मुख्य समाचार:-
- संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरस ने ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमरीकी सैन्य हमलों के बाद पश्चिम एशिया संकट कम करने के लिए तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया।
- ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग्ची रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता करने के लिए मास्को पहुंचे।
- ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत अब तक एक हजार आठ सौ से अधिक भारतीय नागरिकों को ईरान और इस्रायल से सुरक्षित भारत लाया गया।
- चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों के उपचुनाव की मतगणना शुरू।
- भारत ने थाईलैंड में एशियाई पैरा–बैडमिंटन चैंपियनशिप में 27 पदक जीते।
*******
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरस ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सुरक्षा परिषद के आपातकालीन विशेष सत्र में विश्व में शांति रखने की अपील की है।
उन्होंने ईरान के परमाणु केंद्रों पर अमरीकी हमलों के बाद उत्पन्न संकट कम करने के लिए भी तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया है। श्री गुतेरस ने जवाबी कार्रवाई और व्यापक युद्ध का खतरा रोकने के लिये तत्काल प्रयास करने का आह्वान किया।
श्री गुतरेस ने अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा से संबंधित सत्र को संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि ईरान पर अमरीकी हमला क्षेत्र में बिगड़ती स्थिति के लिए एक विनाशकारी मोड़ है। उन्होंने कूटनीतिक समाधानों का आह्वान किया।
*******
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग्ची वार्ता के लिए रूस की राजधानी मॉस्को पहुंच गए हैं। वे अमरीकी हमले के बाद क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परामर्श करेंगे।
*******
ईरान की संसद ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ बंद करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति दे दी है। हॉर्मुज़ जलडमरुमध्य तेल और गैस आपूर्ति के लिए विश्व का सबसे महत्वपूर्ण मार्ग है। ईरानी संसद का यह निर्णय फोर्दो, नतांज़ और इस्फाहान परमाणु केन्द्रों पर अमरीकी हमले की जवाबी कार्रवाई के रूप में लिया गया। यह निर्णय तनाव बढ़ने का संकेत देता है, जिससे पूरे विश्व में गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है। हालांकि इसे लागू करने का अंतिम फैसला ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद को लेना है। अभी परिषद ने यह निर्णय लागू करने का औपचारिक आदेश जारी नहीं किया है।
अमरीका के विदेशमंत्री मार्को रूबियो ने ईरान के इस कदम की निंदा करते हुए इसे आर्थिक आत्महत्या बताया है। इस बीच अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में तेल के दाम तेजी से बढ़ने शुरू हो गए हैं। हमारे पश्चिम एशिया संवाददाता की यह रिपोर्ट….
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल निर्यात का लगभग 20 प्रतिशत और दुनिया के तरलीकृत प्राकृतिक गैस शिपमेंट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा संभालता है। ईरान के वरिष्ठ सांसद और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कमांडर एस्माईल कोवसरी ने कहा कि संसद ने निष्कर्ष निकाला है कि जलडमरूमध्य को बंद कर दिया जाना चाहिए, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के पास अंतिम निर्णय लेने का अधिकार है। अर्थशास्त्रियों ने चेतावनी दी है कि इसके पूरी तरह बंद होने से वैश्विक मुद्रास्फीति और आर्थिक स्थिरता पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। इस संकीर्ण जलमार्ग से होकर गुजरने वाली एशिया और यूरोप की प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं पश्चिम एशियाई ऊर्जा आपूर्ति पर काफी हद तक निर्भर हैं। संकट को रोकने के लिए चीन की प्रतिक्रिया बेहद निर्णायक बनी हुई है, लेकिन चीन के अधिकारियों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। उधर, अमरीकी राजनयिक अपने समकक्षों पर दबाव डाल रहे हैं कि वे स्थिति को अनियंत्रित होने से पहले ईरानी नेतृत्व के साथ हस्तक्षेप करें। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
*******
पैट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि सरकार पिछले दो सप्ताह से पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नज़र रख रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों में देश की आपूर्ति व्यवस्था में विविधता लायी गयी है और इस समय आपूर्ति का बड़ा हिस्सा हॉर्मुज जलडमरूमध्य से नहीं आता।
*******
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में सत्ता परिवर्तन की संभावना के संकेत दिये हैं। उन्होंने राष्ट्र को फिर से पटरी पर लाने की मौजूदा नेतृत्व की क्षमता पर सवाल उठाया है।
*******
ईरान के मशहद से कल रात विशेष उड़ान से नई दिल्ली पहुंचे 285 भारतीय नागरिकों की विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने हवाई अड्डे पर अगवानी की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत अब तक एक हजार 713 भारतीयों को ईरान से सुरक्षित लाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनो में ईरान से 2 से 3 और उड़ानें निर्धारित हैं। श्री मार्गेरिटा ने कहा कि मंत्रालय ईरान और इस्राइल में सभी भारतीय नागरिकों के साथ लगातार संपर्क में है।
ईरान में भारतीय दूतावास बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों को सुरक्षित क्षेत्रों में स्थानांतरित करने और उन्हें स्वदेश लाने में सहायता कर रहा है। एक रिपोर्ट-…
ईरान में भारतीयों को सलाह दी गई है कि वे तेहरान में भारतीय दूतावास की आपातकालीन हेल्पलाइन और नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के चौबीसों घंटे कार्यरत नियंत्रण कक्ष के संपर्क में रहें। तेहरान में भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नंबर +98 9128109115 और +98 9128109109 हैं। व्हाट्सएप नंबर 98 901044557, 98 9015993320 और 91 8086871709 हैं। ईमेल cons.tehran@mea.gov.in पर भी संपर्क किया जा सकता है। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*******
ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत स्वदेश लौटे नागरिकों ने भारत सरकार और दूतावास को धन्यवाद दिया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश सिंह, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार; महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शंकर शिंदे; महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर; और संसद की प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल संसद और राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों के विधायी निकायों की प्राक्कलन समितियों के राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान, संसद और राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों की विधायिकाओं की प्राक्कलन समितियों के अध्यक्ष और सदस्य, ‘प्रशासन में दक्षता तथा मितव्ययिता सुनिश्चित करने के लिए बजट प्राक्कलनों की प्रभावी निगरानी तथा समीक्षा में प्राक्कलन समिति की भूमिका‘ विषय पर विचार–विमर्श करेंगे। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*******
सरकार ने सोशल मीडिया पर किए जा रहे इन दावों का कड़ाई से खंडन किया है कि अमरीका ने ऑपरेशन मिडनाईट हैमर के दौरान ईरान पर हवाई हमलों के लिए भारतीय वायु क्षेत्र का इस्तेमाल किया। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने इन दावों को पूरी तरह फर्जी बताया और कहा कि अमरीका के प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल डैन काइन ने हाल के संवाददाता सम्मेलन में हमले के लिये अमरीकी विमानों द्वारा प्रयुक्त मार्गों के बारे में स्पष्टीकरण दिया था।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों के लिये हुए उपचुनाव की मतगणना आज हो रही है। गुजरात में विसावदर और कडी, केरल की नीलांबुर, पश्चिम बंगाल की कालीगंज और पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट के उपचुनाव के लिये 19 जून को मतदान हुआ था।
*******
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कल शाम नक्सलवाद से निपटने पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। छत्तीसगढ़ के रायपुर में हुई इस बैठक में वाम उग्रवाद से ग्रस्त सात राज्यों के पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। श्री शाह ने कहा कि देश अगले वर्ष 31 मार्च तक नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा। ब्योरा हमारे संवाददाता से-
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि हर साल बारिश के मौसम में आराम करने वाले नक्सली इस मानसून में चैन की नींद नहीं सो पाएंगे, क्योंकि हमारे सुरक्षा बल अपना ऑपरेशन जारी रखेंगे। रायपुर में नक्सलवाद पर समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हमारे सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों द्वारा तैयार की गई सटीक रणनीतियों के आधार पर सरकार अगले साल मार्च तक देश को नक्सली समस्या से मुक्त बनाने का लक्ष्य जरूर हासिल कर लेगी। श्री शाह ने नक्सलवाद की राह पर भटके सभी युवाओं से हथियार डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
*******
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज शाम नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के भाषणों पर आधारित संकलन- विंग्स टू ऑवर होप्स और आशाओं की उड़ान – खंड 2 का विमोचन करेंगे।
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा सूचना प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल. मुरुगन भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।
*******
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज नोएडा के एमिटी यूनिवर्सिटी में भारतीय विश्वविद्यालय संघ की स्थापना के एक सौ वर्ष पूरे होने पर आयोजित राष्ट्रीय कुलपति सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। दो दिन के इस सम्मेलन की थीम है ‘भावी उच्च शिक्षा की परिकल्पना: भारत की केन्द्रीय भूमिका‘।
*******
थाईलैंड में एशियाई पैरा-बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 में भारतीय खिलाड़ियों ने 27 पदक जीते। एक रिपोर्ट-
भारत ने चार स्वर्ण, 10 रजत और 13 कांस्य सहित कुल 27 पदक जीते। भारतीय दल का इस आयोजन में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पदक विजेताओं में पेरिस पैरालिंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नितेश कुमार, रजत पदक विजेता तुलसीमथी मुरुगेसन और कांस्य पदक विजेता मनीषा रामदास शामिल हैं। थाईलैंड में आयोजित प्रतियोगिता में भारत ने मिक्स्ड डबल्स एस एल थ्री-एस यू फाइव स्पर्धा में दबदबा कायम रखते हुए तीनों पदक जीते। फाइनल में नितेश कुमार और तुलसीमथी ने रूथिक रघुपति और मानसी जोशी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। चिराग बरेठा और मंदीप कौर ने कांस्य पदक जीता। उधर, लीड्स मे इंग्लैंड के साथ पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन आज भारतीय टीम दूसरी पारी में दो विकेट पर 90 रन से आगे खेलना शूरू करेगी। के.एल राहुल 47 और कप्तान शुभमन गिल 6 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे है। भारतीय टीम की कुल बढ़त 96 रन की हो गई है। भारत की पहली पारी में 471 रन के जवाब में इंग्लैंड ने पहली पारी में 465 रन बनाए थे। समाचार कक्ष से शशांक कुमार।
*******
मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, असम और बिहार में अलग-अलग स्थानों पर आज मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून हिमाचल प्रदेश, जम्मू – कश्मीर के अधिकांश हिस्सों, पंजाब के कुछ हिस्सों और पूरे लद्दाख में आगे बढ़ रहा है।
*******
पश्चिम एशिया संकट के बीच अमरीका और एशिया के शेयर बाजारों में आज शुरुआती कारोबार में गिरावट आई। अमरीका में एस एंड पी 500 फ्यूचर में और नैस्डैक फ्यूचर भी गिरावट दर्ज की गई।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- रवि कपूर।
- अमरीका द्वारा ईरान पर किए गए हमले की खबर आज के सभी अखबारों के पहले पन्ने पर छाई हुई है।
- दैनिक जागरण लिखता है – अमरीका का ईरान के परमाणु संयंत्रों पर हमला, फोर्डो पर बरसाए गए बंकर बस्टर बम, ईरान ने कहा इसके गंभीर दुष्परिणाम होंगे।
- जनसत्ता की सुर्खी है – तबाही का मंजर, फोर्दो, इस्फहान, नतांज परमाणु केन्द्रों पर सात बी – टू बमवर्षकों से गिराए 14 बम।
- दैनिक भास्कर ने लिखा है – अमरीका 22 साल बाद फिर सीधे युद्ध में कूदा, ट्रम्प बोले- तीनों एटमी साइट्स तबाह; ईरान का दावा – ज्यादा नुकसान नहीं हुआ, हम बदला लेंगे।
- ईरानी राष्ट्रपति से पीएम मोदी की बात भी सभी अखबारों में प्रमुखता से है। हिन्दुस्तान लिखता है – पीएम ने कहा शांति के लिए संवाद जरूरी।
- ऑपरेशन सिंदूर का असर, अभी से 15 अगस्त को लेकर सुरक्षा कड़ी, एंटी ड्रोन रडार सिस्टम पहले से तैनात – नवभारत टाइम्स में है।
- अमर उजाला ने खबर दी है- पहलगाम के हमलावरों को पनाह देने वाले दो आतंकी मददगार गिरफ्तार।
- मानसून में चैन से नहीं रह पाएंगे नक्सली, सख्ती से चलेगा अभियान, गृहमंत्री अमित शाह का यह बयान अमर उजाला सहित अधिकांश अखबारों में है।
- दुनियाभर के कपड़ा ब्रांड बंग्लादेश की जगह भारत को दे रहे बड़े ऑर्डर, 2024-25 में देश का कपड़ा निर्यात 12 प्रतिशत बढा –दैनिक भास्कर में है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरस ने ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमरीकी सैन्य हमलों के बाद पश्चिम एशिया संकट कम करने के लिए तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया।
- ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग्ची रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता करने के लिए मास्को पहुंचे।
- ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत अब तक एक हजार आठ सौ से अधिक भारतीय नागरिकों को ईरान और इस्रायल से सुरक्षित लाया गया।
- चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों के उपचुनाव की मतगणना शुरू।
- भारत ने थाईलैंड में एशियाई पैरा-बैडमिंटन चैंपियनशिप में 27 पदक जीते।
*******