Download
Mobile App

android apple
signal

May 20, 2025 9:12 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

 

  • सरकार ने नये ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया पोर्टल का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा यह पोर्टल नागरिक-अनुकूल डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

 

  • राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्‍ठ नेता छगन भुजबल को आज महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।

 

  • मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान कर्नाटक में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।

 

  • अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा रूस और यूक्रेन युद्ध विराम और युद्ध की संभावित समाप्ति के लिए तत्काल और सीधी बातचीत शुरू करेंगे।

 

  • दीव में रंगारंग समारोह के साथ पहला खेलो इंडिया बीच गेम्स का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री ने इसे देश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण पल बताया।

 

*******

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कल नई दिल्ली में नए ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया-ओसीआई पोर्टल का शुभारंभ किया। नया पोर्टल मौजूदा पच्‍चास लाख से अधिक ओसीआई कार्डधारकों और नए उपयोगकर्ताओं के लिए बेहतर कार्यक्षमता, उन्नत सुरक्षा और अनुकूल अनुभव प्रदान करेगा। इस अवसर पर गृह मंत्री ने कहा कि भारत ओसीआई कार्डधारकों को विश्व स्तरीय आव्रजन सुविधाएं प्रदान करने का निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि ओवरसीज सिटीजन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए अपडेटेड यूजर इंटरफेस के साथ एक नया ओसीआई पोर्टल लॉन्च किया गया है। श्री शाह ने इस बात पर भी जोर दिया कि दुनिया भर के कई देशों में भारतीय मूल के नागरिक रहते हैं, और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि भारत आने या यहां रहने के दौरान उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।एक रिपोर्ट-

 

गृह मंत्रालय के अनुसार, मौजूदा ओसीआई सेवा पोर्टल 2013 में विकसित किया गया था और वर्तमान में यह विदेशों में एक सौ अस्‍सी से अधिक भारतीय मिशनों के साथ-साथ 12 विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालयों में चल रहा है। पिछले दशक में हुई महत्‍वपूर्ण तकनीकी प्रगति और ओसीआई कार्डधारकों से प्राप्‍त फीडबैक को देखते हुए, मौजूदा बाधाओं को दूर करने और इसे सुगम बनाने के लिए एक नया ओसीआई पोर्टल विकसित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नए ओसीआई पोर्टल की सराहना की है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि उन्‍नत सुविधाओं और बेहतर कार्यक्षमता के साथ नया ओसीआई पोर्टल नागरिक अनुकूल डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। आनंद की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

*******

 

राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल को आज महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में शामिल किया जायेगा। राज्‍यपाल सीपी राधाकृष्‍णन उन्‍हें मुम्‍बई स्थित राजभवन में सुबह दस बजे पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से

 

राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल आज मंत्री पद की शपथ लेंगे। यह शपथग्रहण समारोह आज सुबह 10 बजे मुम्बई के राजभवन में आयोजित किया गया है। राज्य की राजनीतिक हलचलों में यह एक अहम पड़ाव माना जा रहा है। उन्हें प्रशासन का व्यापक अनुभव है। भुजबल को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्रालय दिया जा सकता है – यह विभाग, पहले भी उनके पास था। इस शपथग्रहण के बाद राज्य मंत्रिमंडल में कुछ नई जिम्मेदारियों का बटवारा होने की संभावना जताई जा रही है। भावना, आकाशवाणी समाचार, मुम्बई।

 

*******

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि लोकतंत्र के अस्तित्व और विकास के लिए एक मजबूत न्यायिक प्रणाली आवश्यक है। नई दिल्ली में कल शाम एक पुस्तक विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि दुनिया भर में जांच कार्य कार्यपालिका के दायरे में आता है और उस पर निर्णय लेना न्यायपालिका की जिम्‍मेदारी है।

 

समारोह के दौरान श्री धनखड़ ने द कॉन्स्टिट्यूशन वी अडॉप्टेड नामक पुस्तक का विमोचन किया।

 

*******

 

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर नीदरलैंडस, डेनमार्क और जर्मनी की अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में हेग पहुंचे। वहां उन्होंने नीदरलैंड के विदेश मंत्री कैस्पर वेल्डकैंप से मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री जयशंकर ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों की द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने और यूरोपीय संघ के साथ जुड़ाव पर व्यापक चर्चा की।

 

*******

 

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत-अमरीका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने अपने अमरीकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड विलियम लुटनिक के साथ सकारात्‍मक चर्चा की है। यह बातचीत ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश इस साल अक्टूबर तक व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने से पहले वस्तुओं में अंतरिम व्यापार व्यवस्था की संभावना तलाश रहे हैं।

 

*******

 

इज़राइल में भारत के राजदूत जे पी सिंह ने कहा है कि पाकिस्तान द्वारा इस्लामी आतंकवादी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के सरगनाओं को भारत को सौंपने का सही समय आ गया दे। इज़राइल के टीवी चैनल पर एक साक्षात्कार में, उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के ये आतंकी संगठन भारत पर कई हमलों में शामिल रहे हैं, जिसमें 22 अप्रैल को पहलगाम में हुआ जघन्य हमला भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इन हमलों के पीछे जैश-ए-मोहम्मद और उसके नेता मसूद अजहर तथा लश्कर-ए-तैयबा और उसके सरगना हाफ़िज़ सईद हैं।

 

*******

 

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बीच, पूरा देश जवानों के शौर्य और साहस को नमन कर रहा है। आकाशवाणी समाचार भी सशस्त्र बलों के सम्मान में एक विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज इस कड़ी में, हम परमवीर-चक्र विजेता मेजर नायब सूबेदार बाना सिंह के अदम्‍य साहस का स्‍मरण कर रहे हैं।

 

जम्‍मू जिले के निवासी, नायब सूबेदार बाना सिंह, जनवरी 1969 में आठ जम्‍मू-कश्‍मीर लाइट इन्‍फेन्‍ट्री में भर्ती हुए थे। जून 1987 में आठ जम्‍मू-कश्‍मीर लाइट इन्‍फेन्‍ट्री को सियाचिन क्षेत्र में तैनात किया गया था। बड़ी संख्‍या में पाकिस्‍तानी घुसपैठिये इस इलाके में घुस आए थे। इन घुसपैठियों को खदेड़ना जरूरी था और इसके लिए एक विशेष टास्‍क फोर्स का गठन किया गया। नायब सूबेदार बाना सिंह ने स्‍वेच्‍छा से फोर्स में शामिल होने की पेशकश की। पाकिस्‍तानी घुसपैठ छह हजार पांच सौ मीटर की ऊंचाई पर हुई थी। यह जगह वस्‍तुत: एक अवैध ग्‍लेशियर किला थी, जिसके दोनों ओर चार सौ 57 मीटर ऊंची बर्फ की दिवारें थी। नायब सूबेदार बाना सिंह अपनी टीम के साथ बेहद मुश्किल और खतरनाक रास्‍ते से उस जगह पहुंचते हुए, दुश्‍मन पर हमला किया और उसे घेर लिया। हथ गोले फेंकते हुए, हमला करते हुए, उन्‍होंने सभी घुपैठियों को खदेड़ दिया। उन्‍होंने अपने अदम्‍य साहस और नेतृत्‍व से अपनी टीम को प्रेरित किया। प्रतिकूल परिस्थितियों में असाधारण वीरता और नेतृत्‍व के लिए नायब सूबेदार बाना सिंह को परमवीर चक्र से सम्‍मानित किया गया। राष्‍ट्र उनकी बहादूरी को सलाम करता है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी बृहस्‍पतिवार को हैदराबाद में पुर्नविकसित बेगमपेट रेलवे स्‍टेशन का वर्चुअल माध्‍यम से उद्घाटन करेंगे। यह भारत में एक सौ तीन अमृत भारत स्‍टेशनों के उद्घाटन का हिस्‍सा है। इस स्‍टेशन को आधुनिक परिवहन केन्‍द्र के रूप में पुर्नविकसित किया गया है।

 

*******

 

प्रधानमंत्री रविवार 25 मई को आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश और विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 122वीं कड़ी होगी। लोग अपने विचार और सुझाव टोल-फ्री नंबर 1800-11-7800 के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते हैं। वे अपने सुझाव नरेन्‍द्र मोदी ऐप या माई जी ओ वी– MyGov ओपन फोरम के जरिए भी साझा कर सकते हैं। आगामी एपिसोड के लिए सुझाव इस महीने की 23 तारीख तक स्वीकार किए जाएंगे।

 

*******

 

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान कर्नाटक में तेज़ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कर्नाटक और तमिलनाडु, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के आस-पास के क्षेत्रों के में अगले तीन दिनों के दौरान मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मीडिया से बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि ने कहा कि मुंबई में भी कल से मध्यम से तेज वर्षा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि देश के उत्तरी भागों में गर्मी के तेज होने की भी कोई संभावना नहीं है।

 

*******

 

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि रूस और यूक्रेन युद्ध विराम और युद्ध को समाप्‍त करने के लिये सीधी बातचीत शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि पुतिन से वार्ता सकारात्मक रही और दोनों देश बातचीत के लिए तैयार हैं।

 

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने पुष्टि की है कि रूस संभावित शांति समझौते पर यूक्रेन के साथ काम करने के लिए तैयार है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने भी कहा कि यूक्रेन रूस के साथ तुर्किये, स्विटज़रलैंड या वेटिकन में शांति वार्ता करने को तैयार है।

 

*******

 

खेल समाचार

 

पहला खेलो इंडिया बीच गेम्‍स कल शाम दीव में घोघला बीच पर शुरू हुआ। केन्‍द्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने एक भव्‍य समारोह में इस खेल की उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री मांडविया ने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक खेल महाशक्ति बनने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

इन खेलों में तीस राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों के एक हज़ार तीन सौ पचास से अधिक खिलाड़ी विभिन्‍न स्‍पर्धाओं में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने खेलो इंडिया बीच गेम्‍स को देश के खेल इतिहास में महत्‍वपूर्ण बताया है और अगर बात करें क्रिकेट की तो आई.पी.एल. क्रिकेट में कल रात लखनऊ में सनराईजर्स हैदराबाद ने लखनऊ सुपर जायंट्स को, छह विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ ही लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम प्‍लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। प्रतियोगिता में आज दिल्‍ली में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स का मुकाबला राजस्‍थान रॉयल्‍स से होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। उधर कतर के दोहा में कल, भारत की दीया चिताले और यशस्विनी घोरपड़े विश्‍व टेबल टेनिस चैंपियनशिप फाइनल-2025 में महिला डबल्‍स के प्री-क्‍वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। इस बीच, अयहिका मुखर्जी और सुतीर्था मुखर्जी तीन-शून्‍य से हारने के बाद प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। आज दूसरे दौर में मनिका बत्रा का सामना दक्षिण कोरिया की गा-ह्योन पार्क से होगा। पुरुष सिंगल्‍स में मानव ठक्‍कर का सामना जापान के तोमोकाजू हरिमोटो से होगा। इसके अलावा, जूनियर विश्‍व कप तीरंदाजी 2025 प्रतियोगिता कल जर्मनी के सुहल में शुरू हुई। भारत की रायज़ा ढिल्‍लो की अगुआई में 57 सदस्‍यीय भारतीय निशानेबाजी दल इस टूर्नामेंट में भाग ले रहा है।

 

*******

 

समाचार पत्रों से

 

पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर ऑपरेशन सिंदूर द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ भारत की त्वरित कार्रवाई पर आज सभी समाचार पत्रों ने खबर प्रकाशित की है। हिंदुस्तान लिखता है – स्वर्ण मंदिर था पाक के निशाने पर, सेना ने बताया कैसे वायु रक्षा प्रणाली के बलबूते ड्रोन मिसाइलों को मार गिराया।

 

हरिभूमि की सुर्खी है- सेना ने यूं नाकाम की स्वर्ण मंदिर पर पाकिस्तान की मिसाइल, ड्रोन से हमले की कोशिश। विदेश सचिव विक्रम मिसरी के शब्दों को सभी समाचार पत्रों ने अहमियत दी है- पत्र लिखते हैं पहलगाम हमले के वक्त पाकिस्तान में बैठे आकाओं के संपर्क में थे आतंकी।

 

नई ई-शून्य प्राथमिकी से साइबर अपराधियों को जल्दी पकड़ने में मिलेगी मदद।

 

भारत की सिलिकॉन सिटी कहे जाने वाले बैंग्लुरू में मूसलाधार बारिश की तस्वीर दैनिक जागरण ने प्रकाशित की है। पत्र लिखता है – बैंग्लुरू में बारिश का कहर, सड़कों पर चली नाव।

 

राजस्थान पत्रिका ने अनोखा जश्न शीर्षक से सकारात्मक खबर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है – सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में आये कम अंक, मायूस बेटे के साथ खड़ा हुआ पूरा परिवार, अवसाद से बेटे को निकालने के लिए बजवाए ढोल।

 

*******

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  • सरकार ने नये ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया पोर्टल का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा यह पोर्टल नागरिक-अनुकूल डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

 

  • राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्‍ठ नेता छगन भुजबल को आज महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।

 

  • मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान कर्नाटक में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।

 

  • अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा रूस और यूक्रेन युद्ध विराम और युद्ध की संभावित समाप्ति के लिए तत्काल और सीधी बातचीत शुरू करेंगे।

 

  • दीव में रंगारंग समारोह के साथ पहला खेलो इंडिया बीच गेम्स का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री ने इसे देश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण पल बताया।

 

*******