मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मुम्बई में पहले विश्व श्रव्य-दृश्य मनोरंजन शिखर सम्मेलन – वेव्स 2025 का उद्घाटन करेंगे।
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आगामी जनगणना में जाति गणना शामिल करने की स्वीकृति दी।
- पहलगाम आतंकी हमले को देखते हुए भारत ने पाकिस्तानी एयरलाइन्स के लिए अपना हवाई क्षेत्र प्रतिबंधित किया।
- बांग्लादेश के सर्वोच्च न्यायालय ने इस्कॉन के पूर्व संत चिन्मय कृष्ण दास को जमानत देने के उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगाई।
- अमरीका और यूक्रेन ने गहन चर्चा के बाद खनिज समझौते पर हस्ताक्षर किए।
- और गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, मणिकांत होबलीधर और अमलान बोरगोहेन ने चंडीगढ़ में भारतीय ओपन रिले प्रतियोगिता में चार गुना सौ मीटर रिले दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।
*******
भारत आज मुंबई के जियो कन्वेशन सेंटर में पहले विश्व श्रव्य–दृश्य मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) 2025 की मेजबानी करेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार दिन के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। यह समारोह ऑडियो विजुअल और मनोरंजन उद्योग के भविष्य पर चर्चा के लिए वैश्विक मंच उपलब्ध कराएगा। सम्मेलन की थीम है कनेक्टिंग क्रियेटर्स, कनेक्टिंग कंट्रीज। सम्मेलन में फिल्में, ओटीटी, गेमिंग, कॉमिक्स, डिजिटल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रसारण और उभरती तकनीक को साथ लाकर इस क्षेत्र में भारत की क्षमता का प्रदर्शन करना है। प्रधानमंत्री मोदी क्रिएटोस्फेयर का भी दौरा करेंगे और इंडिया चैलेंजेस के माध्यम से चुने गये क्रिएटर्स से बातचीत करेंगे।
और अब सीधा चलते हैं हमारे संवाददाता दीपेन्द्र के पास जो इस समय मुंबई के जिओ कन्वेशन सेंटर में मौजूद हैं।
प्रश्न– दीपेन्द्र, अब से कुछ देर में सम्मेलन का आगाज होगा। पहले दिन के मुख्य कार्यक्रम क्या–क्या होंगे?
प्रश्न-2 जी दीपेन्द्र, सम्मेलन के दौरान बाकि दिनों में क्या क्या गतिविधियां आयोजित की जायेंगी?
*******
सरकार ने आगामी जनगणना में जाति गणना भी कराने का फैसला किया है। कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की राजनीतिक कार्यसमिति ने यह निर्णय लिया। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विन वैष्णव ने कहा कि इस फैसले से स्पष्ट है कि नरेन्द्र मोदी सरकार समाज और देश के हित के लिए प्रतिबद्ध है। श्री वैष्णव ने कहा कि विपक्षी कांग्रेस शासित सरकारों ने हमेशा जातिगत जनगणना का विरोध किया।
कांग्रेस और इनडी गंठबंधन के दलों ने जाति जनगणना के विषय को केवल अपने राजनीतिक के उपयोग किया। जहां कुछ राज्यों ने यह काम सुचारू रूप से सम्पन्न किया है, वहीं, कुछ अन्य राज्यों ने राजनीतिक दृष्टि से और गैर–पारदर्शी ढंग से सर्वे किया है। इन सभी स्थितियों को ध्यान में रखते हुए कि हमारा सामाजिक ताना–बाना राजनीति के दबाव में न आए। जातियों की गणना एक सर्वे के स्थान पर पर मूल जनगणना में ही सम्मिलित होनी चाहिए।
*******
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्र के आगामी जनगणना में जाति गणना को शामिल करने के निर्णय को सामाजिक समानता और हर वर्ग के अधिकारों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का संदेश बताया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यह जनगणना पूरी तरह पारदर्शी और देश हित में होगी।
जातिगत जनगणना पूरी पारदर्शिता के साथ होगी। समाज के सभी वर्गों के आर्थिक और सामाजिक हितों को ध्यान में रखते हुए देश के हित में होगी। इसके पहले भी जब मोदी जी की सरकार ने फैसला किया था आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए 10% आरक्षण का, तब भी देश में कहीं तनाव पैदा नहीं हुआ, जातिगत जनगणना सामाजिक न्याय के लिए सबका साथ सबका विकास और सब कल्याण के लिए की जाएगी।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिन के दौरे पर आज शाम केरल पहुंचेंगे। वे कल देश का पहला अर्ध स्वचालित बंदरगाह विझिन जैम इंटरनेशनल पोर्ट राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
*******
प्रधानमंत्री ने कल सूचना और संचार- प्रौद्योगिकी आधारित बहुमॉडल प्लेटफॉर्म प्रगति की 46वीं बैठक की अध्यक्षता की। प्रगति का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों की भागीदारी से योजनाओं का सक्रिय प्रशासन और समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करना है।
*******
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले को देखते हुए पाकिस्तानी विमान कंपनियों के लिए अपना वायु क्षेत्र प्रतिबंधित कर दिया है। यह फैसला 23 मई तक प्रभावी रहेगा। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया है कि सैन्य विमान सहित पाकिस्तान में पंजीकृत, वहां से संचालित या लीज पर परिचालित विमानों के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र उपलब्ध नहीं होगा। इस बारे में नोटिस जारी कर दिया गया है।
*******
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए कल वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जम्मू में बैठक की। बैठक में उपराज्यपाल ने आतंकवाद के पूरी तरह सफाये और इसका पूरा नेटवर्क समाप्त करने के लिए सख्त उपायों का निर्देश दिया।
*******
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी कल समूचे केन्द्र शासित प्रदेश में प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग, एक्सप्रेस-वे और सुरंग परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा से संबंधित मुद्दों की भी समीक्षा की।
*******
बंगलादेश में सर्वोच्च न्यायालय ने राजद्रोह मामले में बंगलादेश सम्मिलित सनातन जागरण जोत के प्रवक्ता और इस्कॉन के पूर्व पुजारी चिन्मय कृष्ण दास ब्रम्हचारी को जमानत देने के उच्च न्यायालय के फैसले पर रोक लगा दी है। न्यायमूर्ति मोहम्मद रियाजुल हक ने सरकार की अपील पर सुनवाई के लिये रविवार की तिथि तय की है। इससे पहले कल दोपहर उच्च न्यायालय ने राजद्रोह मामले में चिन्मय दास को जमानत मंजूर की थी। इस आदेश के तुरंत बाद सर्वोच्च न्यायालय की अपील पीठ में याचिका दायर की गई। सुनवाई के दौरान चिन्मय दास के वकील अदालत में उपस्थित नहीं थे। चिन्मय दास को पिछले वर्ष 25 नवंबर को ढाका हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था।
*******
अमरीका ने यूक्रेन के साथ आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे यूक्रेन के प्राकृतिक संसाधनों और दुर्लभ खनिजों तक अमरीका की पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी। इसके बदले अमरीका को यूक्रेन के पुनर्निमाण के लिए संयुक्त कोष में निवेश करना होगा। अमरीका और यूक्रेन के बीच इस समझौते पर पिछले कई महीनों से बातचीत हो रही थी। अमरीकी वित्त विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दोनों देश संयुक्त विनिर्माण निवेश कोष बनाने पर सहमत हुए हैं जिसमें नए प्राकृतिक संसाधनों के परमिट पर यूक्रेन को मिलने वाला पचास प्रतिशत लाभ और रॉयल्टी जमा होगी।
*******
आतंकवाद से निपटने पर मिस्र संयुक्त कार्य समूह की चौथी बैठक कल काहिरा में हुई। भारत के राजदूत के. डी. देवल और मिस्र के राजदूत वालिद अल-फिकी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में दोनों देशों की विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा कि बैठक के दौरान भारत और मिस्र ने पहलगाम आतंकी हमले की भी कड़ी निंदा की।
*******
ईरान के विदेशमंत्री सैय्यद अब्बास अराग्ची ने कहा है कि ओमान की मध्यस्थता में ईरान और अमरीका के बीच परमाणु वार्ता का चौथा दौर शनिवार को रोम में होगा। उन्होंने कल तेहरान में कैबिनेट बैठक से अलग यह जानकारी दी।
*******
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतेरस ने सूडान में हिंसा तत्काल समाप्त करने का आह्वान दोहराया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आग्रह किया कि वे सूडान में जारी हिंसा समाप्त करने में सहायता करें।
*******
अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंसाल्वेस लॉरेन्सो भारत की चार दिन की राजकीय यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंचेंगे। वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ विचार-विमर्श करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।
*******
आज विश्व श्रमिक दिवस है। श्रमिक आंदोलनों और विभिन्न देशों की अर्थव्यवस्था में कामगारों के योगदान को रेखांकित करने के लिए प्रत्येक वर्ष पहली मई को श्रमिक दिवस मनाया जाता है। इसे मई दिवस के रूप में भी जाना जाता है।
*******
महाराष्ट्र आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने आज महाराष्ट्र दिवस और कामगार दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि महाराष्ट्र देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र न केवल देश का बल्कि पूरी दुनिया का एक विकसित राज्य होगा।
*******
गुजरात भी आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। गुजरात, बॉम्बे राज्य से भाषा के आधार पर अलग होने के बाद एक मई 1960 को अस्तित्व में आया था।
गुजरात गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल पंचमहल जिले में छह सौ 50 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। राज्यपाल आचार्य देवव्रत की उपस्थिति में शाम को एसआरपी ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री राज्य के विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए छह महानुभावों को गुजरात गरिमा पुरस्कार प्रदान करेंगे। देश की आबादी का केवल 5% हिस्सा होने के बावजूद गुजरात भारत के सकल घरेलू उत्पादन में 8.2% का योगदान देता है। अपर्णा खुंट आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।
*******
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुजरात दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी।
*******
मध्य प्रदेश में सरकार ने पराली जलाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि फसल कटने के बाद खेतों में पराली जलाने में वृद्धि को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
खेत में आग लगाने से जमीन में उपलब्ध पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं और भूमि की उर्वरक क्षमता में भी गिरावट आती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यदि कोई किसान अपने खेत में नरवाई जलाता है, तो उसे मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के छह हजार रुपये का लाभ नहीं दिया जाएगा। साथ ही अब ऐसे किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल भी नहीं बेच पाएंगे। पर्यावरण, मृदा संरक्षण एवं भूमि की उत्पादकता बनाए रखने के मद्देनजर राज्य सरकार का यह फैसला आज से लागू होगा। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
*******
और अब खेल खबरों के साथ
शीर्ष धावक गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, मणिकांत होबलीधर और अमलान बोरगोहेन की टीम ने पुरुषों की 4×100 मीटर रिले दौड़ में पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। टीम ने कल चंड़ीगढ़ में दूसरे भारतीय ओपन रिले प्रतियोगिता में 38 दशमलव छह– नौ सेकंड का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले 38 दशमलव आठ– नौ सेकंड का पिछला रिकॉर्ड दिल्ली में 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों में बना था। वहीं, आईपीएल टी-20 क्रिकेट में कल रात चेन्नई में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को चार विकेट से हरा दिया। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर और दो गेंदों में 190 रन पर सिमट गई। पंजाब किंग्स ने दो गेंद शेष रहते जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में आज जयपुर में मुंबई इंडियंस का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जायेगा।
*******
मौसम विभाग ने आज जम्मू और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज गर्म हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। दिल्ली, झारखंड, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्यप्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ और उत्तरी कर्नाटक में अगले दो दिन तक गरज के साथ आंधी और बारिश की संभावना है।
और अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ
*******
केन्द्र सरकार द्वारा जनगणना में जातीय गणना कराने का फैसला आज सभी अखबरों की सुर्खी बनी है। दैनिक जागरण लिखता है- केन्द्र सरकार का बड़ा फैसला, आजादी के बाद पहली बार होगी जातिवार गणना। भारत होकर नहीं गुजर सकेंगे पाकिस्तानी विमान अमर उजाला की खबर है। पत्र लिखता है- आतंकवाद पर एक और चोट, 23 तक रोक, आधी रात से लागू। अक्षय तृतीय के दिन दो हजार टूटा सोना, चांदी 32 सौ रुपए सस्ती, पर रुपए ने दिखाया दम। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है। मानसून का पूर्वनुमान कृषि क्षेत्र के लिए अच्छा, इंडिया रेटिंग्स को खपत को बढ़ावा मिलने की उम्मीद राष्ट्रीय सहारा की खबर है। राजधानी में छह मई तक आंधी और बारिश के आसार, दिल्ली वासियों को गर्मी से राहत की उम्मीद। आज विश्व मजदूर दिवस पर राजस्थान पत्रिका ने अपने पाठको को बधाई दी है। पत्र लिखता है- आठ घंटे काम, आठ घंटे आराम, आठ घंटे मनोरंजन श्रमिक आंदोलन का मूल नारा था।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मुम्बई में पहले विश्व श्रव्य-दृश्य मनोरंजन शिखर सम्मेलन – वेव्स 2025 का उद्घाटन करेंगे।
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आगामी जनगणना में जाति गणना शामिल करने की स्वीकृति दी।
- पहलगाम आतंकी हमले को देखते हुए भारत ने पाकिस्तानी एयरलाइन्स के लिए अपना हवाई क्षेत्र प्रतिबंधित किया।
- बांग्लादेश के सर्वोच्च न्यायालय ने इस्कॉन के पूर्व संत चिन्मय कृष्ण दास को जमानत देने के उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगाई।
- अमरीका और यूक्रेन ने गहन चर्चा के बाद खनिज समझौते पर हस्ताक्षर किए।
- और गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, मणिकांत होबलीधर और अमलान बोरगोहेन ने चंडीगढ़ में भारतीय ओपन रिले प्रतियोगिता में चार गुना सौ मीटर रिले दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।
*******