मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- सरकार 2036 ओलंपिक से पहले भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए प्रतिबद्ध।
- भारत जीनोम-संवर्धित चावल की किस्में विकसित करने वाला दुनिया का पहला देश बना।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- भारत की ओर ऑंख दिख़ाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आज तेलंगाना में दो सौ 85 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों का उद्घाटन करेंगे।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा देश के बाहर बनने वाली फिल्मों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाया जाएगा।
- आईपीएल क्रिकेट में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 37 रन से हराया।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार 2036 ओलंपिक से पहले भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ के उद्घाटन के वीडियो संबोधन में प्रधानमंत्री ने यह बात कही।
आज भारत प्रयास कर रहा है कि साल 2036 में ओलंपिक हमारे देश में होगा। अंतराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भारत का दबदबा बढ़ाने के लिए स्पॉर्टिंग टैलेंट की स्कूल लेवल पर ही पहचान करने के लिए सरकार स्कूल के स्तर पर एथलीट्स को खोज कर उन्हें टरेंड कर रही है।
श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले एक दशक में खेल बजट में तीन गुना वृद्धि की है। सरकार ने खेलों के लिए इस वर्ष चार हजार करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। खेलों को बढ़ावा देने और बुनियादी ढांचे में सुधार की सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता पर उन्होंने कहा कि अब खेल प्रतियोगिताएं पूरे साल आयोजित की जाती हैं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति में खेलों को मुख्यधारा के अध्ययन का हिस्सा बनाकर मान्यता दी गई है। श्री मोदी ने बिहार में सुविधाओं में सुधार के लिए प्रयास पर कहा कि पटना-गया राजमार्ग पर एक स्पोर्ट्स सिटी विकसित की जा रही है।
आज देश में एक हजार से अधिक खेलो इंडिया सेंटर चल रहे हैं। इनमें तीन दर्जन से अधिक हमारे बिहार में ही है। बिहार को तो एनडीए के डबल इंजन का भी फायदा हो रहा है। यहां बिहार सरकार अनेक योजनाओं को अपने स्तर पर विस्तार दे रही हैं।
बिहार के पटना में कल भव्य समारोह के साथ खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ की शुरुआत हुई।
लड़कियों और लड़कों की श्रेणियों में आठ हजार पांच सौ से अधिक युवा खेल प्रतिभाएं विभिन्न स्पर्धाओं भाग लेंगे।
*****
भारत जीनोम-संवर्धित चावल की किस्में विकसित करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-आईसीएआर द्वारा विकसित चावल की दो किस्मों को लॉन्च किया। नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में श्री चौहान ने कहा कि यह शोध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में मील का पत्थर साबित होगा। इन किस्मों को आंध्र प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के लिए विकसित किया गया है। एक रिपोर्ट –
पहली धान की किस्म डी आर आर धन 100 कमला है, जो सांबा माहेश्वरी किस्म से बनाई गई है। यह किस्म 15 से 20 दिन पहले पक जाती है और 25% ज्यादा उपज देती है। दूसरी किस्म का नाम पूसा डीएसटी वन है, जो खारे और क्षारीय मिट्टी में भी अच्छी उपज देती है और ऐसी स्थिति में 30% ज्यादा उत्पादन करती है। अगर इन दोनों किस्मों की खेती करीब 50 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में की जाए तो देश में अतिरिक्त 45 लाख टन धान का उत्पादन हो सकता है। इस अवार पर कृषि मंत्री ने इन किस्मों को ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि इनसे उत्पादन की लागत में कमी आएगी और उत्पादन बढ़ेगा।
उत्पादन बढ़ेगा किसान को फायदा होगा। किसान को फायदा नहीं है जनता को भी फायदा है, बढती हुई आबादी को अगर पूरी तरह से पोषण सुरक्षा देनी है, खाद्य सुरक्षा देनी है, तो उत्पादन बढाना पढेंगा।
आईसीएआर ने कहा है कि यह देश में दूसरी हरित क्रांति लाने में अहम भूमिका निभाएंगी। अक्षित वेद्यान के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि विकसित भारत का रास्ता किसान के खेत से होकर गुजरता है और इसलिए कृषि क्षेत्र में काम करने वाली संस्थाओं और कृषि छात्रों की जिम्मेदारी है कि वे किसानों के जीवन में बदलाव और खुशहाली लाने में अपना योगदान दें। उपराष्ट्रपति श्री धनखड़ कल मध्य प्रदेश के ग्वालियर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में छात्रों और प्रोफेसरों के साथ संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास होने चाहिए कि किसान केवल फसल उत्पादक न रहें, बल्कि वे कृषि उद्यमी बनें।
*****
उपराष्ट्रपति आज कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य के उत्तर कन्नड़ जिले के सिरसी में वानिकी महाविद्यालय का दौरा करेंगे।
*****
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि रक्षा मंत्री के रूप में सैन्य बलों के साथ काम करना और देश का बुरा चाहने वालों को उचित जवाब देना उनकी जिम्मेदारी है। नई दिल्ली में संस्कृति जागरण महोत्सव में श्री सिंह ने कहा कि देश की सीमाओं और सैनिकों की सुरक्षा भी उनकी जवाबदेही है।
साथियों रक्षा मंत्री के रूप मेरा दायित्व है कि मैं अपने सैनिकों के साथ मिलकर देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करूं। अपनी सेना के साथ मिलकर देश के ऊपर आंख उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दूं। आप सभी हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को अच्छी तरह जानते हैं। उनकी दृढता से भी अच्छी तरह परिचित हैं मैं आपको स्वस्थ करना चाहता हूं प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में जैसा आप चाहते हैं वैसा हो कर रहेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि अब पूरी दुनिया भारत के महत्व को मानती है और वैश्विक मंचों पर उसकी बात को सुना जाता है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था अब 11वीं से दुनिया की पांचवीं सबसे बडी अर्थव्यवस्था बन चुकी है।
बाइट- राजनाथ सिंह 2 – 19 सै.
2027 आते-आते हमारा भारत धन दौलत के मामले में दुनिया की टॉप थ्री कंट्रीज में आकर खड़ा है और आगे भारत को विकसित भारत बनाने के लिए हमें हर तरह से मजबूत होना पड़ेगा। सही मायने में हम एक विकसित राष्ट्र तभी होंगे जब आर्थिक के साथ-साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से भी हम सशक्त होंगे।
*****
रक्षा मंत्री आज नई दिल्ली में जापान के रक्षा मंत्री जनरल नाकातानी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस दौरान दोनों पक्ष मौजूदा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा स्थिति पर विचार विमर्श करेंगे। ब्योरा हमारे संवाददाता से –
भारत और जापान के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध रहें हैं। 2014 में इन संबंधों में विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी तक बढाई जाने के बाद गुणात्मक प्रगति हुई है। रक्षा और सुरक्षा दोनों देशों के बीच संबंधों के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, सामरिक मामलों के विस्तार के कारण हाल के वर्षों में भारत और जापन के बीच रक्षा सहयोग में मजबूती आई है। दोनों देश हिन्द प्रशांत क्षेत्र की शांति सुरक्षा और स्थिरता के मद्दों पर साझा दृष्टिकोण रखते हैं यह दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों की 6 महीने में दूसरी बैठक होगी। अक्षित वैद्ययान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*****
एशियाई विकास बैंक-एडीबी के गर्वनर बोर्ड की 58वीं वार्षिक बैठक कल इटली के मिलान में शुरू हुई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन इस चार दिवसीय कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधत्व कर रही हैं। एक रिपोर्ट –
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बैठक में एडीबी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स और इसके सदस्यों का आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थान भाग लें रहे हैं । वित्त मंत्री इस बैठक से जुडे मुख्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगी। एडीबी की 58वीं वार्षिक बैठक के दौरान, वे एडीबी के अध्यक्ष, कृषि विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय कोष के अध्यक्ष और जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन के गवर्नर के साथ बैठकों के अलावा इटली, जापान और भूटान के वित्त मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी। श्रीमती सीतारामन मिलान में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत भी करेंगी। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*****
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज तेलंगाना में छह हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित 14 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के 285 किलोमीटर मार्ग का उद्घाटन करेंगे। एक रिपोर्ट –
श्री गडकरी आज सुबह आसिफाबाद जिले के कागजनगर एक्स रोड पर चार लेन वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-363 का उद्घाटन करेंगे। वे शाम को हैदराबाद में भेल और अंबरपेट फ्लाईओवर का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, श्री गडकरी तेलंगाना में कई सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। वे हैदराबाद के अंबरपेट में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। केंद्रीय कोयला मंत्री और भाजपा के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने बताया कि केंद्र सरकार देश के 90 प्रतिशत जिलों में बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दे रही है। हैदराबाद से लक्ष्मी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
*****
जम्मू कश्मीर में कल रात नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना की ओर से हुई गोलीबारी का भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। रक्षा सूत्रों ने बताया कि जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुन्दरबनी और अख्नूर क्षेत्र में बिना किसी भड़कावे सीमा पार से छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। भाारतीय सैनिकों ने इसका तत्काल करारा जवाब दिया। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
*****
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने अमरीका के बाहर निर्मित सभी फिल्मों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर बताया है की उन्होंने वाणिज्य विभाग और देश के व्यापार प्रतिनिधि को विदेशों में निर्मित सभी फिल्मों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने अन्य देशों पर अमरीकी फिल्म निर्माताओं और स्टूडियो को देश से दूर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह अन्य देशों का एक योजनाबद्ध प्रयास है जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है।
*****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे “अत्यधिक गर्मी के दौरान सुरक्षित रहना” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉक्टर आर. के. जेनामणि और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. अनुपम प्रकाश इस परिचर्चा में भाग लेंगे।
श्रोता टेलीफोन नंबर – 0 1 1 – 2 3 4 2- 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4 तथा व्हाट्सएप नंबर है- 9 2 8 -9 0 9 -4 0 4 4. पर अपने सवाल पूछ सकते हैं।
*****
मौसम विभाग ने आज गुजरात, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तेज बारिश का अनुमान लगाया है। विभाग ने कल तक बिहार, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, असम, मणिपुर और पश्चिम बंगाल में गरज के साथ आंधी चलने, बिजली कडकने और तेज़ हवाओं के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई है। केरल और माहे में गर्म और आर्द्र मौसम की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज धूल भरी आंधी चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आज छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, ओडिशा और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की संभावना है।
*****
खेल खबरों के साथ हैं – शक्ति सिंह–
आईपीएल क्रिकेट में कल रात पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 37 रनों से हरा दिया। 237 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 199 रन ही बना सकी। एक अन्य मुकाबले में मेज़बान कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को एक रन से हरा दिया। प्रतियोगिता में आज सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला डेल्ही कैपिटल्स से होगा।
बिहार खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पहले दिन कल महाराष्ट्र के तीरंदाजों ने चार में से तीन स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में भागलपुर में महाराष्ट्र की तेजल राजेंद्र साल्वे ने कंपाउंड क्वालीफाइंग राउंड में छह सौ 97 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में आंध्र प्रदेश के कोडंडापानी थारनीश जाथ्या ने तीरंदाजी में शीर्ष स्थान हासिल किया। पटना के पाटलीपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पहले दिन जम्मू कश्मीर के लड़कों ने ग्रुप ए में उत्तराखंड को 3-2 से और गुजरात की लड़कियों ने ग्रुप बी में केरल को 3-0 से हराकर जीत हासिल की।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन आज तैराकी, गटका, खो-खो, कबड्डी, मलखम्ब और वॉलीबॉल के मुकाबले खेले जाएंगे।
*****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in औरहमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- आकर्षिता सिंह।
- पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारत के चिनाब नदी पर प्रवाह रोकने की खबर को लगभग सभी अखबारों ने अपनी सुर्खी बनाया है। हिन्दुस्तान लिखता है- पाक पर जल प्रहार, भारत ने बगलिहार बांध से चिनाब का प्रवाह रोका। नवभारत टाइम्स ने सुर्खी दी है- चिनाब का फ्लो रोका, झेलम पर भी तैयारी, पाकिस्तान पर वॉटर अटैक।
- अखबारों ने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के यूरोप को लेकऱ इस बयान को भी अपनी सुर्खी बनाया है- हमें भागीदार चाहिए, उपदेशक नहीं। राष्ट्रीय सहारा लिखता है- भारत के साथ गहरे संबध विकसित करने के लिए यूरोप को संवेदनशीलता और पारस्परिक हितो को ध्यान में रखना चाहिए।
- देशबंधु ने सुधार शीर्षक से भारत निर्वाचन आयोग की ओर से एक नया और आसान डिजिटल प्लेटफॉम लाने की खबर को विस्तार से दिया है। पत्र लिखता है इस ऐप से चुनाव से जूडी सभी सेवाए एक ही जगह मिलेंगी।
- दैनिक जागरण ने केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सी.बी.एस.ई द्वारा पुनर्मूल्यांकन और अंक सत्यापन की प्रकिया को आसान बनाने की खबर को विस्तार से दिया है, पत्र लिखता है विद्यार्थी परिणाम जारी होने के बाद सत्यापन से पहले अपनी उत्तर पुस्तिका की फोटोकोपी प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद छात्र अंक सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- सरकार 2036 ओलंपिक से पहले भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए प्रतिबद्ध।
- भारत जीनोम-संवर्धित चावल की किस्में विकसित करने वाला दुनिया का पहला देश बना।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- भारत की ओर ऑंख दिख़ाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आज तेलंगाना में दो सौ 85 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों का उद्घाटन करेंगे।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा देश के बाहर बनने वाली फिल्मों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाया जाएगा।
- आईपीएल क्रिकेट में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 37 रन से हराया।
*****