Download
Mobile App

android apple
signal

April 29, 2024 9:08 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू। इस चरण में छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 लोकसभा सीट शामिल।
  • तीसरे चरण के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का प्रचार अभियान तेज़।
  • मौसम विभाग का अगले तीन दिन तक देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान।
  • महिलाओं की स्कीट में, माहेश्वरी चौहान ने दोहा में शॉटगन ओलंपिक क्वालीफिकेशन चैंपियनशिप में रजत पदक के साथ भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल किया।
  • आईपीएल क्रिकेट में; चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 78 रन से हराया।

————-

निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस चरण में छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 लोकसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। छठे चरण में दिल्ली की सभी सात सीट, हरियाणा की सभी दस उत्तर प्रदेश की चौदह सीट, बिहार और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ सीट, ओडिसा की छह और झारखंड की चार सीटों पर मतदान होगा।

नामांकन भरने की आखिरी तारीख 6 मई है। जांच 7 मई को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि‍ 9 मई है। मतदान 25 मई को और मतगणना 4 जून को होगी।

————-

दिल्ली की सात लोकसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू होगी। पिछले दो चुनावों में सभी सात सीटों पर जीत हासिल करने वाली भाजपा तथा आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया को “सुचारू और आसान” बनाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

नामांकन 6 मई तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच दाखिल किए जा सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 7 मई को और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 9 मई है।

————-

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह आज उत्तर प्रदेश के लखनऊ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन भरेंगे। वे पहले लखनऊ में एक रोड शो करेंगे और बाद में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। केंद्रीय मंत्री और भाजपा की नेता स्‍मृति ईरानी भी उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से अपना नामांकन भरेंगी। वर्ष 2019 में श्रीमती ईरानी ने इस सीट से कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी को हराया था।

इस बीच बहुजन समाज पार्टी ने आम चुनावों के लिए पार्टी उम्‍मीदवारों की अन्‍य सूची जारी की है। पार्टी ने अमेठी सीट से रवि प्रकाश मौर्य के नाम की घोषणा की है। श्रीमती सबीहा अंसारी आजमगढ से चुनाव लडेंगी। सैयद दानिश संत कबीर नगर लोकसभा सीट से पार्टी उम्‍मीदवार होंगे। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव आज हाथरस और आगरा जिलों में राजनीतिक जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

————-

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार जोरों पर है। इस चरण में 12 राज्‍यों की 94 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस चरण में कुल एक हजार तीन सौ इक्‍यावन उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान सात मई को होगा।

————-

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कल कर्नाटक के उत्तरी कन्‍नड और दावणगेरे के सिरसि में सार्वजनिक रैलियों को संबोधित किया। उन्‍होंने भारत को शक्तिशाली बनाने और विकास तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने की गारंटी का आश्‍वासन दिया।

————-

गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज शाम असम के गुवाहाटी में प्रचार अभियान और रोड शो करेंगे। श्री अमित शाह के साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी होंगे। भाजपा ने प्रतिष्ठित गुवाहाटी लोकसभा सीट से गुवाहाटी की पूर्व डिप्टी मेयर बिजुली कलिता मेधी को टिकट दिया है, यहां तीसरे चरण में मतदान होगा। कांग्रेस ने इसी सीट से मीरा बोरठाकुर गोस्वामी को मैदान में उतारा है। असम में तीसरे चरण में गुवाहाटी सीट के साथ-साथ बारपेटा, कोकराझार और धुबरी सीटों पर भी मतदान होगा।

————-

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह आज झंझारपुर और बेगुसराय में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। मुख्‍यमंत्री और जनता दल युनाइटेड के अध्‍यक्ष नी‍तीश कुमार भी इस रैली में उपस्थित रहेंगे।

————-

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज गुजरात में चुनाव प्रचार करेंगे। श्री गांधी लोकसभा चुनाव से पहले आज उत्तरी गुजरात के पाटन में अपनी पहली चुनाव रैली को संबोधित करेंगे। वहीं गुजरात भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सीआर पाटिल आज पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे।

————-

लोकसभा चुनाव पर विशेष श्रृंखला के अंतर्गत आज हम उत्‍तरी कर्नाटक में महाराष्‍ट्र सीमा से लगी बेलगावी लोकसभा सीट की बात करेंगे। यहां सात मई को मतदान होना है। एक रिपोर्ट-

बेलगावी लोकसभा सीट में बीजेपी के वरिष्ठ राजनेता जगदीश सेट्टर और युवा उम्मीदवार कांग्रेस के मृणाल हैबालकर के बीच सीधी टक्कर है। पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश सेट्टर  ने पिछले साल कांग्रेस पार्टी से विधानसभा चुनाव में हार हासिल की थी। उन्होंने फिर से बीजेपी ज्वाइन की है। बेलगावी बीजेपी का गढ़ है। इस लोकसभा क्षेत्र से 13 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जिनमें से सात निर्दलीय है। कुल 19 लाख 23 हजार 7 सौ 88 मतदाता हैं। जिनमें से महिला मतदाताओं की संख्या 9 लाख 67 हजार एक सौ 34 है और पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 57 हजार 5 सौ 59 है। सुधींद्र आकाशवाणी समाचार बेंगलुरु।

————-

मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए नाम वापस लेने का आज अंतिम दिन है। इस चरण में कुल 90 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा ‘चलें बूथ की ओर’ नाम का विशेष अभियान चलाया जाएगा।

मध्य प्रदेश में अभी तीसरे और चौथे चरणों में 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव होना है। तीसरे चरण के लिए, प्रदेश के 9 लोकसभा क्षेत्रों के 20 हजार 456 मतदान केंद्रों पर एक मई को चलें बूथ की ओर अभियान चलाया जाएगा। वहीं, चौथे चरण के लिए 7 मई को 8 लोकसभा क्षेत्रों के 18 हजार से अधिक मतदान केंद्रों पर चले बूथ की ओर अभियान संचालित होगा। इसी तरह चुनाव आयोग द्वारा प्रत्येक वोट जरूरी है विषय पर राज्य स्तरीय नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को पांच हजार से लेकर 51 हजार रुपए तक के पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

————-

निर्वाचन आयोग ने बाहरी मणिपुर निर्वाचन-क्षेत्र में कल छह मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान के निर्देश दिए है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इन निर्वाचन-क्षेत्रों पर 26 अप्रैल को हुआ मतदान रद्द कर दिया है। इनमें से पांच मतदान केंद्र उखरूल में और एक केंद्र सेनापति जिले में है।

————-

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक गांगेय पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र ओडिशा, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में लू और गंभीर गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने आकाशवाणी से विशेष बातचीत में कहा है कि अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान लगभग एक से दो डिग्री सेल्सियस बढ़ जाएगा।

आईएमडी का जो अपडेट है और जो अलर्ट और वार्निंग है रेड कलर वार्निंग है। रेड कलर वार्निंग जो है उष्ण लहर के लिए जारी है। मेनली जो हमारा गेगेटिंग वेस्ट बंगाल है और ओडिशा है झारखंड है। इसके लिए रेड कलर वार्निंग है। हीट वेव का रहेगा अपटु फर्स्ट मे। और थोड़ा रिड्यूज होगा सेकेंड मे ऑनवर्ड। उसी के साथ-साथ हमारा जो साउथ-ईस्ट पैनेसुला है भारत का जैसे तेलंगाना, रॉयल सीमा, कोंकण गोवा, ये सब जगह में हीट वेव का अलर्ट है।

————-

तेलंगाना के 33 जिलों में से 15 जिलों में एक सप्‍ताह तक लू जैसी स्थिति  बनी रहेगी और तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। राज्‍य के अधिकांश भागों में कल तापमान 45 डिग्री सेल्यिस से अधिक रिकॉर्ड किया गया। हैदराबाद के मौसम केन्‍द्र ने अगले दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

————-

रक्षा मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति कहा है कि रक्षा प्रमुख जरनरल अनिल चौहान की फ्रांस यात्रा से भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक भागीदारी की पुष्टि हुई है। इससे द्विपक्षीय रक्षा सहयोग मजबूत और व्‍यापक हुआ है।

————-

खेल जगत की खबरों के साथ हैं सकलेन अखतर

महिलाओं की स्कीट में, माहेश्वरी चौहान ने कतर के दोहा में शॉटगन ओलंपिक क्वालीफिकेशन चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर भारत की ओर से पेरिस ओलंपिक 2024 का कोटा सुरक्षित कर लिया। फाइनल में कल 6 निशानबाजों में से सिर्फ चार निशानेबाज कोटा हासिल करने के पात्र  थे। निशानेबाजी में यह भारत के लिए 21वां ओलंपिक कोटा और शॉटगन में पांचवा कोटा है। इस बीच आईपीएल क्रिकेट में कल रात चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले में चेन्नई ने हैदराबाद को 78 रन से हरा दिया। आज कोलकाता के ईडन गार्डन में दिल्ली कैपिटल का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। वहीं दूसरी तरफ चीन के शंघाई में तीरंदाजी विश्व कप में भारतीय टीम ने अब तक पांच स्वर्ण दो रजत और एक कांस्य सहित आठ पदक जीते हैं। रिकर्व पुरुष टीम स्पर्धा में धीरज बोम्मा देवरा, तरुणदीप राय और प्रवीण याधव की तिकड़ी ने वर्तमान ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस बीच महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी दीपिका कुमारी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उन्हें फाइनल में दक्षिण कोरिया के लिम सिहयोन पराजित किया।

————-

आकाशवाणी समाचार सेवा प्रभाग से आज रात साढे नौ बजे प्रसारित होने वाले साप्‍ताहिक कार्यक्रम- पब्लिक स्‍पीक का विषय रहेगा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और इलाज। सफदरजंग अस्पताल के डॉ. सरिता श्यामसुंदर और एम्स, नई दिल्ली के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. राकेश गर्ग श्रोताओं के प्रश्नों के उत्तर देंगे।

श्रोता टेलि‍फोन 0 1 1 – 2 3 4  2  1  0  5  0  और  0 1 1 – 2  3  3  1  4  4  4  4 पर कार्यक्रम के दौरान अपने प्रश्न पूछ सकते हैं। व्हाट्सअप नम्बर 9 2 8 9 0 9 4 0 4 4 पर भी सवाल भेजे जा सकते हैं। यह कार्यक्रम हमारी वेबसाइट NEWS ON AIR DOT GOV DOT IN और हमारे यू-ट्यूब चैनल NEWS ON AIR OFFICIAL पर भी उपलब्ध रहेगा।

————-

भारतीय तटरक्षक बल ने एक संयुक्त अभियान में गुजरात के पोरबंदर तट पर एक पाकिस्तानी नाव से 6 सौ करोड़ रुपये मूल्य के 86 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किये हैं। नाव पर सवार 14 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

————-

ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in/hindi पर भी उपलब्ध हैं

————-

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं – देवेन्द्र त्रिपाठी।

चुनावों के अगले चरण के लिए धुआधार प्रचार अभियान, अधिकांश अखबारों की बडी सुर्खी है विभिन्‍न शीर्षकों से अखबारों ने आरोप और पलटवार को जगह दी है। कुछ रोचक शीर्षक भी मुख्‍य पृष्‍ठ पर हैं। दैनिक भास्‍कर ने लिखा है – तीसरे चरण के मतदान से पहले नए मुद्दे।

दिल्‍ली कांग्रेस अध्‍यक्ष पद से अरविंदर सिंह लवली के इस्‍तीफे की चर्चा आज अधिकांश अखबारों ने पहले पन्‍ने विस्‍तार से की है।

दैनिक ट्रिब्‍यून लिखता है- हरियाणा में दस सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से।

जनसत्‍ता की बडी खबर है उत्‍तराखंड- जंगल में आग लगाने की कोशिश करते आठ लोग गिरफ्तार। वन विभाग ने कहा नैनीताल और पौडी गढवाल में आग मानव जनित।

नवभारत टाइम्‍स की खबर है तींरदाजी विश्‍व कप भारत को 14 साल बाद गोल्‍ड मिला।

हरिभूमि की बडी सुर्खी है – पाकिस्‍तान की नापाक साजिश, समुद्र के रास्‍ते आ रही नाव से छह सौ करोड रूपये की अस्‍सी किलो ड्रग्‍स मिली, 14 गिरफ्तार, गुजरात एटीएस और एनसीबी की टीम ने बडी खेप पकडी।

जनसत्‍ता ने पहले पन्‍ने पर विशेष आलेख में तेजी से गर्म हो रहे हिन्‍द महासागर का जिक्र करते हुए लिखा है – मिल रहे हैं अनहोनी के संकेत। इस सदी में समुद्र की सतह की एक दशमलव चार से तीन डिग्री सेल्सियस तक गर्म होने की संभावना, अध्‍ययन में कहा गया है कि चक्रवात में तेजी आएगी, मानसून पर असर पडेगा और समुद्र का जलस्‍तर बढेगा।

देशबंधु ने पहले पन्‍ने पर बॉक्‍स में लिखा है – फिर बदलने जा रहा है मौसम का मिजाज, उत्‍तर भारत में पहाड़ों पर जमकर बरसेगें बादल।

————-

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू। इस चरण में छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 लोकसभा सीट शामिल।
  • तीसरे चरण के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का प्रचार अभियान तेज़।
  • मौसम विभाग का अगले तीन दिनों तक देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान।
  • महिलाओं की स्कीट में, माहेश्वरी चौहान ने दोहा में शॉटगन ओलंपिक क्वालीफिकेशन चैंपियनशिप में रजत पदक के साथ भारत के लिए ओलंपिक कोटा हासिल किया।
  • आईपीएल क्रिकेट में; चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 78 रनों से हराया।

————-