मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो के पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। कहा- उनके पूर्वज केवल प्रवासी नहीं थे, बल्कि एक शाश्वत सभ्यता के संदेशवाहक थे।
- टीआरपी बाजार को लोकतांत्रिक और आधुनिक बनाने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने टेलीविजन रेटिंग एजेंसियों के लिए नियमों में संशोधन का प्रस्ताव रखा।
- दिल्ली सरकार ने अवधि पार कर चुके वाहनों को ईँधन नहीं देने के फैसले पर रोक लगाने का अनुरोध किया। कहा- ऐसे वाहनों को जब्त नहीं किया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ सरकार विशेष रूप से आदिवासी बहुल सरगुजा और बस्तर क्षेत्रों में पांच हजार से अधिक मोबाइल टावर लगाएगी।
- अमरीकी कांग्रेस ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के बिग ब्यूटीफुल बिल को पारित किया।
- भारतीय शतरंज खिलाड़ी डी. गुकेश ने क्रोएशिया में ग्रैंड चेस टूर 2025 के तीसरे चरण में विश्व के शीर्ष खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को हराकर एकल बढ़त हासिल की।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय की यात्रा साहस से भरी है। आज सुबह त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि उनके पूर्वज केवल प्रवासी नहीं थे, बल्कि एक शाश्वत सभ्यता के संदेशवाहक थे।
प्रधानमंत्री ने त्रिनिदाद और टोबैगो के नागरिकों को रामनगरी अयोध्या आने का भी निमंत्रण दिया।
इससे पहले, प्रधानमंत्री कल रात अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण में त्रिनिदाद और टोबैगो के पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचे। हवाई अड्डे पर त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ श्री मोदी का स्वागत किया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने पोर्ट ऑफ स्पेन में अविस्मरणीय स्वागत के लिए स्थानीय भारतीय समुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।
*******
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने टेलीविजन रेटिंग एजेंसियों के लिए 2014 में जारी नीति दिशा-निर्देशों में संशोधन का प्रस्ताव किया है। प्रस्तावित मसौदे में मीडिया घरानों के लिए कुछ प्रतिबंधात्मक प्रावधानों को भी हटा दिया गया है, ताकि देश में टेलीविजन दर्शकों की माप प्रणाली को लोकतांत्रिक और आधुनिक बनाया जा सके। वर्तमान में टीवी रेटिंग प्रदान करने वाली एक मात्र एजेंसी ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल – बार्क है।
प्रस्तावित संशोधनों का उद्देश्य टीवी रेटिंग के क्षेत्र में कई एजेंसियों के माध्यम से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। मौजूदा नियम 2014 के हैं, जो अब पुराने हो चुके हैं। भारत में लगभग 23 करोड़ घरों में टेलीवीजन हैं, लेकिन केवल 58 हज़ार घरों से डाटा लिया जाता है।
*******
दिल्ली सरकार ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग से आयु पूरी कर चुके वाहनों को ईँधन नहीं देने के फैसले पर रोक लगाने का अनुरोध किया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस संबंध में आयोग को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी के पर्यावरण को स्वच्छ करेगी और यहां के वाहनों को जब्त नहीं होने देगी। श्री सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार ने आयोग को अवगत कराया है कि जो स्वचालित नंबर प्लेट पहचान कैमरे लगाए गए हैं, वह एक मजबूत प्रणाली नहीं हैं, और उनके साथ अभी भी कई चुनौतियां हैं।
उनको हमने बताया कि एमकेएमपीआर कैमरे लगाए हैं। ये वो सिस्टम नहीं है। अभी तक इनके अंदर बहुत सारे चैलेंजिज है। यह स्पीकर भी मैन्युपुलेटिड हैं। ….जो हैं इसमें एक और चेलेंज आ रहा है। वो है कि एचएसपी हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट हैं इनमें से भी जो जिन पर नहीं है उनको आईडेंटिफाई नहीं कर रहा पेट्रोल पंप में झगड़ा हो रहा है, कि भई ये भी 10 साल से पुरानी गाड़िया तुम इसको क्यों नहीं छेड़ रहे इसमें एरर्स भी आ रहे हैं। और इसकी इंप्लिमेंटेशन में दिक्कतें और चेलेंजिज भी हैं। इसका इलाज तभी होगा जब इसको रोबो सिस्टम किया जाए। और सारी जगह पर बराबर किया जाए।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
छत्तीसगढ़ सरकार आदिवासी बहुल सरगुजा और बस्तर क्षेत्रों में पांच हजार से अधिक मोबाइल टावर लगाने की योजना बना रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि रायपुर में कल एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान ये निर्देश जारी किए गए।
वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ ही विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रांति को नई गति देने पर बल दिया है। राज्य सरकार के इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों, विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा संभागों में नए मोबाइल टॉवर लगाने तथा फाइबर नेटवर्क लाइन बिछाने जैसे कार्यों में तेजी लाई जाए। आने वाले समय में राज्य में समय सीमा के भीतर चरणबद्ध रूप से 5,000 से अधिक मोबाइल टॉवर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ई–डिस्ट्रिक्ट 2.0 के माध्यम से वर्तमान में विभिन्न विभागों की ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार करते हुए 250 अन्य ऑफलाइन सेवाओं को भी ऑनलाइन सेवाओं में तब्दील किया जाएगा। विकल्प शुक्ला, अकाशवाणी समाचार, रायपुर।
*******
महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी आज झारखंड के रांची में सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान के नए क्षेत्रीय केंद्र का उद्घाटन करेंगी। आकाशवाणी से विशेष बातचीत में अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि ये केंद्र विशेष रूप से झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल पर केंद्रित, कई प्रमुख पहलों के प्रशिक्षण और अनुसंधान की जरूरतों को पूरा करेंगे।
1966 से संस्थान चल रही है। निश्चित रूप से यह विशेष कर झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार और उड़ीसा इन चार राज्यों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण संस्थान के रूप में यह रहेगा। सावित्रीबाई फुले जी को हम सभी जानते हैं उनके लिए यह एक अच्छी श्रद्धांजलि भी होगी।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प का चर्चित व्यापक कर और व्यय विधेयक बृहस्पतिवार देर रात पास हो गया। कैपिटल हिल में बीती रात हंगामेदार सत्र के दौरान, प्रतिनिधि सभा ने 218 से 214 मतों से विधेयक पारित कर दिया। राष्ट्रपति ट्रम्प ने रिपब्लिकन के नियंत्रण वाली कांग्रेस को इस बिल का अंतिम रूप भेजने के लिए चार जुलाई तक का समय दिया था, जिसे उन्होंने कानून में हस्ताक्षर करने के लिए बिग ब्यूटिफुल बिल कहकर संबोधित किया है।
*******
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि भारतीय डाक पारंपरिक संदेश वितरण प्रणाली से बहुत आगे निकल गया है और यह अब देश भर में एक लाख 64 हज़ार से अधिक सेवा केन्द्रों के साथ देश का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक्स नेटवर्क संचालित करता है। आकाशवाणी समाचार के साथ एक पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि डाक विभाग शीघ्र ही डिजीपिन (DigiPIN) शुरू करेगा, जो एक जियो-कोडेड एड्रेस सिस्टम है। यह देश के सबसे दूरदराज के क्षेत्रों में भी डाक पहुंचाने को सक्षम करेगा।
आज सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत विश्व का नेतृत्व कर रहा है। तो यह डाक विभाग का एक अंग बने और इसलिए पहली बार डाक विभाग में एक चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर को हमने रखा। हर डाक के के हाथ में जो पहले छुट्टियों का बंडल होता था अब उसे एक हैंडेड पोर्टेबल मोबाइल के आधार पर हम लोग ने दिया है तो एक सिटी और हमने पोजीशन की है और हर एक वर्टिकल के साथ एक वाइस सिटी हो क्योंकि उस आईटी 2.0 सॉफ्टवेयर के आधार पर ही इसे लॉजिस्टिकल पावर हाउस हम लोग बनना चाहते हैं।
यह विशेष पॉडकास्ट आज शाम आकाशवाणी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल NEWS ON AIR OFFICIAL पर प्रसारित किया जाएगा।
*******
मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, कोंकण, गोवा और मध्य प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। उधर, हिमाचल प्रदेश में लगातार जारी तेज बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घण्टों में जिला सिरमौर के पच्छाद में सर्वाधिक 133 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा जिला हमीरपुर के बड़सर में 92 मिलीमीटर, राजधानी शिमला के जुब्बड़हट्टी में 59 जबकि जिला ऊना में 55 मिलीमीटर बारिश दर्ज़ की गई है। इस बीच प्रदेश में 246 सड़कों पर यातायात बंद है जबकि 404 ट्रांसफार्मर और 784 पेयजल योजनाएं भी बाधित हैं, जिससे लोगों को बिजली और पानी के संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में वर्षा जनित घटनाओं में अब तक कुल 69 लोगों की मृत्यु हुई है। 110 लोग घायल हुए हैं जबकि 37 लोग अभी भी लापता हैं। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
*******
खेलों में, विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने कल ग्रैंड चेस टूर सुपरयूनाइटेड रैपिड एंड ब्लिट्ज क्रोएशिया के रैपिड चरण के छठे दौर में विश्व नंबर एक और पांच बार के चैंपियन मैग्नस कार्लसन को हरा दिया। गुकेश ने इससे पहले नॉर्वे शतरंज 2025 में कार्लसन को हराया था। लगातार पांचवीं जीत के साथ ग्रैंडमास्टर गुकेश टूर्नामेंट में 10 अंक हासिल कर एकल बढत बना चुके हैं।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– देवेन्द्र त्रिपाठी।
शुभमन गिल के इंग्लैंड में टेस्ट मैच में दोहरा शतक लगाने की खबर आज सभी समाचार पत्रों ने अपने प्रथम पृष्ठ पर प्रकाशित की है। राष्ट्रीय सहारा लिखता है- शुभमन गिल ने लगाई डबल सेंचुरी। नवभारत टाइम्स के शब्द हैं- पहले भारतीय कप्तान बने गिल। दैनिक ट्रिब्यून की सुर्खी है- दूसरे टेस्ट की शुभ शुरूआत, गिल का दोहरा शतक। हथियारों की खरीद को मंजूरी, सुखोई को अपग्रेड करने के लिए करार होगा हिंदुस्तान की सुर्खी है। पत्र लिखता है- भारतीय वायुसेना को मिलेगी मजबूती। भारतीय अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम के लिए चुने जाने की खबर राजस्थान पत्रिका ने प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम में चमकेगा दीपिका का सितारा, प्रतिष्ठित सम्मान हासिल करने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बनी। खौफ न चिंता, पहले दिन बारह हजार शिवभक्तों ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन, शिवमय हुए जम्मू, बालतल और पहलगाम के आधार शिविर दैनिक जागरण की सुर्खी है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो के पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। कहा-उनके पूर्वज केवल प्रवासी नहीं थे, बल्कि एक शाश्वत सभ्यता के संदेशवाहक थे।
- टीआरपी बाजार को लोकतांत्रिक और आधुनिक बनाने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने टेलीविजन रेटिंग एजेंसियों के लिए नियमों में संशोधन का प्रस्ताव रखा।
- दिल्ली सरकार ने अवधि पार कर चुके वाहनों को ईँधन नहीं देने के फैसले पर रोक लगाने का अनुरोध किया। कहा- ऐसे वाहनों को जब्त नहीं किया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ सरकार विशेष रूप से आदिवासी बहुल सरगुजा और बस्तर क्षेत्रों में पांच हजार से अधिक मोबाइल टावर लगाएगी।
- अमरीकी कांग्रेस ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के बिग ब्यूटीफुल बिल को पारित किया।
- भारतीय शतरंज खिलाड़ी डी गुकेश ने क्रोएशिया में ग्रैंड चेस टूर 2025 के तीसरे चरण में विश्व के शीर्ष खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को हराकर एकल बढ़त हासिल की।
*******