मुख्य समाचार
- जीएसटी परिषद ने अगली पीढ़ी के वस्तु और सेवा कर सुधारों की घोषणा की। दैनिक उपयोग की वस्तुएँ होंगी सस्ती। नई दरें 22 सितम्बर से लागू होंगी। परिषद ने 5 और 18 प्रतिशत के स्लैब को स्वीकृति दी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी सुधारों की सराहना की। कहा- इससे आम आदमी, किसानों, एम.एस.एम.ई., मध्यम वर्ग, महिलाओं और युवाओं को लाभ मिलेगा।
- उद्योग और व्यावसायिक निकायों ने जीएसटी सुधारों को सराहा। कहा- इससे कारोबार करना होगा सुगम।
- प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वांग के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
- पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत तथा बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया।
- एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप में, बिहार के राजगीर में भारत तथा कोरिया के बीच सुपर 4 चरण का दूसरा मैच ड्रॉ।
******
जीएसटी परिषद ने अगली पीढ़ी के वस्तु और सेवा कर सुधारों की घोषणा कर दी है। आम आदमी, श्रम-प्रधान उद्योगों, किसानों और कृषि, स्वास्थ्य तथा अर्थव्यवस्था के लिए जीएसटी दरों में सुधार करते हुए उन्हें युक्तिसंगत बनाने को स्वीकृति दी गई है। नई दिल्ली में कल मीडिया को जानकारी देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि आम आदमी और मध्यम वर्ग के उपयोग की वस्तुओं पर जीएसटी 18 तथा 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है।
वित्त मंत्री ने बताया कि व्यक्तिगत जीवन बीमा पॉलिसियों और फैमिली फ्लोटर तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए पॉलिसी सहित व्यक्तिगत स्वास्थ्य बीमा पॉलिसियों पर जीएसटी से छूट को मंजूरी दी गई है।
वित्त मंत्री ने 33 जीवन रक्षक दवाओं और औषधियों पर जीएसटी को 12 प्रतिशत से घटाकर शून्य तथा कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली तीन जीवन रक्षक दवाओं पर जीएसटी को 5 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया है। अन्य सभी दवाओं और औषधियों पर जीएसटी 12 प्रतिशत से कम कर 5 प्रतिशत किया गया है।
वित्तमंत्री ने बताया कि ए सी, 32 इंच से बड़े टीवी, डिशवाशिंग मशीन, छोटी कारें और मोटरसाइकिल जैसी वस्तुओं पर जीएसटी दर 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दी गई है।
श्रीमती सीतारमण ने कहा कि श्रम-प्रधान उद्योगों और किसानों तथा कृषि क्षेत्र को भी इन फैसलों से लाभ होगा। उन्होंने कहा कि सभी कृषि उपकरणों पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है।
परिषद ने अप्रत्यक्ष कर ढांचे को युक्तिसंगत बनाते हुए 12 प्रतिशत और 28 प्रतिशत की दर को समाप्त करके वर्तमान चार स्लैब को घटाकर दो कर दिया है जबकि 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत की स्लैब को जारी रखा है।
इस बीच, राजस्व सचिव अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि नई दरों के लागू होने से अड़तालीस हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा, इसे केंद्र और राज्य सरकारें वहन करेंगी।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी दरों में किए गए सुधारों की सराहना की है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसला से आम आदमी, किसानों, एम.एस.एम.ई., मध्यम वर्ग, महिलाओं और युवाओं को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि ये सुधार सभी के लिए खासकर छोटे व्यापारियों, व्यवसायों और व्यापार करने में आसानी सुनिश्चित करेंगे।
******
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जीएसटी दरों में कटौती को एक ऐतिहासिक फैसला बताया है। सोशल मीडिया पोस्ट में, उन्होंने कहा कि ये सुधार जीवन को आसान बनाने के साथ ही खासकर छोटे व्यापारियों और उद्यमियों के लिए व्यापार में सुगमता को बढ़ावा देंगे।
******
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने जीएसटी सुधारों के बारे में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्यासीवें स्वतंत्रता दिवस पर अगली पीढ़ी के सुधारों की नींव रखी थी। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि सरकार ने शुल्क ढांचे की समस्याओं और वर्गीकरण संबंधी मुद्दों का समाधान किया है।
******
इस बीच, उद्योग जगत ने जीएसटी सुधारों का स्वागत करते हुए कहा है कि कर व्यवस्था के सरलीकरण से व्यापार करने में आसानी होगी। भारतीय उद्योग परिसंघ ने कहा कि 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत की दो दरें रिफंड तथा एम एस एम ई प्रक्रियाओं को सरल बनाएगी। इसने जीवन और स्वास्थ्य बीमा को जीएसटी से छूट दिए जाने को भी महत्वपूर्ण कदम बताया। इस बीच, भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ -फिक्की ने कहा कि इन सुधारों से अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था में सुधार आएगा और कर संग्रह में वृद्धि होगी। फिक्की के अध्यक्ष शुभ्रकांत पांडा ने इसे एक बड़ा और साहसिक कदम बताते हुए कहा कि इससे माँग में तेज़ी आएगी और कई संबंधित प्रक्रियाएँ सरल होंगी।
******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात करेंगे। बातचीत में दोनों देशों के बीच मज़बूत और बहुआयामी सहयोग की समीक्षा की जाएगी। सिंगापुर के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी भेंट करेंगें। ब्योरा हमारे संवाददाता से—-
यह यात्रा दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों को आपसी संबंध मजबूत करने और भविष्य के सहयोग का मार्ग प्रसिद्ध करने का अवसर प्रदान करती है। दोनों प्रधानमंत्री आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। विदेशमंत्री डॉ एस जयशंकर प्रधानमंत्री वॉंग से मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री वॉंग की यह यात्रा भारत सिंगापुर राजनीतिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ की अवसर पर की जा रही है। मंत्रालय ने रेखांकित किया कि सिंगापुर भारत के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार है और एक्ट ईस्ट नीति में अहम भूमिका निभाता है। पिछले सितंबर में प्रधानमंत्री मोदी की सिंगापुर यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच से संबंधों को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया गया था। आदर्श आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
******
कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज पंजाब में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य का दौरा कर रहे हैं। श्री चौहान सबसे अधिक प्रभावित अमृतसर, गुरदासपुर और कपूरथला ज़िलों के कुछ गांवों के प्रभावित लोगों से भी मिलेंगे।
श्री चौहान ने कहा है कि केंद्र सरकार संकट की इस घड़ी में पंजाब के साथ खड़ी है।
अपने किसान भाईयों-बहनों से, अपनी जनता से यही मैं कहना चाहता हूं कि केन्द्र सरकार स्थिति पर नज़र रखे हुई है। राज्य सरकार के साथ मिलकर जनता को संकट से पार ले जाने के लिए हर सम्भव उपाए करेगी। जनता से किसानों से चर्चा करूगा और जनता को संकट के पार निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। राज्य सरकार से भी चर्चा करके उनकी संकट के समय हम सब एक है। हम, आवश्यक जो उपाए करने होंगे उन पर चर्चा करेंगे।
******
पंजाब में लगातार वर्षा से जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सेना, वायुसेना, बीएसएफ और एनडीआरएफ द्वारा बचाव और राहत अभियान जारी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि धान और अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
अन्य प्रभावित जिलों के आलावा, उफनती सतलुज और घग्गर नदियों ने पटियाला, मोहाली, संगरूर और जालंधर के कुछ गांवो को भी प्रभावित किया है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए, राज्य सरकार ने 7 सितंबर तक सभी शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए है। इस बीच, चंडीगढ़ स्थित भारतीय मौसम विभाग ने आशा की किरण दिखाई हैI इसके निदेशक सुरेंद्र पाल ने आज से 8 सितंबर तक पंजाब में बारिश में उल्लेखनीय कमी आने का अनुमान जताया है। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।
उधर, हिमाचल प्रदेश में शिमला से हमारी संवाददाता ने बताया है कि राज्य में 5 राष्ट्रीय राजमार्ग और एक हजार तीन सौ 50 से अधिक सड़के यातायात के लिए अवरूद्ध हैं।
प्रदेश में मानसून की वर्षा से सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई स्था अनों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने राज्य में आगामी 7 सितंबर तक वर्षा जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। प्रदेश में अनेक स्थानों में जहां सड़के बंद हैं, वहीं कई जगह बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच‘ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सभी जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा जिला के मणिमहेश में फंसे श्रद्धालुओं को निकालने के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री से बात कर एयरफोर्स से कुछ हेलीकॉप्टर भेजने की मांग की जाएगी। प्रभा शर्मा, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
******
उत्तराखंड के कई हिस्सों में लगातार वर्षा के बाद आज कुछ राहत मिली। वर्षा कम होने के साथ ही, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन से अवरुद्ध सड़कों से मलबा हटाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी है।
******
वहीं, जम्मू- कश्मीर में आज बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है।
******
मौसम विभाग ने गुजरात क्षेत्र में अगले तीन दिन तक और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कल तक अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा हो सकती है।
******
छत्तीसगढ़ के सुकमा ज़िले में नौ महिलाओं सहित बीस माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इन सभी पर कल 33 लाख रुपये की राशि का इनाम घोषित था। सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी कथित तौर पर हिंसा की कई घटनाओं में शामिल थे।
बीस नक्सिलियों में नौ महिला नक्सली और 11 पुरूष नक्सली हैं। यह सब मिलाकर 33 लाख का ईनाम रखा गया है। इनमें दो नक्सलियों पे आठ लाख का ईनाम है। एक नक्सली पे पांच लाख का ईनाम है। इसके आलावा चार नक्सलियों पे चार-चार-लाख का ईनाम है और बाकी अन्य नक्सलियां अग्र संगठन के सदस्य हैं। सभी नक्सलियों को शासन द्वारा आत्म-समर्पण पॉलिसी है। उनके अनुसार सभी बेनिफिट मिलेंगे, उनकों रिवॉर्ड मिलेगा।
******
भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में आज बिहार बंद का ऐलान किया है। भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) समेत एनडीए के सभी पांच घटक दलों की महिला इकाई के नेतृत्व में यह बंद बुलाया गया है। यह बंद सुबह 7 बजे शुरू हुआ और दोपहर 12 बजे तक रहेगा। आपातकालीन सेवाओं को इससे मुक्त रखा गया है।
******
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कल नई दिल्ली के विज्ञान भवन में स्कूलों के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों के सह-स्थापन हेतु दिशानिर्देशों का शुरुआत की। इस अवसर पर श्री प्रधान ने कहा कि यह पहल प्रत्येक माँ और बच्चे की पूर्ण देखभाल सुनिश्चित करेगा जिससे राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षा की नींव मज़बूत होगी।
******
एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप में भारत ने कल शाम बिहार के राजगीर में दूसरे सुपर 4 ग्रुप मैच में कोरिया के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। भारत ने पहले हाफ में एक-शून्य की बढ़त बना ली थी। लेकिन उसके बाद कई पेनल्टी कॉर्नर मिलने के बावजूद, भारतीय टीम कोरियाई रक्षापंक्ति के सामने गति और लय बरकरार रखने में संघर्ष करती दिखाई दी।
******
अमरीकी ओपन के सेमीफाइनल में भारत के युकी भांबरी और न्यूज़ीलैंड के माइकल वीनस की जोड़ी का सामना ब्रिटिश जोड़ी नील स्कूप्स्की और जो सैलिसबरी से होगा। भांबरी और वीनस की जोड़ी ने आज सुबह पुरुष डबल्स के क्वार्टर फाइनल में क्रोएशिया के निकोला मेक्टिक और अमरीका के राजीव राम को 6-3, 6-7, 6-3 से हराया।
******
केरल में सबरीमाला मंदिर में आज से रविवार तक ओणम पूजा आयोजित की जाएगी। ओणम उत्सव के लिए मंदिर कल शाम खुला और रविवार शाम को फिर से बंद कर दिया जाएगा।
******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– रवि कपूर।
- जीएसटी परिषद के फैसलों को सभी अखबारों ने प्रमुखता दी है। दैनिक जागरण के शब्द हैं- आम आदमी को बड़ी राहत, नवरात्र के पहले दिन से लागू होंगी नई दरें। दैनिक भास्कर की सुर्खी है- नवरात्र से टैक्स राहत की दीवाली। हिन्दुस्तान ने जीएसटी-टू शीर्षक से लिखा है- दिवाली जगमग होगी, जरूरी वस्तुओं के दाम घटेंगे। राजस्थान पत्रिका ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इन शब्दों को दिया है- हमने वादे को पूरा किया। अमर उजाला ने इसे मोदी सरकार का दीवाली तोहफा बताते हुए लिखा है- सात दिन में पूरी होगी रिफंड की प्रक्रिया।
- बिजनेस स्टेंडर्ड के अनुसार जून तिमाही में देश में प्रवासी भारतीयों द्वारा दो लाख नब्बे हजार करोड़ रुपये भेजे गए। विदेशी निवेश भी बढ़ा।
- अमर उजाला की खबर है-दूरसंचार विभाग ने धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने वाले दो करोड़ फोन कनेक्शन ब्लॉक किए।
- जनसत्ता ने विशेष आलेख में लिखा है- कोलकाता से इस वर्ष तीन सौ से अधिक दुर्गा प्रतिमाएं विदेश भेजी गईं। फाइबर ग्लास प्रतिमाओं की मांग बढ़ी।
- राष्ट्रीय सहारा, दैनिक ट्रिब्यून, देशबन्धु और वीर अर्जुन ने लगातार मूसलाधार बारिश के बाद बिगड़े हालात से जुड़े समाचार सचित्र प्रकाशित किए हैं।
- हरिभूमि के खेल पन्ने की खबर है- नोवाक जोकोविच रिकॉर्ड 53वां ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल खेलने वाले खिलाड़ी बनेंगे। यूएस ओपन में अब सामना होगा अल्काराज से।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- जी.एस.टी. परिषद ने अगली पीढ़ी के वस्तु और सेवा कर सुधारों की घोषणा की। दैनिक उपयोग की वस्तुएँ होंगी सस्ती। नई दरें 22 सितम्बर से होंगी लागू। परिषद ने 5 और 18 प्रतिशत के स्लैब को स्वीकृति दी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी सुधारों की सराहना की। कहा- इससे आम आदमी, किसानों, एम.एस.एम.ई., मध्यम वर्ग, महिलाओं और युवाओं को मिलेगा लाभ।
- उद्योग जगत और व्यावसायिक निकायों ने जीएसटी सुधारों को सराहा। कहा- इससे कारोबार करना होगा सुगम।
- प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वांग के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
- पंजाब, हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत तथा बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी।
******