मुख्य समाचार:-
- आपातकाल के दौरान पीड़ित लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए आज संविधान हत्या दिवस मनाया जा रहा है। आपातकाल पर लिखी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पुस्तक का आज विमोचन किया जाएगा।
- शुभांशु शुक्ला आज अंतरिक्ष के लिए भरेंगे उड़ान, एक्सिओम-4 मिशन दोपहर बारह बजकर एक मिनट पर अमरीका में फ्लोरिडा के कैनेडी अंतरिक्ष केन्द्र से प्रक्षेपित किया जाएगा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम से बात की; भारत आने का निमंत्रण दिया।
- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारत 2027 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की राह पर।
- नीरज चोपड़ा ने ओस्ट्रावा में गोल्डन स्पाइक एथलेटिक्स में भाला फेंक स्पर्धा का खिताब जीता।
- एंडरसन-तेंदुलकर क्रिकेट ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने भारत को 5 विकेट से हराया।
******
आज संविधान हत्या दिवस है। यह दिन हमें उन घटनाओं की याद दिलाता है, जब 25 जून 1975 को संविधान का गला घोंटकर देश पर आपातकाल थोप दिया गया था। यह आपातकाल से पीड़ित प्रत्येक व्यक्ति को श्रद्धांजलि देने का दिन भी है।
1975 में, आज ही के दिन तत्कालीन राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने आंतरिक अशांति के खतरे का हवाला देते हुए अनुच्छेद 352 के तहत आपातकाल की घोषणा की थी। यह घोषणा बढ़ती राजनीतिक अशांति और न्यायिक घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में की गई थी जिसने प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सत्तारूढ़ नेतृत्व की वैधता को हिला कर रख दिया था। कार्यपालिका को अत्यधिक शक्तियां प्राप्त हुई और करीबन सब कुछ केंद्रीय नियंत्रण में ले लिया गया था। घोषणा के बाद, अभिव्यक्ति की आजादी जैसे संवैधानिक व्यवस्था को निलंबित कर दिया गया। सभी समाचार पत्रों पर सेंसरशिप लगा दी गई। यहां तक कि वैधानिक निगरानी संस्था, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया को भी समाप्त कर दिया गया था। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि आपातकाल देश के इतिहास का सबसे काला युग था जब लोकतंत्र का समर्थन करने वालों पर अत्याचार किए गए थे।
यह भारत के इतिहास का काला दौर था लाखों लोग ने इमरजेंसी का पूरी ताकत से विरोध किया। लोकतंत्र के समर्थकों पर उस दौरान इतना अत्याचार किया गया, इतनी यातनाए दी गई कि आज भी मन सीहर उठता है।
आपातकाल के दौरान जेल गए प्रख्यात पत्रकार राम बहादुर राय ने आकाशवाणी से बातचीत की और उस दौरान हुए अत्याचारों के बारे में बताया।
इमरजेंसी अनावश्यक थी लेकिन इमरजेंसी के जो 21 महीने है वो पूरे देश में आतंक, भय, अत्याचार और बेगुनाहों के साथ अन्याय। इसके गुजरे हजारों लोग जेल में गए, बहुत लोगों की मौत हुई।
आपातकाल के दौरान हुए संवैधानिक संशोधनों ने अदालतों को आपातकाल घोषित करने के राष्ट्रपति के फैसले पर सवाल उठाने से रोक दिया था और प्रधानमंत्री तथा लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव को न्यायिक जांच से बाहर कर दिया था। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपातकाल पर एक पुस्तक लिखी है और इसका विमोचन आज किया जाएगा। यह पुस्तक आपातकाल के दौरान और उसके बाद संघर्ष तथा विकास पर आधारित है।
संविधान हत्या दिवस के मौके पर आज नई दिल्ली में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आज राजधानी से एक यात्रा निकाली जाएगी जिसका उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक अधिकारों और आपातकाल से मिली सीख के बारे में जागरूकता फैलाना है।
******
गृह मंत्री अमित शाह ने आपातकाल के लिए कांग्रेस की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य देश की सुरक्षा नहीं बल्कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सत्ता को बचाना था। आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कल नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अमित शाह ने कहा कि देश ने यह लड़ाई इसलिए जीती क्योंकि यहां की जनता तानाशाही को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
लाखों लोग जेल में रहकर, अपने परिवार का सब कुछ नष्ट करकर, कई लोगों के कैरियर समाप्त भी हो गए और वो लड़ाई ने भारत के अंदर लोकतंत्र को जीवित रखा और आज हम दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनकर आज विश्व के सामने सम्मान के साथ खडे हैं।
******
मध्य प्रदेश में संविधान हत्या दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम साल भर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में संगोष्ठी, संवाद, निबंध प्रतियोगिता, रैलियां और अन्य गतिविधियों के आयोजन में युवा, विद्यार्थी, बुद्धिजीवी तथा जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आपातकाल को लोकतंत्र का काला अध्याय बताया और कहा कि इसे लागू करने वाले ही पूरी दुनिया में इस कलंक के लिए जिम्मेदार हैं।
आपातकाल के 50 वर्ष लोकतंत्र का काला धब्बा, स्वर्गीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी ने अपने चुनाव को आयोग्य घोषित करने के अलावा, इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ जा करके मनमर्जी से अपने निजी स्वार्थ के कारण से यह निर्णय लिया। यह हम सारी जिन्दगी कभी भूलेंगे नहीं।
******
भारत के शुभांशु शुक्ला को अंतरिक्ष मे ले जाने वाले एक्सिओम-4 मिशन को भारतीय समयानुसार आज दोपहर बारह बजकर एक मिनट पर अमरीका में फ्लोरिडा के कैनेडी अंतरिक्ष केन्द्र से प्रक्षेपित किया जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने कहा है कि 28 घंटे की यात्रा के बाद एक्सिओम-4 कल शाम चार बजकर तीस मिनट पर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केन्द्र से जुड़ेगा। इस मिशन को पहले 29 मई को प्रक्षेपित किया जाना था। लेकिन, तकनीकी गड़बडि़यों, मौसम की स्थिति और रिसाव के कारण इसमें बार-बार देर हुई।
इस ऐतिहासिक मिशन के माध्यम से अमरीका, भारत, पोलैंड और हंगरी के चार लोगों को पृथ्वी की निम्न कक्षा में वैज्ञानिक प्रयोगों के लिए चौदह दिन की यात्रा पर अंतररराष्ट्रीय अंतरिक्ष केन्द्र में भेजा जाएगा। इन यात्रियों में भारत के शुभांशु शुक्ला, पोलैंड के स्लावोस उजानान्स्की, हंगरी के तिबोर कापू और अमरीका के पेगी ह्विस्टन शामिल हैं। नासा के ह्विस्टन इस मिशन के कमांडर होंगे, जबकि शुभांशु शुक्ला 1984 में अंतरिक्ष यात्रा पर गए राकेश शर्मा के बाद दूसरे भारतीय होंगे। वहीं, उजानान्स्की और कापू पोलैंड और हंगरी का प्रतिनिधित्व करेंगे। ये अंतरिक्ष यात्री दो सप्ताह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केन्द्र पर रहेंगे और कई प्रकार के वैज्ञानिक प्रयोग तथा अनुसंधान करेंगे। इनमें, सूक्ष्म गुरुत्व से संबंधित शोध, प्रौद्योगिकी से संबंधित प्रदर्शन और अन्य प्रयोग शामिल हैं। अंतरिक्ष यात्री 31 देशों के लिए साठ वैज्ञानिक अध्ययन करेंगे। एएक्स-4 मिशन से नासा, इसरो और अन्य अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसियों के बीच सहयोग बढ़ेगा तथा भविष्य में अंतरिक्ष से संबंधित अनुसंधान के लिए मार्ग प्रशस्त होगा। अशोक शुक्ला की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से–दीपमाला कौशिक।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारत और मॉरीशस के बीच विशेष तथा अनूठे संबंधों पर बल देते हुए आपसी रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई। प्रधानमंत्री ने विजन महासागर और भारत की पड़ोसी प्रथम नीति के अनुरूप मॉरीशस की विकास प्राथमिकताओं के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई। श्री मोदी ने डॉ. रामगुलाम को भारत आने का निमंत्रण दिया।
******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शंघाई सहयोग संगठन-एस.सी.ओ. रक्षा मंत्रियों की बैठक में उच्चस्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। ये बैठक आज से चीन के चिंगदाओ में शुरू होगी। दो दिन की बैठक के दौरान एस.सी.ओ. के सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकरोधी प्रयासों और रक्षा मंत्रालयों के बीच बढ़ते सहयोग जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने की संभावना है। रक्षामंत्री बैठक से अलग चीन और रूस के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा भी करेंगे।
******
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारत सामूहिक राष्ट्रीय प्रयास से 2027 तक पांच ट्रिलियन अमरीकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की राह पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। श्री गोयल ने कल मर्चेंट्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित वर्चुअल सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने भारतीय दृष्टिकोण के अनुरूप सेवा, सुशासन और नवाचार पर आधारित योजनाबद्ध विकास पर ध्यान केंद्रित किया है। श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने छोटे स्तर पर विकास के बजाय ऐसे विशाल परिवर्तन पर ध्यान केंद्रित किया है जो टिकाऊ हो।
******
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने अगरतला में भारतीय खेल प्राधिकरण-साई द्वारा संचालित खेल प्रशिक्षण केंद्र का दौरा किया। वे व्यापक ‘पूर्वोत्तर संपर्क सेतु’ संवाद पहल के अंतर्गत त्रिपुरा की दो दिन की यात्रा पर हैं। उन्होंने प्रशिक्षण सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
******
तेलंगाना औद्योगिक परियोजना अनुमोदन और स्व-सत्यापन प्रणाली-टी.जी. आईपास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया जाएगा। तेलंगाना के राज्य उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. श्रीधर बाबू ने कल यह घोषणा की। टी.जी.आईपास राज्य सरकार का महत्वपूर्ण औद्योगिक अनुमोदन मंच है।
******
नई दिल्ली में रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास एक फैक्ट्री में कल रात आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन विभाग के 16 गाडियों को तत्काल आग की लपटों पर काबू पाने के काम में तैनात किया गया है और ब्योरे की प्रतीक्षा है।
******
संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनिया गुतेरेश ने इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध विराम के सिलसिले में अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने इस्राइल तथा ईरान से युद्ध विराम का पूरी तरह सम्मान करने और उनसे लड़ाई बंद करने की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के लोग इस युद्ध से काफी नुकसान हुआ है।
******
अब खेल जगत की खबरों के साथ हैं वीरेन्द्र कौशिक –
दो बार के ओलिम्पिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। नीरज ने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में 85 दशमलव दो नौ मीटर दूर भाला फेंका। प्रतियोगिता में दक्षिण अफ्रीका के दोउ स्मित दूसरे और ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स तीसरे स्थान पर रहे। नीरज का यह लगातार दूसरा खिताब है। इससे पहले शानदार प्रदर्शन करते हुए पिछले सप्ताह पैरिस डायमंड लीग में नीरज ने अपने करियर में पहली बार 90 मीटर से अधिक दूर भाला फेंका था। अब नीरज चोपड़ा भारत की पहली ग्लोबल जेवलिन प्रतियोगिता में खेलेंगे। यह प्रतियोगिता 5 जुलाई से बेंगलुरू के श्री कांतीरव स्टेडियम में होगी।अब बात क्रिकेट कीलीड्स के हेडिंग्ले में एंडरसन–तेंदुलकर क्रिकेट ट्रॉफी के पहले मैच में इंग्लैंड ने भारत को पांच विकेट से हरा दिया। इंग्लैंड ने कल मैच के अंतिम दिन 371 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 5 विकेट पर 373 रन बनाए। इससे पहले, भारत चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में 364 रन ही बना सका। के.एल. राहुल और ऋषभ पंत ने शानदार शतकीय पारी खेली। पहली पारी में इंग्लैंड की टीम भारत के 471 रनों के जवाब में 465 रनों पर ऑल आउट हो गई थी। सीरीज का दूसरा मैच 2 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा।अब बात हॉकी की! पहली इंडिया मास्टर्स कप हॉकी प्रतियोगिता अब सेमीफाइनल के दौर में पहुंच चुकी है। इसमें, पुरुष और महिला– दोनों ही वर्गों में रोमांचक मैच होने हैं। पुरुष वर्ग में आज तमिलनाडु का सामना चंडीगढ़ से और ओडिशा का सामना महाराष्ट्र से होगा। महिला वर्ग में कल तमिलनाडु की टीम ओडिशा के साथ खेलेगी जबकि हरियाणा का सामना पंजाब से होगा।
******
मौसम विभाग ने तटीय कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखण्ड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह, मध्य प्रदेश और विदर्भ में अगले पांच दिन हल्की से सामान्य वर्षा हो सकती है। पूर्वोत्तर और पश्चिमोत्तर भारत के साथ छत्तीसगढ़, गांगेय पंश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी अगले पांच दिन हल्की से सामान्य वर्षा हो सकती है।
******
अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- आकर्षिता सिंह।
धन्यवाद निखिल, ईरान-इस्राइल संघर्ष विराम से जुड़े समाचार अख़बारों ने प्रमुखता से दिए हैं। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- संशय के बीच संघर्ष विराम। भारत और रूस समेत अनेक देशों ने स्वागत किया। देशबंधु के अनुसार- इस्राइल-ईरान संघर्ष के चलते देशभर में साठ से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं। राष्ट्रीय सहारा और दैनिक ट्रिब्यून की ख़बर है- भारत ने इस्राइल से तीन हजार एक सौ 70 नागरिकों को निकाला। वीर अर्जुन ने हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के हवाले से लिखा है- मार्च तक छह तेजस विमान वायुसेना को मिल जाएंगे। हरिभूमि के अनुसार- एस.सी.ओ. की बैठक में भाग लेने के लिए आज से चीन की यात्रा पर रहेंगे रक्षा मंत्री। जनसत्ता ने राहत शीर्षक से लिखा है- एस.एण्ड.पी. ग्लोबल रेटिंग ने भारत की जी.डी.पी. वृद्धि अनुमान को साढ़े छह प्रतिशत किया। वैश्विक अस्थिरता के बावजूद सतत विकास में भारत की छलांग। दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान, पंजाब केसरी और दैनिक जागरण की ख़बर है- पहली जुलाई से लागू होंगी रेल किराये की नई दरें। एक से दौ पैसा प्रति किलोमीटर बढ़ोतरी सम्भव। घाटी में लौटने लगी पर्यटकों की रौनक- इस ख़बर को राजस्थान पत्रिका ने पहले पन्ने पर सचित्र प्रकाशित किया है। राष्ट्रीय सहारा के अनुसार- अब नियमों की अनदेखी पर रहेगी हाइवे आई की नज़र, हर गतिविधि कैद होगी।
******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- आपातकाल के दौरान पीड़ित लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए आज संविधान हत्या दिवस मनाया जा रहा है; आपातकाल पर लिखी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पुस्तक का विमोचन किया जाएगा।
- शुभांशु शुक्ला आज अंतरिक्ष के लिए भरेंगे उड़ान, एक्सिओम-4 मिशन दोपहर बारह बजकर एक मिनट पर अमरीका में फ्लोरिडा के कैनेडी अंतरिक्ष केन्द्र से प्रक्षेपित किया जाएगा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम से बात की; भारत आने का निमंत्रण दिया।
- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारत 2027 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की राह पर।
- नीरज चोपड़ा ने ओस्ट्रावा में गोल्डन स्पाइक एथलेटिक्स में भाला फेंक स्पर्धा का खिताब जीता।
- एंडरसन-तेंदुलकर क्रिकेट ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने भारत को 5 विकेट से हराया।