मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए वैश्विक एकता का आह्वान किया।
- कटरा और श्रीनगर के बीच वंदे भारत रेल सेवा शुरू।
- कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु भगदड़ मामले में मुआवजे की राशि बढ़ाकर 25 लाख रुपये की।
- मणिपुर में मैतेई जातीय समूह के नेता की गिरफ्तारी के बाद 5 जिलों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित।
- जर्मनी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के लिए समर्थन और एकजुटता व्यक्त की।
- और टेनिस में, अमरीका की कोको गॉफ ने आर्यना सबालेंका को हराकर अपना पहला फ्रेंच ओपन खिताब जीता। पुरूष सिंगल्स फाइनल में आज पूर्व चैंपियन कार्लोस अल्काराज़ का सामना यानिक सिनर से ।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए वैश्विक एकता आवश्यक है। वे कल वीडियो कॉन्फ्रेंसं के जरिए आपदा बचाव के बुनियादी ढांचे पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन-सीडीआरआई-2025 को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाना चाहिए जो आपदा का सामना करने में सक्षम हो। श्री मोदी ने पूर्व चेतावनी प्रणालियों के निर्माण के लिए 25 विकासशील लघु द्वीप देशों के साथ जारी सीडीआरआई के कार्य को रेखांकित किया।
श्री मोदी ने छोटे द्वीप विकासशील देशों को बड़े महासागर देशों के रूप में भारत की मान्यता की पुष्टि की और उनकी कमजोरियों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
*******
ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कल नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। श्री मोदी ने दोनों देशों के बीच बढते संबंधों का स्वागत किया और भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के अधिक मजबूत होने पर संतोष व्यक्त किया।
श्री डेविड लैमी ने व्यापार और निवेश, रक्षा तथा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार और स्वच्छ ऊर्जा सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में ब्रिटेन की रुचि व्यक्त की। श्री लैमी ने पहलगाम आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई का समर्थन किया।
*******
जर्मनी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के संघर्ष के प्रति समर्थन व्यक्त किया है। भारतीय संसदीय शिष्टमंडल के साथ बैठक के दौरान जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडफुल ने पहलगाम आंतकी हमले की निंदा की। संसदीय शिष्टमंडल ने पाकिस्तान के परमाणु ब्लैक मेल के सामने न झुकने का संकल्प व्यक्त किया। भारतीय शिष्टमंडल की जर्मनी की यात्रा कल सम्पन्न हो गई।
*******
उत्तर रेलवे ने कटरा और श्रीनगर के बीच वंदे भारत रेल सेवा शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कटरा से वंदे भारत ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना किया था। एक रिपोर्ट-
कटरा और श्रीनगर के बीच कल पहले दिन वंदे भारत रेल सेवा का संचालन सुचारू संपन्न हुआ और वंदे भारत रेलगाडी शाम को अपने गंतव्य स्थान पर पहुंची। कटरा से बारामूला और वापसी की यात्रा करने वाले यात्रियों ने वंदे भारत रेल सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। ट्रेन सेवा शुरू होने से पहले ही टिकटों की बिक्री पूरी हो गई थी। उत्तर रेलवे के अनुसार कटरा और श्रीनगर के बीच दिन में वंदे भारत ट्रेनों ने चार फेरे लगाए। इस रेलगाड़ी में चेयर कार और एक्जिक्यूटिव क्लास की सीटें हैं। चेयर कार के लिए 715 रुपये और एक्जिक्यूटिव क्लास के लिए एक हजार 320 रुपये का भुगतान करना होगा। समाचार कक्ष से चंद्रशेखर शर्मा।
*******
गृह मंत्री अमित शाह आज मदुरै में तमिलनाडु भाजपा की राज्य कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे और पार्टी के राज्य, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों से भी बातचीत करेंगे। श्री शाह ऐतिहासिक मीनाक्षी अम्मन मंदिर भी जाएंगे।
*******
तेलंगाना मंत्रिमंडल का आज दोपहर बाद विस्तार किया जायेगा। वर्तमान में राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क सहित 12 सदस्य हैं।
*******
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ में मारे गए 11 लोगों के परिवारों को मुआवजे की राशि बढ़ाकर 25-25 लाख रुपये कर दी गई है। हमारे संवाददाता ने बताया कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम ने मृतकों को 10-10 लाख रुपये और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ से 11 लोगों की मौत के बाद जब सार्वजनिक टीका टिप्पणी बड़ी उसके बाद मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मरने वालों को दिए जाने वाले राहत की राशि को 10 लाख से 25 लाख बढ़ा दिए हैं। दूसरी तरफ कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नैतिक कारण से दुर्घटना पर अफसोस जताते हुए इस्तीफा दे दिया है। एसोसिएशन के चेयरमैन रधुराम भट्ट ने जानकारी दी है कि उनके सेक्रेटरी और ट्रेजरर का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एसोसिएशन इस विषय में इन्वेस्टिगेशन पर अपना पूरा सहयोग देगा। सुधीन्द्रा, आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।
*******
मणिपुर सरकार ने पांच जिलों में कल रात 11 बजकर 45 मिनट से पांच दिनों के लिए वीसैट और वी.पी.एन. सहित इंटरनेट तथा मोबाइल डेटा सेवाओं को निलंबित करने का आदेश दिया है। इन जिलों में इंफाल-पश्चिम, इंफाल-पूर्व, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग शामिल हैं। यह आदेश कल रात मैतेई जातीय समूह के नेता अरम्बाई टेंगोल की गिरफ्तारी के बाद इम्फाल-पूर्व और इम्फाल-पश्चिम जिलों में व्यापक विरोध प्रदर्शन के बाद जारी किया गया।
*******
देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित एक दशक में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। आकाशवाणी समाचार पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर एक विशेष प्रसारण लेकर आया है। इस श्रृंखला में आज प्रस्तुत है पर्यावरण सरंक्षण और विकास पर केन्द्रित यह विशेष रिपोर्ट…
पिछले दस सालों में, भारत का मिडिल क्लास देश के विकास की यात्रा के केंद्र में रहा है। उनकी उम्मीदों को सिर्फ़ सुना ही नहीं गया, बल्कि उस पर ठोस कदम भी उठाए गए हैं। सरकार ने टैक्स सुधार, टैक्स में छूट, सामाजिक सुरक्षा और कौशल विकास के ज़रिए मिडिल क्लास को सशक्त बनाने का प्रयास किया है। नई टैक्स व्यवस्था में अब 12 लाख रुपये तक की आमदनी टैक्स-मुक्त कर दी गई है। पहले से भरे हुए इनकम टैक्स रिटर्न और फेसलैस मूल्यांकन प्रणाली ने टैक्स भरने की प्रक्रिया को तेज़, आसान और पारदर्शी बना दिया है। यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के अंतर्गत 25 साल की सेवा वाले सरकारी कर्मचारियों को उनके औसत मूल वेतन का 50 प्रतिशत पेंशन के रूप में सुनिश्चित किया गया है। वहीं, पिछले 10 सालों में महंगाई की दर औसतन 5 प्रतिशत रही है जो कि इससे पहले के 10 सालों में 8 दशमलव दो प्रतिशत थी। कौशल विकास के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत एक करोड़ 63 लाख से ज्यादा युवाओं को उद्योगों से जुड़ी ट्रेनिंग दी गई है। राष्ट्रीय अप्रेंटिस संवर्धन योजना के तहत 2016 से अब तक 40 लाख से अधिक अप्रेंटिस को उद्योगों में काम दिलाया गया है। 2014 में जहां लगभग नौ हजार नौ सौ आईटीआई थे वहीं 2024 तक इनकी संख्या बढ़कर 14 हजार छह सौ से ज्यादा हो गई है। सरकार के इन सभी प्रयासों ने मिडिल क्लास को असली ताकत दी है। आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
बिहार में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव नजर आ रहे हैं और लाखों लोगों खासकर गांव में रहने वाले लोगों का जीवन बदल रहा है। इस दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य सरकार ने एक वर्ष के अंदर लाभार्थियों के हज़ारों करोड़ रुपये बचाने में मदद की है, जो कि इस योजना की सफलता का प्रमाण है। ब्योरा हमारे संवाददाता से ..
आयुष्मान भारत योजना से बिहार की सुदूर इलाकों में रहने वाले गरीब लोगों को अब लाभ मिल रहा है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों ने बताया कि इस योजना की वजह से उन्हें मुफ्त इलाज और सर्जरी करने की सुविधा मिल रही है।
बक्सर जिला है बच्चे की वॉल में खून की रूकावट हो रहा था, उसी का ऑपरेशन करवाएं हैं, पैसा नहीं था उसी वजह से आए हैं यहां स्मार्टकार्ड पर डॉक्टर से पहले बोले थे स्मार्टकार्ड पर दवा हो जाएगा। बहुत लाभ मिल रहा है। उसी से मेरा बेटा बच रहा है।
बेतिया जिला है मॉं को ब्रेन हेमरेज हुआ था। ईलाज बहुत बढिया तरह से हो रहा है। वह भी आयुष्मान कार्ड द्वारा हो रहा है। स्मार्ट कार्ड से बहुत फायदा है।
इस बीच आकाशवाणी समाचार से बातचीत में बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशांक शेखर सिन्हा ने बताया कि इस योजना से वर्तमान में आबादी का एक बड़ा हिस्सा लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए पूरे राज्य में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
डोर टू डोर कैंपेन इस बार हम लोगों का विशेष अभियान चला जिसमें 18 लाख बना। इस बार हम लोगो का फोकस उस पर था उसमें हम लोगों ने आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदी और आशा वर्कर्स को लगाया था।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का उद्घाटन 23 सितंबर 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। इसका उद्देश्य माध्यमिक और तृतीय देखभाल अस्पताल में भर्ती होने के लिए प्रति परिवार प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक की गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा और कैश लेस उपचार प्रदान करना है। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार पटना।
*******
भारत के शुभांशु शुक्ला सहित तीन अंतरिक्ष यात्री मंगलवार को फ्लोरिडा में नासा के कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र से एक्सिओम स्पेस की चौथी मानव अंतरिक्ष उड़ान पर रवाना होंगे। करीब 28 घंटे की यात्रा के बाद ये मिशन बुधवार को भारतीय समय के अनुसार रात 10 बजे अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर उतरेगा।
*******
फ्रेंच ओपन टेनिस में अमरीका की कोको गॉफ ने बेलारूस की आर्यना सबालेंका को रोमांचक मुकाबले में 6-4, 6-2, 6-4 से हराकर महिला सिंगल्स का खिताब जीत लिया है। कोको गाफ का फ्रेंच ओपन का पहला और दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है।
आज पुरुष सिंगल्स के फाइनल में मौजूदा चैम्पियन कार्लोज अल्कराज का मुकाबला नम्बर एक खिलाड़ी यानिक सिनर से होगा।
महिला डबल्स के फाइनल में इटली की सारा ईरानी और जस्मीन पाओलिनी की जोड़ी का सामना कजाकिस्तान की अन्नाडेनीलिना और सर्बिया की अलेक्सांद्रा की जोड़ी से होगा।
*******
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में लू चलने का अनुमान व्यक्त किया है। अगले दो दिनों में तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक में गरज और तेज़ हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से:
पिछले 11 वर्षों में लगभग 27 करोड़ लोग घोर गरीबी से बाहर निकले- ये आज दैनिक जागरण की पहली सुर्खी है। वहीं, राष्ट्रीय सहारा के शब्द हैं- बेहद गरीबी की दर पिछले दशक में तेजी से गिरी। दैनिक ट्रिब्यून और वीर अर्जुन के अनुसार भारत में अत्याधिक गरीबी घटकर पांच दशमलव तीन प्रतिशत पर आई। हरिभूमि ने राहत शीर्षक से लिखा है- भारत के विकास पर वर्ल्ड बैंक की मुहर। पंजाब केसरी ने वित्तमंत्री निर्माला सीतारामन का यह बयान दिया है- किसान क्रैडिट कार्ड लाखों लोगों के लिए बना लाइफलाइन। राजस्थान पत्रिका की खबर है- अब एक ही शैक्षणिक सत्र में प्राप्त दो डिग्रियां होंगी मान्य, यूजीसी ने नियमों में किया संशोधन। नवभारत टाइम्स और इंडियन एक्सप्रैस के अनुसार कटरा से श्रीनगर वन्दे भारत की सारी सीटें रहीं फुल। जनसत्ता, हिंदुस्तान और अमर उजाला के खेल पन्ने की सुर्खी है- सौ मीटर बाधा दौड़ में ज्योति याराजी ने ताइवान ओपन में जीता स्वर्ण पदक। दैनिक भास्कर ने अपने विशेष आलेख में लिखा है- आईपीएल और ओटीटी बने युवा टैलेंट के लिए लांचिंग पैड। आईपीएल में 18 साल में चार सौ नौ भारतीयों का डैब्यू और ओटीटी में ढाई हजार नए कलाकारों को मौका।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए वैश्विक एकता का आह्वान किया।
- कटरा और श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू।
- कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु भगदड़ मामले में मुआवजे की राशि बढ़ाकर 25 लाख रुपये की।
- मणिपुर में मैतेई जातीय समूह के नेता की गिरफ्तारी के बाद 5 जिलों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित।
- जर्मनी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के लिए समर्थन और एकजुटता व्यक्त की।
- और टेनिस में, अमरीका की कोको गौफ ने महिला सिंगल्स फाइनल में आर्यना सबालेंका को हराकर अपना पहला फ्रेंच ओपन खिताब जीता। वहीं पुरूष सिंगल्स फाइनल में आज पूर्व चैंपियन कार्लोस अल्काराज़ का सामना यानिक सिनर से होगा।
*******