मुख्य समाचार:-
- लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर। प्रमुख राजनीतिक दलो के शीर्ष नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
- प्रधानमंत्री और भाजपा वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज झारखंड तथा बिहार में रैलियां करेंगे। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती उत्तर प्रदेश में जनसभा को संबोधित करेंगी।
- लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए नामांकन पत्रों की जांच आज होगी।
- दक्षिणी ब्राज़ील में बारिश और भूस्खलन से 37 लोगों की मौत।
- आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 24 रन से हराया।
*****
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार जोरो पर है। प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता रोड शो और रैलियां कर रहे हैं। इस चरण में दस राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश की 93 लोकसभा सीटों पर मंगलवार को मतदान होगा।
*****
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी आज झारखण्ड में पलामू तथा गुमला जिले के सिसई में रैली को संबोधित करेंगे। यह किसी भी प्रधानमंत्री की सिसई की पहली यात्रा होगी। श्री मोदी प्रचार के लिए झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इसके बाद श्री मोदी बिहार के दरभंगा में एक जनसभा को सम्बोधित करेंगे। इस सीट से भाजपा ने गोपालजी ठाकुर को और राष्ट्रीय जनता दल ने वर्तमान विधायक ललित कुमार यादव को टिकट दिया है।
*****
गुजरात में भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और आम आदमी पार्टी नेता भगवंत मान आज राज्य में चुनाव प्रचार करेंगे। अमित शाह आज छोटा उदयपुर, वलसाड तथा दीव और दमन में तीन चुनाव रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रियंका गांधी बनासकांठा में जनसभा करेंगी। गुजरात में मंगलवार को एक ही चरण में मतदान होगा।
*****
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती आज उत्तर प्रदेश के आगरा में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। इस सीट पर बसपा ने पूजा अमरोही को, भाजपा ने वर्तमान सांसद एस.पी. सिंह बघेल को और समाजवादी पार्टी ने सुरेश चन्द करदम को उम्मीदवार बनाया है।
*****
पांचवें चरण के लिए नामांकन पत्रों की आज जांच की जाएगी। सोमवार तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। नामांकन पत्र भरने का कल आखिरी दिन था। इस चरण में 20 मई को वोट डाले जाएंगे।
*****
उत्तर प्रदेश में कल कई दिग्गज नेताओं ने नामांकन पत्र दाखिल किये। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली सीट से नामांकन भरा। रायबरेली से भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह और अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा ने भी कल नामांकन पत्र दाखिल किये।
*****
महाराष्ट्र में सांसद तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तथा भाजपा नेता कपिल पाटिल ने कल भिवंडी लोकसभा सीट से नामांकन पत्र भरा। मुंबई उत्तर मध्य से भाजपा उम्मीदवार एडवोकेट उज्ज्वल निकम और मुंबई उत्तर पश्चिम से शिवसेना-शिंदे गुट के उम्मीदवार रवींद्र वायकर ने भी नामांकन दाखिल किया। राज्य में पांचवें चरण के लिए 397 उम्मीदवारों के कुल 512 आवेदन दाखिल किये गये हैं।
*****
लोकसभा चुनाव में राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की प्रोफाइल श्रृंखला में आज हम महाराष्ट्र के कोल्हापुर निर्वाचन क्षेत्र लोकसभा सीट की जानकारी दे रहे हैं।
कोल्हापुर लोक सभा सीट पर वैसे तो कुल 23 उम्मीदवार मैदान में हैं, पर यहाँ कांग्रेस और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के बीच सीधी लड़ाई है। कांग्रेस ने छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज शाहू महाराज छत्रपति को अपना उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर शिवसेना ने सदाशिवराव मांडलिक के बेटे और मौजूदा सांसद संजय मांडलिक को मैदान में उतारा है। सदाशिवराव मांडलिक कई बार कोल्हापुर सीट से लोकसभा में सांसद रहे हैं। इस सीट पर चुनावी लड़ाई काफी दिलचस्प है। एक तरफ शाहू महाराज छत्रपति हैं जो यहाँ काफी लोकप्रिय हैं, वहीं दूसरी तरफ संजय मांडलिक हैं जिनके परिवार का इस सीट पर दशकों से वर्चस्व रहा है प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*****
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढाने के लिए उसने अब तक का सबसे बडा जागरूकता और जनसंपर्क अभियान चलाया है।
आयोग ने बताया कि लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 66 दशमलव एक-चार प्रतिशत और दूसरे चरण में 66 दशमलव सात-एक प्रतिशत मतदान हुआ। ये देश में सर्वश्रेष्ठ मतदान प्रतिशत में से एक है लेकिन 2019 के चुनाव से कम है।
*****
मध्यप्रदेश में मतदान प्रतिशत बढाने के लिए चुनाव आयोग स्थानीय संगठनों के सहयोग से विभिन्न प्रयास कर रहा हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि ग्वालियर में जिला चुनाव कार्यालय ने शहर के प्रबुद्धजनों को भी इस अभियान से जोड़ लिया है।
इन्डियन मेडिकल एसोसिएशन ने ग्वालियर में मतदान करने वाले नागरिकों को चिकित्सक परामर्श फीस में छूट देने की घोषणा की है। वहीँ, नर्सिंगहोम और गायनोकोलॉजिस्ट एसोसिएशन ने इलाज में छूट देने का ऐलान किया है। यह छूट मतदान दिवस से एक हफ्ते तक दी जाएगी। केमिस्ट एसोसिएशन कि ओर से भी मतदाताओं को दवाओं में आकर्षक छूट दी जायेगी। इसी तरह वोट डालकर आए यात्रियों को बस ऑपरेटर यूनियन ने 7 मई से 10 मई तक किराए में 50 फीसदी छूट देने का फैसला किया है। चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य अपने कामगारों को मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश देंगे। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
*****
छत्तीसगढ़ से हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से राज्य के विभिन्न जिलों में अनेक कदम उठाए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में पहले दो चरणों में जिन चार लोकसभा क्षेत्रों में मतदान हुआ है, उनमें वर्ष 2019 में हुए पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में मतदान प्रतिशत बढ़ा है। अब तीसरे चरण में 7 संसदीय क्षेत्रों में भी मतदान प्रतिशत बढ़ाना एक चुनौती है। इन लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत विभिन्न जिलों में साइकिल, मशाल , अम्ब्रेला रैली सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रयास किए जा रहे हैं कि लोग 7 मई को गर्मी की परवाह न करते हुए घर से निकलकर मतदान केन्द्र पहुंचे। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने वोट डालने वाले लोगों को उस दिन विशेष छूट देने की भी घोषणा की है। राज्य के बलरामपुर जिले में साल पेड़ के पत्तों पर निमंत्रण लिखकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मतदान के लिए आमंत्रित किया गया है। वहीं, रायपुर जिले में भी कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी ने आमंत्रण पत्र और पीला चावल लेकर पद्मश्री सम्मान प्राप्त हस्तियों के साथ ही अनेक लोगों के घर जाकर उनसे वोट डालने का आग्रह किया है। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
*****
केन्द्र सरकार ने प्याज के निर्यात पर लगा प्रतिबंध हटा दिया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने एक अधिसूचना में कहा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
पिछले महीने केन्द्र सरकार ने छह देशों-बांग्लादेश, संयुक्त अरब अमीरात, भूटान, बहरीन, मॉरीशस और श्रीलंका को 99 हजार मिट्रिक टन प्याज के निर्यात की अनुमति दी थी। पिछले वर्ष दिसम्बर में रबी और खरीफ की फसलों में अनुमानित कमी के कारण प्याज की घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए प्याज के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था।
*****
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों से ईरान और इस्रायल की यात्रा करते समय सतर्क रहने तथा भारतीय दूतावास के साथ संपर्क में रहने को कहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों देशों ने कई दिनों से अपने हवाई क्षेत्र अब खोल दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारत इस क्षेत्र में बारीकी से नजर रख रहा है।
*****
दिल्ली पुलिस ने गृहमंत्री अमित शाह के वीडियो से छेड़छाड़ वाले मामले में ‘स्पिरिट ऑफ कांग्रेस’ अकाउंट के हैंडलर अरुण रेड्डी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने गृहमंत्री अमित शाह के छेड़छाड़ किए गए वीडियो के प्रसार पर एक प्राथमिकी दर्ज की थी।
*****
तेलंगाना पुलिस ने रोहित वेमुला सें संबंधित मामले को बंद करने की रिपोर्ट उच्च न्यायालय को सौंप दी है। रोहित वेमुला ने हैदराबाद विश्वविद्यालय में जनवरी 2016 में आत्महत्या कर ली थी। पुलिस की जांच बताती है कि वेमुला की आत्महत्या उनकी वास्तविक जाति का खुलासा किये जाने के डर से प्रेरित है।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से बुधवार तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस दौरान वे सभी शिमला के समीप छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास द रिट्रीट में ठहरेंगी।
राष्ट्रपति का आज शिमला पहुंचने का कार्यक्रम है और 5 मई को वे छिरावडा में कैचवेंट इरिया का दौरा करेंगी। राष्ट्रपति 6 मई को जिला कांगडा में केन्द्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। अगले दिन 7 मई को राष्ट्रपति शिमला के ऐतिहासिक गेटी थेटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को दौरे को देखते हुए शिमला में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं और सुरक्षा की दृष्टि से एक हजार से अधिक पुलिस जवान तैनात किये गये हैं। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
*****
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों में पश्चिम बंगाल के गंगेय क्षेत्र तेलंगाना, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, झारखंड और तमिलनाडु में भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा। मध्य महाराष्ट्र, मराठावाड़ा, सौराष्ट्र, कच्छ और पश्चिम राजस्थान में भी अगले दो-तीन दिन यहीं स्थिति जारी रह सकती है। तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कोंकण, कराईकल, केरल, माहे, असम, मेघालय और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में गर्म और आर्द्र मौसम बने रहने की संभावना है। इस बीच, अगले पांच दिनों में पूर्वोततर भारत में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी कल तक ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है।
*****
चिकित्सा पाठ्यक्रमों से संबंधित पूर्वस्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-नीट 5 मई को संयुक्त अरब अमीरात के तीन केन्द्रों पर आयोजित होगी। कुल दो हजार दो सौ 23 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा के लिए आवेदन किया है। यह परीक्षा हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती, मलयालम सहित कुल तेरह भाषाओं में आयोजित होंगी।
*****
ब्राजील के दक्षिणी राज्य रियो ग्रांडे डो सुल में मूसलाधार वर्षा के कारणर 37 लोग मारे गये हैं और 74 लोग लापता हैं। अब तक की सबसे विनाशकारी बाढ ने कई शहरों को बर्बाद कर दिया है। बाढ के कारण 23 हजार से अधिक लोगों को अपने घरों को छोडकर जाना पड़ा है। पिछले वर्ष जुलाई, सितम्बर और नम्बर महीने में आई बाढ में कुल 75 लोग मारे गये थे।
*****
महाराष्ट्र में, पूर्व कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की। श्री निरूपम ने कहा कि बीस वर्ष बाद शिवसेना में शामिल होना, घर वापसी जैसा है। कांग्रेस पार्टी के साथ संजय निरूपम के रिश्ते तब खराब हुए, जब पार्टी ने सीट बंटवारे के समझौते के तहत मुम्बई उत्तर-पश्चिम सीट को शिवसेना के उम्मीदवार, अमोल कीर्तिकर के लिए छोड़ दिया था।
*****
आईपीएल क्रिकेट में कल कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 24 रन से हराया। 170 रन के लक्ष्य के जवाब में मुंबई की पूरी टीम 145 रन पर ही सिमट गयी। अंक तालिका में कोलकाता दूसरे स्थान बनी हुई है जबकि मुंबई की प्ले ऑफ की दौड से बाहर हो गई है। प्रतियोगिता में आज शाम साढे सात बजे बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा।
*****
बहामास के नासाउ में विश्व एथलेटिक्स रिले प्रतियोगिता आज से शुरू होगी। यह पेरिस ओलंपिक में कोटा हासिल करने के लिए क्वालीफाइंग प्रतिस्पर्धा है। प्रतियोगिता में भारतीय पुरुष, महिला और मिक्सड 4×400 मीटर टीम स्पर्धा में उतरेगी।
*****
ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in/hindi पर भी उपलब्ध हैं
*****
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं – देवेन्द्र त्रिपाठी।
देश में चुनावी गतिविधियों के बीच स्टार प्रचारकों के बयानों और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नामांकन को अधिकतर अखबारों ने आज अपने मुख पृष्ठ पर स्थान दिया है। अमर उजाला का शीर्षक है- राहुल रायबरेली से मैदान में, 25 साल बाद अमेठी से गांधी परिवार का कोई प्रत्याशी नहीं। दैनिक भास्कर ने राहुल गांधी का बयान प्रकाशित किया है– मां ने भरोसे के साथ कर्मभूमि सौंपी। हरिभूमि ने अमेठी से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी के हवाले से लिखा है- कांग्रेस ने मतदान से पहले हार मान ली। वीर अर्जुन की खबर है- कांग्रेस के पूर्व नेता संजय निरूपम मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना में हुए शामिल। देशबन्धु के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 मई को वाराणसी से दाखिल करेंगे अपना नामांकन। जनसत्ता ने अनुमान लगाया है- केजरीवाल को अंतरिम जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में विचार संभव। शीर्ष अदालत में सात मई को दलीलें सुनी जा सकती हैं। झारखण्ड उच्च-न्यायालय ने हेमंत सोरेन की रिट याचिका खारिज की, फिलहाल जमानत नहीं। राष्ट्रीय सहारा के बॉक्स में है। पंजाब केसरी की खबर है- गो फर्स्ट के 54 विमानों का रजिस्ट्रेशन कैंसिल। उडानें पिछले साल तीन मई सें बंद। हिन्दुस्तान के कारोबार पन्ने की सुर्खी है- केन्द्र सरकार के भविष्य पोर्टल से पेंशनभोगियों को हर जानकारी मिलेगी और काम होंगे ऑनलाइन। अमर उजाला के अनुसार – भारत के साथ रुपये में व्यापार करेगा नाइजीरिया, यूपीआई से होगा डिजिटल भुगतान।
दैनिक ट्रिब्यून और दैनिक जागरण ने अनुमान लगाया है- सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं के परीक्षा परिणाम 20 मई के बाद घोषित हो सकते हैं। नवभारत टाइम्स ने खेल पन्ने पर लिखा है- भारतीय क्रिकेट टीम वनडे और ट्वेंटी-20 में शीर्ष पर जबकि टेस्ट क्रिकेट में दूसरे स्थान पर। वहीं, राजस्थान पत्रिका की यह खबर ध्यान आकर्षित करती है- कुछ मिनट गुस्से से भी हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा। अखबारों में मालदीव भारत उच्चस्तरीय कोरग्रुप की चौथी बैठक की खबरें भी हैं कल नई दिल्ली में आयोजित बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। धन्यवाद देवेन्द्र समाचार पत्रों की सुर्खियों के लिए।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। प्रमुख राजनीतिक दलो के शीर्ष नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
- प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज झारखंड और बिहार में रैलियां करेंगे। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती उत्तर प्रदेश में जनसभा को संबोधित करेंगी।
- लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए नामांकन पत्रों की जांच आज होगी।
- दक्षिणी ब्राज़ील में बारिश और भूस्खलन से 37 लोगों की मौत हुई।
- आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को कल 24 रन से पराजित किया।
*****