मुख्य समाचार:-
• लोकसभा में आज वक्फ संशोधन विधेयक पारित होने के लिए पेश किया जाएगा।
• कर्मचारी भविष्य निधि संगठन-ईपीएफओ ने प्रत्यक्ष भुगतान प्रणाली से 15 और बैंकों को जोड़ा।
• पिछले वित्त वर्ष में देश की अक्षय ऊर्जा क्षमता में 25 गीगावाट की रिकॉर्ड वृद्धि।
• म्यांमा में भूकंप से मरने वालों की संख्या दो हजार सात सौ से अधिक हुई। भारत ने ऑपरेशन ब्रह्मा के अंतर्गत अब तक छह सौ 25 मीट्रिक टन मानवीय सहायता पहुंचाई।
• आईपीएल क्रिकेट में, कल पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को आठ विकेट से हराया।
*****
वक़्फ़ संशोधन विधेयक आज लोकसभा में पारित होने के लिए पेश किया जाएगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सदन में विधेयक पर चर्चा के लिए 8 घंटे रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि कार्य मंत्रणा समिति की बैठक के दौरान इस बात पर सहमति बनी है कि ज़रूरी होने पर चर्चा का समय बढ़ाया जा सकता है।
बिजनेस एड्वाजरी कमिटी में कुछ पार्टीज़ का मत था छह घंट डिस्कस होना चाहिए, कुछ का मत था चार घंटे और ज्यादातर ओपोजिशन पार्टी के लोग बारह घंटे का मांग किया। तब बीच में आठ घंटे का चर्चा का समय तय किया गया।
श्री रिजिजू ने यह भी कहा कि सरकार खुली बहस और विधेयक पर सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल तुष्टिकरण की राजनीति के कारण कानून का विरोध कर रहे हैं।
जेपीसी ने व्यापक रूप से इस बिल का स्क्रूटनाइज़ किया, चर्चा किया और पार्लियामेंट में फिर से टेबल किया-रिपोर्ट को। फिर कैबिनेट ने इसको जांच करके, अच्छा से इसमें जो प्रोविज़न्स हैं उसको देख करके फिर से आज हम बिल को लाने का बात कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के दलों- जेडीयू और तेलुगू देशम पार्टी ने अपने सभी सांसदों को लोकसभा में उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है। कांग्रेस ने भी अपने सभी सांसदों से लोकसभा में उपस्थित रहने को कहा है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि संशोधन विधेयक का मूल उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और संचालन संबंधी कमियों को दूर करना है।
वक्फ संशोधन विधेयक- 2024 का उद्देश्य, वक्फ बोर्ड के कामकाज को सुव्यवस्थित करना और वक्फ की संपत्तियों का कुशल प्रबंधन सुनिश्चित करना है। विधेयक का उद्देश्य, वक्फ अधिनियम-1995 में संशोधन कर, वक्फ संपत्तियों के विनियमन और प्रबंधन में आने वाली समस्याओं और चुनौतियों का समाधान करना है। इस विधेयक के जरिये मौजूदा वक्फ अधिनियम की कमियों को दूर करने के साथ-साथ वक्फ की परिभाषाओं को अद्यतन करना, पंजीकरण प्रक्रिया में सुधार लाना और वक्फ रिकॉर्ड के कुशल प्रबंधन में प्रौद्योगिकी की भूमिका बढाने जैसे बदलाव लाकर, वक्फ बोर्ड की दक्षता को बढाना है। आनंद कुमार के साथ, सकलेन अख़्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
इस विधेयक को पिछले वर्ष अगस्त में लोकसभा में पेश किया गया था। बिल पर और अधिक विचार-विमर्श के लिए, भाजपा सांसद जगदंबिका पाल की अध्यक्षता में एक संयुक्त संसदीय समिति का गठन किया गया था। समिति को लगभग 97 लाख सुझाव प्राप्त हुए थे।
*****
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन-ईपीएफओ ने बहु-बैंकिंग केंद्रीकृत संग्रह प्रणाली में 15 और बैंकों को शामिल किया है। इसके साथ ही इस पैनल में शामिल सरकारी और निजी बैंकों की संख्या बढकर 32 हो गई है। कल नई दिल्ली में इस करार पर हस्ताक्षर के समय श्रम और रोजगार मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया भी उपस्थित थे। श्री मांडविया ने कहा कि ईपीएफओ स्वयं को सुलभ और कुशल बैंक के रूप में स्थापित करने के लिए ईपीएफओ 3.0 के रूप में विकसित कर रहा है।
देश में आठ करोड़ से अधिक ईपीएफओ के मेंबर हैं और 78 लाख से अधिक पेंशनर हैं उसको सुविधा रहे इसलिए आज तक देश में 17 बैंक के द्वारा ईपीएफओ का एक्सेस था वो बढ़ा के और 15 बैंक जोड़े जा रहे हैं।
नए शामिल 15 बैंक सालाना लगभग 12 हजार करोड़ रूपये का प्रत्यक्ष भुगतान करेंगे और कर्मचारी सीधे इन बैंकों से लेन-देन कर सकेंगे।
*****
भारत और चिली ने कल नई दिल्ली में आपदा प्रबंधन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों ने अंटार्कटिका सहयोग पर आशय पत्र का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट के साथ दोनों देशों के संबंधों के सभी पहलुओं पर बातचीत की। संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में श्री मोदी ने कहा कि चिली लैटिन अमेरिका में भारत का एक महत्वपूर्ण मित्र और साझेदार देश है।
इस अवसर पर चिली के राष्ट्रपति ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के लिए चिली की प्रतिबद्धता को दोहराया।
*****
देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में पिछले वित्त वर्ष में 25 गीगावाट की रिकार्ड वृद्धि हुई है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कल नई दिल्ली में बताया कि पिछले वित्त वर्ष में इस क्षेत्र में लगभग 35 प्रतिशत वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के मामले में, सबसे अधिक वृद्धि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में हुई है जो लगभग 38 प्रतिशत बढ़कर लगभग 21 गीगावाट हो गई है। श्री जोशी ने कहा कि पीएम कुसुम योजना में भी अच्छी प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरु होने के बाद से, 1 लाख दस हजार से अधिक परिवारों को लाभ हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के सोशल मीडिया पोस्ट पर अपनी टिप्पणी में कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियां विकास की राह में एक बडा कदम हैं।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 अप्रैल से श्रीलंका की यात्रा पर रहेंगे। लंका इंडिया बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष मेनन ने कल कोलंबो में आकाशवाणी से इस यात्रा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्रीलंका के पास भारत के विकास का लाभ लेने के पर्याप्त अवसर हैं। श्री मेनन ने कहा आशा व्यक्त की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आगामी यात्रा श्रीलंका में निवेश और पर्यटन को बढाने में सहायक ।
*****
अब विमान यात्री आयात-निर्यात के लिए रत्न, आभूषणों और मशीनरी के नमूने अपने व्यक्तिगत सामान में ले जा सकेंगे। इसके लिए केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड इन नमूनों की इलेक्ट्रोनिक प्रोसेसिंग शुरू करने जा रहा है। निर्यात की व्यवस्था इस वर्ष पहली मई से नौ हवाई अड्डों पर लागू कर दी जाऐंगी।
*****
देशभर में टोल शुल्क की दरें तत्काल प्रभाव से चार से पांच प्रतिशत तक बढ़ गई हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अनुसार, इससे राजमार्गों के रख-रखाव और उनके विस्तार में मदद मिलेगी। कारों के लिए मासिक पास की दर 930 रुपये से बढाकर 950 रुपये कर दी गई है। संशोधित दरें देशभर में एक्सप्रेस-वे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर लागू होंगी।
*****
देशभर में बच्चों को गोद लेने के मामले काफी बढ़ रहे हैं। महिला और बाल विकास मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में, चार हजार पांच सौ 15 बच्चों को गोद लिया गया। यह आंकड़ा पिछले 12 वर्षों में सर्वाधिक है। केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण ने भी 8 हज़ार से अधिक बच्चों को गोद लेने के लिए उपलब्ध कराया है। मंत्रालय ने कहा कि गोद लेने को आसान बनाने के लिए राज्य सरकारों के सहयोग से देशभर में 245 दत्तक-ग्रहण इकाइयां स्थापित की गई हैं।
*****
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के एआई-संचालित आधार फेस ऑथेंटिकेशन लेनदेन में पिछले महीने में 21 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की गई है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा कि अक्टूबर 2022 में चेहरा प्रमाणीकरण समाधान की शुरुआत के बाद से 130 करोड़ से अधिक लेनदेन किए गए हैं जो इसके बढ़ते उपयोग को दर्शाता है।
*****
भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा है कि 2,000 रुपये के 98 फीसदी से ज्यादा नोट बैंकिंग प्रणाली में वापस आ गए हैं और केवल 6 हजार तीन सौ छियासठ करोड़ रुपये मूल्य के ऐसे नोट अब भी लोगों के पास हैं। 19 मई, 2023 को भारतीय रिजर्व बैंक ने 2,000 रुपये मूल्य के बैंक नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी।
*****
गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा में, कल एक पटाखा कारखाने में भीषण विस्फोट में मरने वालों की संख्या 21 हो गई है और छह लोग घायल हैं। अपराध नियंत्रण शाखा ने इस अवैध फैक्ट्री के मालिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं और उनमें से अधिकतर पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के थे, जो इमारत ढहने के बाद मलबे में दब गए थे। घायलों का इलाज डीसा, पालनपुर और अहमदाबाद में सैनिक अस्पतालों में चल रहा है। सरकार के प्रवक्ता और स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा है कि सरकार इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल का भी गठन कर दिया गया है। इससे पहले कल मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मृतकों के परिवारों को चार लाख और घायलों को पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
*****
मुंबई पुलिस ने स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा को पेशी के लिए तीसरा नोटिस भेजा है। उस पर एक कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे का मजाक उड़ाने का आरोप है। पुलिस ने कुणाल कामरा से 15 अप्रैल तक खार थाने में पेश होकर अपना पक्ष रखने को कहा है।
*****
सीमापार मछली पकड़ने के आरोप में श्रीलंका की नौसेना द्वारा गिरफ्तार किए गए 13 भारतीय मछुआरे आज सुबह चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचे। इन मछुआरों को इस वर्ष 19 और 20 फरवरी को रामनाथपुरम जिले के रामेश्वरम से गिरफ्तार किया यगा था।
*****
म्यामां में पिछले सप्ताह के विनाशकारी भूकंप में मृतकों की संख्या दो हजार सात सौ 19 हो गई है। साढे चार हजार से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं और चार सौ 41 लोग लापता है। म्यामां के सैन्य प्रमुख मिन उंग ह्लवाइंग के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
आपदा के बाद क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य जारी है। भारत ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत म्यामां को अब तक 625 मीट्रिक टन राहत सामग्री भेज चुका है। कल 442 मीट्रिक टन खाद्य सामग्री लेकर विशाखापत्तनम से एक और जहाज यांगून के लिए रवाना हुआ। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत
म्यामां को और अधिक सहायता देने के लिए तैयार है।
पिछले सप्ताह म्यामां में सात दशमलव सात तीव्रता का भूकंप आया था। इसका असर थाइलैंड, वियतनाम, लाओस और दक्षिण-पश्चिम चीन पर भी पड़ा था।
*****
इस्राइल का कहना है कि हमास बंधको को रिहा करने से इंकार कर उसे युद्ध जारी रखने के लिए लगातार उकसा रहा है। इस्राइल के विदेश मंत्री ने बताया कि हमास गाज़ा के लोगों की इच्छा और गुस्से की लगातार अनदेखी कर रहा है और अपने ही नागरिकों का दमन कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमास ने इस सप्ताह गाज़ा पट्टी में कई लोगों को प्रताड़ित करने के बाद उनकी हत्या कर दी। विदेश मंत्री ने यह आशा भी व्यक्त की कि लेबनान अपने यहां सक्रिय इस्राइल-विरोधी आतंकी संगठनों को खत्म करने के लिए कार्रवाई करेगा।
*****
आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ में खेले गए मैच में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 8 विकेट से हरा दिया है। पंजाब किंग्स की ओर से कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 52 रन और प्रभसिमरन सिंह ने 69 रन बनाएं। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स अंक तालिका में दुसरे स्थान पर पहुंच गया है। इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित बीस ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाएं थे।
*****
बेल्जियम में आयोजित एज़ेलहोफ़ सीएसआई लियर घुड़सवारी प्रतियोगिता में भारत की निहारिका सिंघानिया ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। निहारिका ने 40 दशमलव सात-दो और 40 दशमलव तीन-चार अंकों के साथ यह खिताब जीता।
*****
अगले पांच दिन तक दक्षिण भारत के कुछ और तटवर्ती इलाकों में गरज के साथ तेज बारिश की संभावना है। केरल, माहे और कर्नाटक में आज और कल तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और कर्नाटक में तेज बारिश होने का अनुमान है।
*****
आज के सभी समाचार-पत्रों ने वक्फ संशोधन विधेयक को लोकसभा में पेश होने को अपनी सुर्खी बनाते हुए विस्तार से दिया है।
वस्तु एवं सेवाकर-जीएसटी के संग्रह में मार्च के महीने में लगभग दस फीसदी की बढत अमर-उजाला में है। अब ये बढत एक लाख 96 करोड के आंकडे को पार कर गई है, जो अब तक का दूसरा सबसे बडा जीएसटी संग्रह है।
मार्च के महीने में लोकप्रिय भुगतान प्रणाली-यूपीआई के जरिये रिकार्ड 24 लाख करोड से अधिक के लेन-देन की खबर जनसत्ता में है। ये फरवरी महीने की तुलना में 12 प्रतिशत से भी अधिक है।
राजस्थान पत्रिका ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति को ध्यान में रखते हुए 10वीं और 12वीं कक्षा के पाठ्यक्रम में हुए बदलाव को विस्तार से दिया है।
नवभारत-टाइम्स ने सोशल मीडिया पर बढती रील्स की आदत को अब सिर्फ मेंटल हेल्थ ही नहीं बल्कि आंखों के लिए भी गंभीर खतरा बताया है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिरः-
• लोकसभा में आज वक्फ संशोधन विधेयक पारित होने के लिए पेश किया जाएगा।
• कर्मचारी भविष्य निधि संगठन-ईपीएफओ ने प्रत्यक्ष भुगतान प्रणाली से 15 और बैंकों को जोड़ा।
• पिछले वित्त वर्ष में देश की अक्षय ऊर्जा क्षमता में 25 गीगावाट की रिकॉर्ड वृद्धि।
• म्यांमा में भूकंप से मरने वालों की संख्या दो हजार सात सौ से अधिक हुई। भारत ने ऑपरेशन ब्रह्मा के अंतर्गत अब तक छह सौ 25 मीट्रिक टन मानवीय सहायता पहुंचाई।
• आईपीएल टी20 क्रिकेट में, कल पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को आठ विकेट से हराया।
*****