मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – ऑपरेशन सिंदूर अपने मूल दायरे से आगे बढ़कर राष्ट्रीय प्रगति के लिए आजीवन प्रतिबद्धता का प्रतीक।
- पिछले वित्त वर्ष में भारत का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 14 प्रतिशत बढ़कर 81 अरब डॉलर से अधिक हुआ।
- अमरीका ने छात्र-वीजा साक्षात्कार पर रोक लगाने का आदेश दिया, आवेदकों की सोशल मीडिया जांच के विस्तार पर विचार।
- मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
- आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर क्वालीफायर में जगह बनाई।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य प्राप्त करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। गुजरात के गांधीनगर में कल गुजरात शहरी विकास की 20 वर्ष की गाथा के उत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री ने भारत की महत्वपूर्ण आर्थिक वृद्धि और वैश्विक प्रतिस्पर्धियों से आगे निकलने पर गर्व व्यक्त किया।
एक तो हमारा लक्ष्य है 2047, हिंदुस्तान विकसित होना ही चाहिए, नो कॉम्प्रमाईज आजादी के 100 साल हम ऐसे ही नहीं बिताएंगे। अगर 25-30 करोड़ लोग संकल्पबद्ध हो करके अंग्रेजों को यहां से निकाल सकते हैं तो आने वाले 25 साल में 140 करोड़ लोग विकसित भारत बना भी सकते हैं।
भारत के चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर, श्री मोदी ने कहा कि पूर्व औपनिवेशिक शक्ति से आगे निकलना ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब तीसरे स्थान पर पहुंचने की कोशिशें जोर पकड़ रही हैं।
हम दुनिया की चौथी इकोनॉमी बने हैं और मुझे याद है, हम जब 6 से 5 बने थे तो देश में और ही उमंग था और उसका कारण यह था कि ढाई सौ सालों तक जिन्होंने हम पर राज किया था। उस यूके को पीछे छोड़ करके हम 5 बने थे। लेकिन अब तीन कब बनोगे, इसका दबाव बढ़ रहा है। अब देश इंतजार करने को तैयार नहीं है और अगर किसी ने इंतजार करने के लिए कहा तो पीछे से नारा आता है, मोदी है तो मुमकिन है।
प्रधानमंत्री ने 2036 में ओलिम्पिक खेलों की मेजबानी करने की भारत की महत्वाकांक्षा को भी दोहराया। ऑपरेशन सिंदूर के महत्व पर बल देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अपने मूल दायरे से आगे बढ़ेगा। उन्होंने इसे राष्ट्रीय प्रगति के लिए आजीवन प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। श्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य पहल नहीं है, बल्कि प्रत्येक भारतीय नागरिक की जिम्मेदारी है।
ऑपरेशन सिंदूर सैन्य बल से प्रारंभ हुआ था लेकिन अब ये ऑपरेशन सिंदूर जन–बल से आगे बढ़ेगा और जब मैं सैन्य बल और जन–बल की बात करता हूं तब, ऑपरेशन सिंदूर जन बल का मतलब मेरा होता है जन–जन देश के विकास के लिए भागीदार बने।
प्रधानमंत्री ने गुजरात की दो दिन की यात्रा के दौरान 82 हजार करोड़ रूपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पा और शिलान्यास किया था।
******
भारत में वित्त वर्ष 2024-25 में 81 अरब 4 करोड़ डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ है। यह वित्त वर्ष 2023-24 के 71 अरब 28 करोड़ डॉलर की तुलना में 14 प्रतिशत अधिक है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि 2024-25 में कुल निवेश का सेवा क्षेत्र में सर्वाधिक 19 प्रतिशत, कंप्यूटर सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर में 16 प्रतिशत तथा ट्रेडिंग में 8 प्रतिशत निवेश हुआ।
सरकार ने निवेशक अनुकूल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश नीति लागू की है। इससे अधिकांश क्षेत्रों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के शत-प्रतिशत मार्ग खुल गए हैं।
******
आयकर रिटर्न-आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी गई है। केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड- सीबीडीटी के बयान में कहा गया है कि आईटीआर फॉर्म में महत्वपूर्ण संशोधन और आवश्यक दस्तावेज हासिल करने का समय देने के लिए यह फैसला किया गया है।
******
अमरीका ने विद्यार्थी आवदेकों के लिए वीजा के नए साक्षात्कार को रोकने के आदेश दिए हैं। विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने अमरीकी दूतावासों और वाणिज्यिक दूतावास कार्यालयों को ऐसे ही निर्देश दिए हैं। ट्रंप प्रशासन आवेदकों के सोशल मीडिया प्रोफाइल को कड़ाई से जांच करने पर विचार कर रहा है। यह निर्देश अमरीकी स्कूलों और कॉलेजों में विदेशी विद्यार्थियों के प्रवेश को रोकने के लिए मौजूदा जांच प्रक्रियाओं के व्यापक उपयोग को दर्शाता है।
******
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हमें स्वदेशी शक्ति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युद्ध से सबसे अच्छा बचाव तभी होता है जब हम शक्ति की स्थिति में हों। शांति तभी सुनिश्चित होती है जब युद्ध के लिए हमेशा तैयार रहे। उपराष्ट्रपति ने कहा कि शक्ति केवल तकनीकी क्षमता या पारंपरिक हथियारों से नहीं आती, बल्कि यह जनता से भी आती है। उपराष्ट्रपति निवास में कल राज्यसभा इंटर्नशिप कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में श्री धनखड़ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने हमारी सोच को पूरी तरह से बदल दिया है।
******
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज एक दिन की दौरे पर मुंबई जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय जनसंख्या विज्ञान संस्थान के 65वें और 66वें दीक्षांत समारोह की वे अध्यक्षता करेंगे।
******
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उत्सव मनाते हुए, राष्ट्र भारतीय सैनिकों की वीरता को नमन करता है। सशस्त्र बलों की श्रद्धांजलि स्वरूप आकाशवाणी समाचार सेवा प्रभाग विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम सूबेदार जोगिंदर सिंह को स्मरण कर रहे हैं। उन्हें 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने पर परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।
1962 के भारत चीन युद्ध के दौरान सूबेदार जोगिंदर सिंह ने नेफा के तवांग सेक्टर में एक पलटन का नेतृत्व किया। यह पलटन बगला अक्क्ष पर पंपिंग लाख क्षेत्र में एक रिज पर रणनीतिक स्थिति में था। 20 अक्टूबर को सूबेदार सिंह की पलटन ने मैकमोहन रेखा के पार एक चीनी सैन्य निर्माण देखा जो आने वाले दिनों में होने वाली किसी हमले का संकेत था। 23 अक्टूबर की सुबह चीनियों की तीन टुकड़ियां जिसमें हर टुकड़ी में 200 सैनिक शामिल थे उन्होंने तोप और मोर्टार से एक बड़ा हमला किया। संख्या में कम होने के बावजूद भी सूबेदार सिंह की पलटन ने जबरदस्त जवाब देते हुए दुश्मन को भारी नुकसान पहुंचाकर उसे पीछे धकेल दिया। हमले में सूबेदार जोगिंदर सिंह की जांघ घायल होने के बावजूद वह अपनी पलटन के साथ डटकर खड़े रहे और अपने सैनिकों को प्रेरित करना जारी रखा। जब दुश्मन की ओर से अंतिम और सबसे शक्तिशाली हमला हुआ। तब सूबेदार सिंह के पास गोला बारूद समाप्त हो गया था और कुछ ही लोग बचे थे तब उन्होंने एक मशीन गन से दुश्मन पर वार कर उसे काफी नुकसान पहुंचाया। जब स्थिति और बिगड़ गई तो उन्होंने और उनके शीर्ष सैनिकों ने बेनट से दुश्मन पर हमला किया जिसमें दुश्मन के कई सैनिक मारे गए। उनके असाधारण साहस, नेतृत्व और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए सूबेदार जोगिंदर सिंह को मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकेलन अख्तर, आकाशवाणी, समाचार दिल्ली।
******
भारतीय सेना ने हाल ही में विशेष कार्यक्रम में एकता शक्ति का आयोजन करके फिरोजपुर के नागरिक प्रशासन और नागरिकों के साथ ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उत्सव मनाया।
सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आवश्यक सेवा और सुरक्षा सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण सहयोग तथा योगदान के लिए जिला प्रशासन के कई सरपंचों, पंचों, किसानों, अन्य नागरिकों और अधिकारियों को सम्मानित किया।
******
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पहलगाम के पास बैसरन में 22 अप्रैल के दुखद आतंकी हमले के 26 पीड़ितों की याद में स्मारक बनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए सुझाव मांगे जाएंगे कि स्मारक न केवल भव्य हो बल्कि गरिमापूर्ण और सम्मानजनक भी हो।
देश भर से आए ट्रैवल और टूर ऑपरेटरों की सभा में कल मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को पुनर्जीवित करने के महत्व पर बल दिया। सुरक्षा चुनौतियों को स्वीकार करते हुए उन्होंने सख्त उपायों की आवश्यकता पर बल दिया।
******
आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने का भारत का संदेश सीमापार से आतंकवाद के मामले पर पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए विश्वभर में भेजे गये भारत के बहुदलीय प्रतिनिधि मंडलों की यात्रा के दौरान अलग-अलग देशों में नेताओं, सांसदों, बुद्धिजीवियों, मीडिया और नागरिक समाज के साथ उनकी बातचीत में गूंज रहा है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में पनामा पहुंचे भारतीय सर्वदलीय प्रतिनिधि मंडल ने वहां की संसद की अध्यक्ष डाना कास्टानेडा के साथ बातचीत की। इस दौरान श्री थरूर ने कहा कि भारत को युद्ध छेडने में कोई दिलचस्पी नहीं थी लेकिन ऐसा महसूस किया गया कि आतंकवाद से जुडी हरकतों का उचित दंड अवश्य दिया जाना चाहिए। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद चन्द्र पवार की नेता सुप्रिया सुले के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल दक्षिण अफ्रीका पहुंचा है।
******
मौसम विभाग ने कहा है कि इस वर्ष मानसून सीजन में देशभर में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग के महानिदेशक, मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि जून से सितंबर के बीच होने वाली वर्षा मौसमी औसत से अधिक रहने की संभावना है।
देश के लिए खुश खबरी है, वर्षा सामान्य से ज्यादा होने का संभावना है और क्वानटेटिवली 106 प्रतिशत वर्षा होने का संभावना है। 5 जून से 30 सितम्बर का क्यूमेलेटिव का रेनफॉल तो दिखे सिमिलर जून महीने की बात करें तो एबव नॉर्मल रेनफॉल होने का संभावना है और हीट वेव कंडीशन्स भी ब्लो नॉर्मल होने का संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रह सकती है।
******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने उत्तर-पूर्वी यूक्रेन में रूस के बढ़ते सैन्य हमले पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति संघर्ष विराम वार्ता को अस्वीकार करके आग से खेल रहे हैं।
******
खेल खबरों के साथ हैं, मुकेश कुमार
आईपीएल क्रिकेट में कल लखनऊ में ग्रुप स्टेज के अंतिम मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू ने लखनऊ सुपर जायटंस को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू अंक तालिका में दूसरे जबकि पंजाब किंग्स शीर्ष पर पहुंच गई है। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने निर्धारित 20 ओवर में 227 रन बनाये। बैंगलुरू ने 19वें ओवर में चार विकेट पर 230 रन बना कर मैच जीत लिया। जितेश शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कल पहले क्वालिफायर मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू और पंजाब किंग्स आमने–सामने होंगे। जबकि शुक्रवार को एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात टाइटंस का सामना मुम्बई इंडियंस से होगा। दूसरा क्वालिफायर मैच एक जून को और फाइनल मैच तीन जून को खेला जाएगा। इसके अलावा सिंगापुर ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन आज भी पहले दौर के मैच होंगे। प्रतियोगिता के पुरुष सिंगल्स के पहले दौर में आज भारत के लक्ष्य सेन का सामना ताईवान के लिन चुन–यी से होगा। वहीं, महिला सिंगल्स में भारत की आकर्षी कश्यप, उन्नती हुड्डा और अनुपमा उपाध्याय चुनौती पेश करेंगी। पुरूष डबल्स में चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रेंकी रेड्डी की भारतीय जोड़ी का सामना मलेशिया के चुंग होन जियान और मोहम्मद हैकाल की जोड़ी से होगा। महिला डबल्स में भारत की त्रिशा जोली और गायत्री गोपीचंद ताईवान की चिंग–तुन–यांग और चिंग–हुई–चांग से खेलेंगी। भारत की पी वी सिंधु और एच एस प्रणॉय ने कल सिंगल्स स्पर्धाओं के दूसरे दौर में प्रवेश किया। महिला सिंगल्स में सिंधु ने कनाडा की वेन–यू–झांग को हराया। जबकि पुरूष सिंगल्स के पहले दौर में प्रणॉय ने डेनमार्क के रासमुस जेमके को पराजित किया।
******
नौसेना नाविका सागर परिक्रमा-II के विजयी दल का स्वागत करने के लिए भारतीय नौसेना पूरी तरह तैयार है। नौसेना के एक बयान में कहा कि इस दुर्लभ उपलब्धि को पूरा करके, लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए. और लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के. कल गोवा के तट पर पहुंचेंगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर ध्वज-समारोह की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गोवा की मोरमुगाओ बंदरगाह पर करेंगे।
******
देश में बनेंगे पांचवीं पीढी के लडाकू विमान आज अधिकतर अखबरों के पहले पन्ने पर है। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- पहली बार निजी क्षेत्र को भी मिलेंगे अवसर। पंजाब केसरी लिखता है- वायु सेना की क्षमताओं में बढोतरी के लिए फाइटर जेट कार्यक्रम को मंजूरी। दैनिक जागरण लिखता है- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मंजूरी। डीआरडीओ की होगी बडी भूमिका। गुजरात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को भी अखबारों ने प्रमुखता दी है। वीर अर्जुन और अमर उजाला की सुर्खी है- आतंकवाद पाकिस्तान की युद्ध रणनीति। राजस्थान पत्रिका ने प्रधानमंत्री के इन शब्दों को दिया है- आतंकी घटनाओं के लिए विभाजन जिम्मेदार, कटनी थी जंजीरे, लेकिन काट दी भुजांए। बिजनेस स्टेंडर्ड की सुर्खी है- भारत के ज्वेलरी बाजार में दर्जनभर विदेशी ब्रांड्स की एंट्री। देश में अमीरों की संख्या तेजी से बढी। जनसत्ता की खबर है- नेपाली शेरपा गाइड ने 31वीं बार माउंट एवरेस्ट फतेह कर अपना ही कीर्तिमान तोडा। हिन्दुस्तान के खेल पन्ने की सुर्खी है- उत्तर प्रदेश के गुलवीर सिंह ने दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेट्क्सि के दस हजार मीटर दौड में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता।
******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – ऑपरेशन सिंदूर अपने मूल दायरे से आगे बढ़कर राष्ट्रीय प्रगति के लिए आजीवन प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
- पिछले वित्त वर्ष में भारत का प्रत्यक्ष विदेश निवेश 14 प्रतिशत बढ़कर 81 अरब डॉलर से अधिक हुआ।
- अमरीका ने छात्र-वीजा साक्षात्कार पर रोक लगाने का आदेश दिया, आवेदकों की सोशल मीडिया जांच के विस्तार पर विचार।
- मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
- आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर पहले क्वालीफायर में जगह बनाई।
******