मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में पराग्वे के राष्ट्रपति सैंतियागो पेना पलासिओस से बातचीत करेंगे।
- प्रधानमंत्री भारत मंडपम में अंतर्राष्ट्रीय वायु परिवहन संघ की वार्षिक आम बैठक में भी शामिल होंगे।
- भारत का सकल वस्तु और सेवा कर- जीएसटी संग्रह मई में लगातार दूसरे महीने 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक।
- रूस ने अपने 5 हवाई ठिकानों पर यूक्रेनी ड्रोन हमलों की पुष्टि की।
- विश्व चैंपियन डी गुकेश ने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के छठे दौर में मैग्नस कार्लसन को हराया।
- आईपीएल क्रिकेट में, दूसरे क्वालीफायर में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
————
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में पराग्वे के राष्ट्रपति सैंट्रियागो पेना पलासिओस से बातचीत करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की संभावना है।
पराग्वे के राष्ट्रपति आज से भारत की तीन दिन की राजकीय यात्रा पर हैं। उनके साथ मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापार प्रतिनिधियों सहित उच्च शिष्टमंडल भी है। राष्ट्रपति पलासिओस की यह पहली जबकि पराग्वे के किसी राष्ट्रपति की यह दूसरी भारत यात्रा है।
राष्ट्रपति पेना आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे। जिसके दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा करेंगे। वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे। भारत और पैराग्वे ने 1961 में राजनयिक संबंध स्थापित किए, जिससे दशकों से दोनों देशों के बीच मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध कायम हुए। दोनों देशों ने व्यापार, कृषि, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स और सूचना प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग विकसित किया है। पैराग्वे लैटिन अमेरिकी क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार है। ऑटोमोबाइल और फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र की कई भारतीय कंपनियां पैराग्वे में मौजूद है। पैराग्वे की कंपनियां भारत में भी मौजूद है, जो दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों में योगदान दे रही हैं। अक्षित वेद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
————
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में अंतरराष्ट्रीय वायु परिवहन संघ-आईएटीए की 81वीं वार्षिक आम बैठक में भाग लेंगे। यह बैठक कल शुरू हुई और मंगलवार को संपन्न होगी। एक रिपोर्ट-
अंतरराष्ट्रीय वायु परिवहन शिखर सम्मेलन विमानन उद्योग के समक्ष आने वाले प्रमुख मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेगा। इनमें विमानन उद्योग की अर्थव्यवस्था, हवाई संपर्क, ऊर्जा सुरक्षा, सतत विमानन ईंधन उत्पादन, कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम करने के प्रयासों के लिए वित्तपोषण और नवाचार इत्यादि शामिल हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान में कहा गया है कि इस कार्यक्रम के दौरान दुनिया भर के नेता विमानन क्षेत्र में भारत की उल्लेखनीय प्रगति और देश के सामाजिक–आर्थिक विकास में योगदान के साक्षी बनेंगे। आईएटीए की पिछली वार्षिक आम बैठक 42 साल पहले 1983 में आयोजित हुई थी। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मृगनयनी पांडे।
————
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कृषि क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है। कल नई दिल्ली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद व्याख्यान के 60 वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रीय स्मृति संगोष्ठी में श्री चौहान ने ग्रामीण क्षेत्र में गरीबी कम होने और देश में लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन का जिक्र किया।
युद्ध का जब वातावरण था सीमा पे, मैंने अपने खाद्य भंडारों की समीक्षा की तो खेत में किसान और सीमा पर जवान डटा हुआ था और हमने देशवासियों से कहा कि चिंता मत करो भंडार भरपूर है और आज भी भारतीय अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत अगर कोई है तो खेती है।
श्री चौहान ने कहा कि हाल में धान की दो नई किस्में विकसित की गई हैं जिनसे उपज में 30 प्रतिशत की वृद्धि होगी। इन किस्मों में पानी की बीस प्रतिशत कम आवश्यकता होगी और ये बीस दिन पहले ही पक जाएंगी।
————
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के करगिल में कृषि विज्ञान केंद्र कारगिल-एक ने कृषि और संबद्ध विभागों के सहयोग से लगातार तीसरे दिन विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत अभियान चलाया। यह पहल विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय मिशन का हिस्सा है।
————
गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य राज्य में 2026 के विधानसभा चुनाव में अपनी सरकार बनाना है। गृह मंत्री ने राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की।
ये महान बंग भूमि को आज घुसपैठ, भ्रष्टाचार, स्त्रियों पर अत्याचार, अपराध, बम धमाके और हिंदुओं के साथ दुराचार का केंद्र बनाकर रख दिया है। यही बंगाल में चुनावी हिंसा जिसमें चुनाव के वक्त सैकड़ों भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार दिया था।
————
गृह मंत्री ने पूर्वोत्तर के चार राज्यों-असम, मणिपुर, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से उनके राज्यों में हो रही अत्यधिक वर्षा से उत्पन्न स्थिति के बारे में कल चर्चा की। उन्होंने मॉनसून के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इस क्षेत्र को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
————
इस बीच, मौसम विभाग ने आज असम, मेघालय, नागालैंड और मणिपुर में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। अरूणाचल प्रदेश, केरल, माहे, पश्चिम बंगाल के तराई क्षेत्रों सिक्किम और उत्तराखंड में भी आज तेज बारिश हो सकती है।
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ, मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में बृहस्पतिवार तक गरज के साथ मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
———–
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
————
भारत का सकल वस्तु और सेवा कर-जीएसटी संग्रह लगातार दूसरे महीने 2 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया। केंद्रीय वित्त मंत्रालय के अनुसार, मई में कुल जीएसटी संग्रह 2 करोड़ एक लाख रुपये रहा, जो पिछले वर्ष मई में एकत्र एक करोड़ 72 लाख रुपये की तुलना में 16 दशमलव 4 प्रतिशत अधिक है।
मई में वर्ष दर वर्ष वृद्धि आयात से एकत्र जीएसटी में 25 दशमलव 2 प्रतिशत के उछाल और घरेलू लेनदेन से 13 दशमलव 7 प्रतिशत की वृद्धि के कारण हुई।
————
विदेशी निवेशकों ने भारतीय पूंजी बाजारों में मई में चालीस हजार करोड़ रुपए का निवेश किया है। लगातार दूसरे महीने निवेशकों का रुख सकारात्मक बना रहा। आंकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेश से भारतीय शेयर बाजार में 19 हजार आठ सौ साठ करोड़ रुपए और ऋण बाजार में 19 हजार छह सौ 15 करोड़ रुपए का निवेश हुआ है।
————
यूक्रेन ने कल रूस के पांच हवाई ठिकानों – मरमंस्क, इरकुत्स्क, इवानोवो, रियाज़ान और अमूर पर जबरदस्त ड्रोन हमले किेये। रूस के रक्षा मंत्रालय ने इन हमलों की पुष्टि करते हुए कहा है कि कई विमानों में आग लग गई, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
हालांकि यूक्रेन ने कहा है कि 11 महीनों के इस अभियान में उसकी सुरक्षा सेवा एसबीयू ने परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम टीयू-95 और टीयू-22 बमवर्षकों सहित लगभग 40 विमान नष्ट कर दिये।
————
चंडीगढ़ में लोग ऑपरेशन सिंदूर के नायकों और पहलगाम में बर्बर आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों की याद और कृतज्ञता में एकजुट हुए। कल शाम चंडीगढ में लोगों, शहीदों के परिवारों और अन्य लोगों ने ‘सिंदूर का संदेश– न भूलेंगे, न माफ करेंगे‘ शीर्षक से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन करके राष्ट्रीय एकजुटता की शांतिपूर्ण अभिव्यक्ति की।
————
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उत्सव के बीच, राष्ट्र भारतीय सैनिकों की वीरता को नमन कर रहा है। सशस्त्र बलों के शौर्य की स्मृति में, आकाशवाणी समाचार विशेष श्रृंखला का प्रसारण कर रहा है। आज इस कड़ी में, हम परमवीर चक्र से सम्मानित कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह का स्मरण कर रहे हैं जिन्होंने 1947-48 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में सर्वोच्च बलिदान दिया था।
1918 में राजस्थान में जन्मे कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह 1936 में 6 राजपूताना राइफल्स में भर्ती हुए। जुलाई 1948 में जम्मू–कश्मीर के तिथवाल सेक्टर में एक सैन्य अभियान के दौरान उनकी कंपनी को दुश्मन द्वारा मजबूत तरीके से सुरक्षित एक पहाड़ी चोटी पर नियंत्रण करने का जिम्मा सौंपा गया। कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह संकरे रास्ते से आगे बढ़ रहे थे तभी उनकी टुकड़ी को दुश्मन की भारी गोलाबारी का सामना करना पड़ा जिससे उनकी टुकड़ी को बड़ा नुकसान पहुंचा। जब उनके अधिकांश साथी या तो शहीद हो चुके थे या घायल हो गए थे तब कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह अकेले ही दुश्मनों के खिलाफ डटे रहे। ग्रेनेड के छर्रे लगने से घायल होने के बावजूद उन्होंने अपनी स्टेन गन से दुश्मन की मीडियम मशीन गन टीम को तबाह कर उस मोर्चे पर कब्जा किया। खून से लथपथ हो जाने के बावजूद भी उन्होंने दुश्मन पर लगातार हमला जारी रखा। जब उनकी गोलियां खत्म हो गई तो उन्होंने ग्रेनेड फेंके और एक खाई से दूसरी खाई में जाकर दुश्मन सैनिकों को संगीन से मार गिराया। लगातार दुश्मन को मुंह तोड़ जवाब दे रहे कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह जब दुश्मन की एक अन्य चौकी पर हमला कर रहे थे तभी उनके सिर में गोली लग गई लेकिन अंतिम क्षणों में भी उन्होंने एक ग्रेनेड दुश्मन की खाई में फेंक दिया। कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह का यह अद्वितीय साहस और अटूट संकल्प वीरता की एक मिसाल बना और उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
————
सरकार पांच वर्ष के अंतराल के बाद नाथू ला के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर शुरू करने के लिए तैयार है। तीर्थयात्रियों का पहला जत्था 15 जून को गंगटोक पहुंचेगा।
————
खेल जगत की हलचल के साथ हैं, मुकेश कुमार बल–
- आईपीएल क्रिकेट में पंजाब किंग्स फाइनल में पहुंच गई है। पंजाब किंग्स ने कल रात क्वालीफायर टू मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हराया। अहमदाबाद में मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 203 रन बनाए। पंजाब किंग्स ने 19 ओवर में 5 विकेट पर 207 रन बनाकर जीत हासिल की। श्रेयस अय्यर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
- फाइनल में कल पंजाब किंग्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। अहमदाबाद में यह मैच शाम साढे सात बजे से शुरू होगा।
- उधर, नॉर्वे के स्टावेंजर शहर में नॉर्वे शतरंज 2025 टूर्नामेंट में मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने कल रात विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को हरा दिया। क्लासिकल गेम में गुकेश की कार्लसन पर यह पहली जीत है।
- इसके अलावा दक्षिण कोरिया की भूमि में आयोजित 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया और चीन के बाद तीसरे स्थान पर रहे। 8 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 24 पदक जीतकर भारत ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
- और प्रो कबड्डी लीग के लिए टीमों की दो दिवसीय नीलामी प्रक्रिया पिछले दो दिनों में मुंबई में आयोजित की गई। पिछले सीजन में हरियाणा स्टीलर्स को खिताब जीतने में मदद करने वाले मोहम्मद रेजा शादलोई की सबसे बडी बोली लगी। उन्हें सीजन 12 के लिए गुजरात जायंट्स ने खरीदा। देवांक दलाल को भारतीय खिलाड़ी के रूप में सबसे बड़ी बोली मिली।
————
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग के साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे डिजीटल कॉमर्स में उपभोक्ता संरक्षण पर परिचर्चा प्रसारित की जाएगी। इसमें उपभोक्ता कानून, अधिकार और सुरक्षा विशेषज्ञ और कार्यकर्त्ता पुष्पा गिरीमाजी भाग लेंगी।
श्रोता टेलीफोन नंबर – 0 1 1 – 2 3 4 2- 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4 पर फोन कर सवाल पूछ सकते है ।
————
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– रविकपूर।
- अर्थव्यवस्था को जीएसटी का बूस्टर डोज, लगातार दूसरे महीने जीएसटी संग्रह दो लाख करोड़ के पार होने को दैनिक जागरण और अमर उजाला ने प्रमुखता दी है।
- जनसत्ता का कहना है- महंगाई के चार फीसद के लक्ष्य से नीचे बने रहने के कारण भारतीय रिजर्व बैंक लगातार तीसरी बार ब्याज दरों में शून्य दशमलव दो पांच प्रतिशत की कटौती कर सकता है। पत्र के अनुसार इससे अमरीका के आयात शुल्क बढ़ाने से उत्पन्न वैश्विक अनिश्चितता के बीच वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।
- यूक्रेन द्वारा रूस के 41 विमान तबाह किये जाने को दैनिक भास्कर सहित कई अखबारों ने पहले पन्ने पर दिया है। पत्र ने लिखा है- रूस ने 472 ड्रोन और सात मिसाइलें दागी, 12 यूक्रेनी सैनिक मरे।
- हिन्दुस्तान की सुर्खी है- परमाणु विकिरण से बचाएगी स्वदेशी एंटीडोट। डीआरडीओ प्रयोगशाला ने विकसित किया, दवा नियामक ने भी मंजूरी दी। विदेश पर निर्भरता होगी कम।
- राजस्थान पत्रिका ने सराहनीय पहल शीर्षक से लिखा है- तमिलनाडु में आंगनवाड़ी की शिक्षिका जैलानी ने मोबाइल की लत से उबार कर लौटाया कई मासूमों का बचपन। गायन शैली में समझाती हैं पाठ, अभिभावकों के चेहरे भी खिले।
————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में पराग्वे के राष्ट्रपति सैंतियागो पेना पलासिओस से बातचीत करेंगे।
- प्रधानमंत्री भारत मंडपम में अंतर्राष्ट्रीय वायु परिवहन संघ की वार्षिक आम बैठक में भी शामिल होंगे।
- भारत का सकल वस्तु और सेवा कर- जीएसटी संग्रह मई में लगातार दूसरे महीने 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक।
- रूस ने अपने 5 हवाई ठिकानों पर यूक्रेनी ड्रोन हमलों की पुष्टि की।
- विश्व चैंपियन डी गुकेश ने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के छठे दौर में मैग्नस कार्लसन को हराया।
- आईपीएल क्रिकेट में, दूसरे क्वालीफायर में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
————