Download
Mobile App

android apple
signal

April 23, 2025 9:17 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • जम्‍मू कश्‍मीर के पहलगाम में कल के आतंकी हमले के बाद कश्मीर घाटी में सुरक्षा बढाई गई। आतंकियों की धरपकड़ के लिए सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आतंकी हमले के बाद सऊदी अरब यात्रा बीच में ही छोड़कर आज सुबह स्‍वदेश लौटे, उन्‍होंने विदेश मंत्री और शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने श्रीनगर में उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की।

  • अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को फोन पर पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव सहित विश्व के प्रमुख नेताओं ने हमले की कडी निंदा की।

  • आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 8 विकेट से हराया।

 

****

जम्‍मू-कश्‍मीर के पहलगाम में कल के आतंकवादी हमले में कई पर्यटकों की हत्‍या की घटना को देखते हुए कश्‍मीर घाटी में सुरक्षा कई गुना बढ़ा दी गयी है। यह घटना दक्षिण कश्‍मीर के अनंतनाग जिले में श्रीनगर से लगभग 85 किलोमीटर दूर हुई। इस घटना में शामिल आंतकियों को पकड़ने के लिए सेना, केन्‍द्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस संयुक्‍त रूप से अभियान चला रही है। पहलगाम में जिस जगह पर यह हमला हुआ वहां पांच किलोमीटर के दायरे में यह अभियान चलाया जा रहा है। हमलावरों का पता लगाने के लिए विशेष बलों, खोजी कुत्‍तों और अन्‍य तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।

 

इस बीच, प्रदेश में राजमार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों में मुख्‍य पर्यटन स्‍थलों पर अतिरिक्‍त नाके लगाए गए हैं और त्‍वरित मोचन दलों को तैनात किया गया है। श्रीनगर में आज सेना की उत्‍तरी कमान के कमांडर ले‍फ्ट‍िनेंट जनरल एम वी सुचेन्‍द्र कुमार को स्‍थानीय कमांडरों की ओर से घाटी में सुरक्षा की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी दी जाएगी।

 

उधर, श्रीनगर, गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे अन्‍य पर्यटन स्‍थलों पर जांच और तलाशी बढ़ा दी गई है। इसके अतिरिक्‍त छोटे, मध्‍यम और बड़े होटलों की सुरक्षा में भी वृद्धि की गई है। हमले के बाद जम्‍मू-कश्‍मीर सरकार ने श्रीनगर और अनंतनाग में आपात सहायता डेस्‍क बनाया है जो 24 घंटे काम कर रहा है। सरकार ने नियंत्रण कक्ष के नम्‍बर जारी किए हैं जो इस प्रकार हैं-  0194-2457543, 0194-2483651,  इसके अलावा श्रीनगर के अपर उपायुक्‍त का हेल्‍पलाइन नम्‍बर है 7006058623 । अनंतनाग में बनाए गए नियंत्रण कक्ष के हेल्‍पलाइन नम्‍बर हैं- 0193 222 2337,  7780 885 759; 9697 982 527 और 6006 365 245.

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले के बाद सऊदी अरब यात्रा बीच में ही छोड़कर आज सुबह नई दिल्ली पहुंच गए। दो दिन की यात्रा में श्री मोदी ने सऊदी अरब द्वारा आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज में भी भाग नहीं लिया। उन्‍हें आज रात को वापस आना था। आगमन के तुरंत बाद, श्री मोदी ने हवाई अड्डे पर संक्षिप्त बैठक की। उन्‍होंने विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति पर विचार-विमर्श किया।

 

 

****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद श्रीनगर में वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ उच्‍चस्‍तरीय समीक्षा बैठक की। हमारे श्रीनगर संवाददाता ने बताया है कि गृह मंत्री आज उप-राज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा के साथ घटनास्‍थल पर जाएंगे।

 

 

कल शाम श्रीनगर पहुंचने के बाद केन्‍द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह स्थिति का प्रत्‍यक्ष जायजा लेने के लिए आज पहलगाम का दौरा कर रहे हैं। वो अस्‍पताल में घायल लोगों से भी मिलेंगे। इलाके में सेना, सीआरपीएफ और जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस का संयुक्‍त तलाशी अभियान जारी है। इस बीच, व्‍यापार और उद्योग, धार्मिक और शैक्षणिक संगठनों ने पहलगाम में पर्यटकों की हत्‍या के खिलाफ आज कश्‍मीर बंद का आह्वान किया है। तारीक़ राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।

 

****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहित कई राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने पर्यटकों पर आतंकी हमले की कडी भर्त्सना की है।

 

 

राष्ट्रपति ने कहा कि यह हमला अमानवीय कृत्य है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उपराष्ट्रपति ने कहा कि हिंसा के ऐसे कृत्य कड़ी निंदा के पात्र हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस जघन्य कृत्य में शामिल आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तथा कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि निर्दोष नागरिकों पर यह हमला कायरतापूर्ण और बेहद निंदनीय कृत्य है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्‍यपाल आरीफ मोहम्‍मद खान, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस घटना की निंदा की है। समाचार कक्ष से, आनंद पाठक।

 

****

 

संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव एंतोनियो गुतरश और दुनिया भर के शीर्ष नेता भी कल हुए इस आतंकी हमले की घोर निंदा कर रहे हैं। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन पर इस घटना में निर्दोष लोगों के मारे जाने पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। उन्होंने हमलावरों को पकड़ने और कड़ा दंड दिलाने में अमरीका के पूरे सहयोग का भी आश्वासन दिया। इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप को हमले के बारे में जानकारी दे दी गई है। उन्होंने हमले को क्रूरतापूर्ण करार दिया और वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए अमरीका की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

 

 

 

इस समय अपने परिवार के साथ भारत दौरे पर आए अमरीकी उप राष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने भी हमले पर दुख व्यक्त करते हुए इसे हृदय विदारक बताया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में भी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने लिखा है कि कश्मीर से आई खबर काफी परेशान करने वाली है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे संदेश में आतंकवादी हमले में कई पर्यटकों के मारे जाने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस क्रूर अपराध का कोई औचित्य़ नहीं है। संयुक्त अरब अमीरात और ईरान ने भी इस आतंकी घटना की कड़ी निंदा की है।

 

****

 

जम्मू-कश्मीर में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर एयर इंडिया और इंडिगो एयरलाइन्स श्रीनगर से विशेष उड़ानें संचालित कर रही हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में एयर इंडिया और इंडिगो ने जानकारी दी कि आज श्रीनगर से दिल्ली और मुंबई के लिए दो अतिरिक्त उड़ानें संचालित की जा रही हैं।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की सऊदी अरब की पूर्व निर्धारित समय से पहले ही समाप्‍त हुई यात्रा काफी महत्‍वपूर्ण रही। हमारे पश्चिम एशिया संवाददाता ने बताया है कि इस दौरान दोनों देशों के बीच कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की गई।

 

 

यात्रा के संक्षिप्त होने के बावजूद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सऊदी अरब की यात्रा के कई महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए। द्विपक्षीय वार्ताओं के दौरान चार प्रमुख समझौते किए गए। इनमें सऊदी स्पेस एजेंसी और भारत के अंतरिक्ष विभाग के बीच एक समझौता ज्ञापन, सऊदी स्वास्थ्य मंत्रालय और भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग पर समझौता, सऊदी अरब की एंटी-डोपिंग समिति और भारत की राष्ट्रीय एंटी-डोपिंग एजेंसी के बीच एक समझौता, और सऊदी पोस्ट तथा इंडिया पोस्ट के बीच डाक सेवाओं में सहयोग को लेकर समझौता शामिल हैं। दोनों नेताओं ने ऊर्जा, रक्षा, व्यापार, निवेश, टैक्‍नोलॉजी, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों जैसे सभी क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक समीक्षा की। विनोद कुमार, आकाशवाणी समाचार, जेद्दाह।

 

सऊदी अरब में भारतीय राजदूत सोहेल अजाज खान ने कहा कि दोनों नेताओं ने रणनीतिक साझेदारी के नये आयामों के विस्‍तार पर सहमति व्‍यक्‍त की।

 

 

****

 

मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव शेख डॉ. मोहम्मद बिन अब्दुलकरीम अल-इस्सा ने कल जेद्दा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्‍होंने जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और निर्दोष सैलानियों की हत्‍या पर गहरा दुख व्यक्त किया।

 

इस दौरान प्रधानमंत्री ने वर्ष 2023 में नई दिल्ली में महासचिव के साथ मुलाकात को याद किया।

 

श्री मोदी ने सहिष्णुता और सामाजिक सामंजस्य तथा सद्भाव को बढ़ावा देने में मुस्लिम वर्ल्ड लीग की भूमिका की सराहना की।

 

****

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देश के युवाओं से मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है। श्री बिरला कल जालंधर की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव और अध्ययन अनुदान पुरस्कारों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

****

 

मणिपुर में राज्‍य सरकार ने आज खोंगजोम दिवस मनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली है। 1891 में अंग्रेजों और मणिपुरियों के बीच ऐतिहासिक युद्ध में वीरगति को प्राप्‍त योद्धाओं के साहस और बलिदान की स्‍मृति में प्रत्‍येक वर्ष 23 अप्रैल को खोंगजोम दिवस मनाया जाता है। राज्‍य के थोउबल जिले के खेबाचिंग में खोंगजोम युद्ध स्‍मारक परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

****

 

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष-आईएमएफ ने वैश्विक व्यापार तनाव बढ़ने के बीच और विभिन्‍न बाधाओं के बावजूद भारत का सकल घरेलू उत्‍पाद-जीडीपी वृद्धि दर छह प्रतिशत से ऊपर रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। आईएमएफ ने कल वाशिंगटन में अप्रैल 2025 विश्व आर्थिक परिदृश्य रिपोर्ट जारी की। इसमें भारतीय अर्थव्यवस्था के वित्त वर्ष 2025-26 में छह दशमलव दो प्रतिशत और 2026-27 में छह दशमलव तीन प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान लगाया गया है।

****

 

मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वी मध्‍य प्रदेश, पश्चिमी और पूर्वी उत्‍तर प्रदेश, बिहार और ओडिसा के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने का अनुमान है। इसके साथ ही असम, मेघालय, अरूणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज तेज वर्षा की संभावना व्‍यक्‍त की गई है। वहीं, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराइकल में कहीं-कहीं अगले सात दिनों तक हल्‍की से मध्‍यम वर्षा हो सकती है।

****

 

और खेलों में आईपीएल क्रिकेट में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गई है, जबकि लखनऊ पांचवें स्थान पर है। प्रतियोगिता में हैदराबाद में आज शाम साढे सात बजे, सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा।

****

 

बिहार के पटना में आज सुबह गंगा नदी के किनारे भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण टीम एयरोबेटिक एयर शो के दूसरे और अंतिम दिन शानदार और हैरतअंगेज प्रदर्शन करेगी। यह कार्यक्रम बिहार के भोजपुर में 1857 की क्रांति के महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू कुंवर सिंह के शौर्य दिवस विजयोत्सव के अवसर पर उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।

****

 

धन्‍यवाद प्रियंका, कश्‍मीर में पर्यटकों की नृशंस हत्‍या और उससे जुड़ी हृदयविदारक तस्‍वीरों को सभी अख़बारों ने प्रकाशित किया है। दैनिक जागरण ने आक्रोश प्रकट करते हुए आतंकी हमले की सुर्खी को लाल रंग में और मुख पृष्‍ठ को काले और सफेद रंग में दिया है। हिन्‍दुस्‍तान ने हैवानियत शीर्षक से लिखा है- आतंवादियों ने पहचान पूछ-पूछ कर पर्यटकों को मारा। दैनिक भास्‍कर ने बताया है- अमित शाह कश्‍मीर पहुंचे, आज नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री मोदी की बैठक। नवभारत टाइम्‍स ने पुलवामा के बाद सबसे बड़ा आतंकी हमला बताते हुए लिखा है- पहलगाम की विश्‍व प्रसिद्ध बैसरन घाटी बनी निशाना, पुलिस और सैनिकों जैसी वर्दी में आए दहशतगर्द, लश्‍कर से जुडे टीआरएफ ने ली जिम्‍मेदारी। अमर उजाला ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय का यह निर्देश प्रकाशित किया है- सड़क दुर्घटना पीडि़तों को मुआवजा सीधे बैंक खातों में भेजे मोटर दुर्घटना दावा न्‍यायाधीकरण और श्रम न्‍यायालय।

****

 

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • जम्‍मू कश्‍मीर के पहलगाम में कल के आतंकी हमले के बाद कश्मीर घाटी में सुरक्षा बढाई गई। आतंकियों की धरपकड़ के लिए सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आतंकी हमले के बाद सऊदी अरब यात्रा बीच में ही छोड़कर आज सुबह स्‍वदेश लौटे, उन्‍होंने विदेश मंत्री और शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने श्रीनगर में उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की।

  • अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को फोन पर पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव सहित विश्व के प्रमुख नेताओं ने हमले की कडी निंदा की।

  • आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 8 विकेट से हराया।

 

****