मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर आज मुंबई में वार्ता करेंगे; दोनों नेता ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में शामिल होंगे और मुख्य भाषण देंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से तीन दिन के गुजरात दौरे पर।
- शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय आज संयुक्त रूप से तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तीसरे चरण का शुभारंभ करेंगे।
- केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो–सीबीआई ने डिजिटल गिरफ्तारी के सिलसिले में देश भर में छापेमारी की।
- इस्ररायल और हमास गाजा में युद्ध रोकने तथा बंधकों को रिहाई के लिए शांति योजना के पहले चरण पर सहमत हुए।
- आईसीसी महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप में आज दोपहर भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के बीच आज मुम्बई में वार्ता होगी। वे कल दो दिन की भारत यात्रा पर मुम्बई पहुंचे। श्री स्टार्मर के साथ एक बड़ा व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी आया हुआ है।
हमारी संवाददाता ने बताया कि वार्ता के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच विज़न-2035 के अनुरूप भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह मुंबई के राजभवन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीयर स्टारमर की मेज़बानी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री सर कीयर स्टारमर ‘विजन 2035’ के अनुरूप भारत–ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं में प्रगति की समीक्षा करेंगे। दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त प्रेस बयान जारी करेंगे और मीडिया को संबोधित करेंगे। दोपहर में दोनों देशों के प्रधानमंत्री मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में सीईओ फोरम में भाग लेंगे। वे भारत–ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते से उत्पन्न व्यापार और उद्योग के अवसरों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री स्टारमर जियो वर्ल्ड सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में भाग लेंगे और मुख्य भाषण देंगे। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज ऑस्अ्रेलिया की राजधानी कैनबेरा पहुंचे। उनकी यात्रा का उद्देश्य भारत और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करना है। कैनबेरा में ऑस्ट्रेलिया के सहायक रक्षा मंत्री ने श्री राजनाथ सिंह का अगुवानी की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में रक्षा मंत्री ने कहा है कि वे ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्स के साथ होने वाली द्विपक्षीय बैठक को लेकर उत्साहित हैं।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से गुजरात के तीन दिन के दौरे पर रहेंगी। वे कल सोमनाथ मंदिर में दर्शन और आरती करेंगी। राष्ट्रपति गिर राष्ट्रीय उद्यान जायेंगी और सासन गिर में स्थानीय जनजातीय समुदाय के लोगों से बातचीत करेंगी।
राष्ट्रपति शानिवार को द्वारका स्थित द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन और आरती करेंगी। वे अहमदाबाद में गुजरात विद्यापीठ के 71वें दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।
*******
वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन पहली बार आज से गुजरात के मेहसाणा में शुरू होगा। यह आयोजन डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण, कृषि तथा कृषि आधारित उद्योग, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट, इंजीनियरिंग, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित होगा। हमारी संवाददाता ने बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल करेंगे और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इस मौके पर उपस्थित रहेंगे।
दो दिवसीय सम्मेलन में 33 सेमिनार, विभिन्न गोलमेज चर्चाएँ, उद्योग–सरकार बैठकें और एक एमएसएमई कॉन्क्लेव आयोजित किए जाएंगे। 200 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों सहित 13 हजार से अधिक प्रतिनिधियों ने सम्मेलन मे भाग लेने की उम्मीद है। जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम और नीदरलैंड जैसे भागीदार देशों के साथ–साथ जेट्रो, विश्व बैंक, आईसीबीसी और रूसी संघ जैसे वैश्विक संगठन सम्मेलन में भाग लेंगे। परिषद का एक प्रमुख आकर्षण 18 हजार वर्ग मीटर में फैली क्षेत्रीय प्रदर्शनी होगा, जिसमें उत्तर गुजरात के जीरा, सौंफ और इस बगुल जैसे कृषि उत्पादों से लेकर डेयरी उत्पाद और ऑटो कंपोनेंट जैसे औद्योगिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
*******
शिक्षा मंत्रालय तथा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय आज तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तीसरे चरण का शुभारंभ करेगें। शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह राष्ट्रीय अभियान सरकार के तंबाकू मुक्त पीढ़ी के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एक रिपोर्ट………
इस साठ दिवसीय राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को तंबाकू के सेवन के शुरुआत करने से पहले ही रोकना, इसे छोड़ने की इच्छा रखने वालों का साथ देने और स्कूलों तथा उच्च शिक्षा संस्थानों में स्वास्थ्य और कल्याण की एक मजबूत संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए शिक्षित और सशक्त बनाना है। ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे 2019 ने बताया कि 13 से 15 वर्ष की आयु के आठ दशमलव चार प्रतिशत छात्र वर्तमान में तंबाकू उत्पादों का उपयोग करते हैं, जिनकी औसत आयु मात्र दस वर्ष है। युवाओं की भेदद्ता को पहचानते हुए सरकार ने निरंतर, जागरूकता, रोकथाम और प्रवर्तन उपाय के माध्यम से इस मुद्दे को हल करने के लिए एक संपूर्ण सरकार संबंधी दृष्टिकोण अपनाया है। अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें माइजिओ भी प्लेटफार्म पर वर्ल्ड नोट तंबाकू क्विज और स्कूल चलेंगे तथा छात्रों को तंबाकू और अन्य प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन को छोड़ने के लिए परामर्श और सहायता सत्र शामिल है। शिवांग मिश्रा, की रिपोर्ट के साथ, आदर्श आकाशवाणी, समाचार दिल्ली।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा घोषित और 22 सितंबर को शुरू हुआ जीएसटी बचत उत्सव समाज के सभी वर्गों को लाभान्वित कर रहा है। आज हम पेश कर रहे हैं, तमिलनाडु के हस्तशिल्प और औद्योगिक क्षेत्रों पर जीएसटी सुधारो के प्रभाव पर एक रिपोर्ट –
नए जीएसटी सुधारों के तहत सरकार ने तमिलनाडु के समृद्ध हस्तशिल्प और औद्योगिक क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए एक महतवपूर्ण कदम उठाया है। इस कड़ी में निटवेअर परिधान, कढ़ाई, प्रसिद्ध कांचीपुरम सिल्क पर ज़री और सहायक उपकरण पर कर की दर को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इस कदम से लघु और मध्यम उद्यमों को मदद मिलेगी और वैश्विक बाजार में इन उत्पादों का निर्यात बढ़ेगा। इसी तरह, लकड़ी के शिल्प, पारंपरिक गुड़िया और खिलौनों पर कर की दर 5 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे कारीगर परिवारों को सहायता सुनिश्चित होगी। छोटे मछुआरों और मछुआरा आबादी की महिलाओं का समर्थन करने के लिए, प्रसंस्कृत मछली और समुद्री भोजन पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। नए सुधार ग्रामीण आजीविका को मजबूत करेंगे और एक औद्योगिक केंद्र के रूप में राज्य की स्थिति को बढ़ावा देंगे। दृष्टि पुण्यानी के साथ, शिवांग मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, केरल और पश्चिम बंगाल में लगभग 40 स्थानों पर तलाशी ली है। एक रिपोर्ट……
सीबीआई ने ऑपरेशन चक्र-5 के अंतर्गत यह तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान, सीबीआई ने एक घरेलू नेटवर्क का पर्दाफाश किया है जो अवैध धन को वैध बनाने वाले, म्यूल अकाउंट की आपूर्ति और अपराधिक गतिविधियों से जुडे लेनदेन में हवाला नेटवर्को में शामिल पाया गया है। अपराधी, कंबोडिया और अन्य देशों से अपनी गतिविधियाँ चला रहे थे। सीबीआई ने कहा कि उसने डिजिटल गिरफ्तारी के नौ अलग–अलग पीड़ितों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की थी। इससे लगभग 40 व्यक्तियों की पहचान हुई है जो डिजिटल गिरफ्तारी धोखाधड़ी को अंजाम देने वाले संगठित साइबर–अपराध नेटवर्क का हिस्सा थे। आनंद की रिेपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
*******
निर्वाचन आयोग, आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और सेवारत मतदाताओं को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा मिलेगी। 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता और मानक दिव्यांगता वाले मतदाता डाक मतपत्र के माध्यम से वोट ड़ाल सकते हैं। ऐसे मतदाता फॉर्म 12-डी के जरिए इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। निर्वाचन आयोग ने बताया है कि अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य, बिजली, यातायात, एम्बुलेंस सेवा, विमानन और लंबी दूरी की सरकारी सड़क परिवहन निगम जैसी आवश्यक सेवाएँ इस सुविधा के अंतर्गत आती हैं। आयोग द्वारा अधिकृत मतदान के दिन की गतिविधियों को कवर करने वाले मीडियाकर्मियों को भी इस श्रेणी में शामिल किया गया है।
*******
इस बीच, बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए सीटों और टिकट के बटवारे को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और उनके सहयोगी दलों के बीच सहमति-असहमति का दौर जारी है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से………..
एनडीए और महागठबंधन दोनों में छोटे घटक दलों की राजनीतिक महत्वकांक्षा और बडे सहयोगी दलों से अपने लिए अधिक से अधिक सीटें झटकने को लेकर प्रेशर पॉलिटिक्स का प्रभाव देखा जा रहा है। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपनी मांगों के समर्थन में भाजपा को कड़े तेवर दिखाए हैं। इधर, भाजपा की तरह जनता दल यूनाइटेड ने भी अपने संभावित प्रत्याशियों के नाम पर विचार मंथन के बाद सूची को लगभग अंतिम रूप दे दिया है। महागठबंधन में भी सीट बंटवारा पर फैसला नहीं होने के कारण राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और वाम दलों ने अपने–अपने संभावित प्रत्याशियों को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी अभियान चलाने की अनुमति दे दी है। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।
*******
उत्तर प्रदेश के कानपुर में कल शाम एक दुकान के पास दो स्कूटी में हुए विस्फोट में आठ लोग घायल हो गए। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि मूलगंज के मिश्री बाजार इलाके में एक दुकान के सामने खड़ी दो स्कूटी में यह विस्फोट हुआ। घायलों में दो की हालत गंभीर है।
कुल मिलाकर के आठ लोग इंजड़ हुए हैं, चार लोगों को मामूली चोटे हैं, दो को जो है मामले थे उनको चले गए हैं अपने घर, दो लोग अभी ऑब्जरवेशन हैं और चार लोगों को हम लोगों ने हायर सेंटर लखनऊ में रेफर कर दिया है, हमें दो गाड़ियों की जानकारी मिल चुकी है।
*******
तमिलनाडु के रामेश्वरम के तीस मछुआरों को आज श्रीलंका नौसेना ने गिरफ्तार कर लिया है। ये मछुआरे चार नावों के साथ बीच समुद्र में मछलियां पकड़ने गए थे।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने घोषणा की है कि इस्राइल और हमास, गाज़ा में पिछले दो साल से चल रही लड़ाई रोकने और बंधकों को रिहा करने पर सहमत हो गए हैं। यह सहमति अमरीका की मध्यस्थता वाली शांति योजना के अंतर्गत हुई है। श्री ट्रम्प ने यह घोषणा मिस्र के शर्म अल-शेख में एक लंबी बातचीत के बाद की। पहले चरण में हमास द्वारा बनाए गए सभी बंधकों को रिहा करना और इसके बदले कई फ़िलिस्तीनी कैदियों को रिहा करना शामिल है।
*******
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने इस वर्ष वैश्विक अर्थव्यवस्था में तीन प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान जताया है। प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के आयात शुल्कों के बावजूद अर्थव्यवस्था में मजबूती देखी गई है। लेकिन इसके लंबे समय तक टिकने की संभावना नहीं है।
*******
मौसम विभाग ने दक्षिण प्रायद्वीप पर अगले तीन से चार दिनों में बारिश में वृद्धि की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिेन में तमिलनाडु, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में मूसलाधार बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप और तटीय कर्नाटक में आज तेज़ हवाओं तथा गरज के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
देश के पूर्वी और पूर्वोत्तर हिस्सों में, अगले दो से तीन दिनों में ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा के कुछ भागों में तेज वर्षा जारी रहेगी।
*******
खेल समाचार के साथ हैं – मुकेश कुमार बल।
जी निखिल, खेल खबरो में सबसे पहले बात क्रिकेट की, आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप में आज भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। विशाखापत्तनम में यह मैच दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। टूर्नामेंट में भारतीय टीम जीत का सिलसिला जारी रखने के मंसूबे से मैदान पर उतरेगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका यह एक सप्ताह के अंदर तीसरा मैच होगा। इससे पहले, भारत ने श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज की हैं। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका को अपने शुरुआती मैच में इंग्लैंड के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन फिर दक्षिण अफ्रीकी टीम ने टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड पर जीत के साथ वापसी की। निखिल, अगर बात करे आंकड़ों की तो दोनों टीमें वनडे में 33 बार आमने–सामने आई हैं, जिसमें से 20 बार भारत ने जीत हासिल की है। टूर्नामेंट में कल ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 107 रन से हराया। और बैंडमिंटन में बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर मिक्स्ड टीम चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने गुवाहाटी में अपने तीसरे और आखिरी ग्रुप एच मुकाबले में यूएई को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके अलावा एएफसी एशियन कप सऊदी अरब 2027 क्वालिफायर्स में भारत, मेज़बान सिंगापुर से भिड़ेगा। निखिल खेल खबरों में आज बस आज इतना ही।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– देवेन्द्र त्रिपाठी।
- भारत में एक कप चाय से भी सस्ता है एक जीबी डेटा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह बयान पंजाब केसरी और दैनिक जागरण में है। वीर अर्जुन की सुर्खी है- डिजिटल क्षेत्र में भारत की बड़ी तरक्की। देश के पास दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5जी और दूरसंचार बाजार।
- अमर उजाला और हरी भूमि ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का यह बयान प्रकाशित किया है- बेमिसाल अवसरों को समेटे हुए विकास का लॉंचपैड है भारत–ब्रिटेन एफटीए।
- दैनिक ट्रिब्यून और अमर उजाला की खबर है- भारत में अमरीका के राजदूत होंगे सर्जियो गोर।
- हिन्दुस्तान के अनुसार श्रम और रोजगार मंत्रालय ने श्रमिकों का सामाजिक सुरक्षा खाता खोलने के लिए मसौदा जारी किया, जो ईपीएफ, ईएसआई और पेंशन जैसी सेवाओं से जुड़ा है।
- बिहार विधानसभा चुनाव पर जनसत्ता की खबर है- 14 हजार से अधिक मतदाता एक सौ वर्ष से अधिक आयु के।
- दैनिक जागरण के कारोबार पन्ने की सुर्खी है- साइबर फ्रॉड से जुड़े नम्बर सरकार के रडार पर, 40 हजार नम्बर प्रतिदिन हो रहे हैं ब्लॉक।
- नवभारत टाइम्स और राजस्थान पत्रिका के अनुसार खराब मौसम के कारण बंद वैष्णों देवी की यात्रा कल सुबह फिर से शुरू हुई।
- दैनिक भास्कर और देशबन्धु के खेल पन्ने की सुर्खी है- भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हरा कर दो टेस्ट मैचों की सीरीज 2-0 से जीती।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर आज मुंबई में वार्ता करेंगे; दोनों नेता ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में शामिल होंगे और मुख्य भाषण देंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से तीन दिन के गुजरात दौरे पर।
- शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय आज संयुक्त रूप से तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तीसरे चरण का शुभारंभ करेंगे।
- केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने डिजिटल गिरफ्तारी के सिलसिले में देश भर में छापेमारी की।
- इस्ररायल और हमास गाजा में युद्ध रोकने तथा बंधकों को रिहा करने के लिए शांति योजना के पहले चरण पर सहमत हुए।
- आईसीसी महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप में आज दोपहर भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।
*******