मुख्य समाचार:-
- लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज, देशभर में राजनीतिक दलों के नेता कई रैलियां कर रहे हैं।
- लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए कल तक नाम वापस लिये जा सकते हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा–प्रवर्तन निदेशालय और केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो के स्वतंत्र कामकाज में सरकार या राजनेताओं का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में भगवान महावीर के दो हजार पांच सौ 50वें निर्वाण महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
- मालदीव में संसदीय चुनाव के लिए मतदान आज।
- आई पी एल क्रिकेट में कल रात दिल्ली में सनराइजर्स हैदराबाद ने डेल्ही कैपिटल्स को 67 रन से हराया।
—-
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार अभियान तेजी पर है। इस चरण में 13 राज्यों की 88 सीटों पर 26 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। आई. एन. डी. आई. ए. गठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सहित सभी राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता और प्रमुख प्रचारक मतदाताओं को लुभाने के लिए देश भर में रैलियां कर रहे हैं। इस महीने की 26 तारीख को दूसरे चरण में केरल की 20 सीट, कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की आठ-आठ, मध्य प्रदेश की सात, असम और बिहार की पांच-पांच, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ की तीन-तीन और त्रिपुरा तथा जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट के लिए वोट डाल जाएंगे। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के बेंगलुरू और चिकबल्लापुर तथा महाराष्ट्र के परभणी और नांदेड में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए 24 घंटे कार्य करने की अपनी वचनबद्धता दोहराई।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने केरल के एरियाड में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून की रक्षा के लिए बनाई गई सरकारी एजेंसियां अब देश में अवैध लुटेरा बन चुकी हैं।
अमरोहा में एक रैली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अगर आई एन डी आई ए गठबंधन की सरकार बनती है तो किसानों के ऋण माफ कर दिए जाएंगे।
—-
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए नामांकन पत्रों की जांच कल की गई। इस चरण में दस राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में 94 संसदीय सीटों के लिए 7 मई को मतदान होगा। कल तक नाम वापस लिये जा सकते हैं।
—-
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के सतना में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। वे दोपहर 12 बजे बीटीआई मैदान सतना पहुंचेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव भी जनसभा को संबोधित करेंगे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज राज्य में भारतीय जनता पार्टी के प्रचार अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। मुख्यमंत्री रीवा, सागर और छतरपुर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
—-
मेघालय में लोकसभा निर्वाचन के अंतर्गत 76 दशमलव छह प्रतिशत मतदान हुआ लेकिन पिछले दो लोकसभा चुनावों की तर्ज पर मेघालय की दो लोकसभा सीटों में से राजधानी शिलांग के मुकाबले तुरा सीट पर अधिक वोटिंग का रिकार्ड इस बार भी कायम रहा। एक रिपोर्ट….
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में शिलांग सीट पर 65 दशमलव चार–आठ प्रतिशत वोटिंग हुई वहीं तुरा में 81 दशमलव तीन–आठ प्रतिशत मतदान हुआ जो शिलांग के मुकाबले 15 प्रतिशत अधिक था। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इस तथ्य का उल्लेख करते हुए कहा था कि शिलांग में अधिक वोटिंग पर विशेष जोर दिया जायेगा। इसके बावजूद यह विचित्र संयोग कायम रहा। इस बार जहां राजधानी शिलांग की संसदीय सीट पर 73 दशमलव सात–आठ प्रतिशत वोट डाले गये वहीं तुरा संसदीय सीट पर 81 दशमलव तीन–सात प्रतिशत मतदान हुआ। इस प्रकार राजधानी शिलाँग के मुकाबले तुरा में सात दशमलव पांच–नौ प्रतिशत अधिक मतदान हुआ और राजधानी शिलांग के मुकाबले तुरा में अधिक वोटिंग का अजीब संयोग इस बार के लोकसभा चुनाव में भी बदस्तूर कायम रहा। परितोष दीक्षित, आकाशवाणी, शिलांग।
—-
तमिलनाडु और कर्नाटक की सीमा से लगा उत्तरी केरल का सुरम्य वायनाड निर्वाचन क्षेत्र अपनी समृद्ध जैव विविधता और चाय-कॉफी के बागानों के लिए प्रसिद्ध है। इसमें सात विधानसभा क्षेत्र हैं-मनन्थावडी-Mananthavady, सुल्तान बैटरी-Sultan Battery, कलपेट्टा-Kalpetta, तिरुवमपाडी- Thiruvampady, एरानाड-Eranad, नीलांबुर- Nilambur और वंदूर-Vandoor । राज्य में इस महीने की 26 तारीख को मतदान होगा। एक रिपोर्ट….
वायनाड एक ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र है, जो 2019 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उम्मीदवारी के साथ राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया। उन्होंने तब यह सीट 4 लाख 31 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीती थी जो कुल मतदान का 64.64 प्रतिशत था। राहुल गांधी एक बार फिर इस सीट से मैदान में हैं, लेकिन इस बार उन्हें टक्कर देने के लिए एलडीएफ ने सीपीआई नेता एनी राजा को मैदान में उतारा है। एनडीए ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेंद्रन को यहां से प्रत्याशी बनाया है। सभी उम्मीदवार कृषि संकट, मानव–पशु संघर्ष, उचित चिकित्सा सुविधा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी और बांदीपुर रात्रि यातायात प्रतिबंध जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। कांग्रेस एनडीए सरकार की कथित विफलताओं को उठा रही है। सीपीआई क्षेत्र की विकास संबंधी चुनौतियों पर, जबकि भाजपा एनडीए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को मुद्दा बना रही है। वायनाड निर्वाचन क्षेत्र में 14 लाख बासठ हजार 423 मतदाता हैं, जिनमें सात लाख 41 हजार 354 महिलाएं और 7 लाख 21 हजार 54 पुरुष हैं। कोच्चि से राजमोहन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कुमार राधारमन।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि प्रवर्तन निदेशालय और केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सी.बी.आई. को स्वतंत्र रूप से कार्य करने देना चाहिए और सरकार तथा राजनेताओं को इनके कामकाज में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। एक निजी चैनल के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि केन्द्रीय एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और प्रधानमंत्री को भी प्रर्वतन निदेशालय के काम में हस्तक्षेप का अधिकार नहीं है।
सरकार ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए उनको रोकना नहीं चाहिए, उनको स्वतंत्र रूप से काम करना देना चाहिए। करप्शन के खिलाफ काम करने के लिए एक संस्था को जन्म दिया। वे अगर काम न करें तो सवाल पूछना चाहिए, काम करे तो इसलिए सवाल पूछा जाए, यह लॉजिक बैठता नहीं है। दस साल में ईडी ने पांच हजार से ज्यादा केसेस किए हैं। 2014 के बाद सात हजार सर्चेज हुई है। 2014 के बाद सवा लाख करोड रुपये की प्रोपर्टी एटेच की गई है। अगर हम देश में करप्शन हटाना चाहते हैं तो आज को जो संस्था जिस काम के लिए बनी है उसको आपने काम करने देना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार देश के प्रत्येक नागरिक और खासकर गरीबों को सशक्त बनाने के मॉडल पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के बोझ को कम करना सरकार का उत्तरदायित्व है।
प्रधानमंत्री ने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि मौजूदा लोकसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी या प्रधानमंत्री द्वारा नहीं लडा जा रहा है, बल्कि यह जनता की एक पहल है। उन्होंने कहा कि देश ने पिछले तीन दशकों में अस्थिर सरकारें देखी हैं, जिनके कारण देश का विकास बाधित हुआ है। श्री मोदी ने कहा कि अब मतदाता यह अनुभव कर रहे हैं कि एक स्थिर सरकार क्या-क्या कर सकती है।
—-
मालदीव की संसद- मजलिस के लिए आज मतदान हो रहा है। एक रिपोर्ट…
आज मालदीव के चौथे संसदीय चुनावों में 93 निर्वाचन क्षेत्रों में 368 उम्मीदवारों में से प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। जहां दो दशमलव आठ लाख से अधिक मतदाता छह सौ दो मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनावों में मौजूदा राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जु की पार्टी के लिए एक परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है, जो अपनी नीतियों के लिए विपक्ष द्वारा आलोचना का शिकार रही हैं। इसके अलावा यह माना जा रहा है कि पूर्व राष्ट्रपति यामीन का अलग हुआ गुट सत्तारूढ गठबंधन के वोटों को विभाजित करेगा। डॉ. मुइज्जु के पी.पी.एम.-पी.एम.सी. गठबंधन में इंडिया आउट अभियान के साथ पिछले साल सितम्बर में राष्ट्रपति चुनाव जीता था। पिछली संसद में बहुमत विपक्षी मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी के हाथ थी जिसकों वह दोबारा हासिल करना चाहेगा। आकाशवाणी समाचार के लिए कोलंबो से मैं अहमद मुईन फारूखी।
—-
आज महावीर जयंती है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने एक संदेश में कहा कि यह त्योहार हमें प्रेम और शांति का संदेश देता है। राष्ट्रपति ने कहा कि भगवान महावीर ने एक आदर्श और सभ्य समाज के निर्माण के लिए अहिंसा, ब्रह्मचर्य, सत्य और त्याग का मार्ग प्रशस्त किया। भगवान महावीर की शिक्षाएं मानव कल्याण के लिए सर्वदा प्रासंगिक रहेंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान महावीर ने अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह के सिद्धांत देकर शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और विश्व बंधुत्व को बढावा दिया। इस अवसर पर श्री मोदी नई दिल्ली के भारत मंडपम में दो हजार पांच सौ पचासवें भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। वे स्मारक डाक टिकट और एक सिक्का जारी करेंगे तथा लोगों को सम्बोधित भी करेंगे।
—-
आईपीएल क्रिकेट में कल सनराईजर्स हैदराबाद ने डेल्ही कैपिटल्स को 67 रन से हरा दिया। प्रतियोगिता में आज कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से कोलकाता में होगा। यह मैच दोपहर साढ़े तीन बजे से खेला जाएगा। आज एक अन्य मुकाबला चंडीगढ में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
—-
मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है कि पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों में आज लू जारी रहेगी और झारखंड और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में इस महीने की 24 तारीख तक भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। बुधवार तक तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा।
—-
अमरीकी संसद के निचले सदन ने एक ऐसे विधेयक को पारित कर दिया है, जिसके तहत चीन के लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक को एक वर्ष के भीतर अपनी हिस्सेदारी न बेचने पर प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। डेमोक्रेट और रिपब्लिकन दोनों सांसद राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर टिकटॉक के प्रति चिंता व्यक्त करते रहे हैं।
—-
ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in/hindi पर भी उपलब्ध हैं
—-
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं – फरहत नाज़ ।
मुख्य न्यायाधीश के इस बयान को कुछ अखबारों ने सुर्खियों में दिया है कि बडे बदलावों के लिए तैयार है देश, नई चुनौतियों के लिए नये तरीके जरूरी। राजस्थान पत्रिका, अमर उजाला और नवभारत टाइम्स ने इस खबर को बडी सुर्खी बनाते हुए विस्तार से दिया है। राष्ट्रीय सहारा के शब्द हैं-भारत अपनी न्याय प्रणाली में अहम बदलाव के लिए तैयार, बोले सीजेआई। मतदान के पहले चरण पर चर्चा के बाजार गर्म और बाकी चरणों के लिए प्रचार, बैठकें और जनसभाओं की चर्चा लगभग सभी अखबारों ने पहले पन्ने पर विस्तार से की है। एक दूसरे पर आरोप और पलटवार भी प्रमुखता से दिये गये हैं। दुबई में 75 साल में पहली बार तबाही वाली बारिश के बाद बुर्जखलीफा को बंद करना पडा लिखा है- हरिभूमि ने। अखबार ने लिखा है-एयर इंडिया ने दुबई के लिए आज तक उडानें रद्द की, हालात में लगातार सुधार। हरिभूमि ने मुखपृष्ठ पर खबर दी है-युद्ध जैसे हालात देखते हुए भारत ने तल अवीव के लिए एयर इंडिया की सारी उडाने 30 अप्रैल तक रद्द की। हिन्दुस्तान की बडी सुर्खी है- आधा भारत अप्रैल में ही तपने लगा। बिहार में 44 तो झारखण्ड में 46 के पार पारा, दिल्ली में लू चलने की आशंका।
—-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज, देशभर में राजनीतिक दलों के नेता कई रैलियां कर रहे हैं।
- लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए कल तक नाम वापस लिये जा सकते हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-प्रवर्तन निदेशालय और केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो के स्वतंत्र कामकाज में सरकार या राजनेताओं का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में भगवान महावीर के दो हजार पांच सौ 50वें निर्वाण महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
- मालदीव में संसदीय चुनाव के लिए मतदान आज।
- आई पी एल क्रिकेट में कल रात दिल्ली में सनराइजर्स हैदराबाद ने डेल्ही कैपिटल्स को 67 रन से हराया।
—-