मुख्य समाचार:-
- भारतीय सेना ने पाकिस्तान तथा पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर कडा प्रहार करते हुए ऑपरेशन सिंदूर चलाया।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रात भर इस सैन्य कार्रवाई पर नजर बनाए रखी। ऑपरेशन सिंदूर पर आज बाद में दी जाएगी विस्तृत जानकारी।
- इस कार्रवाई के बाद आज देश के उत्तरी भाग में कई हवाई अड्डों को वाणिज्यिक संचालन के लिए बंद किया गया।
- देश भर में आज नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दोहराया कि भारत का जल देश के भीतर ही रहेगा और अपने विकास के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
****
भारतीय सशस्त्र बलों ने मध्य रात्रि में पाकिस्तान तथा पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर स्थित आतंकी ठिकानों पर कडा प्रहार करते हुए ऑपरेशन सिंदूर संचालित किया। इन ठिकानों से ही भारत के विरूद्ध आतंकी हमले की योजना बनाई गई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रातभर इस सैन्य कार्रवाई पर नजर बनाए रखी। ऑपरेशन सिंदूर के बारे में विस्तृत जानकारी आज बाद में दी जाएगी। इससे जुडी और जानकारी के लिए चलते है, हमारे संवाददाता अनुपम मिश्र के पास अनुपम भारत ने कल मध्य रात्रि में जो यह कार्रवाई की है इससे जुडी और क्या ताजा जानकारी है आपके पास
****
ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत भारतीय सेना की इस कार्रवाई के बीच पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर में पुंछ-राजौरी क्षेत्र के भिम्बट गली में तोपखाने से गोलीबारी करके फिर से संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया है। भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा है कि भारतीय सशस्त्र बल संयमित ढंग से इसका कड़ा जवाब दे रहे हैं।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना की ओर से शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट-एक्स पर लिखा है “भारत माता की जय।” वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भारतीय सेना की सराहना की। मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट पर कहा, कि “जय हिंद! जय हिंद की सेना!”
****
भारत की सैन्य कार्रवाई के बाद देश के उत्तरी भाग में कई हवाई अड्डों को वाणिज्यिक संचालन के लिए बंद कर दिया गया है। एयर इंडिया ने जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ और राजकोट की अपनी उडानें आज दोपहर 12 बजे तक के लिए रद्द कर दी हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में स्पाईस जेट ने कहा है कि धर्मशाला, लेह, जम्मू, श्रीनगर और अमृतसर में हवाई अड्डों को अगले आदेश तक बंद किया गया है। इंडिगो ने भी अपने यात्रियों को इन हवाई अड्डों पर उडान की स्थिति पता लगाते रहने का परामर्श दिया है। यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले उडान की स्थिति का पता लगाने की सलाह दी गई है।
****
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भारत की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि सभी लोग जानते थे, कुछ होने जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वे आशा करते हैं दोनों देशों के बीच तनाव जल्द ही दूर हो जाएगा।
इस बीच, अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वे भारत और पाकिस्तान के बीच पैदा हुई स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम मामले के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत औऱ पाकिस्तान के नेताओं के साथ बातचीत जारी रखेंगे।
****
भारतीय वायुसेना आज से राजस्थान में पाकिस्तान से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दो दिवसीय सैन्य अभ्यास करेगी। वायुसेना ने इसे पूर्व नियोजित नियमित प्रशिक्षण अभ्यास कहा है, जिसमें राफेल, सुखोई-30 और जगुआर विमानों सहित अग्रिम पंक्ति के सभी लड़ाकू विमान शामिल होंगे। भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण के अनुसार, यह अभ्यास आज दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से शुरू होगा और प्रभावित इलाकों में हवाई क्षेत्र को प्रतिबंधित करते हुए बृहस्पतिवार रात साढ़े नौ बजे तक जारी रहेगा।
****
गृह मंत्रालय ने आज देश के 244 वर्गीकृत नागरिक सुरक्षा जिलों में नागरिक सुरक्षा अभ्यास और पूर्वाभ्यास आयोजित करने का निर्णय लिया है। केन्द्रीय गृह सचिव गोविन्द मोहन ने आज होने वाली नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के साथ कल वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की थी।
****
देश भर में आज होने वाले नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल्स को मद्देनजर रखते हुए, अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड के महानिदेशक विवेक श्रीवास्तव ने कहा है कि आम लोगों को इससे घबराना नहीं चाहिए क्योंकि यह एक प्रारंभिक अभ्यास है। उन्होंने कहा कि यह लोगों को किसी भी बाहरी खतरे का मुकाबला करने के लिए तैयार करने का अभ्यास है।
****
महाराष्ट्र में भी आज दस जिलों में 16 स्थानों पर नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार देने, ड्रिल जैसी आपातकालीन स्थितियों को संभालने, मृतकों को और घायलों को संभालने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। मॉक ड्रिल में दस हजार से अधिक नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट और होम गार्ड भाग लेंगे। कुछ स्थान संवेदनशील हैं जैसे तारापुर जिसमें तारापुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र, रोहाना-गोथाने, उरन के औद्योगिक क्षेत्र और मुंबई, पुणे, नासिक, पिंपरी-चिंचवड़ जैसे घनी आबादी वाले शहर में भी आज मॉक ड्रिल किया जाएगा। भावना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
****
वहीं मध्य प्रदेश के पांच महत्वपूर्ण जिलों में भी आज मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
देश में आज होने वाली मॉक ड्रिल में मध्य प्रदेश के पांच जिलों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और कटनी को शामिल किया गया है। इन सभी जिलों में हवाई हमले की चेतावनी वाले सायरन बजेंगे। साथ ही पूरे शहर में ब्लैक आउट कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मॉक ड्रिल को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री जो भी निर्देश देते हैं तो काम अवश्य पूरा होता है। उन्होंने कहा कि हमारी तीनों सेनाएं देश के दुश्मनों से निपटने के लिए पूरी तरीके से तैयार है। वहीं, माक़ ड्रिल को लेकर कल भोपाल में पुलिस हेड क्वार्टर में महत्वपूर्ण बैठक हुई, उसमें सभी जिलों के आला अधिकारी शामिल हुए। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
****
पाकिस्तान समर्थक कई हैंडलों द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में यह झूठा दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान की वायु सेना ने श्रीनगर के एयरबेस को निशाना बनाया है। पत्र सूचना कार्यालय ने बताया कि साझा किया गया वीडियो पुराना है और यह भारत का नहीं है। यह वीडियो पिछले वर्ष पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हुई सांप्रदायिक झडपों से संबंधित है।
****
इस बीच, पाकिस्तान के विरुद्ध भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से ऑपरेशन सिंदूर चलाए जाने के बाद पहलगाम आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी ने कहा है कि जब से उन्होंने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादियों के शिविरों पर हवाई हमले का समाचार सुना है तब से उनके पूरे परिवार का मन हल्का हुआ है।
मैं सलाम करता हूँ अपने देश की सेना को और धन्यवाद अर्पित करता हूँ अपने देश के माननीय प्रधानमंत्री जी को, जिन्होंने देश की एक सौ चालीस करोड़ जनता के मन की बात को समझा, दिल के दर्द को समझा, उसके गुस्सा को समझा और जिस तरह हमारी सशक्त सेनाओं ने अदम्य साहस और शौर्य के साथ पाकिस्तान में पल रहे आतंकवाद का विनाश करने का काम किया है, उसके लिए मैं सलाम करता हूँ देश की सरकार को।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत के जल का उपयोग अब देश के हित में ही किया जायेगा और उसका संरक्षण भारत की प्रगति में इस्तेमाल होगा। नई दिल्ली में कल एक निजी टीवी चैनल के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अब भारत का पानी देश में ही रहेगा।
पहले भारत के हक का पानी भी बाहर जा रहा था। अब भारत का पानी भारत के हक में बहेगा, भारत के हक में रुकेगा और भारत के ही काम आएगा।
भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा तथा भारतीय व्यापार और सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यमों के लिए अवसर पैदा करेगा।
आज भारत के लिए एक ऐतिहासिक दिन है कि इंडिया-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट अब फाइनल हो चुका है। विश्व की दो बड़ी और ओपन मार्किट इकोनॉमिक के बीच आपसी व्यापार, आर्थिक सहयोग का यह समझौता, दोनों देशों के विकास में नया अध्याय जोड़ेगा।
****
नई दिल्ली में आज से वैश्विक अंतरिक्ष अन्वेषण सम्मेलन-ग्लेक्स-2025 के 12वें संस्करण का आयोजन होने जा रहा है। इस तीन दिवसीय वैश्विक शिखर सम्मेलन का विषय है- “नई दुनिया तक पहुंच: अंतरिक्ष अन्वेषण पुनर्जागरण”। सम्मेलन का उद्घाटन अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह करेंगे। इसका आयोजन अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रोनॉटिकल फेडरेशन और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की ओर से संयुक्त मेजबानी में किया जा रहा है। सम्मेलन में 15 विषयगत क्षेत्रों को कवर करने वाले 10 समानांतर तकनीकी सत्र और 240 से अधिक संवादात्मक प्रस्तुतियां होंगी।
****
असम में पंचायत चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान आज 13 जिलों में होगा। ये जिले हैं राज्य के मध्य और पश्चिमी इलाकों के हैं।
****
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्ंरप ने आज वॉशिंगटन डीसी के व्हाइट हाउस में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ बैठक की है। इस दौरान श्री कार्नी ने कहा कि कनाडा की बिक्री नहीं हो सकती, केवल आपसी साझेदारी के निर्माण के अवसर मौजूद हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने यह भी कहा है कि कनाडा और अमरीका के बीच नए रिश्तों की शुरूआत सम्मान, साझा हितों और दोनों देशों के लाभ से जुड़े परिवर्तनों पर आधारित हो सकती है।
अमरीका के राष्ट्रपति ने भी कहा कि उनके मन में कनाडा के नागरिकों के प्रति बेहद सम्मान है और अमरीका किसी भी स्थिति में कनाडा के साथ मित्रतापूर्ण व्यवहार करेगा।
****
सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-स्नातक-सीयूईटी-यूजी 13 मई तक के लिए स्थगित कर दी गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने कल रात यह घोषणा की। पहले यह परीक्षा 8 मई से शुरू होने वाली थी। एजेंसी ने कहा है कि अभ्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों के शहरों की सूचना पर्ची आज जारी की जाएगी। सीयूईटी-यूजी में इस वर्ष रिकॉर्ड साढ़े तेरह लाख आवेदन आए हैं। पिछले साल से पैटर्न में बदलाव करते हुए, परीक्षा केवल कंप्यूटर-आधारित टेस्ट-सीबीटी मोड में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 2024 में पहली बार हाइब्रिड तरीके से आयोजित की गई थी।
****
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में महाराष्ट्र 6 स्वर्ण सहित 22 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर है। जबकि राजस्थान 6 स्वर्ण समेत 8 पदकों के साथ दूसरे नम्बर पर है। वहीं, कर्नाटक की टीम 5 स्वर्ण समेत 18 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।
तैराकी प्रतियोगिता में महाराष्ट्र और कर्नाटक के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा दिखाया और सर्वाधिक पदक जीते हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पारंपरिक मार्शल आर्ट खेलों की लोकप्रियता भी देखने को मिल रही है। बोधगया में आयोजित मल्लखंभ प्रतियोगिता में 24 राज्यों के 222 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जबकि गतका में 19 राज्यों के 160 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
बिहार ने साइकिलिंग के बाद सेपक टकरा के बालक वर्ग में अपना तीसरा रजत पदक हासिल किया।
वहीं, मणिपुर ने सेपक टकरा में बालक और बालिका दोनों वर्गों की टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
आज तैराकी, निशानेबाजी, तीरंदाजी और गतका स्पर्धाओं में बड़ी संख्या में पदकों का फैसला होगा। हॉकी प्रतियोगिताएं राजगीर में शुरू होंगी।
****
अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ
ऑपरेशन सिंदूर- नौ आतंकी ठिकानों पर हमला, भारतीय सेना ने एक्स हैंडल पर लिखा – “न्याय हुआ – जय हिंद” दैनिक जागरण की पहली सुर्खी है। अमर उजाला के शब्द हैं – पहलगाम का बदला। आधी रात को एयर स्ट्राइक कर आतंकी ठिकाने किए तबाह।
देश भर में आज होने वाली मॉक ड्र्रिल को प्रमुखता देते हुए नवभारत टाइम्स लिखता है- जंग में जान बचाने वाला अभ्यास आज। दिल्ली के सभी जिलों में पांच-पांच जगह होगी ट्रेनिंग। दैनिक भास्कर की सुर्खी है- सायरन बजेंगे, लाईटें बंद होंगी और वॉलंटियर्स दिखाएंगे कि ऐसी स्थिति में क्या करें?
वहीं हिन्दुस्तान और जनसत्ता ने लिखा है- भारतीय वायुसेना करेगी, आज और कल पाक सीमा पर बडा युद्धाभ्यास।
पंजाब केसरी के अनुसार – संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की बडी पराजय, उकसावे वाली कार्रवाई पर लगी बडी फटकार। इसी खबर पर दैनिक ट्रिब्यून और वीर अर्जुन ने लिखा है- परिषद की बैठक में पाकिस्तान से कडे सवाल।
साल के अंत तक भारत बनेगा चौथी बडी इकोनॉमी- हरि भूमि के पहले पन्ने पर है।
राजस्थान पत्रिका और नवभारत टाइम्स के अनुसार- कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम लागू, सडक हादसे के घायलों का डेढ लाख रुपये तक का इलाज हुआ फ्री।
देशबन्धु के अनुसार 25 मई को खुलेंगे हेमकुण्ड साहिब के कपाट। धन्यवाद रवि।
****
मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- भारतीय सेना ने पाकिस्तान तथा पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर कडा प्रहार करते हुए ऑपरेशन सिंदूर चलाया।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रात भर इस सैन्य कार्रवाई पर नजर बनाए रखी। ऑपरेशन सिंदूर पर आज बाद में दी जाएगी विस्तृत जानकारी।
- इस कार्रवाई के बाद आज देश के उत्तरी भाग में कई हवाई अड्डों को वाणिज्यिक संचालन के लिए बंद किया गया।
- देश भर में आज नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दोहराया कि भारत का जल देश के भीतर ही रहेगा और अपने विकास के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
****