मुख्य समाचार:-
- सरकार ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय बहुपक्षीय समिति गठित की।
- ईरान का इस्राइल के विरुद्ध जवाबी हमला, इस्राइली शहरों पर सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा–इस्राइली हमले से ईरान के साथ परमाणु समझौते में मदद मिल सकती है।
- पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा– भारत के पास आगामी महीनों के लिए पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध।
- उत्तर–पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री के पार; राजस्थान में रेड अलर्ट।
- भारत की सुरुचि सिंह ने म्यूनिख में विश्व कप निशानेबाजी की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
- क्रिकेट में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का खिताब जीतने के लिए दक्षिण अफ्रीका को उनहत्तर रन की ज़रूरत।
*******
सरकार ने एक उच्चस्तरीय बहुपक्षीय समिति गठित की है, जो बृहस्पतिवार को अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 के दुर्घटना के कारणों की जांच करेगी। नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि यह समिति मौजूदा मानक संचालन प्रक्रिया और ऐसी घटनाओं को रोकने तथा निपटने के लिए जारी दिशा-निर्देशों की जांच करेगी। समिति, भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से निपटने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश का सुझाव भी देगी।
एयर इंडिया विमान दुर्घटना के बाद पूरा गुजरात सदमे में है। इस त्रासदी ने पूरे क्षेत्र में परिवारों और समुदायों को शोक में डाला है। विमान में सवार अधिकतर यात्री राज्य के अलग–अलग जिलों से थे। प्रशासन मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। राहत प्रयासों के समन्वय के लिए सिविल अस्पताल में चौबीसों घंटें के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। शोक संतप्त परिवारों की सहायता के लिए आवास और परिवहन की व्यवस्था भी की गई है। पीड़ितों के सम्मान में पूरे राज्य में शोक सभाएँ, सामूहिक सभाएँ आयोजित की जा रही हैं। एकजुटता का मज़बूत प्रदर्शन करते हुए आम लोग भी बड़ी संख्या में रक्तदान के लिए आगे आ रहे हैं और हर संभव मदद कर रहे हैं। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
*******
इस बीच, इंडियन मेडिकल असोसिएशन के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष मेहुल शाह ने कहा है कि बृहस्पतिवार को अहमदाबाद में हवाई अड्डे के पास छात्रावास पर एयर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से चार विद्यार्थी और एक डॉक्टर की पत्नी की मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि घायलों की मदद के लिए सौ से अधिक डॉक्टर दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। श्री मेहुल शाह ने बताया कि छात्रावास परिसर में 45 से अधिक विद्यार्थियों को बचा लिया गया।
*******
ईरान ने इस्राइल के हमलों की जवाबी कार्रवाई में सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं जिसे ऑपरेशन सीवियर पनिशमेंट नाम दिया गया है। तेल अवीव और यरुशलम में बड़े पैमाने पर हुई बमबारी के कारण इस्राइल में हवाई हमले के सायरन बजा दिए गए जिससे लाखों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी। एक रिपोर्ट…
इजरायल और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष लगातार विकट रूप लेता जा रहा है। ऑपरेशन सीवियर पनिशमेंट से कुछ घंटे पहले ही इस्राइल के हमले में ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया गया और शीर्ष सैन्य कमांडरों को मार दिया गया। इस्राइली अधिकारियों ने ईरान के हमले की पुष्टि की है। बेन गुरियन हवाई अड्डे को तुरंत बंद कर दिया गया और ह़जारों इस्राइली सैनिक तैनात कर दिए गए। ऐसा पहली बार हुआ है जब ईरान की मिसाइलों ने रिहायशी इलाकों में इस्राइल की हवाई सुरक्षा को नाकाम कर दिया। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि हमला विशेष रूप से इस्राइल द्वारा नातान्ज़ परमाणु ठिकाने को नष्ट करने और ईरान के शीर्ष सैन्य कमांडरों की हत्या के जवाब में किया गया है। इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल कैट्ज ने आरोप लगाया है कि ईरान ने जानबूझकर रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा कि इस्राइल इसका करारा जवाब देगा। दोनों देशों के बीच भीषण हमलों से व्यापक स्तर पर क्षेत्रीय संघर्ष की आशंकाएं बढ़ गई हैं। अमरीकी प्रशासन लंबे समय से इस तरह के हमले को रोकने के प्रयास कर रहा है, क्योंकि उसे डर है कि इससे पश्चिम एशिया में बड़े पैमाने पर युद्ध छिड़ जाएगा। ईरान ने अपने यूरेनियम संवर्धन स्तर को लगातार बढ़ा कर काफी मात्रा में परमाणु हथियार जमा कर लिए हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान पर इस्राइल के हमले से अमरीकी प्रशासन को ईरान के साथ परमाणु समझौता करने में मदद मिल सकती है। यह पूछे जाने पर कि क्या इस्राइल की बमबारी से बातचीत में बाधा आई है, उन्होंने कहा कि अब ईरान गम्भीरता से बातचीत कर सकता है।
इससे पहले श्री ट्रम्प ने ईरान पर इस्राइल के हमले के बाद पहली बार इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की। राष्ट्रपति ट्रम्प इस्राइली हमले से बचने के लिए ईरान से बार-बार परमाणु समझौता करने की बात करते रहे हैं।
*******
भारत ने ईरान और इस्राइल के बीच हाल के घटनाक्रमों पर चिंता व्यक्त करते हुए दोनों पक्षों से आग्रह किया है कि वे तनाव बढ़ाने वाले कोई भी कदम न उठाएं। भारत ने दोनों देशों से कहा कि वे तनाव को कम करने करने के लिए बातचीत और कूटनीति के रास्ते अपनाएं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत, परमाणु स्थलों पर हमलों पर नज़र रख रहा है। मंत्रालय ने कहा कि भारत के दोनों देशों के साथ घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और उन्हें हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। दोनों देशों के राजनयिक मिशन भारतीय समुदाय के संपर्क में हैं।
*******
इस बीच, इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति के बारे में फोन पर जानकारी दी। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने श्री नेतन्याहू के साथ बातचीत में क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली की आवश्यकता पर बल दिया।
इस्राइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर को फोन पर मौजूदा घटनाक्रम के बारे में अवगत कराया। श्री जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अरागची से भी इस क्षेत्र की ताजा स्थिति पर विचार-विमर्श किया।
*******
केन्द्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने कहा है कि देश में आगामी महीनों के लिए पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। उन्होंने पेट्रोलियम सचिव और ऊर्जा क्षेत्र में सार्वजनिक उपक्रमों के प्रमुखों के साथ समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी।
ईंधन आपूर्ति के बारे में दी गई यह जानकारी इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि ईरान पर इस्राइल पर हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में कल काफी वृद्धि हुई। श्री पुरी ने कहा कि भारत की ऊर्जा नीति उपलब्धता, वहन करने की क्षमता और स्थिरता की सफलता पर आधारित है। भारत सालाना एक सौ पचास अरब अमरीकी डॉलर का तेल आयात करता है और इस आयात से भारत के कच्चे तेल की लगभग अस्सी प्रतिशत जरूरत पूरी होती है।
*******
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड – सी.बी.डी.टी. क्रिप्टो करेंसी में निवेश के माध्यम से कर चोरी और बेहिसाब आमदनी के स्रोतों की जांच कर रहा है। सी.बी.डी.टी. के सूत्रों ने बताया कि वर्चुअल डिजिटल एसेट-वी.डी.ए. लेनदेन में शामिल और आयकर अधिनियम, 1961 का पालन न कर रही संस्थाओं तथा व्यक्तियों के सत्यापन के लिए पहचान कर ली गई है। डेटा विश्लेषण से पता चला है कि बड़ी संख्या में लोगों ने आई.टी.आर. का वी.डी.ए. दाखिल नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार कर बोर्ड ने हाल ही में हजारों दोषी लोगों को उनके आई.टी.आर. की समीक्षा करने और अद्यतन करने के लिए ई-मेल भेजे हैं।
*******
दिल्ली सरकार शीघ्र ही एक नई आबकारी नीति लाएगी। इस नीति का मुख्य उद्देश्य- गुणवत्ता पूर्ण शराब की उपलब्धता सुनिश्चित करना और बिक्री तथा वितरण व्यवस्था को पारदर्शी, आधुनिक और जवाबदेह बनाना है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि नई नीति में शराब की वैज्ञानिक जांच, विक्रय व्यवस्था का डिजिटीकरण, अवैध बिक्री पर कड़ी कार्रवाई और लाइसेंसिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता सहित आबकारी प्रणाली में कई सुधार शामिल किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव धर्मेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में एक समिति सभी पहलुओं पर व्यापक रूप से विचार कर रही है।
*******
आयुष मंत्रालय आज नई दिल्ली में एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग पर आधारित हाइब्रिड वैश्विक शिखर सम्मेलन– योग कनेक्ट का आयोजन कर रहा है। यह सम्मेलन 21 जून को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के एक प्रमुख कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में एक हज़ार से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे।
*******
भारतीय सेना में आज चार सौ 19 नए युवा अधिकारी शामिल होंगे। उत्तराखंड के देहरादून में भारतीय सैन्य अकादमी में पासिंग आउट परेड चल रही है, जिसमें कुल चार सौ 51 कैडेट भाग ले रहे हैं। इनमें से 32 कैडेट मित्र देशों के हैं, जो अपना प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अपने-अपने देशों की सशस्त्र सेनाओं में शामिल होंगे।
*******
तेलंगाना पुलिस और दूरसंचार विभाग ने सिकंदराबाद में एक अवैध दूरसंचार नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह अनुचित तरीके से भारतीय ग्राहकों को अंतरराष्ट्रीय कॉल की सुविधा उपलब्ध करवा रहा था। गिरोह से लैपटॉप और अन्य उपकरण जब्त कर लिए गए हैं। इस संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और एक संदिग्ध की गिरफ्तारी हुई है। मामले की जांच जारी है।
*******
उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप बना हुआ है, कई स्थानों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। मौसम विभाग ने राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि राज्य में अगले दो-तीन दिन तक धूल भरी आंधी के साथ भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश में भी आज अलग-अलग स्थानों पर लू चलेगी।
पंजाब, हरियाणा की बात करें, दिल्ली की बात करें वहां जो हीट वेव है आज भी मेजरली रहने वाला है। उसके बाद ये अवेट हो जाएगा। उसके कारण ये है कि पूरा एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आया हुआ है, जिसका प्रभाव आने वाले चार–पांच दिनों में जम्मू कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में उसका प्रभाव रहेगा। उसके कारण वहां थंडरस्ट्राम, हिलस्ट्राम एक्टिव हो सकता है। आज के बाद जो टेम्परेचर है वो डिक्रीज़ हो जाएगा।
वहीं, अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा और पंजाब के कुछ अन्य स्थानों पर भी लू की स्थिति बनी हुई है। एक रिपोर्ट-
अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा और पंजाब के कुछ अन्य स्थानों पर गर्म रातों के साथ लू की स्थिति बनी रही। बठिंडा के बाद, 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान के साथ फाजिल्का सबसे गर्म जिला रहा, जबकि फरीदकोट में 44 डिग्री, अमृतसर और लुधियाना में 43 डिग्री से अधिक और राज्य के अन्य जिलों में 39 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान दर्ज किया गया। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में कल अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कल कुछ राहत मिलने की संभावना है। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार,जालंधर।
*******
विश्व टेस्ट क्रिकेट चैंपियनशिप का खिताब जीतने के लिये दक्षिण अफ्रीका को 69 रन की जरूरत है। आज मैच के चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका अपनी दूसरी पारी में 213 रन से आगे खेलना शुरू करेगा।
*******
जर्मनी के म्यूनिख में विश्व कप निशानेबाजी में, भारत की सुरुचि सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने फ्रांस की कैमिली को हराया। विश्व कप में सुरुचि का इस स्पर्धा में यह लगातार तीसरा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक है।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
अहमदाबाद विमान हादसे से जुडी खबरों को लगभग सभी अखबारों ने विस्तार से दिया है। जनसत्ता ने सुर्खी दी है- खुल सकती हैं विमान हादसे की परतें ब्लैक बाक्स, डीवीआर बरामद। दैनिक भास्कर लिखता है- अब सख्ती… बोइंग विमानों की हर उडान से पहले होगी विशेष जांच। हॉस्टल की छत पर था ब्लैक बॉक्स, एक हजार डिग्री तापमान में बस यही बचा। हिन्दुस्तान–मार्मिक शीर्षक से लिखता है- खाक में खोज रहे अपनों के निशान, बुरी तरह से जल चुके हैं विमान में सवार लोगों के शव, अभी तक केवल छह की पहचान हो पाई। ट्रैफिक जाम की वजह से छूटी फ्लाइट, ब्रिटेन की रहने वाली भूमि चौहन की बची जान नवभारत टाइम्स में है।
इस्राइल और ईरान के बीच संघर्ष की खबरों को कई अखबारों ने अपनी सुर्खी बनाया है। अमर उजाला लिखता है- इस्राइल का ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर बडा हमला, सेना प्रमुख समेत 20 कमांडर मारे गए, छह परमाणु वैज्ञानिकों की भी मौत, जवाब में ईरान ने दागी मिसाइलें। पंजाब केसरी की सुर्खी है- प्रधानमंत्री मोदी का नेतन्याहू से शांति बहाली पर जोर।
कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए कल 50 यात्रियों के पहले जत्थे की रवानगी की खबर अमर उजाला में है।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- सरकार ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय बहुपक्षीय समिति गठित की।
- ईरान का इस्राइल के विरुद्ध जवाबी हमला, इस्राइली शहरों पर सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा–इस्राइली हमले से ईरान के साथ परमाणु समझौते में मदद मिल सकती है।
- पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा– भारत के पास आगामी महीनों के लिए पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध।
- उत्तर–पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री के पार; राजस्थान में रेड अलर्ट।
- भारत की सुरुचि सिंह ने म्यूनिख में विश्व कप निशानेबाजी की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
- क्रिकेट में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का खिताब जीतने के लिए दक्षिण अफ्रीका को उनहत्तर रन ज़रूरत।
*******