Download
Mobile App

android apple
signal

April 26, 2025 9:30 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

 

  • जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा – सरकार सुनिश्चित करेगी कि सिंधु नदी का एक बूंद पानी भी पाकिस्तान तक न पहुंचे।

 

  • रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने स्क्रैमजेट इंजन का हज़ार सेकंड से अधिक समय तक सफल परीक्षण करके हाइपरसोनिक तकनीक में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों के लिए 51 हज़ार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

 

  • पोप फ्रांसिस को आज रोम में दफनाया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और कई अन्य वैश्विक नेता वेटिकन सिटी में उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

 

  • ट्रंप प्रशासन अमरीका में सैकड़ों विदेशी विद्यार्थियों की कानूनी स्थिति बहाल करेगा।

 

  • आईपीएल टी20 क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद ने मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराया।

 

********

 

केन्‍द्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर पाटिल ने पाकिस्‍तान के साथ 1960 का सिंधु जल समझौता रोके जाने के महत्‍व पर बल दिया है। उन्‍होंने कहा कि सरकार सुनिश्‍चित करेगी कि सिंधु नदी का एक बूंद पानी भी पाकिस्‍तान तक न पहुंचे। श्री पाटिल कल नई दिल्‍ली में केन्‍द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्‍यक्षता में उच्‍चस्‍तरीय बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। बैठक में पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल समझौता रोके जाने के सिलसिले में आगे की कार्रवाई पर विचार-विमर्श हुआ।

 

अभी उनके साथ कोई भी संधि आज तक हुई होगी वो सभी संधि को रद्द कर देना चाहिए। ऐसा मुझे लगता है सरकार ने जो अभी जल संधि को रद्द कर दिया है। यह एक अच्‍छा डिसीजन लिया है।

 

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और वरिष्‍ठ सरकारी अधिकारी भी बैठक में शामिल थे।

 

********

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कल सभी राज्‍यों के मुख्यमंत्रियों से अपने प्रदेश में सभी पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने को कहा है। साथ ही पाकिस्‍तानी नागरिकों की शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने के लिए आवश्‍यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।

 

उधर, गृह सचिव गोविन्‍द मोहन ने सभी राज्‍यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों के मुख्‍य सचिवों को पाकिस्‍तानी नागरिकों को जारी वीजा निलम्बित करने के आदेश का कडा़ई से पालन करने को कहा है। भारत ने दीर्घावधि वीजा, राजनयिक और आधिकारिक वीजा को छोड़कर पाकिस्‍तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द कर दिए हैं। पाकिस्‍तानी नागरिकों को जारी सभी चिकित्‍सा वीजा 29 अप्रैल तक वैध रहेंगे और कोई नया वीजा जारी नहीं किया जाएगा।

 

********

 

इस बीच, भारत आए 191 पाकिस्तानी नागरिक कल पंजाब में अमृतसर के अटारी-वाघा मार्ग से स्वदेश लौट गए। पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र ने देश छोड़ने के लिए 48 घंटे की समयसीमा तय की थी। इससे पहले, 24 अप्रैल को 28 पाकिस्तानी नागरिक स्वदेश लौटे थे। इस बीच, 287 भारतीय नागरिक भी पाकिस्तान से वापस आए हैं।

 

********

 

तेलंगाना पुलिस महानिदेशक डॉ. जितेन्‍द्र ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा़ सेवा तत्‍काल रोके जाने के केंद्र सरकार के आदेश के तहत परामर्श जारी किया है।

 

तेलंगाना में लगभग दो सौ तीस पाकिस्‍तानी नागरिकों के पास भारतीय वीजा़ है। राज्य में रह रहे पाकिस्‍तानी नागरिकों को किसी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने को कहा गया है। 30 अप्रैल तक भारत से लौटने वाले पाकिस्‍तानी नागरिकों के लिए अटारी सीमा खुली रहेगी।

 

********

 

भारतीय सेना ने कल रात जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार से पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। रक्षा सूत्रों ने बताया कि कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार से पाकिस्तानी सेना की विभिन्न चौकियों से बिना उकसावे के गोलीबारी की गई। भारतीय सैनिकों ने गोलीबारी का समुचित जवाब दिया। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

 

********

 

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की। उन्‍होंने पहलगाम में आतंकी हमले पर केंद्र सरकार को पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। श्री नायडू ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण कृत्य बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री को भरोसा दिया कि राष्ट्र हित के उनके निर्णय में पूरा देश सरकार के साथ है।

 

********

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज विभिन्‍न सरकारी विभागों और संगठनो के लिये नवनियुक्‍त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। श्री मोदी इस अवसर पर वीडियो कॉंफ्रेंस के माध्यम से उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। एक रिपोर्ट-

 

रोजगार सृजन को सर्वोच्‍च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के अनुरूप 15वां रोजगार मेला आज देश के 47 स्‍थानों पर आयोजित होगा। इससे युवाओं को सशक्‍त बनाने के लिए सार्थक अवसर उपलब्‍ध होंगे तथा वे राष्‍ट्र विकास में प्रभावी योगदान देने में सक्षम होंगे। देशभर से चयनित नए कर्मचारी राजस्‍व विभाग, कार्मिक एवं लोक‍ शिकायत और पेंशन मंत्रालय, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्‍च शिक्षा विभाग, रेल मंत्रालय और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय सहित केन्‍द्र सरकार के विभिन्‍न मंत्रालयों और विभागों का हिस्‍सा होंगे। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

********

 

प्रधानमंत्री कल दिन के 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की 121वीं कड़ी होगी।

 

आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्यूज ऑन मोबाइल ऐप पर कार्यक्रम सीधे प्रसारित होगा। आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी इसका सीधा प्रसारण होगा। आकाशवाणी से हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद मन की बात कार्यक्रम क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित होगा।

 

********

 

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन- डी.आर.डी.ओ. ने एक हजार सेकंड से अधिक समय तक एक्टिव कूल्ड स्क्रैमजैट सबस्केल कॉम्बस्टर का परीक्षण करके महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संगठन की हैदराबाद प्रयोगशाला ने कल यह परीक्षण किया। ग्राउंड परीक्षण जनवरी में 120 सेकंड के पहले परीक्षण का अगला चरण है। सफल परीक्षण के साथ, यह प्रणाली शीघ्र ही उड़ान योग्य कॉम्बस्टर परीक्षण के लिए तैयार हो गई है।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि के लिए डी.आर.डी.ओ., उद्योग भागीदारों और शिक्षाविदों को बधाई दी है। उन्‍होंने इस सफलता को राष्‍ट्र के लिए महत्‍वपूर्ण हाईपरसोनिक हथियार प्रौद्योगिकीयों को साकार करने में सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता बताया।

 

********

 

केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल आज सिक्किम के गंगतोक में पूर्वोत्तर क्षेत्र के बिजली मंत्रियों के सम्‍मेलन में भाग लेंगे। पूर्वोत्‍तर राज्‍यों के सभी बिजली मंत्री और वरिष्‍ठ अधिकारी सम्‍मेलन में उपस्थित रहेंगे। बैठक में विद्युत क्षेत्र से संबंधित विभिन्‍न मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। श्री मनोहर लाल सिक्किम में शहरी और विद्युत क्षेत्र में जारी तथा प्रस्‍तावित विकास कार्यक्रमों की समीक्षा भी करेंगे।

 

********

 

सीमा सुरक्षा बल ने कल शाम पंजाब के अमृतसर में बडी़ मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए।

 

इनमें आईईडी सर्किट के साथ लगभग पांच किलोग्राम आरडीएक्स, डेटोनेटर के साथ पांच हथगोले, दो सौ 20 कारतूस और चार पिस्तौल शामिल हैं।

 

********

 

मध्य प्रदेश में बालाघाट जिले के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के सुपखर वन क्षेत्र में आज तड़के सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार महिला नक्सली मारी गईं। इन पर 62 लाख रुपए का इनाम था। बालाघाट के पुलिस अधीक्षक नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में जारी नक्सल विरोधी अभियान का हिस्सा थी।

 

आप लोगों के माध्‍यम से हमारी ये अपील भी है कि यदि कोई नक्‍सली सरेंडर करना चाहता है, तो वो सरकार का साथ दे, जो मिशन 26 पुलिस फोर्सेज़ को दिया गया है। उस पर बालाघाट पुलिस भी खरा उतरने का पूरा प्रयास कर रही है।

 

********

 

आकाशवाणी ने इंडिया ऑडियो समिट एंड अवार्ड्स 2025 में विभिन्न श्रेणियों में कुल छह पुरस्कार जीते हैं। रेडियो और श्रव्य कार्यक्रम निर्माण में उत्कृष्टता को मान्यता देने वाले पुरस्कार समारोह का कल रात मुंबई में आयोजन किया गया।

 

आकाशवाणी को मिले शीर्ष पुरस्कारों में, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के कार्यक्रम ‘नई सोच नई कहानी- स्मृति ईरानी के साथ एक रेडियो यात्रा’ को रेडियो का सीरीज़ ऑफ द ईयर घोषित किया गया।

 

समाचार सेवा प्रभाग के लोकप्रिय साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीक को स्वास्थ्य और फिटनेस श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ ऑडियो कार्यक्रम के रूप में मान्यता दी गई।

 

आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौर इस अवसर पर कहा कि लोकसेवा प्रसारक के रूप में आकाशवाणी जन हित को बनाए रखते हुए उन्हें ‘सूचित, शिक्षित और मनोरंजन’ करने के मिशन के लिए प्रतिबद्ध है।

 

********

 

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने जम्मू-कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। परिषद के सदस्यों ने कहा कि आतंकवाद वैश्विक शांति के लिए बड़ा खतरा है और इसके सभी रूपों का मुकाबला किया जाना चाहिए।

 

परिषद ने पहलगाम हमले के अपराधियों, समर्थकों और प्रायोजकों को सजा दिलाने का आह्वान किया। परिषद ने सभी देशों से अंतरराष्ट्रीय कानून के अंतर्गत इस मामले में सहयोग का भी आग्रह किया। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि संगठन स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहा है।

 

********

 

अमरीका ने सैकड़ों विदेशी विद्यार्थियों की पहले समाप्त की गई कानूनी स्थिति बहाल कर दी है। यह निर्णय बोस्टन में एक संघीय न्यायालय में सुनवाई के दौरान आया था। इस याचिका में कई अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की आव्रजन नीति को चुनौती दी थी। लगभग 11 लाख विदेशी विद्यार्थी वीजा धारकों के डेटाबेस से उनके रिकॉर्ड हटने के कारण उनकी कानूनी स्थिति रद्द कर दी गई थी जिससे उन्हें निर्वासित किये जाने का खतरा था।

 

********

 

वैश्विक रोमन कैथोलिक चर्च के प्रमुख पोप फ्रांसिस के पार्थिव शरीर को आज रोम में सेंट मैरी मेजर बैसिलिका में दफनाया जायेगा। पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार का विधि-विधान वैटिकन सिटी के सैंट पीटर्स स्क्वॉयर में भारतीय समयानुसार दिन के डेढ़ बजे शुरू होगा। 

 

दुनिया के विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों सहित हजारों लोगों के पोप के अंतिम संस्कार में पहुंचने की संभावना है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड़ ट्रम्प, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों, ब्राजील के राष्ट्रपति लुला-डी-सिल्वा और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जैवियर माईली विश्व के अन्य नेताओं में शामिल हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कल रोम पहुंचकर वैटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि दी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, अल्पसंख्यक कार्य राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन और गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष जोशुआ डिसूजा भी उनके साथ थे। गृह मंत्रालय ने कहा कि दिवंगत पोप के सम्मान में आज भारत में राजकीय शोक रहेगा और सरकारी भवनों पर राष्ट्र ध्वज आधा झुका रहेगा। पिछली एक सदी में पहली बार किसी पोप का अंतिम संस्कार वैटिकन सिटी से बाहर हो रहा है। इससे पहले 1903 में पोप लियो 13वें को वैटिकन से बाहर दफनाया गया था। पोप फ्रांसिस पहले लैटिन अमरीकी पोप थे, जो रोमन कैथलिक चर्च के प्रमुख बने थे। समाचार कक्ष से मुकेश कुमार।

 

********

 

आईपीएल टी-20 क्रिकेट में कल रात सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्‍नई सुपर किंग्‍स को पांच विकेट से हरा दिया। चेन्‍नई में खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पांच विकेट खोकर 19वें ओवर में 155 रन का लक्ष्‍य हासिल कर लिया।

 

आज कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाईट राइडर्स का सामना पंजाब किंग्‍स से होगा। मैच शाम साढे़ सात बजे से खेला जायेगा।

 

********

 

समाचार पत्रों से

 

पाकिस्‍तानियों को खोज-खोजकर देश से वापस भेजें- गृहमंत्री अमित शाह द्वारा सभी राज्‍यों के मुख्‍यमंत्रियों को यह सुनिश्‍चित करने का आदेश, दैनिक भास्‍कर और हिन्‍दुस्‍तान सहित लगभग सभी अखबारों की प्रमुख खबर है। जनसत्‍ता ने लिखा है- पहलगाम हमले पर भारत ने अंतरराष्‍ट्रीय समुदाय से कहा- तकनी‍की खुफिया और विश्‍वसनीय सूचना से पाकिस्‍तान का हाथ होने की पुष्टि। उधर, अमर उजाला ने पाकिस्‍तान के रक्षा मंत्री का कबूलनामा छापा है- पाकिस्‍तान तीन दशक से आतंकवादियों को दे रहा संरक्षण, कहा- अपनी सरजमीं पर ट्रेनिंग के साथ फंडिंग भी करते हैं।  दैनिक जागरण की सुर्खी है- सुरक्षाबलों ने पहलगाम हमले में संलिप्‍त दो आतंकियों के घर विस्‍फोट से उडाए। 

 

अमर उजाला की खबर है- सावरकर मामले में राहुल गांधी को सर्वोच्‍च न्‍यायालय की फटकार, आजादी दिलाने वालों का करें सम्‍मान, पीठ ने कहा- आगे गलती करी, तो भुगतने होंगे परिणाम।

 

दैनिक भास्‍कर ने टैरिफ वार शीर्षक से लिखा है- दो साल में अमरीका में बिकने वाले सभी आईफोन मेड इन इंडिया होंगे, चीन से उत्‍पादन इकाई को भारत में शिफ्ट करेगा एप्‍पल।   

 

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्‍थान-इसरो के कई अभियानों के सूत्रधार डॉ. कृष्‍णास्‍वामी कस्‍तूरीरंगन के निधन का समाचार राष्‍ट्रीय सहारा सहित कई अखबारों में दिया है। राजस्‍थान पत्रिका ने लिखा है-इसरो के पूर्व अध्‍यक्ष कस्‍तूरीरंगन ने भारतीय टीबी को पहुंचाया था-47 देशों तक।

 

********

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  • जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा – सरकार सुनिश्चित करेगी कि सिंधु नदी का एक बूंद पानी भी पाकिस्तान तक न पहुंचे।

 

  • रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने स्क्रैमजेट इंजन का हज़ार सेकंड से अधिक समय तक सफल परीक्षण करके हाइपरसोनिक तकनीक में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों के लिए 51 हज़ार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

 

  • पोप फ्रांसिस को आज रोम में दफनाया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और कई अन्य वैश्विक नेता वेटिकन सिटी में उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

 

  • ट्रंप प्रशासन अमरीका में सैकड़ों विदेशी विद्यार्थियों की कानूनी स्थिति बहाल करेगा।

 

  • आईपीएल टी20 क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद ने मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराया।

 

********