मुख्य समाचार:-
- भारतीय सेना ने कहा- पाकिस्तान के साथ संघर्ष विराम जारी है और इसकी कोई समाप्ति तिथि नहीं है।
- इसरो ने पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ईओएस-09 को निर्धारित कक्षा में स्थापित करने में पीएसएलवी रॉकेट की विफलता की जांच के लिए समिति गठित की।
- मौसम विभाग का केरल, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र में अगले 5 दिन के दौरान मूसलाधार बारिश का अनुमान।
- एनसीसी के दल ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह की।
- अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात करेंगे।
- फुटबॉल में, भारत ने अरुणाचल प्रदेश के युपिया में बांग्लादेश को 4-3 से हराकर SAFF अंडर-19 चैम्पियनशिप का खिताब बरकरार रखा।
*******
भारतीय सेना ने उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें दावा किया गया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम कल समाप्त हो गया। भारतीय सेना के अनुसार, 18 मई को भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संचालन महानिदेशक -डीजीएमओ स्तर की कोई वार्ता निर्धारित नहीं थी। सेना ने कहा कि 12 मई को डीजीएमओ की बातचीत में तय किया गया संघर्ष विराम जारी है, और इसकी कोई समाप्ति तिथि नहीं है।
भारत और पाकिस्तान के बीच डीजीएमओ स्तर की पिछली वार्ता 12 मई को हुई थी। वार्ता के दौरान, इस प्रतिबद्धता को जारी रखने से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई कि दोनों पक्ष एक भी गोली नहीं चलाएंगे या एक-दूसरे के खिलाफ कोई आक्रामक और शत्रुतापूर्ण कार्रवाई शुरू नहीं करेंगे। इस बात पर भी सहमति हुई थी कि दोनों पक्ष सीमाओं और अग्रिम क्षेत्रों से सैनिकों की संख्या में कमी सुनिश्चित करने के लिए तत्काल उपायों पर विचार करें।
*******
पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए भाजपा ने कल राजधानी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा विजय यात्रा का आयोजन किया। इस दौरान नई दिल्ली, जनकपुरी, नजफगढ़, मटियाला और द्वारका में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज ने आरके पुरम में जनसभा में कहा कि इस यात्रा में मातृ शक्ति का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
भारत की मातृ शक्ति आर्मड फोर्सेस का धन्यवाद करने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का धन्यवाद करने के लिए आई है। सिंदूर केवल श्रंगार का पर्याय नहीं, शक्ति का पर्याय है, शौर्य का पर्याय है और ऑपरेशन सिंदूर अब न्याय का संकल्प है।
अन्य तिरंगा यात्राओं में उत्तर पश्चिम दिल्ली से सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, पश्चिम दिल्ली से सांसद कमलजीत सिंह सहरावत, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, कपिल मिश्रा, दिल्ली की विधायक शिखा रॉय और सतीश उपाध्याय भी शामिल हुए।
*******
जम्मू-कश्मीर के रियासी शहर में कल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। भारत की गौरव यात्रा” के रूप में आयोजित इस रैली में विद्यार्थियों, युवा संगठनों, पूर्व सैनिकों और आम लोगों ने बढ चढकर हिस्सा लिया। ये रैली रियासी शहर के बीचों-बीच से गुजरी। सड़कें “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठीं, जिससे यह कार्यक्रम भारत की वीरता और गौरव के जीवंत उत्सव में बदल गया। सभा को संबोधित करते हुए स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और पूर्व सैनिकों ने ऑपरेशन सिंदूर के सामरिक महत्व तथा वीरता को याद किया और युवा पीढ़ी से साहस, बलिदान और राष्ट्र सेवा के मूल्यों को बनाए रखने का आग्रह किया।
*******
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उत्सव के बीच, पूरा देश जवानों के शौर्य और साहस को नमन कर रहा है। आकाशवाणी समाचार भी सशस्त्र बलों के सम्मान में विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज इस कड़ी में, हम परमवीर-चक्र विजेता मेजर रामास्वामी परमेश्वरन का स्मरण कर रहे हैं। उन्होंने श्रीलंका में ऑपरेशन पवन में सर्वोच्च बलिदान दिया था।
बम्बई में जन्मे मेजर रामास्वामी परमेश्वरन को जनवरी 1972 में महार रेजीमेंट में शॉर्ट सर्विस कमीशन मिला। भारत श्रीलंका समझौते के तहत कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय सेना की कई टुकड़ियां श्रीलंका भेजी गई थी। मेजर परमेश्वरन उनकी यूनिट महार को भी ऑपरेशन पवन के लिए श्रीलंका भेजा गया था। 25 नवंबर 1987 को मेजर परमेश्वरन देर रात एक सर्च ऑपरेशन से अपनी टुकड़ी के साथ लौट रहे थे, अचानक उनके दस्ते पर उग्रवादियों की एक समूह ने घात लगाकर हमला कर दिया। बड़ी सूझबूझ से मेजर परमेश्वरन ने उन्हें पीछे से घेर लिया और साहसपूर्वक उन पर हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान एक उग्रवादी में उनके सीने में गोली मार दी, अपनी गंभीर चोट के बावजूद मेजर परमेश्वरन ने राइफल छीन ली और उस उग्रवादी को मार गिराया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने आदेश देना जारी रखा और अपनी टीम को आखिरी सांस तक प्रेरित किया। इस कार्रवाई में पांच उग्रवादी मारे गए और तीन राइफलें और दो रॉकेट लांचर जप्त किए गए। मेजर रामास्वामी परमेश्वरन को अत्यंत विशिष्ट वीरता और सर्वोच्च बलिदान के लिए परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। राष्ट्र उन्हें नमन करता है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी का मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया है। नई दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय स्तर की बैठक में यह निर्णय लिया गया। आकाश आनंद देश में बसपा के आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
बैठक के दौरान सुश्री मायावती ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को आतंकवाद के खिलाफ मजबूत और प्रभावी कदम उठाना जारी रखना चाहिए ताकि सरकार अपना पूरा ध्यान और संसाधन विकसित भारत की आकांक्षाओं को पूरा करने पर केंद्रित कर सके। सुश्री मायावती ने कहा कि कश्मीर मुद्दे पर अमरीका या किसी अन्य तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप को स्वीकार न करने की राष्ट्रीय सहमति का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।
बहुजन समाज पार्टी ने आगामी बिहार विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा की है।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ईओएस-09 को इच्छित कक्षा में स्थापित करने में पीएसएलवी रॉकेट की विफलता की जांच शुरू कर दी है। इस घटना की जांच के लिए समिति गठित की गई है। इसरो के अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा कि समिति ने कारणों का पता लगाने के लिए कल कई दौर की चर्चा की। श्रीहरिकोटा से कल प्रक्षेपण के कुछ ही मिनटों बाद ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी-सी61) रॉकेट में खराबी आने के बाद इसरो अपने पृथ्वी अवलोकन उपग्रह को कक्षा में स्थापित करने में विफल रहा। डॉ. नारायणन ने कहा कि रॉकेट चार चरणों वाला वाहन है।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र में सोलापुर फैक्ट्री में आग से हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि आग में कई लोगों की मृत्यु की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के निकट परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। श्री मोदी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
*******
कर्नाटक, कोंकण और गोवा तथा केरल और आसपास के क्षेत्रों में अगले 5 दिन के दौरान मूसलाधार वर्षा का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 5 से 6 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी गरज और बिजली के साथ तेज वर्षा हो सकती है।
*******
मौसम विभाग ने 19 से 25 मई तक महाराष्ट्र के लिए चेतावनी जारी की है। 22 मई से कर्नाटक तट से दूर पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण पूरे महाराष्ट्र का मौसम प्रभावित रहेगा, जिससे अगले सप्ताह बारिश में वृद्धि हो सकती है।
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों सांगली, परभणी और जलगांव जिलों में कल गरज के साथ तेज बारिश हुई थी। ब्योरा हमारी संवाददाता से –
आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्रों में यह स्थिति 20 मई तक जारी रहेगी। इन क्षेत्रों में आंधी तूफान बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच होगी। आईएमडी ने इस अवधि के दौरान समुद्र की खराब स्थिति की चेतावनी दी है और दक्षिण महाराष्ट्र गोवा तट पर मछुआरों से 19 और 20 मई को समुद्र में जाने से बचने की अपील की है भावना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*******
राष्ट्रीय कैडेट कोर- एनसीसी के दल ने कल माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। इस दल में 10 एनसीसी कैडेट के साथ चार अधिकारी, दो जूनियर कमीशन अधिकारी, एक बालिका कैडेट प्रशिक्षक और 10 गैर-कमीशन अधिकारी शामिल थे। दस कैडेटों में पांच लड़के और पांच लड़कियां थी।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप यूक्रेन में युद्ध की समाप्ति के लिए आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और नाटो देशों के विभिन्न नेताओं के साथ अलग-अलग बातचीत करेंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वार्ता का विषय युद्ध को रोकना होगा।
*******
खेल खबरों के साथ है – प्रशांत–
भारत ने बांग्लादेश को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर साउथ एशियन फुटबॉल फेडरेशन सैफ अंडर-19 चैंपियनशिप का खिताब बरकरार रखा है। प्रतियोगिता का फाइनल अरुणाचल प्रदेश की यूपिया में गोल्डन जुबली स्टेडियम में खेला गया। निर्धारित समय में मैच एक–एक की बराबरी पर रहा। जिसके बाद पेनाल्टी शूटआउट हुआ। शूटआउट में भारतीय कप्तान शमी ने निर्णायक गोल कर खिताब अपने नाम किया। उधर, आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 10 विकेट से हरा दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में कल रात दिल्ली कैपिटल ने निर्धारित बीस ओवर में तीन विकेट पर 199 रन बनाए। ओपनर के.एल राहुल ने नाबाद शतक बनाया। गुजरात के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन के शानदार शतक और कप्तान शुभमन गिल की 53 गेंदों में 93 रन की पारी की बदौलत गुजरात में एक ओवर रहते जीत हासिल कर ली। सुदर्शन को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस जीत के बाद गुजरात टाइटंस अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है और उसने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई भी कर लिया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स भी प्लेऑफ में पहुंच गए हैं। आज लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यह मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा और पहले खेलो इंडिया बीच गेम्स आज दीव के प्राचीन घोघला बीच पर शुरू होंगे।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in औरहमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- सरफिरोजी।
- अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष द्वारा पाकिस्तान पर कर्ज के लिए लगाई गई ग्यारह नई शर्तों का समाचार अधिकतर अखबारों के पहले पन्ने पर है। अमर उजाला की सुर्खी है- भारत के दबाव का असर, बढेंगी शहबाज शरीफ सरकार की मुश्किलें। दैनिक जागरण के शब्द हैं- रंग लाया भारत का दबाव। वहीं, हरिभूमि ने लिखा है- भारत की पाकिस्तान पर एक और कूटनीतिक जीत, आईएमएफ से आसानी से नहीं मिलेगा पैसा।
- नवभारत टाइम्स, राष्ट्रीय सहारा, राजस्थान पत्रिका और देशबन्धु की खबर है- भारत में कई हमलों का साजिशकर्ता अबू सैफुल्ला पाकिस्तान में ढेर।
- हिन्दुस्तान के अनुसार- कई देश पाना चाहते हैं ब्रह्मोस की शक्ति, इनमें दक्षिण अफ्रीका, यू.ए.ई. और कतर समेत 15 देश शामिल।
- जनसत्ता और दैनिक ट्रिब्यून ने प्रधान न्यायाधीश बी. आर गवई के इस बयान को सुर्खी बनाया है- देश का संविधान सर्वोच्च और सभी स्तम्भों को मिलकर काम करना चाहिए।
- वीर अर्जुन के वाणिज्य पन्ने की सुर्खी है- विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने इस महीने भारतीय शेयर बाजार में 18 हजार 620 करोड़ रुपये निवेश किये।
- राजस्थान पत्रिका के अनुसार- देश में कम उम्र से ही निवेश का माहौल बना, लगभग चालीस फीसद डीमैट एकाउंट धारक तीस वर्ष से कम आयु के।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- भारतीय सेना ने कहा- पाकिस्तान के साथ संघर्ष विराम जारी है और इसकी कोई समाप्ति तिथि नहीं है।
- इसरो ने पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ईओएस-09 को निर्धारित कक्षा में स्थापित करने में पीएसएलवी रॉकेट की विफलता की जांच के लिए समिति गठित की।
- मौसम विभाग का केरल, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र में अगले 5 दिन के दौरान मूसलाधार बारिश का अनुमान।
- एनसीसी के दल ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह की।
- अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात करेंगे।
- फुटबॉल में, भारत ने अरुणाचल प्रदेश के युपिया में बांग्लादेश को 4-3 से हराकर SAFF अंडर-19 चैम्पियनशिप का खिताब बरकरार रखा।
*******