मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महीने की 29 तारीख से जापान और चीन की चार दिन की यात्रा पर रहेंगे।
- जीएसटी परिषद की दो दिन की बैठक अगले महीने की 3 तारीख को नई दिल्ली में शुरू होगी।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबी सहायक सर्जियो गोर को भारत में अमेरिका का अगला राजदूत नियुक्त किया।
- देश में आज दूसरा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया जा रहा है। इस दिन चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग हुई थी।
- बुल्गारिया में अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के महिला स्पर्धा में भारत की काजल दोचक ने स्वर्ण पदक जीता, श्रुति और सारिका ने कांस्य पदक हासिल किया।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महीने की 29 तारीख से जापान और चीन की चार दिन की यात्रा पर जाएंगे। श्री मोदी 29 और 30 अगस्त को 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। एक रिपोर्ट……
यह प्रधानमंत्री मोदी की आठवीं जापान यात्रा और जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ पहली शिखर बैठक होगी। इस यात्रा के दौरान दोनों प्रधानमंत्री रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी और नवाचार सहित विशेष रणनीतिक तथा वैश्विक साझेदारी की समीक्षा करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी तियानचिन में शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में भागीदारी के लिए 31 अगस्त से एक सितम्बर तक चीन की यात्रा करेंगे। शिखर बैठक से अलग श्री मोदी अनेक वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक कर सकते हैं। भारत 2017 से शंघाई सहयोग संगठन का सदस्य है। भारत ने वर्ष 2022-23 के दौरान इस संगठन के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता की थी। भूपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मृगनयनी पांडेय।
*******
प्रधानमंत्री अगले महीने की 2 तारीख को नई दिल्ली में चौथे सेमीकॉन इंडिया 2025 का उद्घाटन करेंगे। इस तीन दिवसीय आयोजन का उद्देश्य माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मूल्य श्रृंखला में देश की बढ़ती क्षमताओं और महत्वाकांक्षाओं को प्रदर्शित करना है। कल नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस कृष्णन ने कहा कि पहली बार इस प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और मलेशिया के चार अंतर्राष्ट्रीय मंडप शामिल होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 18 देशों और क्षेत्रों की 350 प्रदर्शनी कंपनियाँ अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।
*******
वस्तु और सेवा कर-जी.एस.टी. परिषद की 56वीं बैठक अगले महीने की तीन और चार तारीख को नई दिल्ली में होगी। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन बैठक की अध्यक्षता करेंगी। जी.एस.टी. परिषद की पिछली बैठक पिछले वर्ष दिसम्बर में राजस्थान के जैसलमेर में हुई थी। इस दौरान वस्तु और सेवा कर से जुड़े कई निर्णय लिए गए जिनमें पोषण युक्त चावल की दर पर पांच प्रतिशत कटौती करने और पहले से पैक्ड तथा लेबल वाली वस्तुओं की परिभाषा बदलने की सिफारिश भी शामिल है।
*******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान बनाने और विमान के इंजन के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नई दिल्ली में कल एक कार्यक्रम में श्री सिंह ने कहा कि भारत नवाचार और प्रौद्योगिकी विकास को बढ़ावा देकर और घरेलू कंपनियों के लिए उपयुक्त विकास वातावरण बनाकर एक मजबूत प्रणाली का निर्माण कर रहा है।
आज हम चिप जनरेशन एयर क्रॉफ्ट बनाने की दिशा में भी आगे कदम बढ़ा चुके हैं। हम एयर क्रॉफ्ट का इंजन भी भारत में बनाने की तरफ बढ़ चुके हैं। हम लोग फ्रेंच कंपनी सेफ्रान के पास इंजन मेकिंग का काम भारत में शुरु करने जा रहे हैं। हम प्राइवेट सेक्टर को एक सुटेबल ग्रोथ इनवार्मेंट प्रदान कर रहे हैं। इसके अनुसार हमने स्टैटजिक पार्टनरशिप मॉडल के माध्यम से फाइटर प्लेन, हेलीकॉप्टर, टैंक और सबमेरिन सहित मेगा डिफेंस प्रोग्राम के निर्माण के अवसर खोले हैं, जो आने वाले वर्षों में हमारी प्राइवेट कंपनीज को ग्लोबल चाइंड्स बनाने में भी मदद करेंगे।
श्री सिंह ने कहा कि सरकार ने हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को 97 तेजस लड़ाकू विमान बनाने के एक नए ऑर्डर को मंजूरी दी है।
हमने एचसीएल को करीब 66 हजार करोड़ रुपये की लागत से 97 तेजस फाइटर प्लेन बनाने के एक नए ऑर्डर दे दिया है और इससे पहले भी 48 हजार करोड़ रुपये की लागत से 83 प्लेन बनाने का ऑर्डर दिया गया था। हमारा तेजस यात्रा भारत की इंडिजिनस डिफेंस कैपिबिल्टि का उदाहरण बनने वाला है। यह मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं।
*******
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-आई.सी.एम.आर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा है कि स्वास्थ्य क्षेत्र में अनुसंधान को आगे बढ़ाने के लिए विकासशील देशों के बीच सहयोग आवश्यक है। उन्होंने देश में अनुसंधान के बुनियादी ढाँचे और वित्तपोषण को मज़बूत करने में निवेश की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया। डॉक्टर बहल ने कल नई दिल्ली में आयोजित सार्वजनिक स्वास्थ्य में अनुसंधान और नवाचारों पर अंतरराष्ट्रीय बैठक के वे फॉरवार्ड सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही।
*******
देश में आज दूसरा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया जा रहा है। इस दिन चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग हुई थी। एक रिपोर्ट……….
वर्ष 2023 में आज के ही दिन, चंद्रयान-3 मिशन ने चंद्रमा की सतह पर विक्रम लैंडर की सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग की थी। इसके साथ ही, भारत चंद्रमा पर उतरने वाला चौथा और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के पास उतरने वाला पहला देश बन गया था। सॉफ्ट लैंडिंग के बाद प्रज्ञान रोवर का सफल प्रक्षेपण हुआ। लैंडिंग स्थल का नाम शिव शक्ति पॉइंट रखा गया। इस उपलब्धि के सम्मान में, भारत सरकार ने आधिकारिक तौर पर 23 अगस्त को “राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस” के रूप में घोषित किया। यह दिवस अंतरिक्ष अन्वेषण में महत्वपूर्ण उपलब्धियों को मान्यता देता है और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में हुई प्रगति पर प्रकाश डालता है। इस वर्ष के उत्सव का विषय है “आर्यभट्ट से गगनयान: प्राचीन ज्ञान से अनंत संभावनाओं तक“। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
अंतरिक्ष दिवस समारोह के अंतर्गत, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने कल नई दिल्ली में दूसरे राष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन का आयोजन किया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी.के. मिश्रा ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा की सराहना की।
इस बीच, इसरो के अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में सुधारों के अनुरूप क्षमता संवर्धन और निजी क्षेत्र का गहन एकीकरण, 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
*******
सरकार ने स्पष्ट किया कि भारत में टिकटॉक पर प्रतिबंध हटाने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि भारत में टिकटॉक को अनब्लॉक करने का दावा करने वाला कोई भी बयान या खबर झूठी और भ्रामक है।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबी सहायक सर्गियो गोर को भारत में अमरीका के राजदूत और दक्षिण एंव मध्य एशिया कार्यों के लिए विशेष दूत के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की है। ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट के माध्यम से घोषणा करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि दुनिया के सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्र के लिए उन्हें ऐसे व्यक्ति की जरूरत थी जो उनकी योजना के अनुरूप कार्य कर सके।
गोर, एरिक गार्सेटी का स्थान लेंगे, जिन्होंने 11 मई 2023 से इस वर्ष 20 जनवरी तक राजदूत के रूप में कार्य किया।
*******
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में 26 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। श्री विक्रमसिंघे ने अपनी पत्नी के हृदय रोग और कैंसर जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए ज़मानत मांगी है। एक रिपोर्ट ……
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 76 वर्षीय विक्रमसिंघे आपराधिक जाँच विभाग द्वारा पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया था। और कोलंबो फोर्ट मजिस्ट्रेट कोर्ट में कल पेश किया गया, उन्होंने अपनी ज़मानत याचिका में स्वास्थ्य समस्याओं और पत्नी के कैंसर के इलाज के हवाला दिया था। यह मामला उनकी पत्नी की पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने के लिए 2023 में लंदन की यात्रा से संबंधित है। जहां जांचकर्ताओं का आरोप है कि सरकारी धन के लगभग पचास हज़ार डॉलर बिना किसी आधिकारिक उद्देश्य के खर्च किये गए थे। श्री विक्रमसिंघे को वेल्लीकता जेल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अहमद मोईन फारूकी, आकाशवाणी समाचार, कोलंबो।
*******
बुल्गारिया के समोकोव में, अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत की काजल दोचक ने कल स्वर्ण पदक जीता, वहीं श्रुति और सारिका ने कांस्य पदक जीते।
सारिका ने महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग में पोलैंड की इलोना वालचुक को हराकर कांस्य पदक जीता।
पुरुषों के ग्रीको-रोमन 60 किग्रा वर्ग में, सूरज ने फ्रांस के लुकास गो ग्रासो को हराकर कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता में भारतीय पहलवानों ने अब तक नौ पदक जीते हैं जिनमें दो स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
*******
134वें प्रतिष्ठित डूरंड कप फुटबॉल का फाइनल मुकाबला आज नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड फुटबॉल क्लब और डायमंड हार्बर फुटबॉल क्लब के बीच खेला जाएगा।
कोलकाता के विवेकानंद युबा भारती क्रीडांगन के मैदान में नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड फुटबॉल क्लब और डायमंड हार्बर फुटबॉल क्लब के बीच मुकाबला यह तय करेगा कि डूरंड कप के 134वें संस्करण का खिताब किसके नाम दर्ज होगा
*******
तेलंगाना के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जे. कृष्ण राव ने घोषणा की है कि राज्य में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए हेली टूरिजम की शुरूआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि पर्यटकों को आकाश से अनूठा अनुभव प्रदान करने के लिए सरकार हैदराबाद, सोमासिला और श्रीसैलम के बीच हैलीकॉप्टर पर्यटन सेवाएं संचालित करने के प्रस्ताव की तैयारी कर रही है।
*******
सरकार ने कहा है कि चालू खरीफ के मौसम के दौरान राज्यों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। रसायन और उर्वरक मंत्रालय के अनुसार 143 लाख मीट्रिक टन की आनुपातिक आवश्यकता की तुलना में कुल यूरिया उपलब्धता 183 लाख मीट्रिक टन है, जिसमें से 155 लाख मीट्रिक टन की बिक्री पहले ही हो चुकी है।
*******
मौसम विभाग ने आज पूर्वी राजस्थान में अत्यधिक तेज वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिन तक दिल्ली, हरियाणा, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और उत्तरी क्षेत्र के कई स्थानों पर मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह की स्थिति का अनुमान है। विभाग ने आज बिहार, कर्नाटक के भीतरी हिस्से, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बिजली और तेज़ हवाओं के साथ बौछारें पडने का भी अनुमान व्यक्त किया है।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- अलका सिंह।
- आज सभी समाचार पत्रों ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर चंद्रयान-3 की सफलता को याद करते हुए कई खबरें प्रकाशित की है। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है- भारत के स्पेस स्टार्टअप्स को लगाने होंगे पंख। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सौ उपग्रह से निगहबानी जरूरी। नवभारत टाइम्स लिखता है- कैसा होगा भारत का अपना स्पेश स्टेशन, इसरो ने दिखाया मॉडल।
- शीर्ष न्यायालय ने बिहार में एसआईआर के मुद्दे पर चुनाव आयोग को दिया निर्देश, आनलाइन आवेदन, आधार स्वीकार करें जनसत्ता की खबर है। दैनिक ट्रिब्यून की सुर्खी है- बिहार में सूची से बाहर हुए वोटरों को आधार के साथ दावे दर्ज कराने की सुप्रीम अनुमति।
- आवारा कुत्तो पर शीर्ष न्यायालय का आदेश सभी समाचार पत्रों के प्रथम पृष्ठ पर है। लोकसत्य लिखता है-अब नसबंदी-टीकाकरण के बाद वहीं छोडे जाएंगे जहा से पकडे गए। पंजाब केसरी की सुर्खी है- सार्वजनिक जगह पर खाना देने पर रोक, खूंखार कुत्तों को नहीं छोडा जाएगा।
- भविष्य में युद्ध से निपटने के लिए आठ नए क्षेत्रों में शोध होगा, डीआरडीओ आठ नई और अत्याधुनिक तकनीकों पर अनुसंधान करेगा, भारतीय सैनाओं को सशक्त बनाना मकसद। हिन्दुस्तान की खबर है।
- भारतीय मूल के दिग्गज ब्रिटिश कारोबारी स्वराज पॉल के निधन का समाचार अमर उजाला ने प्रकाशित किया है। बेटी की मौत से टूटे तो लाखों बच्चों की जिंदगी संवारी, उद्यमिता के साथ-साथ परोपकार की अनमोल विरासत छोड गए कपारो समूह के संस्थापक।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महीने की 29 तारीख से जापान और चीन की चार दिन की यात्रा पर रहेंगे।
- जीएसटी परिषद की दो दिन की बैठक अगले महीने की 3 तारीख को नई दिल्ली में शुरू होगी।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने अपने करीबी सहायक सर्जियो गोर को भारत में अमेरिका का अगला राजदूत नियुक्त किया।
- देश में आज दूसरा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया जा रहा है। इस दिन चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग हुई थी।
- बुल्गारिया में अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के महिला स्पर्धा में भारत की काजल दोचक ने स्वर्ण पदक जीता, श्रुति और सारिका ने कांस्य पदक हासिल किया।
*******