Download
Mobile App

android apple
signal

June 26, 2025 9:34 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को लेकर एक्सिओम-4 मिशन आज अंतरराष्‍ट्रीय अंतरिक्ष केन्‍द्र पहुंचेगा।
  • केन्‍द्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड वर्ष 2026 से 10वीं की बोर्ड परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित करेगा।
  • मौसम विभाग ने अगले 7 दिन के दौरान उत्तरपश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में तेज वर्षा जारी रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शंधाई सहयोग संगठन देशों से सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने का आह्वान किया।
  • भारत का सकल प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश प्रवाह बढ़कर इस वर्ष अप्रैल में आठ अरब अस्‍सी करोड़ डॉलर हुआ।
  • भारतीय महिला टीम ने वियतनाम के वुंग ताऊ में अंडर-17 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप समग्र खिताब जीता।

****

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्‍ला के साथ एक्सियम-4 मिशन आज दोपहर अंतरराष्‍ट्रीय अंतरिक्ष केन्‍द्र पहुंचेगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अनुसार मिशन का भारतीय समयानुसार शाम साढ़े चार बजे पहुंचना निर्धारित है। अंतरराष्‍ट्रीय अंतरिक्ष केन्‍द्र पहुंचने के साथ ही ग्रुप कैप्‍टन शुभांशु शुक्‍ला इस केन्‍द्र में पहुंचने वाले पहले भारतीय बन जायेंगे।

राकेश शर्मा के बाद शुभांशु शुक्‍ला अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। एक्सियम-4 मिशन में शुभांशु शुक्‍ला के अलावा अमरीका, पोलैंड और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं।

शुभांशु शुक्‍ला ने कल यान के टेक ऑफ के कुछ मिनट बाद देश के लिए संदेश भेजा। उन्‍होंने कहा कि 41 वर्ष बाद फिर अंतरिक्ष में होना अद्भुत अनुभव है।

41 साल बाद हम वापस अंतरिक्ष में पहुंच गए हैं और कमाल की राइड थी। इस समय हम सात किलोमीटर प्रति सैकेंड की रफ्तार से पृथ्वी के चारों तरफ घूम रहे हैं, और मेरे कंधे पर मेरे साथ मेरा तिरंगा है जो मुझे बता रहा है कि मैं आप सबके साथ हूं। ये मेरी इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन तक की ये जर्नी की शुरूआत नहीं है, ये भारत की ह्यूमन स्पेस प्रोग्राम की शुरूआत है। 

****

वहीं भारत की जाह्नवी डांगेटी 2029 में टाइटन्स स्पेस मिशन पर जाने वाली पहली भारतीय अंतरिक्ष यात्री होंगी। नासा के इंटरनेशनल एयर एंड स्पेस प्रोग्राम से स्नातक जाह्नवी ने वैश्विक स्तर पर प्रशिक्षण लिया है।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कल सुशासन और समयबद्ध कार्यान्वयन पहल –प्रगति की 48वीं बैठक की अध्‍यक्षता की तथा खनन, रेलवे और जल संसाधन से संबंधित प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। यह परियोजनाएं आर्थिक विकास और जनहित की दृष्टि से महत्‍वपूर्ण हैं। बैठक में परियोजना पूरी होने की समय सीमा, अंतर एजेंसी समन्‍वय और विभिन्‍न मुद्दों के समाधान पर विशेष रूप से ध्‍यान दिया गया। श्री मोदी ने कहा कि परियोजना पूरी होने में विलम्‍ब से वित्‍तीय लागत बढती है।

प्रधानमंत्री-आयुष्‍मान भारत स्‍वास्‍थ्‍य अवसंरचना मिशन की समीक्षा के दौरान श्री मोदी ने सभी राज्‍यों से स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी बुनियादी ढांचा तेजी से विकसित करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में आत्‍मनिर्भरता बढाने के प्रयासों की भी समीक्षा की।

****

सरकार ने पुणे मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के विस्‍तार का निर्णय लिया है। इस पर तीन हजार छह सौ 26 करोड रुपये की लागत आएगी। मंत्रिमंडल के फैसलों के बारे में जानकारी देते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने बताया कि सरकार ने झारखंड में झरिया कोयला क्षेत्र के पुनरूद्धार के लिए संशोधित मास्‍टर प्‍लान को भी स्‍वीकृति दे दी है।

श्री वैष्‍णव ने बताया कि उत्‍तर प्रदेश के आगरा में अंतर्राष्‍ट्रीय आलू केन्‍द्र के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केन्‍द्र की स्‍थापना के प्रस्‍ताव को भी स्‍वीकृति दे दी गई है।

****

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

****

केन्‍द्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड- सी बी एस ई ने अगले वर्ष से दसवीं की बोर्ड परीक्षा वर्ष में दो बार कराने की घोषणा की है। नई रूपरेखा के अनुसार पहली परीक्षा फरवरी में होगी, जो सभी विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य होगी। दूसरी परीक्षा मई में होगी जो उन विद्यार्थियों के लिए वैकल्‍पिक होगी जो अपना प्रदर्शन बेहतर करना चाहते हैं। सभी उत्‍तीर्ण विद्यार्थियों को विज्ञान, गणित, समाज विज्ञान और भाषाओं में से किसी भी तीन विषय में अपना प्रदर्शन सुधारने की अनुमति होगी। दोनों चरणों के परीक्षा परिणाम क्रमश: अप्रैल और जून में घोषित होंगे।

केन्‍द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान ने इसे जरूरी कदम बताते हुए इसकी सराहना की है। उन्‍होंने कहा कि यह राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 की अनुशंसाओं में प्रमुख था।

****

देश में सकल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश इस वर्ष अप्रैल में बढ़कर आठ अरब अस्‍सी करोड़ डॉलर हो गया। इस वर्ष मार्च में यह पांच अरब नब्‍बे करोड़ डॉलर और पिछले वर्ष अप्रैल में सात अरब बीस करोड़ डॉलर था। रिजर्व बैंक के मासिक बुलेटिन के अनुसार विनिर्माण और व्‍यवसाय सेवा क्षेत्र में बढोत्‍तरी से यह इजाफा हुआ है। एक रिपोर्ट-

वर्ष 2020 से लेकर 2024 के दौरान डिजिटल अर्थव्‍यवस्‍था से जुडे क्षेत्रों में एक सौ चौदह अरब डॉलर का निवेश हुआ। यह सभी विकासशील देशों में सर्वाधिक निवेश है। इस वर्ष मई महीने में एक अरब 70 करोड़ डॉलर का विदेशी पोर्टफोलियो निवेश हुआ। सबसे अधिक निवेश दूर संचार, सेवा और पूंजीगत वस्‍तु क्षेत्र में हुआ। इस वर्ष अप्रैल में अनिवासी भारतीयों का जमा बढ़कर एक सौ 65 अरब 43 करोड़ डॉलर हो गया जबकि पिछले वर्ष के इसी माह में यह एक सौ 64 अरब 68 करोड़ डॉलर था। विदेशी मुद्रा भंडार में मजबूती से रुपये में भी मजबूती आई। मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार ग्‍यारह महीने से भी अधिक समय तक देश के निर्यात के वित्त-पोषण के लिए प्रर्याप्‍त है। समाचार कक्ष से अलका सिंह।

****

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शंघाई सहयोग संगठन के सदस्‍य देशों से सीमापार आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है। उन्‍होंने कहा कि आतंकवाद के लिये वित्‍त पोषण किसी भी कीमत पर बंद होना चाहिए। आज सुबह चीन के किंगदाओ में शंघाई सहयोग संगठन के रक्षामंत्रियों की बैठक में श्री सिंह ने कहा कि बहुपक्षवाद से सहयोग मजबूत होगा और देशों के बीच संघर्ष रोकने में मदद मिलेगी।

श्री सिंह ने कहा कि कोई भी देश वैश्विक चुनौतियों का अकेला सामना नहीं कर सकता। बहुपक्षवाद के तहत राष्‍ट्रों को परस्‍पर हित में एक-दूसरे के साथ सहयोग से काम करना होगा। उन्‍होंने कहा कि प्राचीन संस्‍कृत उद्धरण सर्वे जन सुख‍िनो भवन्‍तु का भी यही आशय है, जो सबके लिए शांति और समृद्धि की कामना करता है।

श्री राजनाथ सिंह ने बेलारूस को संगठन का नया सदस्‍य बनने पर बधाई दी।

****

भारत और वियतनाम के बीच कल नई दिल्ली में 13वें राजनीतिक परामर्श और 10वें रणनीतिक संवाद का आयोजन किया गया। विदेश मंत्रालय में पूर्वी मामलों के सचिव पी. कुमारन और वियतनाम के उप विदेश मंत्री गुयेन मान कुओंग ने आयोजन की सह-अध्यक्षता की।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि राजनीतिक परामर्श के दौरान, दोनों पक्षों ने भारत-वियतनाम व्यापक रणनीतिक साझेदारी में प्रगति की समीक्षा की।

****

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। देहरादून में कल भारतीय संरक्षण सम्मेलन में श्री यादव ने कहा कि 2014 में भारत में 47 बाघ अभयारण्य थे, जो अब बढ़कर 58 हो गए हैं।

श्री यादव ने पारंपरिक संरक्षण ज्ञान को वैज्ञानिक रूप से दस्‍तावेजीकरण और उसका उपयोग करने की आवश्यकता पर बल दिया।

ट्राइबल लोगों की ट्रेडिशनल नॉलेज का अगर हम डाक्‍यूमेंटेशन करें तो ये एक बहुत बडी धरोहर है हमारे देश में और इसलिए पहली बार आने वाली 30 जून को हम लोगों ने कोलकाता में इसको डाक्‍यूमेंटेशन करने के लिए पूरी कॉन्‍फ्रेंस बुलाई है, जो उसके एक्‍सीयरेंसिस हैं उसको साइंटिफिक अप्रोच के साथ जोड़ा जाएगा।

****

तेलंगाना उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार और राज्य चुनाव आयोग को सितंबर के अंत तक ग्राम पंचायत चुनाव पूरा करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति टी. माधवी देवी ने पिछले साल जनवरी में निर्वाचित निकायों का कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद चुनाव प्रक्रिया में अत्यधिक देरी पर चिंता व्यक्त की।

****

आज मादक पदार्थ और अवैध तस्करी रोधी अंतर्राष्ट्रीय दिवस है। यह दिवस मादक पदार्थ मुक्त अंतर्राष्ट्रीय समाज का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कार्रवाई और सहयोग मजबूत करने का आह्वान करता है। एक रिपोर्ट-

मादक पदार्थ और अवैध तस्करी रोधी अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश मेंनशा मुक्त भारत पखवाड़ामनाने के लिए मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो -एनसीबी की सराहना की। इससे पहले श्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम की एक कड़ी में नशा मुक्ति के समर्थन में देशभर में चलाई जा रही कई पहलों का उल्‍लेख किया था।

नशे के खिलाफ अभियान में युवाओं की बढ़ती भागीदारी बहुत उत्‍साह बढ़ाने वाली है। ये प्रयास भारत में नशे के खिलाफ अभियान को बहुत ताकत देते हैं। 

जून 2025 तक, नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 5 करोड़ 26 लाख युवा और 3 करोड़ 31 लाख महिलाओं सहित 15 करोड़ 78 लाख से अधिक लोगों को जागरूक किया गया था। समाचार कक्ष से आनंद पाठक।

****

बिहार पुलिस, नशीली दवाओं की लत और अवैध तस्करी के बढ़ते मामलों को देखते हुए मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो की तरह की एक विशेष इकाई बनाने जा रही है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में पुलिस मुख्यालय के अपर महानिदेशक कुंदन कृष्णन ने कहा कि इस इकाई के कुशल पेशेवर मादक पदार्थों से सम्बंधित संगठित अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

यहां भी मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान चलाया गया है, जैसे पंजाब, हरियाणा। उसमें स्‍कूल, परिवार, सोसाइटी, वार्ड सब जगह कोशिश किया गया है कि एक इसके विरोध में मुहिम से, समाज के अंदर से विरोध होना चाहिए अगर कोई गुमटी वाला बेच रहा है, कोई सब्‍जी वाला बेच रहा है, कोई घर से ब्रिकी हो रही है मादक पदार्थ तो उसकी सूचना पुलिस को भी दें और उसको बॉयकॉट भी करें।

****

खेलों में वियतनाम में भारतीय महिला कुश्ती टीम ने अंडर-17 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है। भारतीय टीम ने 5 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 10 पदकों के साथ चैंपियन ट्रॉफी हासिल की। ​​चीन दूसरे और जापान तीसरे स्थान पर रहा।

****

खेल जगत की कुछ और ख़बरों के साथ हैं वीरेन्‍द्र कौशिक..

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स नवंबर में राजस्थान के जयपुर में आयोजित किए जाएंगे। खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि इस वर्ष दो सौ से ज़्यादा विश्वविद्यालयों से 4 हज़ार से अधिक खिलाड़ी इसमें हिस्‍सा लेंगे। खेल मंत्री यूनिवर्सिटी गेम्स 25 वर्ष से कम उम्र के एथलीटों के लिए हैं। इन खेलों का आयोजन मई में बिहार में हुए अंडर-18 खेलो इंडिया यूथ गेम्स के बाद किया जा रहा है। वहीं हॉकी में, भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने कल जर्मनी के बर्लिन में चार देशों के टूर्नामेंट में तीसरे स्थान के लिए ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया। रोहित ने भारत के लिए बराबरी का गोल किया और मैच के 52वें मिनट में, अजीत यादव ने ओपन प्ले में गोल करके भारत की जीत सुनिश्चित की। इससे पहले, कप्तान टोबी मैलन ने दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलिया को बढ़त दिलाई थी।

****

मौसम विभाग ने अगले सात दिन के दौरान देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भागों में अत्‍यधिक तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

****

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे से लगातार तेज वर्षा हो रही है। प्रदेश के कई स्‍थानों पर बादल फटने की सूचना मिली है। ब्‍योरा हमारे संवाददाता से.

कांगड़ा जिल के मुख्‍यालय धर्मशाला में खलियारा के मनोनीखड में बाढ आने से इन्‍द्रा प्रियदर्शनी हाइड्रो प्रोजक्‍ट के समीप खड किनारे बसे स्‍थायी शेड में रह रहे कुछ मजदूर बह गए। इस घटना में अब तक दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि छह लोग लापता है। जिला प्रशासन, एस डी आर एफ, एन डी आर एफ और पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। सुरक्षा के द़ष्टिगत पॉवर पोजेक्‍ट में कार्यरत बाकी लोगों को सुरक्षित स्‍थान पर पहुंचा दिया गया है। वहीं दूसरी ओर कुल्‍लू जिले में चार जगह सेंज में जीवनाला, गडसा में शीलागढ, मनाली में स्‍नो गैलरी और बंजार के होर्नागढ में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 26 जून को बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि चंबा, सिरमोर और कांगडा समेत पांच जिलों में फलैश फ्लड का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्‍थानीय लोगों से अनावश्‍यक यात्रा न करने की अपील की है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।

****

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- सरफिरोजी।

  • भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्‍ला के अंतरिक्ष पहुंचने का समाचार आज सभी समाचार पत्रों की सुर्खी बनी है। जनसत्‍ता लिखता है-अंतरिक्ष में भारत के शुभांशु शुक्‍ला ने ली हौंसले की उडान। बेटे की अंतरिक्ष उडान के वक्‍त भावुक हुए माता-पिता। दैनिक जागरण की सुर्खी है- भारतीय स्‍वाभिमान की शुभ यात्रा।
  • दसवीं बोर्ड की परीक्षाएं 2026 से होंगी दो बार- राजस्‍थान पत्रिका सहित कई अखबारों की सुर्खी है। पत्र लिखता है पहली फरवरी में और दूसरी मई में।
  • कुल्‍लू से केरल तक बेतहाशा बारिश, अलर्ट जारी। मौसम विभाग ने तीस जून तक भारी बारिश के आसार और गुजरात के सूरत में स्‍कूलों को बंद करने का आदेश दिया। हिन्‍दुस्‍तान की खबर है।
  • दैनिक भास्‍कर ने श्रद्धालु द्वारा प्‍लेन से ली गई कैलाश पर्वत की पहली तस्‍वीर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- इस बार एक ही चोटी पर बर्फ।

****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को लेकर एक्सिओम-4 मिशन आज अंतरराष्‍ट्रीय अंतरिक्ष केन्‍द्र पहुंचेगा।
  • केन्‍द्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड वर्ष 2026 से 10वीं की बोर्ड परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित करेगा।
  • मौसम विभाग ने अगले 7 दिन के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में तेज वर्षा जारी रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शंधाई सहयोग संगठन देशों से सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने का आह्वान किया।
  • भारत का सकल प्रत्‍यक्ष विदेश निवेश प्रवाह बढ़कर इस वर्ष अप्रैल में आठ अरब अस्‍सी करोड़ डॉलर हुआ।
  • भारतीय महिला टीम ने वियतनाम के वुंग ताऊ में अंडर-17 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप  खिताब जीता।

****