Download
Mobile App

android apple
signal

April 23, 2024 9:44 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार जोरों पर; विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता रैलियां कर रहे हैं।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से दो दिन के उत्‍तराखंड दौरे पर।
  • ताईवान में बीती रात भूकंप के लगातार झटके, अधिकतम तीव्रता छह दशमलव एक।
  • मौसम विभाग की अगले चार दिन तक पूर्वी भारत में लू चलने की संभावना।
  • तूलिका मान हांगकांग में एशियन जूडो प्रतियोगिता के फाइनल में।        

……..

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार समाप्त होने में दो दिन शेष हैं। राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। 13 राज्‍यों की 89 लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा। इसमें केरल में 20, कर्नाटक में 14, राजस्थान में 13, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में आठ-आठ, मध्य प्रदेश में सात, असम और बिहार में पांच-पांच, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में तीन-तीन और त्रिपुरा तथा जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट शामिल हैं।

……..

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता आज से दो दिन के छत्‍तीसगढ दौरे पर रहेंगे। श्री मोदी छत्‍तीसगढ में विभिन्‍न लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे।   उनका आज जांजगिर-चंपा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सक्ति और महासमुद निर्वाचन क्षेत्र के धमतरी में रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री कल सुरगुजा के अम्बिकापुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

……..

केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह आज महाराष्ट्र के अकोला में अनूप धोत्रे के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने अकोला से अभय पाटिल को मैदान में उतारा है। वंचित बहुजन अघाड़ी का नेतृत्व कर रहे प्रकाश अंबेडकर भी इस सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। अकोला से कुल 17 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां मतदान 26 अप्रैल को होगा।

श्री अमित शाह कल अमरावती सीट से भाजपा उम्मीदवार नवनीत राणा के पक्ष में एक रैली को संबोधित करेंगे।

……..

दूसरे चरण में उत्‍तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इनमें मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर, अलीगढ गौतमबुद्धनगर, अमरोहा और मथुरा शामिल हैं। सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता रैलियां, रोड शो और घर-घर जाकर प्रचार में जुटे हैं। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कल अलीगढ़ जिले में एक चुनाव रैली को संबोधित किया। उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अलीगढ और फ़तेहपुर सीकरी में रैली को संबोधित किया। बसपा प्रमुख मायावती ने बुलंदशहर में एक रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा केवल दिखावा करती है। कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने मथुरा और फतेहपुर सीकरी में घर-घर जाकर प्रचार किया।

……..

राजस्थान की 13 लोकसभा सीटों पर दूसरे चरण में होने वाले चुनाव के लिए प्रचार कल शाम समाप्त हो जायेगा। भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस तथा निदर्लीय प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा क्षेत्र के उनियारा में जनसभा को संबोधित करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भाजपा और कांग्रेस के कई अन्य नेता भी आज चुनाव प्रचार करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज पाली, सिरोही और डूंगरपुर में विभिन्न प्रचार कार्यक्रमों में भाग लेंगे। फिल्म अभिनेत्री कंगना रानौत दो दिन में पाली व जोधपुर, जैसलमेर और बाडमेर शहर में रोड़ शो करेंगी। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चित्तोड़गढ के बानोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा आज टोंकसवाई माधोपुर क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के लिए दो जनसभाएं करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भी विभिन्न स्थानों पर प्रचार करने का कार्यक्रम है। आर एल पी नेता हनुमान बेनीवाल जालौरसिरोही और अजमेर में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे।जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर

……..

मध्‍य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए एक सौ 27 उम्‍मीदवार मैदान में हैं। कल नामांकन  भरने के अंतिम दिन 14 उम्‍मीदवारों ने नाम वापस लिए। इस बीच चौथें चरण के लिए 28 उम्‍मीदवारों ने 47 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्‍य में विभिन्‍न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता बैठकें कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज टीकमगढ़, रीवा व सतना जिले के प्रवास पर रहेंगे। श्री नड्डा जनसभा एवं स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं कल वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश में प्रचार करेंगे।

उधर,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण यादव और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा रायसेन और नर्मदापुरम जिलों में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

मध्यप्रदेश में 26 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में कुल एक करोड़ 11 लाख 62 हजार से अधिक मतदाता वोट डालेंगे। चुनाव आयोग की ओर से इनमें से एक करोड़ 10 लाख 39 हजार से ज्यादा मतदाताओं को अब तक क्यू आर कोड युक्त मतदाता सूचना पर्ची वितरित की जा चुकी है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल

 ……..

उधर गुजरात में लोकसभा चुनाव के लिए कुल दो सौ 66 और 5 विधानसभा उपचुनाव के लिए 24 उम्‍मीदवार मैदान में हैं। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता सें –

नामांकन वापस लेने के आखिरी दिन कल गुजरात में चुनावी चित्र स्पष्ट हुआ। चुनाव से पहले, भारतीय जनता पार्टी ने सूरत लोकसभा सीट निर्विरोध जीत ली है। सूरत सीट से कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने के बाद और सभी अन्य प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों ने अपने फॉर्म वापस लेने के बाद, भाजपा उम्मीदवार मुकेश दलाल को विजेता घोषित किया गया था। अब राज्य की बची 25 सीटों पर लोकसभा चुनाव के लिए दो 66 उम्मीदवार मैदान में होंगे। सबसे अधिक 18 उम्मीदवार अहमदाबाद पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे जबकि बारडोली सीट पर सबसे कम केवल 3 उम्मीदवार रहेंगे। केंद्र शासित प्रदेश दमन, दीव और दादरा नगर हवेली की दो लोकसभा सीटों में दमन सीट के लिए 7 जबकि दादरा नगर हवेली सीट से पांच उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। अपर्णा खूंट आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद

……..

असम में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए 47 उम्‍मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में चार सीटों के लिए वोट डाले जाएंगें। कल पांच उम्‍मीदवारों के नाम वापस लेने के बाद कोकराझार से 12, बारबेटा से 14, धुबरी से 13 और गुवाहटी से आठ उम्‍मीदवार मैदान में हैं। एक रिपोर्ट-

एनडीए और कांग्रेस ने चारों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। गुवाहाटी सीट पर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है। भाजपा की सहयोगी असम गण परिषद बारपेटा और धुबरी सीट से चुनाव लड़ रही है जबकि यूपी पी एल ने कोकराझार सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। ए आई यू डी एफ अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल धुबरी निर्वाचन क्षेत्र से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। असम में तीसरे चरण में बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट और सी पी आ ईएम भी चुनाव लड़ रहे हैं। गुवाहाटी से मानस प्रतिम शर्मा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अमन यादव

……..

केरल में शुक्रवार को मतदान होगा सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता और प्रमुख प्रचारक, प्रचार कार्य में लगे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता वीके सिंह ने कल अलुवा में प्रचार किया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज चेंगन्नूर और वायनाड में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के लिए प्रचार करेंगे।

……..

लोकसभा चुनाव में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की प्रोफाइल श्रृंखला में आज महाराष्‍ट्र के यवतमाल-वाशिम लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र पर रिपोर्ट प्रस्‍तुत कर रहे हैं।

महाराष्ट्र में, पश्चिमी विदर्भ में यवतमालवाशिम निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना के दो गुटों के बीच सीधा चुनावी मुकाबला होगा। लगातार 5 बार इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली मौजूदा सांसद भावना गवली, जो शिवसेना शिंदे गुट का भी प्रतिनिधित्व करती हैं, उनको  इस बार  उम्मीदवारी से वंचित रखा गया है। वहीं, हिंगोली के शिवसेना सांसद हेमंत पाटिल की पत्नी राजश्री पाटिल को उम्मीदवारी दी गई है। इस सीट से शिवसेना के उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के उम्मीदवार संजय शिंदे पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। कुल 17 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। वंचित बहुजन अघाड़ी के उम्मीदवार अभिजीत पवार की उम्मीदवारी त्रुटियों के कारण खारिज कर दी गई है, वंचित ने समानक पार्टी के उम्मीदवार अनिल राठौड़ को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। बहुजन समाज पार्टी से पूर्व सांसद हरिभाऊ राठौड़ भी उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं क्योंकि आदित्य ठाकरे, रोहित पवार और उद्धव ठाकरे जैसे प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने शिवसेना ठाकरे गुट के उमेदवार संजय देशमुख के लिए प्रचार बैठकें कीं, जबकि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने उनकी उम्मीदवार राजश्री पाटिल के लिए रैलियां कीं।

यवतमालवाशिम लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के साथसाथ विदर्भ के चार निर्वाचन क्षेत्रबुलढाणा, अकोला, अमरावती, वर्धा में इस महीने की 26 तारीख को मतदान होगा। धनंजय वानखेड़े, आकाशवाणी समाचार, नागपुर।

……..

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से उत्तराखंड के दो दिन के दौरे पर रहेंगी। वे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान-एम्‍स ऋषिकेश के चौथे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। वे आज ऋषिकेश में परमार्थ आश्रम के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात करेंगी और गंगा आरती में भी शामिल होंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल राष्ट्रीय वन अकादमी, देहरादून में भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगी।

……..

ताइवान के पूर्वी हिस्सों में बीती रात भूकंप के झटके महसूस किये गये। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इसकी अधिकतम तीव्रता 6.1 मापी गई। भूकंप का केंद्र हुलिएन शहर से 28 किलोमीटर दक्षिण में 10.7 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।

इस महीने की शुरुआत में, ताइवान में 7.4 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी और एक हजार से अधिक लोग घायल हो गए थे।

……..

मौसम विभाग ने अगले चार दिन के दौरान पूर्वी भारत में गर्मी जारी रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में लू चल सकती है। कर्नाटक, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में गरम हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वोत्तर भारत में कल तेज वर्षा हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

……..

भारत की तूलिका मान एशियाई जूडो चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। चीन के हांगकांग में तूलिका मान ने क्वार्टर फाइनल में 78 किलोग्राम वर्ग में प्रथम वरीयता प्राप्त और मौजूदा एशियाड चैंपियन दक्षिण कोरिया की किम ह्युन को पराजित किया।

……..

आईपीएल क्रिकेट में, राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट से हरा दिया है।

आज चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जाइंट्स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।

…….

ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in/hindi पर भी उपलब्ध हैं

…….

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं – सिद्धार्थ सिंह।

  • आगामी चुनावों के लिए धुंआाधार प्रचार और नेताओं के भाषणों के चुने हुए अंश अखबारों के पहले पन्‍ने पर छाए हुए हैं। आरोप-प्रत्‍यारोप और पलटवार के साथ ही अगले चरण की तैयारियां भी साथ ही दी हैं।    
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कल राष्‍ट्रपति भवन में अमूल्‍य योगदान के लिए कई हस्तियों को पद्म पुरस्‍कार प्रदान करने की खबर लगभग सभी अखबारों ने चित्र के साथ दी है।
  • जनसत्‍ता, हिन्‍दुस्‍तान और नवभारत टाइम्‍स की खबर है- नईमा खातूम अलीगढ मुस्लिम विश्‍वविद्यालय की पहली महिला कुलपति नियुक्‍त, राष्‍ट्रपति से मंजूरी मिलने के बाद, पिछले सौ साल में ये पद सम्‍भालने वाली वे पहली महिला हैं।
  • 17 साल के युवा शतरंज खिलाडी गुकेश के नए कीर्तिमान को आज लगभग सभी अखबारों ने महत्‍व दिया है। हरिभूमि ने लिखा है- शतरंज का उभरता हुआ नया किंग। द‍ैनिक भास्‍कर ने लिखा है- चालीस साल पुराना रिकॉर्ड तोडा। हिन्‍दुस्‍तान के शब्‍द हैं- रचा इतिहास। नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है- गैरी कास्‍पोरोव का चालीस वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोडा, सबसे कम उम्र में विश्‍व खिताब की दावेदारी।
  • नवभारत टाइम्‍स ने आंकडो का जिक्र करते हुए लिखा है- दुनिया में हथियारों पर खर्च रिकॉर्ड स्‍तर पर पहुंचा, रक्षा खरीदारों में भारत का चौथा स्‍थान, चीन ने खर्च बढाया, अमरीका शीर्ष पर। राजस्‍थान पत्रिका ने लिखा है- सुरक्षा के लिए कूटनीति की जगह दूसरे तरीकों पर ध्‍यान, स्‍वीडन में सोमवार को जारी रिपोर्ट में खुलासा।  

…….

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार जोरों पर; विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता रैलियां कर रहे हैं।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से दो दिन के उत्‍तराखंड दौरे पर।
  • ताईवान में बीती रात भूकंप के लगातार झटके, अधिकतम तीव्रता छह दशमलव एक।
  • मौसम विभाग की अगले चार दिन तक पूर्वी भारत में लू चलने की संभावना।
  • तूलिका मान हांगकांग में एशियन जूडो प्रतियोगिता के फाइनल में।

…….