मुख्य समाचार:-
- लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार का आज अंतिम दिन; 13 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश की 89 सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा।
- प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज देहरादून में भारतीय वन सेवा परिवीक्षाधीन अधिकारियों के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।
- रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने बी आई एस गोला-बारूद के उच्चतम खतरे से सुरक्षा के लिए देश की सबसे हल्की बुलेट प्रूफ जैकेट को सफलतापूर्वक विकसित किया।
- दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से खराब मौसम के कारण पंद्रह उड़ानों के मार्गों में परिवर्तन।
- आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जाइंट्स ने चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स को छह विकेट से हराया।
————–
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। 13 राज्यों की नवासी लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा। इसमें केरल में 20, कर्नाटक में 14, राजस्थान में 13, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में आठ-आठ, मध्य प्रदेश में सात, असम और बिहार में पांच-पांच, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में तीन-तीन और त्रिपुरा तथा जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट शामिल हैं।
————–
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा और होशंगाबाद संसदीय क्षेत्रों में मतदान होगा। मध्यप्रदेश में चुनाव प्रचार इन दिनों चरम पर है। वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर सागर लोकसभा क्षेत्र के बड़तूमा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद श्री मोदी बैतूल लोकसभा क्षेत्र के हरदा में भी एक जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम सात बजे प्रधानमंत्री भोपाल में करीब एक किमी लम्बा रोड शो करेंगे। उधर, कांग्रेस की और से प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव और सांसद विवेक तन्खा झाबुआ और धार में चुनाव प्रचार करेंगे। एनएसयूआई ने भी युवाओं के बीच कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में मोर्चा संभाल लिया है। वहीं बसपा और निर्दलीय उम्मीदवार भी पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
————–
केरल की सभी बीस लोकसभा सीटों के लिए प्रचार अभियान आज समाप्त हो जाएगा। राजनीतिक दलों ने अपने शीर्ष नेताओं की उपस्थिति में जोर-शोर से चुनाव प्रचार किया। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज अलफुजा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए के लिए प्रचार करेंगे। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वायनाड में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा-यूडीएफ के लिए चुनाव प्रचार करेंगी। मुख्यमंत्री पिनरई विजयन सहित कई वरिष्ठ वाम दलों के नेता भी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा- एलडीएफ के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। इस बीच केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, संजय कौल ने बताया कि राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आचार संहिता के अनुपालन संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं।
————–
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज महाराष्ट्र के अमरावती में पार्टी उम्मीदवार नवनीत राणा के पक्ष में रैली को संबोधित करेंगे। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी अमरावती जिले के परतवाड़ा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने अमरावती लोकसभा सीट पर बलवंत वानखेड़े को उम्मीदवार बनाया है। डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर के पौत्र आनंदराज आंबेडकर भी इस सीट पर अपना भाग्य आजमा रहे हैं और उन्हें वंचित बहुजन अघाड़ी पार्टी का समर्थन हासिल है। बहुजन समाज पार्टी ने इस सीट पर संजय गाड़गे को टिकट दिया है।
————–
लोकसभा चुनाव की विशेष श्रृंखला के अंतर्गत आज हम चर्चा कर रहे हैं कर्नाटक के मैसूरू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की। इस सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। एक रिपोर्ट-
मैसूरू कर्नाटक की सांस्कृतिक राजधानी है, जो महलों और बगीचों के लिए जानी जाती है। मैसूरू जिले के 6 विधानसभा क्षेत्र और कोडगु जिले के दो विधानसभा क्षेत्र मिलकर मैसूर लोकसभा क्षेत्र बनता है। कुल आठ विधानसभा क्षेत्रों में से को़डगु के दो और मैसूर के तीन विधायक कांग्रेस के हैं बाकी तीन विधानसभा क्षेत्रों में से दो जीडीएस विधायक और एक में बीजेपी के विधायक हैं। लोकसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस और बीजेपी की उम्मीदवारों के अलावा आठ उम्मीदवार रजिस्टर्ड अन रिकॉग्नाइज पार्टी से हैं और अन्य आठ निर्दलीय उम्मीदवार हैं। मैसूरू लोकसभा क्षेत्र में कुल 20 लाख 72 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। बीजेपी द्वारा राज परिवार के यदुवीर कृष्ण दत्त चामाराजू वाडियार को चुनाव में अपने उम्मीदवार के तौर पर उतारा गया है कांग्रेस की ओर से उनके प्रवक्ता रह चुके लक्ष्मण एम को चुनावी अखाड़े में उतारा गया है इस बार कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर है। मोदी गारंटी और राज्य सरकार द्वारा दिए गए कांग्रेस की गारंटी यहां के चुनाव के प्रमुख मुद्दे हैं। सुधीन्द्र आकाशवाणी समाचार बेंगलुरु।
————–
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 95 लोकसभा सीटों के लिए कुल एक हजार 351 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार तीसरे चरण के चुनाव के लिए कुल 2 हजार 963 नामांकन दाखिल किए गए थे। जांच के बाद, एक हजार 563 नामांकन वैध पाए गए।
————–
उत्तराखंड की दो दिन की यात्रा पर गई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज देहरादून में वन अनुसंधान संस्थान में भारतीय वन सेवा परिवीक्षा अधिकारियों के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगी। संस्थान के 2022-24 कोर्स के 99 परिवीक्षा अधिकारियों को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी में स्नातक की डिग्री दी जाएगी। इनमें भूटान के दो प्रशिक्षु अधिकारी भी शामिल हैं। मौजूदा बैच में मध्य प्रदेश के सबसे अधिक 15 और उत्तराखंड के तीन अधिकारी शामिल हैं।
—————
सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि भ्रामक विज्ञापन को लेकर वह गंभीर है। शीर्ष न्यायालय ने भ्रामक विज्ञापनों के प्रकाशन को लेकर पतंजलि आयुर्वेद के खिलाफ लंबित अवमानना मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि वह मात्र पतंजलि आयुर्वेद के लिए ही नहीं, बल्कि जनहित में उन सभी उपभोक्ता कंपनियों के प्रति भी चिंतित है जो भ्रामक विज्ञापनों का सहारा लेती हैं। न्यायालय ने एलोपैथिक डॉक्टरों की शिकायतों के संबंध में याचिकाकर्ता-इंडियन मेडिकल एसोसिएशन को भी चेतावनी दी।
—————
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन, डीआरडीओ ने देश में सबसे हल्के बुलेट प्रूफ जैकेट को सफलतापूर्वक विकसित किया है। यह जैकेट बीआईएस गोला-बारूद के छठवें स्तर के उच्चतम खतरे से सुरक्षा प्रदान करता है। हाल ही में इस बुलेट प्रूफ जैकेट का चंडीगढ़ के चरम प्राक्षेपिकी अनुसंधान प्रयोगशाला (टीबीआरएल) में सफल परीक्षण किया गया। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह जैकेट नए डिजाइन दृष्टिकोण पर आधारित है, जहां नवीन सामग्री और प्रक्रियाओं का उपयोग किया गया है।
—————
विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत का विश्वास है कि सशक्त दक्षिण पूर्व एशियाई देशों का संगठन आसियान हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में रचनात्मक भूमिका निभा सकता है। आसियान फ्यूचर फोरम के पहले संस्करण को वर्चुअली संबोधित करते हुए डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत की हिन्द-प्रशांत महासागर की पहल और इस क्षेत्र पर आसियान देशों का समन्वय व्यापक सुरक्षा चुनौतियों के लिए मजबूत तंत्र प्रदान करता है। उन्होंने कहा आसियान भारत की पूर्वोन्मुखी नीति के केंद्र में है और हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण स्तम्भ है।
—————
यूक्रेन में भारतीय राजदूत हरीश जैन ने कल कीव में यूक्रेन के नए उप-विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा से मुलाकात की। बैठक के दौरान श्री जैन ने श्री सिबिहा को उनकी नई भूमिका के लिए बधाई दी। यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-यूक्रेन द्विपक्षीय संबंधों और आपसी हित के अन्य मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने यूक्रेन को भारत की मानवीय सहायता के बारे में भी बातचीत की।
—————
दिल्ली में कल खराब मौसम के कारण इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से 15 उड़ानों का मार्ग परिवर्तन किया गया। इन उड़ानों में से नौ को जयपुर, दो को अमृतसर और दो लखनऊ और एक-एक मुंबई और चंडीगढ़ के लिए डायवर्ट किया गया। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी में मौसम में अचानक बदलाव आया जब कल शाम दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश और तेज़ हवाएँ चलीं।
—————
देश के पूर्वोत्तर हिस्से में इस महीने की 29 तारीख तक हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी के साथ-साथ कुछ जगहों पर तेज हवाओं तथा गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के वरिष्ट वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने अगले दो से तीन दिनों तक उप-हिमालयी पंश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में वर्षा की संभावना व्यक्त की है।
जो हीट वेव है उडीसा और गैंगेटिक वेस्ट बंगाल में वहां कंटीन्यू करेगा। उडीसा और गैंगेटिक वेस्ट बंगाल में अभी लॉंग्स स्पेयर हीट वेव कंटीन्यू कर रहा है और यह ऐरिया ऑरेंज अलर्ट में है। इसी के साथ–साथ जो पेनेनसूलर इंडिया है वहां भी हॉट अंडर ह्यूमिडिटि वेदर रहेगा। पार्टिकूलर्ली आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, केरला और जो फेज टू का अभी जो वोटिंग होगा 26 अप्रैल को, अभी जो अपडेट आया है केरला, कर्नाटक इसमें हॉट ह्यूमिडिट वेदर रहेगा। साउथ राजस्थान में छुटपुट थंडरस्ट्रोम एक्टिविटी हो सकता है और अदरवाइज जैसे कोई खराब वेदर का सूचना नहीं है और अगर बिहार और सदर्न वेस्ट बंगाल की बात की करें तो वहां बिहार में तापमान थोडा हाई रहेगा एंड और जो इलाका में जा रहा है फेज टू इलेक्शन के लिए उसमें ऐसे कोई सिवियर वेदर या हीट वेव का सूचना नहीं है।
—————
खेल खबरों के साथ हैं मुकेश कुमार बल
आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपरजाइंट्स ने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया है। लखनऊ ने 211 रन के लक्ष्य को 19 ओवर और तीन गेंद में चार विकेट पर 213 रन बनाकर हासिल कर लिया। आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में डेहली कैपिटल का मुकाबला गुजरात टाइटन से होगा। यह मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, वहीं चीन में कल से शुरू हुए तीरंदाजी विश्व कप में महिलाओं की टीम स्पर्धा में ज्योति अदिति और परनीत पहले स्थान पर रही ज्योतिष सुरेखा विष कंपाउंड क्वालीफिकेशन राउंड में दूसरे स्थान पर रही। वर्तमान चैंपियन आदित्य स्वामी आठवें स्थान पर रही। इसके अलावा भारत ने विश्व एथलेटिक्स रिले 2024 टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्य रिले टीम की घोषणा की है। आगामी पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाइंग इवेंट के तौर पर यह प्रतियोगिता 4 से 5 में तक बहामास के नसावी में होगी। यह एथलीट 4 x 400 मीटर रिले पुरुष महिला और मिश्रित श्रेणियां में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
—————
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं – फरहत नाज़।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त होने से पहले सभी राजनीतिक दलों द्वारा प्रचार तेज किए जाने की खबरें सभी अखबारों की सुर्खी बनी है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 102 सीटों पर पिछली बार की तुलना में कम मतदान को लेकर चुनाव आयोग ही नहीं राजनीतिक दल भी चिंतित- राजस्थान पत्रिका में है। पत्र लिखता है- आयोग ने जहां अन्य छह चरणों में मतदान बढाने के लिए बैठक कर रणनीति बनाई, वहीं राजनीतिक दल भी मतदान प्रतिशत बढाने को लेकर लगा रहे हैं जोर।
भारत द्वारा मध्यम दूरी तक मार करने वाली बैलेस्टिक मिसाइल के नए संस्करण का सफल परीक्षण करने की खबर भी अमर उजाला में है। पत्र लिखता है- हवा से सतह तक मार करने वाली ये मिसाइल 250 किलोमीटर की दूरी तक लक्ष्य भेदने में सक्षम। ये इस्राइली मूल की क्रिस्टल मेज-2 मिसाइल है। देशबंधु लिखता है- परीक्षण के दौरान मिसाइल ने अपनी क्षमता साबित करते हुए नई प्रौद्योगिकी की सफलता की पुष्टि की।
भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा प्रतिकूल मौसम बढा सकता है मंहगाई- जनसत्ता की खबर है। पत्र लिखता है- वैश्विक स्तर पर लंबे समय से जारी तनावपूर्ण हालात के असर से कच्चे तेल की कीमतों में भी अस्थिरता बने रहने की सम्भावना है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित खुदरा मंहगाई मार्च में घटकर चार दशमलव नौ फीसद रह गई थी।
संयुक्त राष्ट्र की मौसम एवं जलवायु एजेंसियों की ये चिंता कि एशियाई देशों में हो सकता है भीषण जल संकट देशबंधु की सुर्खी बना है।
यात्रियों को पौष्टिक और सस्ता आहार देने पर रेलवे का ध्यान अमर उजाला की सुर्खी है। पत्र रेलवे के हवाले से लिखता है- कि सभी स्टेशनों पर यात्रियों को सस्ता खाना उपलब्ध कराया जा रहा है।
—————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार का आज अंतिम दिन; 13 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश की 89 सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा।
- प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज देहरादून में भारतीय वन सेवा परिवीक्षा अधिकारियों के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।
- रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन–डीआरडीओ ने बीआईएस गोला-बारूद के उच्चतम खतरे से सुरक्षा के लिए देश की सबसे हल्की बुलेट प्रूफ जैकेट को सफलतापूर्वक विकसित किया।
- दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से खराब मौसम के कारण पंद्रह उड़ानों के मार्गों में परिवर्तन।
- आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जाइंट्स ने चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स को छह विकेट से हराया।
—————