Download
Mobile App

android apple
signal

April 20, 2025 9:25 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

 

  • भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के दो सांसदों द्वारा सर्वोच्‍च न्‍यायालय पर की गई टिप्पणियों को खारिज किया। कहा – ये उनके निजी विचार।

 

  • पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस मुर्शिदाबाद हिंसा पर केंद्र को रिपोर्ट सौंपेंगे और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने भी इस मुद्दे को उठाएंगे।

 

  • अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भारत की चार दिवसीय यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।

 

  • ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अमरीका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता का दूसरा दौर संपन्न। वार्ता में प्रगति के संकेत।

 

  • ईस्टर पर राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने लोगों को शुभकामनाएं दी।

 

  • आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोमांचक मैच में राजस्थान रॉयल्स को दो रन से हराया।

 

 

*****

 

 

भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि सर्वोच्च न्यायालय और भारत के मुख्य न्यायाधीश के संबंध में, पार्टी सांसद निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा की टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं हैं। पार्टी ने दोनों सांसदों को ऐसी टिप्पणी से बचने की सलाह भी दी है। भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ये निजी बयान हैं और इन बयानों से पार्टी का कोई संबंध नहीं है।

श्री नड्डा ने कहा कि पार्टी ने सदैव न्यायपालिका का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि देश की अदालतें लोकतंत्र का अभिन्न अंग हैं और संविधान की सुरक्षा का एक मजबूत स्तंभ हैं।

 

 

*****

 

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉक्टर सी.वी. आनंद बोस ने मुर्शिदाबाद जिले के अशांत क्षेत्रों का दौरा किया। दौरे के बाद उन्‍होंने कहा है कि वे मुर्शिदाबाद सांप्रदायिक हिंसा पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बातचीत करेंगे और मुर्शिदाबाद की वस्तुस्थिति पर केंद्र को रिपोर्ट सौंपेंगे।

 

उन्होंने कहा कि उन्हें पीड़ितों पर बर्बर हमलों की जानकारी मिली है जो सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है। श्री बोस ने यह भी कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती के बाद से अशांत क्षेत्रों की स्थिति में बहुत सुधार हुआ है।

 

 

*****

 

 

अमरीका के उप-राष्ट्रपति जे.डी. वेंस भारत की चार दिन की यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। यह श्री वेंस की पहली भारत यात्रा होगी। श्री वेंस कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात करेंगे। वे जयपुर और आगरा भी जाएंगे। दोनों देश आपसी संबंधों में प्रगति की समीक्षा करेंगे। दोनों पक्ष प्रधानमंत्री मोदी की अमरीका यात्रा के दौरान इस वर्ष 13 फरवरी को जारी भारत-अमेरिका संयुक्त बयान पर अमल पर समीक्षा भी करेंगे। दोनों देश आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विमर्श करेंगे।

 

 

*****

 

 

इटली की राजधानी रोम में, अमरीका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता का दूसरा दौर संपन्न हो गया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि बातचीत में प्रगति हो रही है और दोनों पक्ष कुछ बातों पर सहमत हुए हैं। अमरीका में ट्रम्प प्रशासन ने भी कहा है कि दोनों पक्षों के बीच अच्छी प्रगति हुई है। वार्ता का पहला दौर पिछले सप्ताह ओमान की राजधानी मस्कत में हुआ था। तीसरे दौर की वार्ता भी 26 अप्रैल को मस्कत में ही होनी है।

 

 

*****

 

आज ईस्टर है। मान्यता है कि गुड फ्राइडे पर ईसा मसीह को सलीब पर चढ़ाए जाने के बाद आज ही के दिन उनका पुनर्जन्‍म हुआ था। आज इस अवसर पर दुनिया भर के गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं की जा रही हैं।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने लोगों को ईस्‍टर की शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्योहार निस्वार्थ प्रेम और सेवा का संदेश देता है। उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि ईस्टर आशा और नएपन का प्रतीक है।

मिजोरम में यह त्‍योहार धार्मिक उत्‍साह के साथ मनाया जा रहा है।

 

“ईस्टर संडे को मिज़ोरम में धार्मिक उत्‍साह के साथ मनाया जा रहा है। राज्य में सबसे बड़े ईसाई संप्रदाय प्रेस्बिटेरियन धर्मसभा, मिज़ोरम के बैपटिस्ट चर्च और साल्वेशन आर्मी ने इस अवसर पर सूर्योदय सेवा का आयोजन किया। साल्वेशन आर्मी के बैंड पार्टी ने प्रेरणादायक प्रस्‍तुति दी। इस अवसर पर राज्य में सामुदायिक भोज का भी आयोजन किया जा रहा है। गिन गांगते की रिपोर्ट के साथ- समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल

 

चेन्‍नई में भी ईस्‍टर के अवसर पर लोगों में खासा उत्‍साह देखा जा रहा है।

 

 

*****

 

 

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने ईस्टर पर यूक्रेन में 30 घंटे के संघर्ष-विराम की घोषणा की है। इस दौरान रूसी सेना कोई सैन्य कार्रवाई नहीं करेगी। श्री पुतिन ने आशा व्यक्त की है कि यूक्रेन भी इसका पालन करेगा।

इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन संघर्ष-विराम का सम्मान करेगा।

 

 

*****

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अप्रैल को सऊदी अरब की दो दिन की यात्रा पर जेद्दा जाएंगे। यह पिछले चार दशक में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की जेद्दा की पहली यात्रा होगी। भारत और सऊदी अरब के बीच आर्थिक, रक्षा और सांस्कृतिक सहयोग के क्षेत्रों में मज़बूत संबंध हैं। इससे पहले भारतीय प्रधानमंत्रियों की यात्राएं राजधानी रियाद तक सीमित रही हैं। जेद्दा इस्लाम की दो धार्मिक नगरी — मक्का और मदीना का प्रवेश-द्वार भी है। श्री मोदी की आगामी यात्रा सऊदी सुल्तान की पहली भारत यात्रा की 70वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हो रही है।

 

भारत और सऊदी अरब के राजनयिक संबंध 1947 में भारत की आज़ादी के समय से ही हैं और पिछले 78 वर्षों में इसमें उल्लेखनीय प्रगति हुई है। 2016 में प्रधानमंत्री मोदी की सऊदी यात्रा दोनों देशों के संबंधों में एक महत्‍वपूर्ण पडाव थी। इस यात्रा के दौरान श्री मोदी को सऊदी के सर्वोच्च नागरिक सम्मान किंग अब्दुल्लाज़ीज़ साश से सम्मानित किया गया था। 2019 में शहजादे मोहम्मद बिन सुल्तान ने भारत की और फिर श्री मोदी ने सऊदी की यात्रा की थी। सऊदी के शहजादे और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान के साथ श्री मोदी के घनिष्ठ संबंध हैं। दोनों नेता अब तक पांच बार मिल चुके हैं जिसमें 2023 में जी-20 आयोजन में हुई मुलाकात शामिल है जब भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे पर सहमति बनी थी। जेद्दा से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार-कक्ष से जया भारती

 

 

*****

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल नई दिल्ली में 17वें सिविल सेवा दिवस पर लोक सेवकों को संबोधित करेंगे। श्री मोदी लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए 16 अधिकारियों को प्रधानमंत्री पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। यह पुरस्कार जिलों के समग्र विकास, आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम और नवाचार की श्रेणियों में दिए जाएंगे।

 

 

*****

 

 

वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारामन की अमरीका और पेरू की यात्रा आज से शुरू हो रही है। वे अमरीका में सैन फ्रांसिस्को में दो दिन रूकेंगी और स्‍टैनफोर्ड विश्‍वविद्यालय के हूवर इंस्‍ट‍ीट्यूशन में संबोधन देंगी।  श्रीमती सीतारामन वांशिगटन में 22 अप्रैल को अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष और विश्‍व बैंक की बैठकों में हिस्‍सा लेंगी। श्रीमती सीतारामन 26 अप्रैल को पहली बार पेरू यात्रा पर पहुंचेंगी।

 

 

*****

 

 

भारतीय जनता पार्टी आज से वक्‍फ सुधार जन-जागरण अभियान शुरू कर रही है। इसका उद्देश्‍य वक्‍फ संशोधन कानून के फायदों के बारे में लोगों को जागरूक करना है। यह राष्‍ट्रव्‍यापी अभियान पांच मई तक जारी रहेगा। इस अभियान के दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ता मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे।

 

पार्टी अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस महीने की दस तारीख को नई दिल्‍ली में पार्टी मुख्‍यालय में इस अभियान को शुरू किए जाने की घोषणा की थी। श्री नड्डा ने आरोप लगाया था कि विपक्षी नेता वोट बैंक की राजनीति के लिए संशोध‍ित कानून के प्रावधानों को लेकर मुसलमानों को गुमराह कर रहे हैं।

 

 

*****

 

 

केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल ने कल पुणे में कानून में एआईविषय पर आयोजित एक कानूनी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि न्यायपालिका में एआई की बढ़ती भूमिका के बावजूद मानव हस्तक्षेप अनिवार्य बना रहेगा।

 

जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ही सारा काम करेगा तो हम क्‍या करेंगे। ह्यूमन बिंग ह्यूमन एलिमेंट कभी गायब नहीं होगा। उसका अपना रोल रहेगा ही रहेगा। ये जो आपकी बॉडी है जो आप और मैं खडा हूं। इसके चार पार्ट हैं जब हमारे बॉडी माइंड इंटलेक्‍ट और सॉल चारों मिल जाएंगे वो काम करेंगे वो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस नहीं बन सकता।

 

 

*****

 

 

अमरीका में, हज़ारों लोगों ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के विरुद्ध प्रदर्शन किए हैं। ये प्रदर्शन अमरीकी क्रांति की 250वीं वर्षगांठ पर किए गए।

ये प्रदर्शन वाशिंगटन में व्हाइट हाउस के बाहर भी किए गए। प्रदर्शन सामान्यतः शांतिपूर्ण थे, हालांकि कुछ जगहों पर टकराव की भी खबर है।

 

 

*****

 

 

खेल खबर

 

भारतीय निशानेबाज अर्जुन बाबूटा ने पेरू के लीमा में विश्‍व कप निशानेबाजी का रजत पदक जीत लिया है। बबूता 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में, चीन के लिहाओ शेंग से केवल शून्‍य दशमलव एक अंक से हार कर ऐतिहासिक स्‍वर्ण पदक जीतने से चूक गए। प्रतियोगिता में भारत की सुरुचि इंदर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने महिलाओं की व्यक्तिगत स्पर्धा और सौरभ चौधरी के साथ मिक्स्ड टीम स्पर्धा का स्वर्ण जीता। इधर आईपीएल क्रिकेट में, कल रात लखनऊ सुपर जायंट्स ने राजस्‍थान रॉयल्‍स को दो रन से हरा दिया। जीत के लिए 181 रन के लक्ष्‍य के जवाब में, राजस्‍थान रॉयल्‍स की टीम पांच विकेट पर 178 रन ही बना सकी। एक अन्‍य मैच में, गुजरात टाइटन्‍स ने डेल्‍ही कैपिटल्‍स को सात विकेट से हरा दिया। गुजरात ने 204 रन का लक्ष्‍य 20वें ओवर में हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में आज चंडीगढ में पंजाब किंग्‍स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से और मुंबई इंडियंस का सामना चेन्‍नई सुपर किंग्‍स से होगा। उधर, विश्‍व स्‍क्‍वॉश चैम्पियनशिप क्‍वालीफाइंग स्‍पर्धा के फाइनल में भारत के वीर चोटरानी  और अनाहत सिंह आज मलेशिया के कुआलालंपुर में अपने-अपने मुकाबले खेलेंगे। पुरुष वर्ग में चोटरानी का मुकाबला मलेशिया के अमीशनराज चंद्रन से होगा। जबकि महिला वर्ग में, अनाहत सिंह का सामना हांगकांग की टोबी त्‍से से होगा।

 

 

*****

 

 

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के अधिकांश हिस्‍सों में कल तक हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी कल तक तेज हवाओं के साथ मध्‍यम वर्षा हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले पांच दिनों के दौरान तेज बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ में अगले 3 दिन तक लू की आशंका है। आज मध्य महाराष्ट्र और बुधवार तक गुजरात में गर्म और आर्द्र मौसम का अनुमान है।

 

 

*****

 

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से-

 

भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्‍त व्‍यापार समझौते के लिए वार्ता अंतिम चरण की ओर बढ़ने को जनसत्‍ता ने प्रमुखता से दिया है। पत्र लिखता है- इस वार्ता में द्व‍िपक्षीए एफटीए पर बातचीत जल्‍द पूरा करने की इच्‍छा और सकारात्‍मकता दिखाई दी।

 

गृहमंत्री अमित शाह का यह कहना कि स्‍वास्‍थ्‍य के क्षेत्र आत्‍म-निर्भरता जरूरी दैनिक जागरण में है- पत्र में आगे उनके हवाले से लिखा है- आहार की औषधि है को समूचा विश्‍व स्‍वीकार कर आगे बढ़ रहा है।

 

देश की सबसे बड़ी इंजीनिंयरिंग परीक्षा जेईई मेन के परिणाम घोषित होने और टॉपर का यह कहना कि मोबाइल से दूरी, यही मेरा सक्‍सेस मंत्र नवभारत टाइम्‍स की पहली खबर है।

 

अमरीका के प्रतिस्‍पर्धी बाजारों में पसंदीदा विकल्‍प बन रहे हैं भारतीय ताजे फल। हरिभूमि की खबर है- पत्र के अनुसार पहली बार समुद्र के रास्‍ते अमरीका जा पहुंची साढे बारह टन अनार की खेप। 

 

हिन्‍दुस्‍तान इस दिलचस्‍प खबर को सचित्र दिया है कि रोबोट पहली बार इंसानों के साथ 21 किलोमीटर मैराथन में दौड़े। पत्र कहता है- पेइचिंग में आयोजित हॉफ मैराथन में यह अनोखा नजारा देखने को मिला। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है- रोबोट के साथ हुई दौड़ में इंसान की जीत।

 

सियाचिन ग्‍लेश्यिर में तैनात सैनिक भी अब मोबाइल नेटवर्क में शीर्षक से राष्‍ट्रीय सहारा लिखता है- सेना ने गलवान सियाचिन ग्‍लेश्यिर सहित पूरे लद्दाख में मोबाइल संपर्क की सुविधा प्रदान की है और अब दुनिया के कुछ सबसे दुर्गम इलाकों में तैनात सैनिक अपने प्रियजनों से संपर्क में बने रह सकते हैं।

 

दैनिक भास्‍कर की विशेष खबर है- देश के 50 से अधिक स्‍टार्टअप इस बात पर कर रहे काम करियर से लेकर भविष्‍य की बीमारी तक के राज का पता चल सके। पत्र के अनुसार डीएनए स्‍क्रीनिंग के जरिए भविष्‍य के गर्त में छिपे शरीर के रहस्‍य जानने पर तेजी से काम हो रहा है।

 

 

*****

 

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  • भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के दो सांसदों द्वारा सर्वोच्‍च न्‍यायालय पर की गई टिप्पणियों को खारिज किया। कहा – ये उनके निजी विचार।

 

  • पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस मुर्शिदाबाद हिंसा पर केंद्र को रिपोर्ट सौंपेंगे और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने भी इस मुद्दे को उठाएंगे।

 

  • अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भारत की चार दिवसीय यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।

 

  • ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अमरीका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता का दूसरा दौर संपन्न। वार्ता में प्रगति के संकेत।

 

  • ईस्टर पर राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने लोगों को शुभकामनाएं दी।

 

*****