Download
Mobile App

android apple
signal

May 7, 2024 9:37 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान जारी।
  • निर्वाचन आयोग ने सातवें और अंतिम चरण के लिए अधिसूचना जारी की।
  • चुनाव प्रचार के दौरान आचार संहिता के उल्‍लंघन पर निर्वाचन आयोग ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी और टी.डी.पी. प्रमुख एन. चंद्र बाबू नायडू की निंदा की।
  • दिल्ली के उपराज्यपाल ने आंतकी संगठनों से धन लेने के मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एन.आई.ए. से जांच की सिफारिश की।
  • मौसम विभाग ने कहा; आज से देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्‍से में गर्मी का प्रकोप कम होगा।
  • भारतीय मुक्केबाजों ने कजाकिस्तान में ए.एस.बी.सी. एशियन अंडर-22 और यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 43 पदक सुनिश्‍चित किए।

*******

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान जारी है। इस चरण में दस राज्‍य और एक केंद्रशासित प्रदेश की 93 लोकसभा सीट के लिए वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। तीसरे चरण में गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्‍ट्र की 11 और उत्‍तर प्रदेश की 10 सीट के अलावा मध्‍य प्रदेश की 9, छत्तीसगढ की 7, बिहार की 5, असम और पश्चिम बंगाल की 4-4, गोवा और दादरा तथा नगर हवेली और दमन की 2-2 सीट पर वोट डाले जाएंगे। एक रिपोर्ट-

जम्‍मू-कश्‍मीर के अनंतनाग-राजौरी निर्वाचन क्षेत्र में तीसरे चरण में होने वाला मतदान अब छठे चरण में होगा। इसके अलावा गुजरात की सूरत लोकसभा सीट पर उम्‍मीदवार के निर्विरोध निर्वाचित होने के कारण मतदान नहीं होगा। मध्‍य प्रदेश की बैतुल सीट पर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्‍याशी के निधन के कारण इस सीट पर दूसरे चरण में होने वाला मतदान आज तीसरे चरण में हो रहा है। लगभग 18 लाख 50 हजार मतदानकर्मी एक लाख 85 हजार मतदान केंद्रों पर तैनात किए गए हैं। इस चरण में सत्रह करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं जिनमें 8 करोड 85 लाख पुरुष और 8 करोड 39 लाख महिला मतदाता हैं। इस चरण में एक हजार तीन सौ 31 उम्‍मीदवारों के राजनीतिक भाग्‍य का निर्णय होगा। इस चरण में बडी संख्‍या में विदेशी प्रतिनिधि भारत के मतदान प्रक्रिया और प्रबंधन को देखेंगे। 23 देशों के 75 प्रतिनिधि अंतरराष्‍ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम के अंतर्गत 6 राज्‍यों में मतदान केंद्रों का दौरा करेंगे। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं के लिए विभिन्‍न आवश्‍यक सुविधाएं उपलब्‍ध कराई हैं। इस चरण में कई दिग्‍गजों के राजनीतिक भाग्‍य का निर्णय होगा। इनमें वरिष्‍ठ भाजपा नेता अमित शाह, मनसुख मांडविया, ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया, प्रलहाद जोशी, शिवराज सिंह चौहान तथा बसवराज बोम्‍मई, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, समाजवादी पार्टी नेता डिंपल यादव, राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) नेता सुप्रिया सुले शामिल हैं। समाचार कक्ष से अल्‍का सिंह

*******

अहमदाबाद से चुनाव की ताजा अपडेट लेते हैं हमारी संवाददाता अपर्णा खुंट से-

प्रश्‍न-1- अपर्णा, गुजरात तथा दादरा और नगर हवेली में मतदाताओं में कैसा उत्‍साह है?

प्रश्‍न-2- अपर्णा, गांधीनगर सीट से बडे नेता चुनाव लडते रहे हैं, इस बार केन्‍द्रीय गृहमंत्री अमित शाह चुनाव मैदान हैं? आपके पास और क्‍या जानकारी है?

धन्‍यवाद अपर्णा, ये थीं अहमदाबाद से हमारी संवाददाता अपर्णा खुंट।

*******

कर्नाटक में 14 लोक सभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें दो करोड़ 88 लाख से अधिक मतदाता दो सौ 27 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कंरेगे। शोरापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए भी आज ही उपचुनाव हो रहा है। वहां भाजपा और कांग्रेस समेत छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

*******

इस समय फोन लाइन पर हैं, महाराष्‍ट्र में मुम्‍बई से प्रार्थना

प्रश्‍न-1- प्रार्थना इस समय मतदान की क्‍या स्थिति है। निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए क्‍या विशेष व्‍यवस्‍था की है?.

धन्‍यवाद प्रार्थना इस जानकारी के लिए।

*******

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनावों के तीसरे चरण में आज नौ लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। एक रिपोर्ट-

मध्य प्रदेश में आज मुरैना, भिण्ड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल में वोट डाले जा रहे हैं। तीसरे चरण में कुल एक करोड़ 77 लाख से ज्यादा मतदाता एक सौ 27 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। सबसे अधिक 22 उम्मीदवार भोपाल में और सबसे कम सात प्रत्याशी भिंड में है। इस चरण के कुछ खास उम्मीदवारों में गुना से केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, झाबुआ से पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, विदिशा से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भोपाल से पूर्व महापौर आलोक शर्मा शामिल हैं। मतदान का दायित्व 80 हजार से ज्यादा कर्मचारी संभाल रहे हैं। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल

*******

आगरा उत्‍तर के एक मतदान केन्‍द्र पर इस समय हमारे संवाददाता दुर्गेश भदौरिया मौजूद हैं। आइए उनसे मतदान की ताजा जानकारी लेते हैं।

प्रश्‍न-1- दुर्गेश आगरा में मतदान कैसा चल रहा है।

प्रश्‍न-2- दुर्गेश भीषण गर्मी पड़ रही है, इस पूरे आगरा क्षेत्र में मतदाताओं के लिए क्‍या सुविधाएं हैं।

धन्‍यवाद दुर्गेश इस जानकारी के लिए, ये थे हमारे संवाददाता आगरा से।

*******

बिहार में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में पांच लोकसभा क्षेत्रों सुपौल, अररिया, मधेपुरा, झंझारपुर और खगड़िया में मतदान जारी है। एक रिपोर्ट…

मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। बिहार के पांचो संसदीय क्षेत्रों में विभिन्न मतदान केंद्रो पर वोटरों की लंबी कतारें लगी हुई है‌। कोसी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीण इलाकों में मतदान शुरू होने से पहले ही मतदाताओं की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी। बाढ़ प्रभावित सुपौल संसदीय क्षेत्र के सरायगढ़ भपटियाही और किशनपुर क्षेत्रों में किसान और महिला वोटर अपने छोटे बच्चों को लेकर मतदान केंद्र पहुंचे हुए हैं। लोकतंत्र के इस महापर्व में महिला और बुजुर्ग मतदाताओं की भागीदारी देखते ही बन रही है।‌ गर्मी में कमी आने और मौसम अनुकूल रहने से मतदान प्रतिशत बेहतर रहने की संभावना है‌‌। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, सुपौल।

*******

निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस चरण में सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 सीटों पर मतदान होगा।

*******

निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रचार के दौरान भाषणों में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और वाई.एस.आर.-YSR कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी और तेलुगुदेशम पार्टी के अध्यक्ष एन चंद्र बाबू नायडू की निंदा की है।

*******

दिल्‍ली के उपराज्‍यपाल विनय कुमार सक्‍सेना ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कथित रूप से प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से चंदा लेने के मामले में राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण द्वारा जांच की सिफारिश की है।

*******

मौसम विभाग ने आज से देश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्‍सें में भीषण गर्मी की स्थिति में कमी होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। इस बीच अगले तीन दिनों तक पश्चिमी भारत में गुजरात, राजस्‍थान और मध्‍य प्रदेश में भीषण गर्मी की स्थिति रहेगी।

*******

कजाकिस्तान के अस्ताना में एशियाई अंडर-22 और यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाजों ने कुल 43 पदक सुनिश्चित किए हैं। अंडर-22 फाइनल में आज आठ महिला और चार पुरुष मुक्केबाज भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

*******

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं – देवेन्‍द्र त्रिपाठी।

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान अखबारों की बड़ी खबर है। दैनिक भास्कर की सुर्खी है- आधा चुनावी सफर पूरा होगा आज, रचें इतिहास। 543 सीटों में से 283 पर मतदान हो जाएगा सम्‍पन्‍न। केंद्रीय गृहमंत्री से लेकर क्रिकेटर तक मैदान में। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर हिन्दुस्तान की सुर्खी है- राजनीतिक दल संज्ञान में आने के तीन घंटे के भीतर अपनी सोशल मीडिया अकांउट से फर्जी सामग्री हटाएं। झारखंड में ग्रामीण विकास मंत्रालय के टेंडर कमीशन घोटाले में हुई कार्रवाई पर अमर उजाला का शीर्षक है- मंत्री के पीएस का नौकर भी धन्ना सेठ, प्रवर्तन निदेशालय को मिले 35 करोड़ रुपये। नोटों की बरामदगी में घिरे कांग्रेस के मंत्री आलम, आठ मशीनों से की गई नोटों की गिनती। राष्ट्रीय सहारा की बड़ी खबर है दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए जांच की सिफारिश। आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस से एक करोड़ 60 लाख डॉलर लेने के आरोप की जांच के लिए उपराज्यपाल ने गृहमंत्रालय को लिखा पत्र। नवभारत टाइम्स की अहम खबर है- उत्तराखंड में फैल रही आग, सर्वोच्च न्यायालय में कल होगी सुनवाई। हुमायु के बाद गढवाल में भी आग ने पकड़ा जोर।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान जारी।
  • निर्वाचन आयोग ने सातवें और अंतिम चरण के लिए अधिसूचना जारी की।
  • चुनाव प्रचार के दौरान आचार संहिता के उल्‍लंघन पर निर्वाचन आयोग ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी और टी.डी.पी. प्रमुख एन. चंद्र बाबू नायडू की निंदा की।
  • दिल्ली के उपराज्यपाल ने आंतकी संगठनों से धन लेने के मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण से जांच की सिफारिश की।
  • मौसम विभाग ने कहा; आज से देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्‍से में गर्मी का प्रकोप कम होगा।
  • भारतीय मुक्केबाजों ने कजाकिस्तान में ए.एस.बी.सी. एशियन अंडर-22 और यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 43 पदक सुनिश्‍चित किए।

*******