मुख्य समाचार:-
- अमरीका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हमला किया; राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इसे शानदार सफलता बताया।
- ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत अब तक एक हजार एक सौ 17 भारतीयों को ईरान से सुरक्षित निकाला गया।
- केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के रायपुर में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और केन्द्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला परिसर की आधारशिला रखेंगे।
- मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम सहित देश के कई हिस्सों में आज तेज़ बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
- टेनिस में भारत की माया राजेश्वरन ने जर्मनी में आईटीएफ जे-200 ग्लेडबेक टेनिस टुर्नामेंट में महिला सिंगल्स का खिताब जीता।
******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीका ने ईरान में फार्दो, नतांज और इस्फहान के परमाणु ठिकानों पर हमले किए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा है कि इन परमाणु ठिकानों पर सफलतापूर्वक हमला करने के बाद सभी अमरीकी विमान ईरान के वायुक्षेत्र से बाहर आ गये हैं। श्री ट्रम्प ने कहा है कि बमों का पूरा पेलोड प्रमुख परमाणु केन्द्र फार्दो पर गिराया गया। रक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि इस हमले में जीबीयू-57ए मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर, “बंकर बस्टर” बम का इस्तेमाल किया गया। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान को अब युद्ध खत्म करने पर सहमत हो जाना चाहिए, ये अब शांति का समय है।
आज सुबह राष्ट्र को संबोधित करते हुए श्री ट्रम्प ने इन हमलों को शानदार सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि इन हमलों का उद्देश्य ईरान की परमाणु संवर्धन क्षमता को रोकना और दुनिया में आतंकवाद को प्रायोजित करने वाले सबसे बडे देश से उत्पन्न परमाणु खतरे पर रोक लगाना है।
ईरान की सरकारी मीडिया ने भी पुष्टि की है कि इस्फहान, नतांज और फोर्दो परमाणु ठिकानों पर दुश्मनों ने हमले किए हैं। सरकारी समाचार एजेंसी आईआरआईबी ने कहा है कि हमले से पहले संवर्धित यूरेनियम के भंडारों को हटा लिया गया था।
इस्राइल की समाचार एजेंसी कान ने कहा है कि ईरान पर हमले के दौरान इस्राइल ने अमरीका के साथ पूरा सहयोग किया।
इस बीच, इस्राइली बलों ने कल ईरान के महत्वपूर्ण शहर बंदरअब्बास पर नए हमले किए। इस्राइली सेना ने कहा है कि उसके हमले मानव रहित हवाई वाहन डिपो और हथियार केन्द्रों पर हुये हैं। बंदरअब्बास ईरान का सबसे बडा वाणिज्यिक शहर है और यहां प्रमुख बंदरगाह, नौसेना मुख्यालय और हार्मूज जलडमरू मध्य के पास महत्वपूर्ण तेल बुनियादी केन्द्र हैं जिसके माध्यम से विश्व में बीस प्रतिशत तेल का व्यापार इसी मार्ग से होता है।
इस्राइल ने इस्फहान परमाणु ठिकाने पर भी हवाई हमले किए। उधर, ईरान ने इस्राइल पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया।
ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में ईरान ने इजरायली क्षेत्र में लगभग चालीस ड्रोन दागे। जवाब में, इजरायली सेना ने दक्षिण–पश्चिमी ईरान में “दर्जनों सैन्य ठिकानों” पर हमला किया। जिन जगहों पर हमला हुआ, उनमें खुज़ेस्तान प्रांत में एक आपातकालीन केंद्र और एक विश्वविद्यालय भी शामिल है। इस बीच ईरान समर्थित हौजी बलों ने अमरीका को तेहरान को निशाना बनाने वाली सैन्य कार्रवाई के खिलाफ चेतावनी दी है। विद्रोहियों ने धमकी दी कि अगर वाशिंगटन ईरान के खिलाफ इजरायल के सैन्य अभियान में शामिल होता है तो वे लाल सागर में अमरीकी जहाजों और युद्धपोतों को निशाना बनाएंगे। इस संघर्ष को रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास भी असफल साबित हो रहे हैं। ईरानी अधिकारियों ने कहा कि वे इजरायल का हमला जारी रहने तक अमरीका के साथ बातचीत में शामिल नहीं होंगे। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जाग्रति शर्मा।
******
ऑपरेशन सिंधू के अंतर्गत करीब एक हजार एक सौ 17 भारतीयों को ईरान से सुरक्षित निकाल लिया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कल रात मशाद से विशेष विमान दो सौ 90 भारतीयों को लेकर नई दिल्ली पहुंचा। कल शाम मशाद से ही तीन सौ दस भारतीयों को लेकर एक अन्य विमान नई दिल्ली आया था।
नेपाल और श्रीलंका ने ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत ईरान से उनके नागरिकों की वापसी में मदद के लिए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा ने सोशल मीडिया पोस्ट में छात्रों की वापसी में मदद के लिए भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को धन्यवाद दिया। सुश्री देउबा ने कहा कि भारत का सहयोग दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी को दर्शाता है।
इससे पहले, श्रीलंका ने ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत ईरान से भारतीय नागरिकों के साथ उनके नागरिकों की वापसी में समय से मदद करने के लिए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि एकजुटता का यह कार्य भारत और श्रीलंका के बीच मजबूत और स्थायी भागीदारी का महत्वपूर्ण उदहारण है और श्रीलंका की जनता ने इसके लिये भारत की काफी सराहना की है।
ईरान में भारतीय दूतावास ने कहा है कि नेपाल और श्रीलंका की सरकारों के अनुरोध पर दोनों देशों के नागरिकों को निकालने के प्रयास किये गये।
******
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के दौरे पर आज छत्तीसगढ जायेंगे। इस दौरान वे राजधानी रायपुर और नारायणपुर जिले में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रायपुर में नेशनल फॉरेंसिक साइंर्स यूनिवर्सिटी और सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री के रायपुर परिसर का शिलान्यास करेंगे। यह फॉरेंसिंक साइंस यूनिवर्सिटी करीब चालीस एकड़ के क्षेत्र में लगभग चार सौ करोड़ रूपये की लागत से बनाई जाएगी। श्री शाह आज नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्यों के पुलिस महानिदेशक और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के साथ सुरक्षा संबंधित मुद्दों को लेकर बैठक करेंगे। एक अन्य बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री वामपंथी उग्रवाद पर सुरक्षा की समीक्षा भी करेंगे। अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन कल तेईस जून को केंद्रीय गृहमंत्री बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में जाकर वहां ग्रामीणों के साथ संवाद करेंगे। इसके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री इसी जिले के इरकभट्ठी क्षेत्र में स्थित सीमा सुरक्षा बल के कैम्प का दौरा कर वहां जवानों के साथ बातचीत भी करेंगे। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
******
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि कभी बहाल नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार पाकिस्तान में जा रहे अतिरिक्त पानी को राजस्थान ले जाने के लिए नहर का निर्माण करेगी। एक समाचार पत्र को दिये साक्षात्कार में गृह मंत्री ने कहा कि सरकार की आतंकवाद को कतई बर्दाशत नहीं करने की नीति बरकरार है। श्री शाह ने कहा कि सरकार कश्मीर, नक्सल क्षेत्र और पूर्वोत्तर में आतंकवाद के मूल कारणों को दूर करने पर काम कर रही है।
******
त्रिपुरा में राज्य सरकार ने पिछले वाम मोर्चे की सरकार के दौरान राजनीतिक हिंसा में मारे गये लोगों के निकट परिजन को सरकारी नौकरी देने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा उठाया गया यह संवेदनशील कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के अनुरूप है। इसी के तहत, त्रिपुरा में वाम मोर्चा शासनकाल के दौरान राजनीतिक हिंसा के दुर्भाग्यपूर्ण शिकार बने व्यक्तियों के परिवार के एक सदस्य को राज्य सरकार में नौकरी दी जाएगी। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में त्रिपुरा के विद्युत मंत्री रतनलाल नाथ ने बताया कि अब तक सरकार को उनतालीस आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों की जांच संबंधित जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों द्वारा की जाएगी। उनकी रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार की एक समिति पात्र परिजनों को सरकारी नौकरी देने की सिफारिश करेगी। फिलहाल, अठारह आवेदकों को त्रिपुरा सरकार के सूचना एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, प्राथमिक शिक्षा विभाग और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में नियुक्ति दी गई है, जबकि पाँच और आवेदनों पर विचार किया जा रहा है। कुणाल शिंदे, आकाशवाणी समाचार, अगरतला
******
ब्रिटेन में, हाउस ऑफ कॉमन्स ने इंग्लैंड और वेल्स में सहायता प्राप्त मृत्यु को कानूनी बनाने के लिए एक विधेयक को मंजूरी दे दी है। इससे समाज में एक बड़े परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने इस विधेयक का समर्थन किया, जबकि कंजर्वेटिव नेता केमी बेडेनोच ने इसके खिलाफ मतदान किया।
अब यह विधेयक विचार के लिए हाउस ऑफ लॉर्ड्स में जाएगा। इस विधेयक से इंग्लैंड और वेल्स में मानसिक रूप से अक्षम, गंभीर रूप से बीमार वयस्कों को चिकित्सा सहायता से अपना जीवन समाप्त करने का विकल्प चुनने का अधिकार मिल जाएगा।
सहायता प्राप्त मृत्यु इच्छामृत्यु से अलग है, जहां मानसिक रूप से अक्षम और गंभीर रूप से बीमार रोगी के अनुरोध पर स्वास्थ्य कर्मी उसे घातक इंजेक्शन लगाता है।
******
मिजोरम में असम राइफल्स और अन्य एजेंसियों ने 11 करोड 53 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस संबंध में दो महिलाओं सहित पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
******
ब्राज़ील में कल रात दक्षिणी राज्य सांता कैटरीना के प्राया ग्रांडे में गर्म हवा के गुब्बारे में हुये विस्फोट में आठ लोगों की मृत्यु हो गई। ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
******
बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन चार सौ रूपए से बढ़ाकर 1100 रूपये प्रति महीने कर दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बढी हुई पेंशन अगले महीने से मिलेगी।
******
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, पूर्वी राजस्थान, दक्षिण हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, दिल्ली, केरल और तटीय कर्नाटक में आज मूसलाधार वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को गुजरात तट, पूरे कोंकण तट, सोमालिया तट और आस-पास के समुद्री क्षेत्रों, ओमान और आस-पास के यमन तट और आस-पास के समुद्री क्षेत्रों, मध्य और आस-पास के उत्तर, दक्षिण अरब सागर और उत्तर-पूर्व अरब सागर के कई हिस्सों में न जाने की सलाह दी है।
मछुआरों को यह भी सलाह दी गई है कि वे उत्तरी आंध्र प्रदेश तट, मध्य, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भागों और अंडमान सागर के कई हिस्सों में न जाएँ। तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में गर्म और आर्द्र स्थितियाँ बने रहने की सम्भावना है।
******
भारत की माया राजेश्वरन ने जर्मनी में आईटीएफ जे200 ग्लेडबेक टेनिस टूर्नामेंट में महिला सिंगल्स का खिताब जीत लिया है। 16 वर्षीय माया ने फाइनल में स्विटजरलैंड की नोलिया मान्ता को 6-2, 6-4 से हराया। यूरोप में माया का यह पहला आईटीएफ जूनियर खिताब है।
******
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम से ओलंपिक दिवस दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा भी मौजूद थीं।
******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कल भारत समेत दुनियाभर में आयोजित योग-अभ्यास के विशेष सत्रों से संबंधित ख़बरें सभी अख़बारों में सचित्र हैं। नवभारत टाइम्स ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इन शब्दों को पहली ख़बर बनाया है कि दुनिया में संघर्ष के बीच योग से शांति। हिन्दुस्तान के अनुसार, योग का विश्व कीर्तिमान, तीन लाख लोगों ने एक जगह किया योग। छात्रों का 108 बार सूर्य नमस्कार। राजस्थान पत्रिका ने इस शोध को प्रमुखता से दिया है कि अपने किशोर बच्चों के सााथ करें योग और कसरत, बेहतर होंगे रिश्ते।
राष्ट्रीय सहारा ने ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत अब तक एक हजार भारतीयों को ईरान से सुरक्षित निकालने को पहली ख़बर बनाते हुए लिखा है- युद्धग्रस्त देश से अपने सभी नागरिकों को निकाल रहा भारत।
दैनिक जागरण की पहली ख़बर है अहमदाबाद विमान हादसे में हुई कार्रवाई, तीन अफसर हटाए गए। पत्र के अनुसार- डी.जी.सी.ए. के सख्त आदेश पर एयर इंडिया ने किया अमल।
दैनिक भास्कर की खास ख़बर है- कटरा श्रीनगर वंदे भारत से पर्यटन, व्यापार को मिली रफ्तार। पत्र के अनुसार कश्मीर में वंदे भारत जुलाई तक फुल, उड़ाने और हवाई किराया पचास प्रतिशत तक घटा सकती है।
दैनिक भास्कर ने ऊर्जा विभाग के इस अध्ययन को प्रमुखता से दिया है कि- चॉर्जर ऑन रहने से हर साल 22 करोड़ यूनिट बिजली बर्बाद हो रही है।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- अमरीका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हमला किया; राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इसे शानदार सफलता बताया।
- ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत अब तक एक हजार एक सौ 17 भारतीयों को ईरान से सुरक्षित निकाला गया।
- केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के रायपुर में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और केन्द्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला परिसर की आधारशिला रखेंगे।
- मौसम विभाग ने आज महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम सहित देश के कई हिस्सों में आज तेज़ बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
- टेनिस में भारत की माया राजेश्वरन ने जर्मनी में आईटीएफ जे200 ग्लेडबेक टेनिस टुर्नामेंट में महिला सिंगल्स का खिताब जीता।
******