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
****
चौथे चरण में नौ राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 96 सीटों पर 13 मई को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में आंध्रप्रदेश की 25, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्यप्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिसा की चार, तेलंगाना की 17, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की आठ और जम्मू कश्मीर की एक सीट शामिल है। विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं।
****
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज ओडिशा और झारखंड में चुनावी रैली करेंगे।
****
श्री नरेन्द्र मोदी आज ओडिशा में कंधमाल, बोलांगीर और बारगढ निर्वाचन-क्षेत्रों में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वे भुवनेश्वर में एक विशाल रोड-शो करेंगे। जिसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
****
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज आंध्र्रप्रदेश और प्रियंका गांधी महाराष्ट्र में जनसभाएं करेंगे।
****
प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा के पास पिछले 10 वर्षों के दौरान देश में कई समस्याओं के समाधान का ट्रैक रिकॉर्ड है। दूसरी ओर कांग्रेस के पास अपने पिछले कार्यकाल के दौरान विरासत की राजनीति और भ्रष्टाचार का ट्रैक रिकॉर्ड है। श्री मोदी ने लोगों से वोट देने के लिए किसी पार्टी को चुनते समय सतर्क रहने को कहा। हैदराबाद में एलबी स्टेडियम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश अगले महीने की 4 तारीख को जीतेगा।
इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नाकरेकल में प्रचार किया। उन्होंने उपलब्धियों और घोषणापत्र के बारे में नहीं बोलने के लिए भाजपा की आलोचना की। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शादनगर में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। भारत राष्ट्र समिति के प्रमुख के.चंद्रशेखर राव ने सिरसिला में एक रोड शो किया और कल शाम सिद्दीपेट में जनसभा को संबोधित किया।
****
तेलंगाना में मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने कांग्रेस नेता और राज्य के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की अमर्यादित टिप्पणी के लिए प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व से स्पष्टीकरण मांगा है। श्री रेड्डी ने एक चुनाव सभा में, भारत राष्ट्र समिति के अध्यक्ष के. चन्द्रशेखर राव के खिलाफ आपत्तिजनक, निजी और अभ्रद भाषा का प्रयोग किया था। श्री रेड्डी ने 48 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा है।
****
तेलंगाना में, आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के सिलसिले में, भारतीय जनता पार्टी के नेता नवनीत राणा के खिलाफ भी एक मामला दर्ज किया है। यह मामला बुधवार को शादनगर में, एक रैली के दौरान कांग्रेस पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
****
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में सोमवार 13 मई को आठ सीटों पर मतदान होगा। इन सभी सीटों पर आज शाम छह बजे प्रचार समाप्त हो रहा है।
मध्य प्रदेश में चौथे चरण में आठ लोकसभा क्षेत्रों देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन और खंडवा में 13 मई को मतदान होना है। चौथे चरण में मध्य प्रदेश में मालवा निर्माण क्षेत्र में प्रचार परवान पर है। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रतलाम और इंदौर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा देवास और धार में और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उज्जैन में प्रचार करेंगे। वहीं कांग्रेस की ओर से प्रचार की कमान वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह संजय कपूर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पार्टी के अन्य नेता संभाल रहे हैं। संजीव शर्मा आकाशवाणी समाचार भोपाल।
****
लोकसभा निर्वाचन-क्षेत्रों से परिचय की श्रृंखला में आज हम उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट की चर्चा कर रहे हैं । इस सीट पर पांचवें चरण में मतदान होगा। यह सीट नेहरू-गांधी परिवार का मजबूत गढ रही है और यहां से कांग्रेस ने अब तक 17 बार चुनाव जीते हैं। इस बार के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने राहुल गांधी को उम्मीदवार बनाया है और ब्यौरा हमारे संवाददाता ओम अवस्थी से।
रायबरेली लोकसभा सीट पर 17 लाथ 83 हजार आठ सौ 85 मतदाता 20 मई को आठ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें नौ लाख 31 हजार एक सौ 71 पुरुष मतदाता आठ लाख 52 हजार छह सौ 78 महिला मतदाता और 36 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी जैसे कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को संसद पहुंचने वाली सीट पर कांग्रेस आज तक सिर्फ तीन बार चुनाव हारी है। जिसमें दो बार भाजपा और एक बार जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है बसपा – सपा आज तक इस सीट पर खाता नहीं खोल पाए हैं। 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में केवल एक लोकसभा सीट रायबरेली ही जीत सकी थी। सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने के बाद राहुल गांधी के सामने उत्तर प्रदेश में गांधी परिवार का अंतिम किला बचाने की चुनौती होगी।
****
सेना के तीनों अंगों के एकीकरण के लिए दूसरा दो-दिवसीय परिवर्तन चिंतन सम्मेलन कल नई दिल्ली में संपन्न हुआ। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए इस एकीकरण प्रक्रिया को तेज़ करने पर बल दिया ताकि सेना की समेकित दक्षता में वृद्धि हो। श्री चौहान ने विश्वास व्यक्त किया कि इस सम्मेलन से देश की क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय संप्रभुता के बेहतर तरीके से संरक्षण कर पायेगा।
****
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में बारह माओवादी मारे गए हैं। कल कई घंटों तक चली मुठभेड़ के बाद इलाके से बारह माओवादियों के शव और बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए हैं। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों के दो जवान घायल भी हुए हैं।
****
भारत ने कल फलस्तीन के संयुक्त राष्ट्र का पूर्ण सदस्य बनने के प्रयास का समर्थन करने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव के मसौदे के पक्ष में मतदान किया। 193 सदस्यीय महासभा की कल आपातकालीन विशेष सत्र की बैठक हुई जहां संयुक्त अरब अमारात ने संयुक्त राष्ट्र में फलस्तीन राज्य की पूर्ण सदस्यता के समर्थन में अरब समूह का प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
****
अफगानिस्तान में देश के उत्तरी हिस्से में अचानक आई बाढ़ से कम से कम 50 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हो गए। तालिबान के अधिकारियों के अनुसार कल भारी बारिश से बगलान प्रांत के पांच जिले प्रभावित हुए। अफगानिस्तान पिछले कुछ हफ्तों में असामान्य रूप से भारी बारिश से प्रभावित हुआ है अप्रैल के मध्य से बाढ़ के कारण लगभग 100 लोगों की मौत हो गई है। वहां हर साल मूसलाधार बारिश और बाढ़ से बहुत से लोगों की मौत होती है। यह देश जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से दुनिया के सबसे अधिक जोखिम वाले देशों में से एक है।
****
मौसम विभाग ने देश के मध्यवर्ती, पूर्वी और दक्षिणी प्रायद्वीपीय इलाक़ों में सोमवार तक गरज के साथ तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। कल तक पश्चिम-बंगाल और सिक्किम में तेज़ हवाएं चलने और बिहार तथा झारखंड में भी कल तक गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। आकाशवाणी से विशेष बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जैनामणि ने बताया है कि
13 तारीख को जो फेज फॉर का इलेक्शन हो रहा है मेनली जो तेलंगाना, रायलसीमा, कोस्टल आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गेंगेटिक वेस्ट बैंगल और दक्षिण उडिसा उस सारा जगह में जो तापमान है, बादल रहने से और बरसात होने के कारण काफी कम रहेगा लेकिन आगे जो भविष्वाणी है यही है कि वैस्टर्न डिस्टर्बेंस के इंपैक्ट से क्लाउडिंग और सारे उत्तर भारत में लाइट रेन रहेगा।
कल रात दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं और धूल भरी आंधी से कई पेड़ गिर गए और यातायात प्रभावित हुआ। खराब मौसम के कारण कुछ उडानों के मार्ग में परिवर्तन भी किया गया।
****
भाला फेंक खिलाडी नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में दूसरा स्थान हासिल किया। वो सिर्फ दो सेंटीमीटर से शीर्ष स्थान पर आने से चूक गए। उन्होंने 88 दशमलव 36 मीटर दूरी तक भाला फेंका, वहीं पहले स्थान पर रहे जैकब वडलेज ने 88 दशमलव 38 मीटर का थ्रो किया था। एशियाई खेलों के पदक विजेता किशोर जेना ने 76 दशमलव 31 मीटर का थ्रो के साथ नौवें स्थान पर रहे।
****
भारतीय महिला पहलवान निशा दहिया ने विश्व ओलंपिक खेल क्वालीफायर के दौरान देश को पेरिस ओलंपिक का कोटा दिलाया। निशा पांचवीं भारतीय महिला पहलवान हैं जिन्होंने इस साल जुलाई-अगस्त में होने वाले पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल किया है। निशा 68 किग्राम वर्ग के फाइनल में पहुंच गई हैं। निशा ने सेमीफाइनल में रोमानिया की 58वीं रैंकिंग की एलेक्सांद्रा अनघेल को 8-4 से हराया।
****
आईपीएल क्रिकेट में आज कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जायेगा। कल हुए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 35 रन से हरा दिया। गुजरात ने चेन्नई के सामने 232 रन का लक्ष्य रखा, जवाब में चेन्नई की टीम आठ विकेट पर 196 रन ही बना सकी। गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट पर 231 रन बनाए थे।
****
भारत की लोककला और जनजातीय परंपराओं को दर्शाने वाली प्रदर्शनी- स्वदेश का दुबई में आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य मंजुला कला और गोंड कला सहित देश के कई क्षेत्रों के अल्पज्ञात कला-स्वरूपों से लोगों को परिचित कराना था। क्यूरेटर विदिशा पांडेय ने बताया कि बिहार में टिकुली और मंजूषा कला भी हैं लेकिन लोग इनके बारे में कम जानते हैं। प्रदर्शनी में बिहार की मिथिला पेंटिंग, तमिलनाडु की कोलम कलाकृति, महाराष्ट्र की जनजातीय कला और केरल की विख्यात मुरली कला परंपरा मंडल कला थैरेपी को प्रमुखता से दर्शाया गया।
****
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय-एनएसडी स्कूली बच्चों के लिए 23 मई से ग्रीष्मकालीन नाट्य कार्यशाला का आयोजन कर रहा है। एनएसडी ने बताया कि इसमें आठ से सोलह वर्ष तक के बच्चे भाग ले सकते हैं। यह कार्यशाला 15 जून तक प्रतिदिन दोपहर साढे तीन बजे से शाम सात बजे तक होगी। इस कार्यशाला में भाग लेने के लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं। अधिक जानकारी के लिए एनएसडी की वेबसाइट पर संपर्क किया जा सकता है।
****
समाचार पत्रों की सुर्खियों से –
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनाव प्रचार के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा रिहाई के आदेश के बाद जमानत मिलने की खबरें सभी अखबारों में है। हिन्दुस्तान ने इसे चुनावी बेल बताते हुए लिखा है- प्रचार करेंगे, ऑफिस नहीं जा सकेंगे, 2 जून को करना होगा आत्मसमर्पण।
दिल्ली एनसीआर में कल आई आंधी और बारिश को पंजाब केसरी सहित सभी अखबारों ने सचित्र देते हुए लिखा है- सडकों पर लम्बा जाम लगा, नौ उडानें करनी पडी डाइवर्ट।
नवभारत टाइम्स को उम्मीद है कि आज और कल भी आंधी और हल्की बारिश होगी। पत्र ने आगे लिखा है- करीब सात दिन के बाद प्रदूषण सामान्य रहा।
उधर, राष्ट्रीय सहारा ने उत्तर भारत में जारी भीषण गर्मी पर लिखा है- स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, हीट वेव से हीट स्ट्रोक के मामले में वृद्धि। पत्र ने जानकारी दी है कि जब पसीना आना बंद हो जाता है तब शरीर में बढने वाला तापमान हानिकारक हो तो है और ऐसे में डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए।
दिल्ली हाईकोर्ट का यह निर्देश कि मानदंडों का उल्घंन करने वाले कोचिंग सेंटरों को बंद किया जाए राष्ट्रीय सहारा में है। पत्र आगे लिखता है- हाईकोर्ट ने एमसीडी और डीडीए को दिए सख्त निर्देश।
अक्षय तृतीया के अवसर पर कल केदारनाथ धाम के कपाट खुलने को दैनिक भास्कर सहित सभी अखबारों ने सचित्र दिया है। पत्र कहता है- कडाके की ठंड के बीच भक्तों में उत्साह की गर्मी, चार धाम यात्रा शुरू। पहले ही दिन रिकॉर्ड टूटा, 32 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की 75 और उडानें हुई रद्द शीर्षक से दैनिक जागरण लिखता है- एयर लाइन ने कल तक परिचालन सामान्य होने की उम्मीद जताई।
अमर उजाला की खास खबर है- लाल चौक अब दशहत का बाजार नहीं, सजती है सैलानियों की महफिल, देर रात तक पर्यटकों का रहता है जमावडा। पत्र ने झरनों और रंग-बिरंगी रौशनी के बीच सैलफी प्वॉइंट का चित्र भी दिया है।
साइबर अपराध से निपटने के लिए एकजुट हो सरकारी एजेंसियां हरी भूमि में है। पत्र के अनुसार धोखेबाजों के नेटवर्कों को नष्ट कर डिजिटल खतरों से बचाया जाएगा।
अमर उजाला की सुर्खी है- साइबर अपराधों पर दूरसंचार विभाग और गृह मंत्रालयों ने कसा शिकंजा। बीस लाख कनेक्शनों की होगी जांच। संदिग्ध संदेश भेजने में लिप्त 52 संस्थाएं काली सूची में।
राजस्थान पत्रिका ने बडे मिशन की तैयारी शीर्षक से लिखा है- रहे न रहे हम दुनिया के दो सौ 75 भाषाएं हमेशा रहेगी चांद पर। पत्र के अनुसार युनेस्को ने जापान की एक कंपनी के साथ बनाई योजना।
दैनिक भास्कर ने स्वच्छ अंतरिक्ष शीर्षक से लिखा है- अंतरिक्ष का कचरा साफ करेंगे स्टार्टअप। ऑटो पैराशूट, रोबोटिक आर्म और खास स्पेसक्राफ्ट से 25 हजार बेकार पडे उपग्रह हटाने की तैयारी।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। ओडिशा में विधानसभा चुनाव के पहले चरण और आंध्र प्रदेश में एक ही चरण के विधानसभा चुनाव के लिए भी प्रचार आज ही संपन्न हो रहा है।
- प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने कहा – सेना की कार्रवाई क्षमता को सशक्त बनाने के लिए तीनों अंगों की एकीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने की जरूरत।
- भारत ने फलस्तीन को संयुक्त राष्ट्र की पूर्ण सदस्यता संबंधी प्रस्ताव के मसौदे के पक्ष में मतदान किया।
- राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी, तेज़ हवाएँ और बारिश हुई।
- निशा दहिया ने महिला कुश्ती में भारत के लिए पांचवां ओलंपिक कोटा हासिल किया।
****