मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल में विझिनजम अंतर्राष्ट्रीय गहन समुद्री बहुद्देशीय बंदरगाह राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
- प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश के अमरावती में 58 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।
- भारत आज मुंबई में वेव्स (WAVES) 2025 में वैश्विक मीडिया संवाद की मेजबानी करेगा। कार्यक्रम में 60 से अधिक देश शामिल होंगे।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा- अप्रैल में वस्तु और सेवा कर- जीएसटी का रिकॉर्ड संग्रह भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और प्रभावी सहकारी संघीय प्रणाली का परिचायक है।
- दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्र में धूल भरी आंधी और तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
- आईपीएल क्रिकेट में, मुंबई इंडियंस ने जयपुर में राजस्थान रॉयल्स को एक सौ रनों से हराया।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल में विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय गहन समुद्री बहुउद्देशीय बंदरगाह राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह भारत का पहला अर्ध-स्वचालित बंदरगाह है। इसके खुलने से वैश्विक समुद्री मानचित्र पर केरल को एक नई पहचान मिलेगी। एक रिपोर्ट-
विझिनजम बंदरगाह का आज सुबह आधिकारिक रूप से उद्घाटन होगा। प्रधानमंत्री बंदरगाह के संचालन भवन का दौरा करेंगे और नियंत्रण प्रणालियों का अवलोकन करेंगे। बंदरगाह को सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है। बंदरगाह के पहले चरण का निर्माण दिसंबर, 2024 में पूरा हो गया था। यह बंदरगाह केरल की महत्वपूर्ण परियोजना है और लगभग तीन दशकों से इसके पूरे होने की प्रतीक्षा की जा रही है। समारोह में केरल के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, केंद्रीय पत्तन, पोत परिवाहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, राज्य मंत्री तथा अन्य उच्चाधिकारी भाग लेंगे। तिरुवनंतपुरम से मयूषा की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से अलका सिंह।
*******
प्रधानमंत्री आज शाम आंध्र प्रदेश के अमरावती में अट्ठावन हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश की ग्रीन फील्ड राजधानी अमरावती में कोर कैपिटल सुविधाओं के निर्माण को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री देश भर में विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे और आंध्र प्रदेश में विभिन्न स्थानों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आज राज्य में 7 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री 6 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और एक रेलवे परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। श्री मोदी आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें विधानसभा, उच्च न्यायालय, सचिवालय, प्रशासनिक भवन और पांच हजार दो सौ से अधिक परिवारों के लिए आवासीय इमारतें शामिल हैं। इनकी लागत 11 हजार दो सौ 40 करोड़ रुपये से अधिक है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री अमरावती में वर्चुअल माध्यम से नागायलंका में मिसाइल परीक्षण रेंज की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम में पी.एम एकता मॉल की आधारशिला भी रखेंगे। विजयवाड़ा से साईं सिस्तला की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, शक्ति सिंह।
*******
रूख करते है-वेव्स सम्मेलन से जुडी खबरों का-
वेव्स शिखर सम्मेलन के हिस्से के रूप में भारत आज पहली बार ग्लोबल मीडिया संवाद की मेजबानी करेगा। वैश्विक मीडिया और मनोरंजन परिदृश्य के साथ भारत के जुड़ाव की दृष्टि से यह अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस चार दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। सूचना और प्रसारण मंत्रालय, ग्लोबल मीडिया संवाद का आयोजन विदेश मंत्रालय के सहयोग से कर रहा है। इसमें एशिया, यूरोप, अफ्रीका और अमरीका के प्रतिनिधिमंडलों सहित 60 से अधिक देशों के भाग लेने की संभावना है।
*******
वेव्स में आज से मध्यप्रदेश भी अपनी रचनात्मकता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं के साथ वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनाने जा रहा है।
मध्य प्रदेश इस आयोजन में वैश्विक मीडिया, मनोरंजन और रचनात्मक नवाचार केंद्र के रूप में पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रहा है। मध्य प्रदेश, अतुलनीय मध्य प्रदेश पवेलियन, अमृतस्य मध्य प्रदेश नृत्य नाटिका और कुछ नई नीतियों जैसे नवाचारों के साथ वेव्स में प्रमुख भागीदार है। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि इस अवसर पर हम मध्य प्रदेश की नई पर्यटन नीति और नई एवीजीसी एक्सआर नीति को भी साझा करेंगे। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि अप्रैल में रिकॉर्ड वस्तु और सेवा कर- जीएसटी संग्रह भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और प्रभावी सहकारी संघीय प्रणाली का परिचायक है। अप्रैल के लिए सकल जीएसटी संग्रह दो लाख 36 हजार करोड़ रुपये रहा। यह संग्रह अप्रैल 2024 में दो लाख दस हजार करोड़ रुपये के सकल संग्रह से 12 दशमलव छह प्रतिशत अधिक है। अप्रैल 2025 में कुल जीएसटी संग्रह दो लाख नौ हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया, यह अप्रैल 2024 के एक लाख बानवे हजार करोड़ रुपये के कुल संग्रह की तुलना में नौ दशमलव एक प्रतिशत अधिक है।
*******
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भा.ज.पा. सांसद संजय जायसवाल को 2025-26 के लिए प्राक्कलन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने 30 सदस्यीय इस समिति का गठन किया है जिसका कार्यकाल अगले वर्ष 30 अप्रैल को समाप्त होगा।
*******
सर्वोच्च न्यायालय ने डॉक्टरों को मरीजों के लिए सिर्फ जेनेरिक दवाईयां लिखने का आदेश दिया है। राजस्थान उच्च न्यायालय पहले ही यह आदेश दे चुका है। दवा कंपनियों की मनमानी से जुडी एक याचिका पर सुनवाई करते हुए शीर्ष न्यायालय ने कहा कि यदि इस निर्णय का पूरे देश में पालन किया जाए तो इससे महत्वपूर्ण सुधार हो सकता है। सर्वोच्च न्यायालय की तीन न्यायाधीशों, न्यायमूर्ति संदीप मेहता, न्यायामूर्ति विक्रम नाथ और संजय करोल की पीठ ने यह आदेश दिया।
*******
तेलंगाना सरकार ने भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण-जी.एस.आई. की रिपोर्ट के आधार पर श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल सुरंग बचाव अभियान समाप्त कर दिया है। राज्य के सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने कल नागरकुरनूल में बताया कि जीएसआई की एक रिपोर्ट के बाद अभियान वापस ले लिया गया है जिसमें दुर्घटना के वास्तविक स्थल पर आगे बढ़ने में बचाव कर्मियों के लिए खतरा हो सकता था। श्रीशैलम सुरंग के आंशिक रूप से ढह जाने से इंजीनियरों और श्रमिकों सहित कुल आठ व्यक्ति मलबे में फंस गए थे। कई एजेंसियों द्वारा चलाए गए 65 दिनों के लंबे बचाव अभियान के बाद दो शव बरामद किए गए जबकि छह अन्य लोगों का पता नहीं चल सका।
*******
जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान ने लगातार आठवीं रात भी अकारण गोलीबारी कर युद्ध विराम का उल्लंघन किया। रक्षा सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी का माकूल जवाब दिया। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान की सैनिक चौकियों ने कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, नौशेरा और अखनूर क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा के पास बिना किसी भड़कावे के छोटे हथियारों से सीमा पार से गोलीबारी शुरू की। भारतीय सेना ने बताया कि भारत ने इस गोलीबारी पर समुचित जवाबी कार्रवाई की।
*******
भारतीय रेलवे ने नई डिजिटल घड़ी के डिजाइन के लिए राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता की घोषणा की है। इस प्रतियोगिता से तैयार मानक घडियों को देश भर के रेलवे स्टेशनों और सभी प्लेटफॉर्म पर लगाया जाएगा। इस प्रतियोगिता में तीन वर्गों में प्रोफेशनल, विश्वविद्यालय और स्कूली छात्र भाग ले सकते हैं।
*******
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह सात बजे विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस पावन अवसर पर देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शनों के लिए धाम पहुंचे, जहां भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला।
आज प्रातः पूरे विधि विधान और मंत्रोच्चार के बीच केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कपाट खुलते ही केदार घाटी हर-हर महादेव और जय बाबा केदार के नारों से गूंज उठी। इस वर्ष यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मंदिर परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, आपदा राहत टीमें, चिकित्सीय स्टाफ और स्वच्छता कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गौरतलब है कि यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को खोले जा चुके हैं। जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट 4 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। संतोष थपलियाल, आकाशवाणी समाचर, देहरादून।
*******
अब अंतर्राष्ट्रीय जगत की खबरों का रुख कर लेते हैं।
ईरान, अमरीका और ओमान ने तकनीकी कारणों से परमाणु वार्ता के चौथे दौर को स्थगित करने का फैसला किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, ईरान के विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अरागची ने एक निष्पक्ष और संतुलित समझौता करने के लिए अपने देश की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
*******
वहीं, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने माइक वाल्ट्ज को संयुक्त राष्ट्र में अमरीका के अगले राजदूत के रूप में नामित किया है। ट्रंप के वर्तमान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार वाल्ट्ज पूर्व सैनिक और संसद के सदस्य रह चुके हैं और उनसे उम्मीद है कि नई भूमिका में उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।
*******
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज तेज वर्षा और आंधी ने कई दिन से चल रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत दी। दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में आज सवेरे धूल भरी आंधी चली और तेज वर्षा हुई। बारिश और आंधी के कारण राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली हवाई अड्डे पर कुछ उड़ानें बाधित हुई हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि अपनी उड़ान की नवीनतम जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन्स से संपर्क करें। विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
*******
खेल समाचारों के साथ है- मुकेश कुमार बल-
आईपीएल क्रिकेट में कल मुंबई इंडियन्स ने राजस्थान रॉयल्स को एक सौ रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मुम्बई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट पर 217 रन बनाए। 218 रन के लक्ष्य के जवाब में राजस्थान की पूरी टीम सिर्फ 117 रन ही बना पाई। प्रतियोगिता में आज गुजरात टाईटन्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। अहमदाबाद में यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा। उधर, जॉर्डन के अम्मान में भारत ने पहली एशियाई अंडर-15 और अंडर-17 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 स्वर्ण, 6 रजत और 22 कांस्य सहित कुल 43 पदक जीते हैं। प्रतियोगिता में भारत दूसरे स्थान पर रहा। कजाकिस्तान पदक तालिका में शीर्ष पर रहा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन लड़कियों की अंडर-17 श्रैणी में भारत ने चार स्वर्ण पदक जीते। खुशी चंद ने मंगोलिया की अल्तानजुल अल्तांगदास को 3-2 से हराया। अहाना शर्मा और जन्नत ने पांच-शून्य से जीत हासिल की। अंशिका ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, लड़कों की अंडर-17 श्रेणी में देवांश ने रजत, जबकि टीम ने एक रजत और छह कांस्य पदक जीते। इसके अलावा, सुदीरमन कप बैडमिंटन में भारत ने कल चीन के शियामिन में अपने अंतिम ग्रुप डी मैच में इंग्लैंड को तीन-दो से हराया। हालांकि, भारतीय टीम इस जीत के बावजूद क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में विफल रही।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नवीन सक्सेना।
मुम्बई मे आयोजित वेव्स शिखर सम्मेलन की खबरें आज सभी समाचार पत्रों में हैं। हिन्दुस्तान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शब्द प्रकाशित किए हैं। भारत की कहानियां विश्व को सुनाने का यही सही वक्त। नवभारत टाइम्स की सुर्खी है- वेव्स समिट के उद्धघाटन पर बोले पीएम। कहा – भारत के पास कहानियों का खजाना। कन्टेंट, क्रिएटिविटी, कल्चर आधारित ऑरेंज इक्नॉमी का उदय। गंगा एक्सप्रेस वे पर दिखेगी वायु सेना की ताकत, शाहजहांपुर में रफाल से लेकर जगुआर और मिराज भरेंगे उडान- जनसत्ता की खबर है। व्यापार बाधाओं के बावजूद भारत का वस्तु सेवा निर्यात बढकर आठ सौ पच्चीस अरब डॉलर के नए शिखर पर-अमर उजाला के कारोबार पन्ने की खबर है। अप्रैल में करीब चार प्रतिशत बढ़े शेयर बाजार, विदेशी निवेशकों की भारतीय बाजारी में वापसी – दैनिक जागरण की सुर्खी है। अंतरिक्ष में इतिहास रचने को तैयार भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु। 29 मई को चार दिन के मिशन पर जायेंगे, पूरी की ट्रेनिंग, अंतराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन जाने वाले होंगे पहले भारतीय – हरीभूमि की सुर्खी है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल में विझिनजम अंतर्राष्ट्रीय गहन समुद्री बहुद्देशीय बंदरगाह राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
- प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश के अमरावती में 58 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।
- भारत आज मुंबई में वेव्स (WAVES) 2025 में वैश्विक मीडिया संवाद की मेजबानी करेगा। कार्यक्रम में 60 से अधिक देश शामिल होंगे।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा- अप्रैल में वस्तु और सेवा कर- जीएसटी का रिकॉर्ड संग्रह भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और प्रभावी सहकारी संघीय प्रणाली का परिचायक है।
- दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्र में धूल भरी आंधी और तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
- आईपीएल क्रिकेट में, मुंबई इंडियंस ने जयपुर में राजस्थान रॉयल्स को 100 रनों से हराया।
*******